निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण कराया जाए : मनोहर लाल पंथ
कार्यों को सही तरीके से पूरा नहीं कराया जा रहा है
गलती करने वाले विभागों पर कार्यवाही के लिए सीएम को भेजा जाएगा पत्र
चित्रकूट। श्रम एवं सेवायोजन विभाग राज्य मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी) की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टरेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंत्री ने विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं की प्रगति सहित अन्य बिन्दुओं की समीक्षा करते हुए समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि समीक्षा बैठक के दौरान जो कमियां सामने आती है, उनमें कार्यों को सही तरीके से पूरा नहीं कराया जाता। कहा कि सभी विभाग सही से कार्यों का कराते हुए रिपोर्ट शासन को भेजें। अगली बैठक में गलती पाई जाने पर मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्यवाही कराई जाएगी। सभी विभाग सरकार की मंशानुसार कार्य करें तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास कार्यों के लिए दिए गए पत्रों के कार्यों को प्राथमिकता से कराए। कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ जनपद के पात्र व गरीब लोगों को मिलना चाहिए। इसमें लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। विकास कार्यों की गति में कमी नहीं आना चाहिए, जनपद के विकास के उद्देश्य से सभी अधिकारी कार्य करें। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग से कहा कि जो निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण कराया जाए। श्रम प्रवर्तन अधिकारी से कहा कि कैंप लगाकर पंजीकरण कर श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाए। अधिशासी अभियंता सिंचाई से कहा कि नहरों की सिल्ट सफाई सही तरीके से कराया जाए। उपनिदेशक कृषि से कहा कि किसानों को खाद की समस्या नहीं होना चाहिए। समय से किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराए। ग्रामीण अभियंत्रण सेवा से कहा कि सड़कों के कार्यों की सूची सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराए। मुख्य चिकित्साधिकारी से सभी शासकीय चिकित्सालय संचालित रहे तथा दवाओं की समस्या नहीं होनी चाहिए। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता जल निगम से कहा कि जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को समय से पूरा करें तथा इसमें खराब हुई सड़कों को भी ठीक कराए। जिला पंचायत राज अधिकारी से कहा कि राज्य वित्त व 15वां वित्त आयोग की धनराशि से गांवों में कराए गए विकास कार्यों की जांच कराकर कार्यवाही से अवगत कराए। पर्यटन विकास द्वारा निर्माण कार्य में स्टोन पत्थर सही से न लगाने पर मुख्य विकास अधिकारी को जांच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से कहा कि शासकीय गौशालाओं का संचालन सही तरीके से कराए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न की जाए। प्रभारी मंत्री ने सीडीओ को अटल भूजल योजना के अंतर्गत कराई गई तालाबों की खुदाई की समिति गठित कराकर जांच कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मानिकपुर विधायक अविनाशचन्द्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उमेश चन्द्र निगम, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्युष कुमार कटियार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ भूपेश द्विवेदी, एआईजी स्टांप राजेश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सत्यराम यादव, डीसी एनआरएलएम ओमप्रकाश मिश्र, डीसी मनरेगा डीएन पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ वैभव त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीड़ी विश्वकर्मा सहित सबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रदेश समाचार / चित्रकूट टीम