प्रदेश सरकार ने FICCI, ASSOCHAM और CII से मिलाया हाथ
झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” के अंतर्गत गठित जनपद स्तरीय जिला कार्यकारी समिति की प्रथम बैठक में अध्यक्षता करते हुए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा की प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के अपने मिशन को नई रफ्तार देने के लिए एक व्यापक कार्य योजना तैयार की है। इस मिशन से युवाओं को रोजगार मिलेगा और बुंदेलखंड क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन से क्षेत्र के लाखों युवाओं को रोजगार दिलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस महत्वाकांक्षी योजना से उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के लिए रोजगार मिशन शुरू किया है। इसके तहत फिक्की, एसोचैम और सीआइआइ के साथ साझेदारी भी की गई है। लक्ष्य है उद्योगों में रोजगार अवसरों की पहचान कर युवाओं को प्रशिक्षित करना जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिल सके और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
बैठक में प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी वसीम मोहम्मद ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन अभियान के अधीन विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराए गए रोजगार स्वरोजगार लाभार्थियों को प्रभारी मंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित किए जाने हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, सीओ ट्रैफिक रामवीर सिंह, डीआइओएस रति वर्मा, पीडी आरडीए राजेश कुमार, डीसी मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव, बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स सचिव अमित सिंह साहित श्रम विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम





