दीक्षारम्भ समारोह में नवागंतुक विद्यार्थियों का किया स्वागत
झाँसी। रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में प्रवेशित 300 से अधिक नवागंतुक स्नातक विद्यार्थियों के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम का शुभारम्भ विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप आयोजित यह दो सप्ताह का विशेष सत्र विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों, भारतीय सांस्कृतिक समझ एवं शैक्षणिक अभिमुखीकरण पर केंद्रित रहेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। अध्यक्षीय सम्बोधन में कुलपति प्रो. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्ता युक्त, नवाचार आधारित तथा किसान केंद्रित कृषि शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे व्यावहारिक एवं जनोपयोगी शिक्षा को अपनाते हुए ग्रामीण विकास में सार्थक योगदान देने का संकल्प लें। इस अवसर पर कुलसचिव पुस्तकालाध्यक्ष डॉ. एस.एस. कुशवाह ने शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा प्रणाली और पुस्तकालय सुविधाओं की जानकारी दी। दीक्षारम्भ कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. योगेश्वर सिंह ने बताया कि दो सप्ताह की अवधि में विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति,अनुशासन, योगाभ्यास, कला,धरोहर संरक्षण एवं व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों से जोड़ने के साथ-साथ बुन्देल खण्ड के ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाएगा। चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत चौधरी ने स्वास्थ्य सुविधाओं एवं स्वस्थ जीवन शैली पर मार्गदर्शन दिया। छात्र-कल्याण अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा ने छात्र-कल्याण योजनाओं, एनएसएस, एनसीसी एवं सहदृशैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्रदान की।
प्रदेश समाचार झाँसी





