मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में अनेक उपलब्धियां प्राप्त हुयीहैं : बेबीरानी मौर्य

योगी सरकार के आठ सालों में बही विकास की बयार, मंत्री ने प्रेस कांफ्रेंस में गिनाई उपलब्धियां
योगी सरकार की गिनाई उपलब्धियां, विपक्ष के आरोपों का दिया जवाब
झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री एवं एवं झांसी जिले की प्रभारी मंत्री बेबीरानी मौर्य ने योगी सरकार की सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति के 08 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार परिसर में प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान मंत्री ने प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं उपलब्धियों के संबंध में मीडिया को जानकारी दी।
मंत्री बेबीरानी मौर्य ने कहा कि 2017 से पहले आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड नहीं बनते थे। निशुल्क राशन का वितरण नहीं होता था। टैबलेट और स्मार्ट फोन का कोई वितरण नहीं होता था। जब 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार आई तो अनेक उपलब्धियां प्राप्त हुईं। झांसी में औद्योगिक विकास बहुत तेजी से हो रहा है। बुंदेलखंड क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सरकार ने नोएडा की तर्ज पर नया औद्योगिक शहर स्थापित करने का निर्णय लिया। इसके लिए 56662 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है, जिसमें अब तक लगभग 17000 एकड़ भूमि किसानों से क्रय की जा चुकी है। किसानों को इसके बदले 2500 करोड़ का भुगतान भी किया गया है। एक जनपद एक रोजगार योजना में 2017 से अब तक लगभग 212 लाभार्थियों को 14 करोड़ 53 लाख 72 हजार रुपए का ऋण दिया गया है, जिससे अपनी आजीविका को सुदृढ़ कर सकें। सभी थानों में साइबर क्राइम सेल गठित किए गए हैं। फसल बीमा के अंतर्गत 2017 से अब तक 2573859 बीमित किसानों को लगभग 729 करोड़ 45 लाख रुपए की क्षतिपूर्ति का भुगतान किया गया है। किसान सम्मान निधि के अंतर्गत वर्ष 2019 से अब तक 748 करोड़ रुपए 75 लाख रुपए का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया गया है जो 207385 किसानों के खाते में पहुंचा है।
मंत्री ने इस मौके पर विपक्षी दलों के नेताओं के आरोपों का भी जवाब दिया। अखिलेश यादव के बयान पर मंत्री ने कहा कि कोई अपराधिक घटनाएं नहीं घट रही हैं। मुख्यमंत्री किसी भी घटना का संज्ञान लेते हैं और तुरंत कार्रवाई करते हैं। जब काम अच्छा होता है तो उनके पास बोलने को कुछ रह नहीं जाता है। राहुल गांधी के दलितों से जुड़े आरोपों पर मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को कुछ ज्ञान नहीं है। पंडित नेहरू जी, इंदिरा जी किसने दलितों को आगे बढ़ाया था।

Related Posts

सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए : डीएम

प्रत्येक बूथ पर फॉर्म-6,7 व 8 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने विशेष अभियान दिवस पर बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए मतदाताओं से संवाद करते हुए अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने हेतु फॉर्म-6 भरवाए जाने की अपील की।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष अभियान का जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने औचक निरीक्षण किया, निरीक्षित मतदेय स्थलों में पी.एम.श्री प्राथमिक विद्यालय डी.सी. तालपुरा बूथ संख्या 227 से 230 एंव बिपिन बिहारी इंटर कालेज नया भवन झाँसी बूथ संख्या 252 से 255 का निरीक्षण किया। मौके पर इन बूथ से सम्बन्धित कार्य सुपरवाइजर द्वारा अन्य बीएलओ के सहयोग से कराया जा रहा है। इस पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्य में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी को निरीक्षण के समय यह तथ्य संज्ञान में आया कि बीएलओ के पास कुछ फार्म डिजिटाइजेशन हेतु लम्बित हैं। उन्होंने सभी सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया है कि अपने से सम्बन्धित सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी फार्म 24 घंटे के अन्दर अनिवार्य रूप से डिजिटाइज्ड हो जाए। इसके अतिरिक्त एईआरओ के द्वारा फील्ड वैरिफिकेशन के लिए जो फार्म बीएलओ को भेजे गये हैं, उनका भी सत्यापन करके एक सप्ताह के भीतर एईआरओ के पोर्टल पर वापस करें। दोनों प्रकार के फार्म्स से सम्बन्धित सूचना क्षेत्रीय सुपरवाइजर द्वारा एकत्रित करके एईआरओ को प्रतिदिन भेजी जाए।
उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रत्येक दिन किये गए समस्त कार्यों की पोर्टल पर समीक्षा करें और यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी फार्म Unprocessed न रहे। साथ ही यह भी निर्देश दिये कि बीएलओ द्वारा किये गए फार्म डिजिटाइजेशन कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बूथ पर उपस्थित बीएलओ से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली और निर्देश दिए की सावधानी और संवेदनशीलता से कार्य करना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में उन्होंने विभिन्न बूथों पर उपस्थित सम्मानीय मतदाताओं से भी संवाद स्थापित किया और उन्हें आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित आम जनमानस से मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र को शामिल करने हेतु फॉर्म छह भरकर बीएलओ को जमा कराने की सलाह दी। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तहसीलदार झांसी एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी : प्रणजीव सक्सेना

रेल सुरक्षा आयुक्त ने विजयपुर हाल्ट से वीरपुर तक किया रेलखंड का निरीक्षण
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं परिचालन सुगमता हेतु मूलभूत ढ़ांचे में विस्तार हेतु निरन्तर प्रयासरत है। इसी क्रम सबलगढ़ से बीरपुर आमान परिवर्तन के तहत नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन के दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र प्रणजीव सक्सेना ने विजयपुर हाल्ट से बीरपुर तक के रेलखंड का निरीक्षण किया गया I
रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना द्वारा मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ मोटर ट्राली के माध्यम से दोनों स्टेशनों के मध्य नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उक्त रेल खंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स आदि सभी इंस्टालेशन तथा उनकी कार्य क्षमता का गहनता से निरीक्षण किया गया I गेट्स, स्विचिंग पॉइंट्स, पॉइंट्स , सिग्नल सहित सभी संस्थापनों को आवश्यकतानुसार संचालित करते हुए परख की गयी। रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा सबलगढ़ से बीरपुर के मध्य आने वाले रेल अंडर ब्रिज, रेल ब्रिज आदि का गहनता से जांच किया। नवनिर्मित बीरपुर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर पैनल और रिले रूम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत 120 किमी/घंटा की रफ्तार से बीरपुर से सबलगढ़ के मध्य सफल स्पीड ट्रायल किया गया। अब इस खंड का शीघ्र ही प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर OHE और विद्युत संबंधित निरीक्षण करेंगे।
सबलगढ़ से बीरपुर तक रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के उपरांत अब ग्वालियर से श्योपुर कलां तक लगभग 188 किलोमीटर के आमान परिवर्तन के सिर्फ़ दो खंड बीरपुर से सिरोनी रोड 36.70 और सिरोनी रोड़ से श्योपुर कलां लगभग 33.350 किलोमीटर शेष है, जिसका कार्य तेज़ी से चल रहा है। इस ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। नई रेल लाइन से अनाज के परिवहन को बल मिलेगा, साथ ही व्यापार की नई संभावनाएं खुलेंगी। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेड़े, मुख्य सिग्नल इंजीनियर दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एस.के.गुप्ता समेत अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *