मण्डल के तीनों जनपदों में ग्रामवार, स्कूलवार दिव्यांग बच्चों का सर्वे कराने के निर्देश
फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति बढ़ाने हेतु विशेष प्रयास करें
झांसी। मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में विकास कार्यो की मण्डलीय समीक्षा बैठक नवीन आयुक्त सभागार में आयोजित की गयी। मण्डलायुक्त ने झांसी मण्डल के तीनों जनपदों में ग्रामवार, स्कूलवार दिव्यांग बच्चों का सर्वे कराने के निर्देश दिये, जिससे उनमें जन्मजात दोष वाले कटे होंठ, दिल में छेंद, कम सुनाई देना सहित अन्य प्रकार की बीमारी हेतु जो भी व्यय आयेगा उसके लिए भारत सरकार व स्वास्थ्य विभाग द्वारा वहन किया जायेगा। उन्होंने दिव्यांगजन, पंचायतीराज व शिक्षा विभाग को इस कार्य के लिए निर्देश दिये। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों को कुपोषण के बचाव से उपाय हेतु समय से टीकाकरण आदि सुविधायें उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
मण्डलायुक्त ने निर्धनतम परिवारों का डोर-टू-डोर सत्यापन कराने के साथ ही श्रमिकों का पंजीकरण कराने तथा उनके बच्चों को चिन्हित कर श्रम विभाग की योजनाओ का लाभ दिलाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि कि जीरो पाॅवर्टी अभियान सरकार की शीर्ष प्राथमिकता में सम्मिलित है।
मण्डलायुक्त ने कृषि विभाग को निर्देश दिये कि फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति बढ़ाने हेतु विशेष प्रयास करें। मण्डलायुक्त ने आईजीआरएस तथा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत/फोन पर सम्पर्क करने के साथ ही गुणवत्तापरक निस्ताकरण के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने अपर नगर आयुक्त को निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री आवास योजना के शेष लाभार्थियों का सत्यापन 15 दिन में कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर नगर आयुक्त श्रीमती रोली गुप्ता, संयुक्त विकास आयुक्त सुरेश चन्द्र केसरवानी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एस एन त्रिपाठी, डीडीओ सुनील कुमार, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत चन्द्रजीत प्रसाद, जेडी शिक्षा राजूराणा, जेडी कृषि डॉ. एल बी यादव, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी, उप निदेशक पंचायत अजय आनंद सरोज, उप निदेशक महिला कल्याण श्रवण गुप्ता, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी के शर्मा, माध्यमिक शिक्षा विभाग, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, पशुपालन, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहकारिता सहित सम्बन्धित मण्डलीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम





