चित्रकूट : आंधी-बारिश ने उजाड़ा किसानों का जीवन

मेहनत की मिट्टी में समाई उम्मीदें , मौसम विभाग की चेतावनी अनसुनी
चित्रकूट। देर रात प्रकृति ने बुन्देलखण्ड के किसानों पर कहर बरपाया। तेज आंधी और मूसलधार बारिश ने खेतों में खड़ी और खलिहानों में रखी रबी की फसलों को तहस-नहस कर दिया। कहीं गेहूं की बालियां पानी में सड़ रही हैं, तो कहीं तैयार फसल हवा में उड़कर खेतों से बाहर बिखर गई है। जिले के ग्रामीण अंचलों में रविवार सुबह का सूरज किसानों के लिए एक नई चिंता लेकर उगाः अब क्या खाएंगे? कर्ज कैसे चुकाएंगे?
कई गांवों में किसान अभी कटाई में जुटे ही थे कि तेज आंधी ने उनके अरमानों को उड़ा दिया। खलिहान में रखी फसलें भीग गईं और अब सड़ने के कगार पर हैं। खेतों में कड़ी मेहनत से तैयार की गई फसलें पानी में डूबकर बर्बाद हो गईं। इन हालात में किसान अपनी पीड़ा छिपा नहीं पा रहे- उनकी आंखों में आंसू हैं और मन में भविष्य का डर। प्राकृतिक आपदा के बाद अब प्रशासनिक संवेदनशीलता की परीक्षा है।
प्रशासन की तैयारी नाकाफी
मौसम विभाग ने पहले ही आंधी और बारिश की चेतावनी जारी कर दी थी, लेकिन जिला प्रशासन इस पर सोया रहा। न तो कोई अलर्ट जारी किया गया, न ही किसानों को बचाव के उपाय सुझाए गए। जब कहर बरप चुका, तब जाकर प्रशासन की नींद टूटी और अब नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है।
विधायक ने उठाई आवाज, सीएम व डीएम को लिखा पत्र
इस आपदा की गंभीरता को समझते हुए सदर विधायक अनिल प्रधान ने सीएम योगी आदित्यनाथ एवं डीएम को पत्र लिखकर किसानों की पीड़ा से अवगत कराया। लिखा कि चित्रकूट समेत पूरे बुन्देलखण्ड में 12 अप्रैल की रात आई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेत और खलिहान दोनों उजड़ चुके हैं। किसान अब भूख, कर्ज और जीवन के संकट में घिर गए हैं। विधायक ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करे ताकि उन्हें इस विपदा से कुछ राहत मिल सके। डीएम से अपील की कि इस आपदा को गंभीरता से लें व प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिलवाया जाए।
किसानों की पुकारः मुआवजा दो
गांव-गांव में किसान अब शासन से यही मांग कर रहे हैं कि उन्हें जल्द से जल्द आर्थिक मदद दी जाए। हमने दिन-रात मेहनत की, फसल खड़ी थी, बस कटाई बाकी थी। अब तो सब पानी में बह गया। बैंक का कर्ज कैसे चुकाएंगे? यह सवाल अब हर किसान के चेहरे पर लिखा है।

Related Posts

जनपद के खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदल दिए जायें : प्रभारी मंत्री मन्नू कोरी

हाईटेंशन तारों को आबादी वाले क्षेत्रों से हटवाने के दिए निर्देश
ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में दुरुस्त रखें विद्युत आपूर्ति
कानून-व्यवस्था एवं विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित
चित्रकूट। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टरेट सभागार में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी) की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था एवं विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने कामदगिरी परिक्रमा मार्ग के आरती स्थल पर लाइट लगवाने व उद्यान विभाग की योजनाओं के लाभ के लिए किसानों से प्राप्त फार्मों की शुद्ध जांच करने के निर्देश दिए। मंत्री ने जनपद के ग्रामीण और शहरी क्षत्रों में होने वाली विद्युत आपूर्ति की जानकारी ली। जिस पर अधीक्षण अभियंता विद्युत ने बताया कि उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 18 घंटे तथा शहरी क्षेत्रों में प्रतिदिन 20 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। मंत्री ने जनपद के खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने और हाईटेंशन तारों को आबादी वाले क्षेत्रों से हटवाने के निर्देश दिए। उर्वरक उपलब्धता की जानकारी लिए जाने पर जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि डीएपी की कमी है, जबकि यूरिया अगले दिन तक सभी सोसाइटियों में उपलब्ध करा दी जाएगी। इस पर मंत्री ने कहा कि खाद का वितरण पारदर्शितापूर्ण होना चाहिए। इसमें किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। फसल नुकसान के सम्बन्ध में निर्देश दिए कि नुकसान का सत्यापन कर समयबद्ध मुआवजा दिया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा करते हुए मंत्री ने एम्बुलेंस की संख्याओं की जानकारी ली तथा जिला अस्पताल में प्रतिदिन बेडशीट बदलने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। दुग्ध उत्पादन के सम्बन्ध में मंत्री ने उत्पादन बढ़ाने के लिए समितियाँ बनाकर कार्य करने पर जोर दिया। पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण किए जाएं। मानिकपुर विधायक अविनाश चन्द्र द्विवेदी ने गौशालाओं के निरीक्षण के नामित किए गए नोडलों के साथ ग्रामीणों को भी शामिल करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री को जनपद की कानून व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। जिस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था के संबंध में जो सरकार द्वारा दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं, उनका अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध एवं निष्पक्षतापूर्ण किया जाए। मंत्री ने कहा कि सभी विभाग सरकार की मंशानुरुप कार्य करते हुए जनपद की रैंकिंग को बेहतर बनाएं। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने की बात कही।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, मुख्य विकास अधिकारी अमृत पाल कौर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उमेश चन्द्र निगम, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ भूपेश द्विवेदी, एआईजी स्टांप राजेश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सत्यराम यादव, डीसी एनआरएलएम ओमप्रकाश मिश्र, डीसी मनरेगा डीएन पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ वैभव त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीड़ी विश्वकर्मा सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रदेश समाचार / चित्रकूट टीम

मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाए : मन्नू कोरी

मंत्री ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण
चित्रकूट। जिले के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी) ने बुधवार को जिला अस्पताल व खुटहा गौशाला का औचक निरीक्षण किया।
बुधवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री को शाम सात बजे जिला मुख्यालय स्थित विश्राम गृह पहुंचना था, किंतु वह शाम छह बजे ही अचानक भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां भर्ती मरीजों और तीमारदारों से उन्होंने अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सालय अधीक्षक को निर्देश दिए कि मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद उन्होंने सदर ब्लाक के खुटहा गांव की गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में गौपूजन करने के बाद संरक्षित किए गए मवेशियों के सम्बन्ध में जानकारी ली। साथ ही कहा कि यहां रहने वाले गौवंश की सही तरीके से देख-रेख की जाए।
प्रदेश समाचार / चित्रकूट टीम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *