
बाजारों में दिखी रौनक
हमीरपुर। जनपद के राठ कस्बे में चैत्र नवरात्र उत्सव प्रारंभ होते ही आज सुबह से ही नगर के प्रमुख देवी मंदिरों में भक्तों और महिलाओं की भीड़ लगी रही। जिसमें से कई लोगों ने दर्शन – पूजा के बाद 9 दिन का व्रत प्रारंभ किया। भक्तों और माताओं बहनों ने मंदिरों में चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की। नवरात्र पर्व के लिए मंदिरों में आकर्षक साज सज्जा देखी गई। मंदिरों को विशेष रोशनी से सजाया गया है। मंदिर परिसर और आसपास नारियल, अगरबत्ती, फूल, बच्चों के खिलौने, गुब्बारे और झूला की दुकानें सज गई हैं। जिससे मंदिर क्षेत्र में मेले जैसा माहौल है। बता दें कि राठ नगर के चौपड़ा मंदिर, मां शीतला मंदिर एवं मरही माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। लोग सुबह से स्नान कर मंदिरों में जल चढ़ाते एवं पूजा अर्चना करते हुए दिखाई दिए। राठ नगर के निवासी एवं माता शीतला मंदिर के पुजारी संदीप महाराज ने बताया कि चैत्र नवरात्र का विशेष महत्व होता है नवरात्रि के यह 9 दिन बहुत शुभ होते हैं। तथा ऐसे में व्रत रखने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उन्होंने बताया कि यह शीतला माता का मंदिर 100 वर्ष से अधिक पुराना मंदिर है। चैत्र नवरात्र में भक्तगण सर्वप्रथम इसी मंदिर में आकर पूजा अर्चना करते हैं। नगर के महेंद्र शुक्ला ने बताया कि आज चैत्र नवरात्र के साथ हिंदू नव वर्ष भी प्रारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि सनातनी परंपरा के अनुसार चैत्र नवरात्र और हिंदू नव वर्ष देश में बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाने वाला पर्व है। उन्होंने बताया कि इस पर्व में प्रकृति परिवर्तित होती है तथा लोगों का हृदय भी परिवर्तन होता है। जिससे एक सुरम्य और आध्यात्मिक वातावरण का सृजन होता है।