एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा : डॉ. बाबूलाल तिवारी

स्कूल चलो अभियान का शिक्षक विधायक ने किया शुभारंभ
15 जुलाई तक चलेगा “स्कूल चलो अभियान
छात्र- छात्राओं के साथ जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
झांसी। जनपद में “आओ स्कूल चलें अभियान” का शिक्षक विधायक डॉ0 बाबूलाल तिवारी ने विधिवत् शुभारंभ किया। कम्पोजिट विद्यालय परिषदीय आदर्श कचहरी चौराहा नगर क्षेत्र झाँसी के प्रांगण में अभियान का शुभारंभ करते हुए उन्होंने नव प्रवेशित छात्र छात्राओं को टीका लगाते हुए उनका परिचय प्राप्त कर उत्साहवर्धन करते हुए प्रतिदिन विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंन निर्देश दिए कि स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन कराया जाना सुनिश्चित करें।
जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में गांव के हर बच्चे को चिन्हित कर शत प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य पूर्ण करना है। इसके लिए प्रातः विद्यालय खुलने के पश्चात ही संपूर्ण विद्यालय स्टाफ प्राथमिकता से यह कार्य करें, शिक्षकों की टोली घर- घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें। जुलाई माह में नए सत्र की आकर्षक योजनाओं की जानकारी माता-पिता को दी जाए। गांव में साक्षरता को बढ़ावा देने हेतु हर बच्चे के नामांकन के महत्व को भी समझाया जाए। उन्होंने कहा कि हर बच्चा नामांकित हो तथा प्रतिदिन विद्यालय में उपस्थित अवश्य हो ताकि उसके शैक्षिक स्तर में बढ़ोतरी हो सके।
शिक्षक विधायक डॉ0 बाबूलाल तिवारी ने शिक्षकों को इनोवेटिव आइडिया देते हुए कहा कि शिक्षक कक्षा एक और छह में नए छात्रों के लिए नई गतिविधियां तथा नए-नए नवाचारों से आच्छादित शिक्षण पद्धति अपनाएं, उन्होंने कहा कि बच्चों को पुस्तकालय के साथ ही एस्ट्रोनॉमी लैब की भी जानकारी दें और उन्हें नए-नए अनुभव को आत्मसात करने के लिए प्रेरित करें। परिषदीय विद्यालयों में पहले ही डीबीटी योजना के माध्यम से बच्चो के लिए निशुल्क ड्रेस, जूते मोजे और बैग हेतु इस सत्र में भी प्रेषित करने की घोषणा सरकार द्वारा की जा चुकी है। पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी विद्यालय में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही है। कायाकल्प और मिशन प्रेरणा के बाद परिषदीय विद्यालय नए कलेवर में किसी भी प्राइवेट स्कूल से कम नही हैं। हर कक्ष प्रिंट रिच, रीडिंग कॉर्नर, एनबीटी की पुस्तकों और विभागीय सामग्री से तैयार है। जनपद में निपुण भारत के अंतर्गत सभी निर्देशों के अनुसार प्राथमिक कक्षाओं के शिक्षक तैयार हैं।
“स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत आज प्रथम दिवस विद्यालयो के छात्र-छात्राओं को विद्यालय के प्रति लगाव पैदा करने अध्यापकों के प्रति सम्मान बनाने विद्यालय में उपस्थिति बढ़ाने उनका ठहराव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज का दिन उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
शिक्षक विधायक डॉ0 बाबूलाल तिवारी ने इस अवसर पर समुदाय को जागरूक करने हेतु विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ एक जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में भ्रमण के लिए रवाना किया। उपस्थित सभी अध्यापकों को स्कूल चलो अभियान की सफलता की शुभकामनाएं दी। बच्चे नारे लिखी हुई तख्तियां के साथ बैनर लेकर नारे लगाते हुए क्षेत्र में जन जागरूकता फैलाने हेतु निकले क्षेत्र में भ्रमण के बाद रैली का समापन विद्यालय प्रांगण में किया गया। विद्यालय के सभी बच्चों को नि:शुल्क पाठ पुस्तक, मिष्ठान एवं स्ल्पाहार वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपुल शिव सागर ,खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र श्रीमती अंतिमा, जिला समन्वयक सामुदायिक शिक्षा अनुज कुमार, प्रधानाध्यापिका हेमलता त्रिपाठी, सहायक अध्यापक बबीता यादव, अमित श्रीवास्तव, रजनी साहू ,अनीता रिछारिया, शशि अग्रवाल ,प्रसून आर्य, लोकेंद्र, रईस अहमद सिद्दीकी ,रवि कुमार, विवेक तिवारी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनील द्विवेदी जिला स्काउट मास्टर बेसिक झांसी द्वारा किया गया। आभार जिला समन्वयक अनुज कुमार द्वारा किया गया।

Related Posts

सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए : डीएम

प्रत्येक बूथ पर फॉर्म-6,7 व 8 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने विशेष अभियान दिवस पर बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए मतदाताओं से संवाद करते हुए अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने हेतु फॉर्म-6 भरवाए जाने की अपील की।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष अभियान का जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने औचक निरीक्षण किया, निरीक्षित मतदेय स्थलों में पी.एम.श्री प्राथमिक विद्यालय डी.सी. तालपुरा बूथ संख्या 227 से 230 एंव बिपिन बिहारी इंटर कालेज नया भवन झाँसी बूथ संख्या 252 से 255 का निरीक्षण किया। मौके पर इन बूथ से सम्बन्धित कार्य सुपरवाइजर द्वारा अन्य बीएलओ के सहयोग से कराया जा रहा है। इस पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्य में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी को निरीक्षण के समय यह तथ्य संज्ञान में आया कि बीएलओ के पास कुछ फार्म डिजिटाइजेशन हेतु लम्बित हैं। उन्होंने सभी सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया है कि अपने से सम्बन्धित सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी फार्म 24 घंटे के अन्दर अनिवार्य रूप से डिजिटाइज्ड हो जाए। इसके अतिरिक्त एईआरओ के द्वारा फील्ड वैरिफिकेशन के लिए जो फार्म बीएलओ को भेजे गये हैं, उनका भी सत्यापन करके एक सप्ताह के भीतर एईआरओ के पोर्टल पर वापस करें। दोनों प्रकार के फार्म्स से सम्बन्धित सूचना क्षेत्रीय सुपरवाइजर द्वारा एकत्रित करके एईआरओ को प्रतिदिन भेजी जाए।
उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रत्येक दिन किये गए समस्त कार्यों की पोर्टल पर समीक्षा करें और यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी फार्म Unprocessed न रहे। साथ ही यह भी निर्देश दिये कि बीएलओ द्वारा किये गए फार्म डिजिटाइजेशन कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बूथ पर उपस्थित बीएलओ से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली और निर्देश दिए की सावधानी और संवेदनशीलता से कार्य करना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में उन्होंने विभिन्न बूथों पर उपस्थित सम्मानीय मतदाताओं से भी संवाद स्थापित किया और उन्हें आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित आम जनमानस से मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र को शामिल करने हेतु फॉर्म छह भरकर बीएलओ को जमा कराने की सलाह दी। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तहसीलदार झांसी एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी : प्रणजीव सक्सेना

रेल सुरक्षा आयुक्त ने विजयपुर हाल्ट से वीरपुर तक किया रेलखंड का निरीक्षण
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं परिचालन सुगमता हेतु मूलभूत ढ़ांचे में विस्तार हेतु निरन्तर प्रयासरत है। इसी क्रम सबलगढ़ से बीरपुर आमान परिवर्तन के तहत नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन के दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र प्रणजीव सक्सेना ने विजयपुर हाल्ट से बीरपुर तक के रेलखंड का निरीक्षण किया गया I
रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना द्वारा मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ मोटर ट्राली के माध्यम से दोनों स्टेशनों के मध्य नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उक्त रेल खंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स आदि सभी इंस्टालेशन तथा उनकी कार्य क्षमता का गहनता से निरीक्षण किया गया I गेट्स, स्विचिंग पॉइंट्स, पॉइंट्स , सिग्नल सहित सभी संस्थापनों को आवश्यकतानुसार संचालित करते हुए परख की गयी। रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा सबलगढ़ से बीरपुर के मध्य आने वाले रेल अंडर ब्रिज, रेल ब्रिज आदि का गहनता से जांच किया। नवनिर्मित बीरपुर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर पैनल और रिले रूम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत 120 किमी/घंटा की रफ्तार से बीरपुर से सबलगढ़ के मध्य सफल स्पीड ट्रायल किया गया। अब इस खंड का शीघ्र ही प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर OHE और विद्युत संबंधित निरीक्षण करेंगे।
सबलगढ़ से बीरपुर तक रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के उपरांत अब ग्वालियर से श्योपुर कलां तक लगभग 188 किलोमीटर के आमान परिवर्तन के सिर्फ़ दो खंड बीरपुर से सिरोनी रोड 36.70 और सिरोनी रोड़ से श्योपुर कलां लगभग 33.350 किलोमीटर शेष है, जिसका कार्य तेज़ी से चल रहा है। इस ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। नई रेल लाइन से अनाज के परिवहन को बल मिलेगा, साथ ही व्यापार की नई संभावनाएं खुलेंगी। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेड़े, मुख्य सिग्नल इंजीनियर दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एस.के.गुप्ता समेत अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *