पहूज नदी प्रदूषण मामला: एनजीटी सख्त , छह सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रस्तुत की जाए

झांसी प्रशासन को ठोस कार्रवाई के निर्देश
नगर की गंदगी नदी में, वही पानी लोगों को पिलाया जा रहा
झांसी । पहूंज नदी के प्रदूषण, सीवेज प्रवाह और अतिक्रमण के गंभीर मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने कड़ा रुख अपनाते हुए झांसी प्रशासन को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यह आदेश प्रधान पीठ, नई दिल्ली में पारित किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कहा गया है कि राज्य स्तर पर संज्ञान और जिला स्तर पर कार्रवाई के मुख्य सचिव द्वारा मामले का संज्ञान लेकर जिला प्रशासन, झांसी को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं तथा जिला स्तर पर अनुपालन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। एनजीटी के समक्ष आवेदक की ओर से प्रस्तुत तथ्यों व फोटो साक्ष्यों में यह सामने आया कि पहूज नदी क्षेत्र में लगातार ठोस अपशिष्ट (कचरा), गंदे नालों का पानी, और अतिक्रमण के कारण नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो रहा है तथा जल गंभीर रूप से प्रदूषित हो चुका है। इससे आसपास के क्षेत्रों में पीने के पानी, कृषि, और जनस्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है।
पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाने की प्रक्रिया के लिए नियम बनाने संबंधी प्रगति रिपोर्ट अगली सुनवाई में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदूषण फैलाने वालों पर कानूनी व आर्थिक दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा एनजीटी में यह जानकारी दी गई कि पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति से जुड़े नियमों के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से ड्राफ्ट नियम तैयार किए जा चुके हैं, जो वर्तमान में विचाराधीन हैं।
क्षेत्र में भयंकर दुर्गंध और गंभीर पर्यावरणीय प्रदूषण फैल गया
आवेदक भानु सहाय ने न्यायाधिकरण के समक्ष बताया कि झांसी नगर क्षेत्र से निकलने वाला ठोस अपशिष्ट एवं मल-मूत्र से दूषित नाले/सीवेज सीधे पहूज नदी में डाले जा रहे हैं, जिससे नदी में भारी मात्रा में कचरा, जलकुंभी, सड़नजन्य अपशिष्ट और मल-मूत्र जमा होकर कई फीट मोटी गाद (स्लज) बन चुकी है। इससे पूरे क्षेत्र में भयंकर दुर्गंध और गंभीर पर्यावरणीय प्रदूषण फैल गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यही दूषित नदी जल ‘दतिया गेट फिल्टर सिस्टम’ के माध्यम से नगर की पेयजल आपूर्ति से जोड़कर आम नागरिकों के घरों तक सप्लाई किया जा रहा है। मजबूरी में नगरवासी इसी प्रदूषित पानी का उपयोग पीने, भोजन बनाने और दैनिक कार्यों में कर रहे हैं, जिससे व्यापक जनस्वास्थ्य संकट और महामारीजन्य स्थिति उत्पन्न हो रही है।
छह सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रस्तुत की जाए
एनजीटी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को निर्देश दिया कि छह सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रस्तुत की जाए, जिसमें सीवेज रोकने, कचरा प्रबंधन, नदी सफाई, गाद हटाने, अतिक्रमण हटाने तथा भविष्य की स्थायी योजना का स्पष्ट विवरण हो। साथ ही प्रतिवादी संख्या 2 जल संसाधन, नदी विकास और गंगा पुनर्जीवन विभाग और 9 जिलाधिकारी झांसी को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं। न्यायाधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदूषण फैलाने वालों पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाने की प्रक्रिया के लिए नियम बनाए जा रहे हैं, ताकि दोषियों पर आर्थिक व कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। यह मामला अब केवल नदी प्रदूषण का नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य, प्रशासनिक जवाबदेही और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर प्रश्न बन चुका है।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

  • Related Posts

    नर्सिंग छात्र-छात्राओं को सेवा, संवेदना और व्यावसायिक नैतिकता का पढ़ाया पाठ

    कमला मॉडर्न नर्सिंग इंस्टिट्यूट में शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
    झांसी। मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में कमला मॉडर्न नर्सिंग इंस्टिट्यूट के छात्र-छात्राओं का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेडिकल कालेज के प्राचार्य शिवकुमार रहे है।
    महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) शिव कुमार ने कहा कि नर्सिंग सेवा, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। एक नर्स मरीज के लिए केवल स्वास्थ्यकर्मी नहीं, बल्कि आशा और विश्वास का आधार होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, करुणा एवं धैर्य को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। डॉ. रजत मिसुरिया (चेयरमैन, के.एम.एन.आई., कमला सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल) ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति में तकनीकी ज्ञान के साथ मानवीय संवेदनशीलता का संतुलन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, व्यवहार कुशलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी और कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी विद्यार्थी निस्वार्थ भाव से मानव सेवा में योगदान दें।
    प्राचार्य डॉ. रॉबिन जोसेफ ने संस्थान की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए कहा कि कमला मॉडर्न नर्सिंग इंस्टिट्यूट का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें व्यावसायिक दक्षता, संवेदनशीलता और सेवा भावना से परिपूर्ण स्वास्थ्यकर्मी बनाना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थापक अध्यक्ष एम.जी.आई. कैप्टन अरविंद विश्वनाथन ने की। इस अवसर पर डॉ. विनोद मिसुरिया, श्रीमती शांति विश्वनाथन, डॉ. अर्चना मिसुरिया, चेयरमैन डॉ. रोहित विश्वनाथन, उपाध्यक्ष श्रीमती अंशिता विश्वनाथन, निर्देशक श्रीमती रत्ना विश्वनाथन एवं प्रबंध निदेशक अपूर्व शुक्ला भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुश्री आरुषि एवं सुश्री आयुषी ने संयुक्त रूप से किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती किरण मार्टिन द्वारा प्रस्तुत किया गया।
    रिपोर्ट ; बालेन्द्र गुप्ता

    निजी अस्पतालों का होगा औचक निरीक्षण : मुख्य विकास अधिकारी

    बायोमेडिकल वेस्ट का प्रापर निस्तारण करने पर होगी नजर, वेस्ट का निपटान प्लांट पर ही किया का होगा सत्यापन
    अस्पतालों एवं विद्यालयों के निकटवर्ती सड़क किनारे साइलेंस जोन घोषित, बोर्ड लगाए जाने पर किया संतोष व्यक्त
    झांसी। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद की अध्यक्षता में जिला पर्यावरणीय समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित हुई। जिला पर्यावरणीय समिति की बैठक में पर्यावरण संबंधित किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए जनपद में पर्यावरण सुधार लाए जाने के उद्देश्य से अस्पतालों एवं विद्यालयों विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने स्कूल, कॉलेज एंव अस्पतालों के निकटवर्ती सड़क किनारे साइलेंस जोन घोषित करते हुए चेतावनी बोर्ड लगाए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए लगातार मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश दिए।
    जिला पर्यावरणीय समिति की बैठक में अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने कहा कि क्षेत्र की जलवायु को शुद्ध बनाए रखने के लिए जनपद में संचालित स्टोन क्रेशर द्वारा स्टोन क्रेशर प्रक्रिया से जनित धूल की रोकथाम हेतु एंटी-स्मॉग गन एवं केन्द्रीय प्रदूषण बोर्ड द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार वायु प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था स्थापित न किए जाने पर कार्यवाही करते हुए नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तरीय जांच समिति गठित करते हुए स्टोन क्रेशर इकाइयों पर जाकर निरीक्षण करने और गाइडलाइन का अक्षरस: अनुपालन कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि एंटी स्मॉग गन नहीं है तो कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
    बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में सरकारी/निजी अस्पतालों में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमावली 2016 द्वारा जारी मानकों का पालन कराया जाना सुनिश्चित कराते हुए नियमतः निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि बार कोड वाली पॉलीथिन थैले में ही बायोबेस्ट प्लांट में भेजा जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में रजिस्टर्ड लैब सहित सभी नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया जाए और नियमतया यदि बायोमेडिकल वेस्ट का सही उठान व निस्तारण नहीं किया जाता है, तो नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। जिला पर्यावरणीय समिति की बैठक में सीडीओ ने प्लास्टिक वेस्ट के निस्तारण के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली, उन्होंने नगरपालिका परिषद मऊरानीपुर, समथर चिरगाॅव,गुरसराय, बरुआसागर सहित नगर पंचायत मोंठ, एरच, बड़ागांव, गरौठा, टोड़ीफतेहपुर, रानीपुर एवं कटेरा में किए जा रहे कार्य की जानकारी ली।
    बैठक में एसडीओ मऊरानीपुर संतोष कुमार बैठक का संचालन करते हुए प्रत्येक बिंदु पर की गई कार्यवाही की जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीओ झांसी अशोक कुमार जैन, अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ0अंशुमान तिवारी, क्षेत्रीय अधिकारी उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड श्री इमरान अली, डीपीओ नमामि गंगे श्री आयुष भारती सहित कृषि विभाग, रेलवे, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं समस्त निकायों के अधिशासी अधिकारी व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
    रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *