झांसी : यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर की जायेगी सख्त कार्यवाही – जिलाधिकारी

जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिये जिला प्रशासन की अनूठी पहल

जिलाधिकारी के अथक प्रयासों से जनपद में ट्रैफिक की समस्या निस्तारित

शहर के प्रमुख चौराहों पर अवैध पार्किंग पूर्णरुप से प्रतिबन्धित

झांसी।  जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा जनपद झांसी में ट्रैफिक की समस्या के समाधान हेतु सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान, यातायात व्यवस्था के सुचारु रुप से संचालन हेतु परिलक्षित बाधाओं को हटाने और यातायात प्रबन्धन तकनीकों को लागू करने हेतु अथक प्रयास किये जा रहे हैं। जनपद में ट्रैफिक की समस्या के समाधान के लिये जिलाधिकारी द्वारा उच्चाधिकारियों के साथ ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण किया गया, साथ ही समस्या को गम्भीरता से लेते हुये सर्वप्रथम जनपद के प्रमुख चैराहों यथा जेल चौराहा, इलाईट चौराहा, अग्रसेन चौराहा, इलाहाबाद बैंक चौराहा, जीवनशाह तिराहा एवं मेडिकल कालेज के सामने स्थित रोड का लखनऊ से कुशल तकनीकी अधिकारियों की निगरानी में ड्रोन सर्वे कराया गया। ड्रोन सर्वे के उपरान्त तकनीकी अधिकारियों की टीम द्वारा जनपद के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पीपीटी प्रेजेण्टेशन के माध्यम से ट्रैफिक की समस्या के निराकरण सम्बन्धी रणनीति का रोडमैप प्रस्तुत किया गया।

तीन चौराहों का हो रहा चौड़ीकरण

जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में प्रथम चरण में लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रेजेण्टेशन में दर्शायी गयी मेडिकल कालेज के सामने स्थित सड़क पर चौड़ीकरण का कार्य किया गया, इसके साथ ही वर्तमान समय तक जनपद के कुल 03 चैराहों यथा इलाहाबाद बैंक चौराहा, जेल चौराहा एवं इलाईट चौराहे के चौड़ीकरण एवं सौन्दर्यीकरण हेतु जिलाधिकारी  द्वारा नगर निगम एवं झांसी विकास प्राधिकरण के माध्यम से बजट आवंटित कर लोक निर्माण विभाग के निर्देशन में चौड़ीकरण एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है।

इंटरलाॅकिंग पद्धति की तकनीकी वाले सिस्टम स्थापित

यातायात व्यवस्था को सुगम बनाये जाने के लिये जिलाधिकारी द्वारा जनपद में नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर रुट निर्धारण, पिक-अप एवं ड्रोप प्वाइंट एवं नो पार्किंग स्थल चिन्हित कर लिये गये हैं। रुट व्यवस्था लागू किये जाने हेतु नगर निगम के स्तर से बोर्ड में प्रस्ताव पारित कराने की कार्यवाही की जा रही है, इस हेतु लोक निर्माण विभाग द्वारा आगणन कर कार्ययोजना तैयार कर ली गयी है। इलाईट चौराहा एवं मेडिकल कालेज क्षेत्र में साईनेज बोर्ड तथा इलाईट चौराहें के किनारे स्थित वन्दना स्वीट के पास वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था हेतु इंटरलाॅकिंग पद्धति की तकनीकी वाले सिस्टम स्थापित किये जा चुके है।

वेंडिंग जोन में स्थान उपलब्ध कराया जाएगा

ट्रैफिक की समस्या के समाधान हेतु जिलाधिकारी  द्वारा वेण्डरों की आजीविका को प्रभावित किये बिना शहर के प्रमुख चौराहों व सड़कों पर चलने वाले एवं स्थाई वेण्डरों को वेंडिंग जोन में स्थापित किये जाने हेतु कुल 04 वेंडिंग जोन जेल चौराहा, मेडिकल पुलिस चौकी, मेडिकल वीरांगना नगर एवं लेमन ट्री होटल के पास चिन्हित किये गये है, जिसमें से नगर निगम द्वारा जीवनशाह चौराहा, इलाईट चौराहा एवं जेल चौराहे के आस-पास खड़े होने वाले वेण्डरों को समीप बने वेंडिंग जोन में स्थान उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान समय तक जेल चैराहा वेंडिंग जोन में 67 वेण्डर्स, मेडिकल पुलिस चैकी में 18 वेण्डर्स, मेडिकल वीरांगना नगर वेंडिंग जोन में 22 वेण्डर्स एवं लेमन ट्री होटल के पास स्थित वेंडिंग जोन में 33 वेण्डर्स को स्थानान्तरित किया गया है। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम एवं सरल बनाने के लिये विद्युत विभाग द्वारा जेल चौराहा, इलाईट चौराहा एवं मेडिकल कालेज क्षेत्र में स्थापित विद्युत पोलों को हटाकर भूमिगत विद्युत केबिल बिछाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे विद्युत पोलो के कारण निर्बांध ट्रैफिक व्यवस्था की आपूर्ति में सहजता एवं सुगमता हो सके।

मेडिकल कालेज के एक ओर ट्रैफिक की समस्या का निराकरण    

ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने हेतु जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार के दिन नगर निगम, झांसी विकास प्राधिकरण, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग सहित सम्बन्धित विभागों के साथ कार्यो की निरंतर समीक्षा करते हुये निर्देशित किया गया, जिसके फलस्वरुप मेडिकल कालेज के एक ओर ट्रैफिक की समस्या का निराकरण किया गया तथा दूसरी ओर आवास विकास परिसर के माध्यम से बजट स्वीकृति की कार्यवाही की जा रही है।

यातायात को प्रभावित करने वाले पेड़ों को को भी हटाया जाएगा

जिलाधिकारी  द्वारा यातायात को व्यवस्थित किये जाने हेतु नगर निगम में स्थापित आई0सी0सी0सी0 के माध्यम से पी0ए0 सिस्टम द्वारा प्रमुख चौराहों पर तैनात कार्मिकों की निगरानी में अवैध पार्किंग पर अंकुश लगाने हेतु चौराहों पर अनावश्यक रुप से खड़े वाहनों एवं वेण्डरों को हटाने तथा इन्फोर्समेंट की कार्यवाही हेतु एनाउन्समेंट भी कराया जा रहा है, इस सम्बन्ध में प्रत्येक सप्ताह 01 हजार एनाउन्समेंट कराये जा रहे है, साथ ही मेडिकल कालेज क्षेत्र एवं इलाईट चैराहा क्षेत्र में टोइंग वैन के भी तैनात किया गया है। इलाईट चौराहा, जेल चौराहा तथा अग्रसेन चौराहा पर अनावश्यक रुप से स्थापित विद्युत पोलों को परिवर्तित/हटाये जाने के लिये नगर निगम एवं विद्युत विभाग तथा जेल चौराहा एवं मेडिकल कालेज के पास के क्षेत्र में यातायात को प्रभावित करने वाले पेड़ों को हटाये जाने हेतु नगर निगम एवं वन विभाग द्वारा आपसी समन्वय के साथ कार्यवाही की जा रही है। प्रत्येक माह यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं अन्य कार्यवाहियां यातायात पुलिस द्वारा की जा रही हैं।

जनपदवासियों से जिलाधिकारी की अपील

जिलाधिकारी के अथक प्रयासों से जनपद झांसी में ट्रैफिक की समस्या का मौके पर निस्तारण दिखाई दे रहा है, जिससे जनपदवासी संतुष्ट हैं। उन्होने जनपदवासियों से अपील करते हुये कहा है कि जनपद के सभी सम्मानीय नागरिक यातायात नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन कर ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग कर जनपद झांसी के विकास में सहयोगी बनें।

Related Posts

सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए : डीएम

प्रत्येक बूथ पर फॉर्म-6,7 व 8 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने विशेष अभियान दिवस पर बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए मतदाताओं से संवाद करते हुए अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने हेतु फॉर्म-6 भरवाए जाने की अपील की।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष अभियान का जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने औचक निरीक्षण किया, निरीक्षित मतदेय स्थलों में पी.एम.श्री प्राथमिक विद्यालय डी.सी. तालपुरा बूथ संख्या 227 से 230 एंव बिपिन बिहारी इंटर कालेज नया भवन झाँसी बूथ संख्या 252 से 255 का निरीक्षण किया। मौके पर इन बूथ से सम्बन्धित कार्य सुपरवाइजर द्वारा अन्य बीएलओ के सहयोग से कराया जा रहा है। इस पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्य में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी को निरीक्षण के समय यह तथ्य संज्ञान में आया कि बीएलओ के पास कुछ फार्म डिजिटाइजेशन हेतु लम्बित हैं। उन्होंने सभी सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया है कि अपने से सम्बन्धित सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी फार्म 24 घंटे के अन्दर अनिवार्य रूप से डिजिटाइज्ड हो जाए। इसके अतिरिक्त एईआरओ के द्वारा फील्ड वैरिफिकेशन के लिए जो फार्म बीएलओ को भेजे गये हैं, उनका भी सत्यापन करके एक सप्ताह के भीतर एईआरओ के पोर्टल पर वापस करें। दोनों प्रकार के फार्म्स से सम्बन्धित सूचना क्षेत्रीय सुपरवाइजर द्वारा एकत्रित करके एईआरओ को प्रतिदिन भेजी जाए।
उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रत्येक दिन किये गए समस्त कार्यों की पोर्टल पर समीक्षा करें और यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी फार्म Unprocessed न रहे। साथ ही यह भी निर्देश दिये कि बीएलओ द्वारा किये गए फार्म डिजिटाइजेशन कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बूथ पर उपस्थित बीएलओ से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली और निर्देश दिए की सावधानी और संवेदनशीलता से कार्य करना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में उन्होंने विभिन्न बूथों पर उपस्थित सम्मानीय मतदाताओं से भी संवाद स्थापित किया और उन्हें आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित आम जनमानस से मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र को शामिल करने हेतु फॉर्म छह भरकर बीएलओ को जमा कराने की सलाह दी। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तहसीलदार झांसी एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी : प्रणजीव सक्सेना

रेल सुरक्षा आयुक्त ने विजयपुर हाल्ट से वीरपुर तक किया रेलखंड का निरीक्षण
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं परिचालन सुगमता हेतु मूलभूत ढ़ांचे में विस्तार हेतु निरन्तर प्रयासरत है। इसी क्रम सबलगढ़ से बीरपुर आमान परिवर्तन के तहत नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन के दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र प्रणजीव सक्सेना ने विजयपुर हाल्ट से बीरपुर तक के रेलखंड का निरीक्षण किया गया I
रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना द्वारा मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ मोटर ट्राली के माध्यम से दोनों स्टेशनों के मध्य नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उक्त रेल खंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स आदि सभी इंस्टालेशन तथा उनकी कार्य क्षमता का गहनता से निरीक्षण किया गया I गेट्स, स्विचिंग पॉइंट्स, पॉइंट्स , सिग्नल सहित सभी संस्थापनों को आवश्यकतानुसार संचालित करते हुए परख की गयी। रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा सबलगढ़ से बीरपुर के मध्य आने वाले रेल अंडर ब्रिज, रेल ब्रिज आदि का गहनता से जांच किया। नवनिर्मित बीरपुर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर पैनल और रिले रूम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत 120 किमी/घंटा की रफ्तार से बीरपुर से सबलगढ़ के मध्य सफल स्पीड ट्रायल किया गया। अब इस खंड का शीघ्र ही प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर OHE और विद्युत संबंधित निरीक्षण करेंगे।
सबलगढ़ से बीरपुर तक रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के उपरांत अब ग्वालियर से श्योपुर कलां तक लगभग 188 किलोमीटर के आमान परिवर्तन के सिर्फ़ दो खंड बीरपुर से सिरोनी रोड 36.70 और सिरोनी रोड़ से श्योपुर कलां लगभग 33.350 किलोमीटर शेष है, जिसका कार्य तेज़ी से चल रहा है। इस ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। नई रेल लाइन से अनाज के परिवहन को बल मिलेगा, साथ ही व्यापार की नई संभावनाएं खुलेंगी। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेड़े, मुख्य सिग्नल इंजीनियर दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एस.के.गुप्ता समेत अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *