भूखमुक्त और पोषित भारत के निर्माण में सतत कृषि निभाएगी अहम भूमिका – कुलाधिपति

बेहतर भोजन और बेहतर भविष्य के लिए सबका साथ की थीम पर मनाया गया विश्व खाद्य दिवस
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी में आज विश्व खाद्य दिवस 2025 बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम बेहतर भोजन और बेहतर भविष्य के लिए साथ-साथ”* रही। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रोफेसर पंजाब सिंह द्वारा किया गया, जबकि अध्यक्षता कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने की।
इस अवसर पर कुलाधिपति प्रो. पंजाब सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि “भारत में खाद्य विविधता और पारंपरिक व्यंजनों की समृद्ध परंपरा है। यदि हम स्थानीय स्तर पर उत्पादित अनाज, फल-सब्ज़ियों और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को अपनाएँ, तो हम न केवल पोषण सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं बल्कि किसानों की आय भी बढ़ा सकते हैं। सतत् कृषि और संतुलित भोजन ही स्वस्थ समाज और उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भारत आज विश्व खाद्य उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी है। देश में अनाज, फल, सब्ज़ियों, दूध और मोटे अनाज के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, पीएम पोषण योजना और चावल फोर्टिफिकेशन जैसी सरकारी योजनाएँ पोषण सुरक्षा को सुदृढ़ कर रही हैं।
कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने* अपने संबोधन में कहा कि “विश्व खाद्य दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि खाद्य सुरक्षा और पोषण का संबंध केवल उत्पादन से नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और तकनीकी नवाचार से भी है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य है कि हर वर्ग – किसान, वैज्ञानिक, विद्यार्थी और उपभोक्ता – सतत् कृषि और पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक बने। केवल सबका साथ और सबका प्रयास ही ‘बेहतर भोजन और बेहतर भविष्य’ के लक्ष्य को साकार कर सकता है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों में पौष्टिक आहार, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और खाद्य नवाचार को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में “फूड एक्सपो” का आयोजन किया गया, इसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, ‘सुपर मॉम’ ज़हीदा, तथा रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के पारंपरिक और पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, तमिलनाडु और उत्तर-पूर्वी राज्यों से आए प्रतिभागियों ने मिलेट्स, फल-सब्ज़ियों और स्थानीय अनाजों पर आधारित नवाचारपूर्ण व्यंजन प्रस्तुत किए। ज़हीदा द्वारा तैयार पारंपरिक घरेलू व्यंजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. गुंजन, डॉ. रवीन्द्र तिवारी और डॉ. घनश्याम अबरोल ने निदेशक शिक्षा डॉ. अनिल कुमार के मार्गदर्शन में किया। इस अवसर पर डॉ. सुशील कुमार सिंह (निदेशक प्रसार शिक्षा), डॉ. मनीष श्रीवास्तव (डीन उद्यान विज्ञान संकाय), डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. शैलेन्द्र, डॉ. प्रियंका शर्मा सहित अनेक संकाय सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल विश्व खाद्य दिवस का उत्सव रहा, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि यदि समाज के सभी वर्ग मिलकर कार्य करें तो “भूखमुक्त, पोषित और आत्मनिर्भर भारत” का सपना साकार किया जा सकता है।

Related Posts

सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए : डीएम

प्रत्येक बूथ पर फॉर्म-6,7 व 8 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने विशेष अभियान दिवस पर बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए मतदाताओं से संवाद करते हुए अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने हेतु फॉर्म-6 भरवाए जाने की अपील की।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष अभियान का जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने औचक निरीक्षण किया, निरीक्षित मतदेय स्थलों में पी.एम.श्री प्राथमिक विद्यालय डी.सी. तालपुरा बूथ संख्या 227 से 230 एंव बिपिन बिहारी इंटर कालेज नया भवन झाँसी बूथ संख्या 252 से 255 का निरीक्षण किया। मौके पर इन बूथ से सम्बन्धित कार्य सुपरवाइजर द्वारा अन्य बीएलओ के सहयोग से कराया जा रहा है। इस पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्य में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी को निरीक्षण के समय यह तथ्य संज्ञान में आया कि बीएलओ के पास कुछ फार्म डिजिटाइजेशन हेतु लम्बित हैं। उन्होंने सभी सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया है कि अपने से सम्बन्धित सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी फार्म 24 घंटे के अन्दर अनिवार्य रूप से डिजिटाइज्ड हो जाए। इसके अतिरिक्त एईआरओ के द्वारा फील्ड वैरिफिकेशन के लिए जो फार्म बीएलओ को भेजे गये हैं, उनका भी सत्यापन करके एक सप्ताह के भीतर एईआरओ के पोर्टल पर वापस करें। दोनों प्रकार के फार्म्स से सम्बन्धित सूचना क्षेत्रीय सुपरवाइजर द्वारा एकत्रित करके एईआरओ को प्रतिदिन भेजी जाए।
उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रत्येक दिन किये गए समस्त कार्यों की पोर्टल पर समीक्षा करें और यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी फार्म Unprocessed न रहे। साथ ही यह भी निर्देश दिये कि बीएलओ द्वारा किये गए फार्म डिजिटाइजेशन कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बूथ पर उपस्थित बीएलओ से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली और निर्देश दिए की सावधानी और संवेदनशीलता से कार्य करना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में उन्होंने विभिन्न बूथों पर उपस्थित सम्मानीय मतदाताओं से भी संवाद स्थापित किया और उन्हें आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित आम जनमानस से मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र को शामिल करने हेतु फॉर्म छह भरकर बीएलओ को जमा कराने की सलाह दी। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तहसीलदार झांसी एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी : प्रणजीव सक्सेना

रेल सुरक्षा आयुक्त ने विजयपुर हाल्ट से वीरपुर तक किया रेलखंड का निरीक्षण
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं परिचालन सुगमता हेतु मूलभूत ढ़ांचे में विस्तार हेतु निरन्तर प्रयासरत है। इसी क्रम सबलगढ़ से बीरपुर आमान परिवर्तन के तहत नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन के दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र प्रणजीव सक्सेना ने विजयपुर हाल्ट से बीरपुर तक के रेलखंड का निरीक्षण किया गया I
रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना द्वारा मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ मोटर ट्राली के माध्यम से दोनों स्टेशनों के मध्य नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उक्त रेल खंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स आदि सभी इंस्टालेशन तथा उनकी कार्य क्षमता का गहनता से निरीक्षण किया गया I गेट्स, स्विचिंग पॉइंट्स, पॉइंट्स , सिग्नल सहित सभी संस्थापनों को आवश्यकतानुसार संचालित करते हुए परख की गयी। रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा सबलगढ़ से बीरपुर के मध्य आने वाले रेल अंडर ब्रिज, रेल ब्रिज आदि का गहनता से जांच किया। नवनिर्मित बीरपुर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर पैनल और रिले रूम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत 120 किमी/घंटा की रफ्तार से बीरपुर से सबलगढ़ के मध्य सफल स्पीड ट्रायल किया गया। अब इस खंड का शीघ्र ही प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर OHE और विद्युत संबंधित निरीक्षण करेंगे।
सबलगढ़ से बीरपुर तक रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के उपरांत अब ग्वालियर से श्योपुर कलां तक लगभग 188 किलोमीटर के आमान परिवर्तन के सिर्फ़ दो खंड बीरपुर से सिरोनी रोड 36.70 और सिरोनी रोड़ से श्योपुर कलां लगभग 33.350 किलोमीटर शेष है, जिसका कार्य तेज़ी से चल रहा है। इस ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। नई रेल लाइन से अनाज के परिवहन को बल मिलेगा, साथ ही व्यापार की नई संभावनाएं खुलेंगी। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेड़े, मुख्य सिग्नल इंजीनियर दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एस.के.गुप्ता समेत अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *