सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए : डीएम

प्रत्येक बूथ पर फॉर्म-6,7 व 8 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने विशेष अभियान दिवस पर बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए मतदाताओं से संवाद करते हुए अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने हेतु फॉर्म-6 भरवाए जाने की अपील की।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष अभियान का जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने औचक निरीक्षण किया, निरीक्षित मतदेय स्थलों में पी.एम.श्री प्राथमिक विद्यालय डी.सी. तालपुरा बूथ संख्या 227 से 230 एंव बिपिन बिहारी इंटर कालेज नया भवन झाँसी बूथ संख्या 252 से 255 का निरीक्षण किया। मौके पर इन बूथ से सम्बन्धित कार्य सुपरवाइजर द्वारा अन्य बीएलओ के सहयोग से कराया जा रहा है। इस पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्य में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी को निरीक्षण के समय यह तथ्य संज्ञान में आया कि बीएलओ के पास कुछ फार्म डिजिटाइजेशन हेतु लम्बित हैं। उन्होंने सभी सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया है कि अपने से सम्बन्धित सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी फार्म 24 घंटे के अन्दर अनिवार्य रूप से डिजिटाइज्ड हो जाए। इसके अतिरिक्त एईआरओ के द्वारा फील्ड वैरिफिकेशन के लिए जो फार्म बीएलओ को भेजे गये हैं, उनका भी सत्यापन करके एक सप्ताह के भीतर एईआरओ के पोर्टल पर वापस करें। दोनों प्रकार के फार्म्स से सम्बन्धित सूचना क्षेत्रीय सुपरवाइजर द्वारा एकत्रित करके एईआरओ को प्रतिदिन भेजी जाए।
उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रत्येक दिन किये गए समस्त कार्यों की पोर्टल पर समीक्षा करें और यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी फार्म Unprocessed न रहे। साथ ही यह भी निर्देश दिये कि बीएलओ द्वारा किये गए फार्म डिजिटाइजेशन कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बूथ पर उपस्थित बीएलओ से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली और निर्देश दिए की सावधानी और संवेदनशीलता से कार्य करना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में उन्होंने विभिन्न बूथों पर उपस्थित सम्मानीय मतदाताओं से भी संवाद स्थापित किया और उन्हें आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित आम जनमानस से मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र को शामिल करने हेतु फॉर्म छह भरकर बीएलओ को जमा कराने की सलाह दी। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तहसीलदार झांसी एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

बागेश्वर पीठाधीश्वर ने हिंदुओं को एकजुटता का पढ़ाया पाठ कहा एकजुटता सबसे बड़ी ताकत है

सदर विधायक के खुरहंड स्थित आवास पहुंचकर सुंदरकांड व हनुमान चालीसा पाठ में किया प्रतिभाग
बांदा। बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दर्शन और उनके विचारों को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग खुरहंड कस्बा स्थित सदर विधायक आवास पहुंचे। वहां आयोजित सुंदरकांड व हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मंच से संबोधित करते हुए शास्त्री ने हिंदुओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। कहा कि एकजुट रहोगे तो कोई तोड़ नहीं पाएगा।
बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर हेलीकाप्टर से आए। उनका उड़नखटोला आसमान में नजर आते ही बागेश्वरधाम और के साथ ही पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की जय-जयकार गुंजायमान होने लगी। हेलीकाप्टर से उतरने के बाद वह सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। वहां पर सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा के पाठ में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद हजारों लोगों की भीड़ का अभिवादन स्वीकार किया। लोगों ने पुष्प वर्षा करते हुए बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर का स्वागत किया। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि बांदा के पागलो, अगर एकजुट रहोगे तो सुरक्षित रहोगे, कोई तोड़ नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि एकजुटता सबसे बड़ी ताकत है। इसके अलावा उन्होंने सत्संग भी किया। इसके तहत उन्होंने हनुमंत कथा के तमाम प्रसंगों का बखान करते हुए कहा कि बजरंगबली की कृपा से कोई काम असंभव नहीं है। संकट मोचन का नाम लेकर कोई भी काम शुरू करो, सफलता जरूर मिलेगी।
तीन घंटे तक खुरहंड में रहे बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर
बांदा। बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करीब तीन घंटे तक खुरहंड में रहे। सुंदरकांड और हनुमान चालीसा वाचन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने विधायक आवास पर स्थित शिव मंदिर में पूजा की। इसके बाद उन्होंने मंच का रुख किया। मंच से हजारों भक्तों को संबोधित करने के बाद वह सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी से काफी देर तक गुफ्तगू करते रहे। विदाई का समय आया तो कार में सवार बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर का दर्शन करने के साथ ही उन पर पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत किया गया। जेसीबी मशीन के जरिए पुष्प वर्षा की गई। पूरे इलाके में बागेश्वरधाम की जय-जयकार गुंजायमान होती रही।
सामूहिक कन्या विवाह में आने का दिया आमंत्रण
बांदा। बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भक्तों को संबोधित करते हुए उन्हें आगामी 15 फरवरी को बागेश्वरधाम में 15 फरवरी को आयोजित होने वाले सामूहिक कन्या विवाह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। कहा कि आप सभी लोग भी आकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दें। वहां आकर यह जरूर देखें कि बागेश्वरधाम की कृपा से सब काम किस तरह से हो रहा है। बताया कि 10 राज्यों के साथ ही नेपाल से भी कन्याएं सामूहिक विवाह में शामिल होंगी।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी : प्रणजीव सक्सेना

रेल सुरक्षा आयुक्त ने विजयपुर हाल्ट से वीरपुर तक किया रेलखंड का निरीक्षण
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं परिचालन सुगमता हेतु मूलभूत ढ़ांचे में विस्तार हेतु निरन्तर प्रयासरत है। इसी क्रम सबलगढ़ से बीरपुर आमान परिवर्तन के तहत नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन के दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र प्रणजीव सक्सेना ने विजयपुर हाल्ट से बीरपुर तक के रेलखंड का निरीक्षण किया गया I
रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना द्वारा मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ मोटर ट्राली के माध्यम से दोनों स्टेशनों के मध्य नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उक्त रेल खंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स आदि सभी इंस्टालेशन तथा उनकी कार्य क्षमता का गहनता से निरीक्षण किया गया I गेट्स, स्विचिंग पॉइंट्स, पॉइंट्स , सिग्नल सहित सभी संस्थापनों को आवश्यकतानुसार संचालित करते हुए परख की गयी। रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा सबलगढ़ से बीरपुर के मध्य आने वाले रेल अंडर ब्रिज, रेल ब्रिज आदि का गहनता से जांच किया। नवनिर्मित बीरपुर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर पैनल और रिले रूम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत 120 किमी/घंटा की रफ्तार से बीरपुर से सबलगढ़ के मध्य सफल स्पीड ट्रायल किया गया। अब इस खंड का शीघ्र ही प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर OHE और विद्युत संबंधित निरीक्षण करेंगे।
सबलगढ़ से बीरपुर तक रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के उपरांत अब ग्वालियर से श्योपुर कलां तक लगभग 188 किलोमीटर के आमान परिवर्तन के सिर्फ़ दो खंड बीरपुर से सिरोनी रोड 36.70 और सिरोनी रोड़ से श्योपुर कलां लगभग 33.350 किलोमीटर शेष है, जिसका कार्य तेज़ी से चल रहा है। इस ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। नई रेल लाइन से अनाज के परिवहन को बल मिलेगा, साथ ही व्यापार की नई संभावनाएं खुलेंगी। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेड़े, मुख्य सिग्नल इंजीनियर दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एस.के.गुप्ता समेत अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

हाईकोर्ट ने पुलिस मुठभेड़ की प्रथा पर जतायी कड़ी आपत्ति , डीजीपी और गृह सचिव से जवाब-तलब

प्रमोशन और शोहरत के लिए यूपी पुलिस कर रही है हाफ एनकाउंटर
थानाप्रभारियों पर लंगड़ा करने का टारगेट सा फिक्स हो गया है
झाँसी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आरोपियों के पैरों में गोली मारकर उसे पुलिस मुठभेड़ करार देने की यूपी पुलिस की प्रथा पर कड़ी आपत्ति जताई है। कोर्ट ने कहा कि इस तरह का आचरण पूरी तरह अस्वीकार्य है, क्योंकि किसी भी व्यक्ति को दंड देने का अधिकार केवल न्यायालयों के पास है, पुलिस के पास नहीं। यह आदेश न्यायमूर्ति अरुण कुमार सिंह देशवाल की एकल पीठ ने मिर्जापुर निवासी राजू उर्फ राजकुमार व दो अन्य की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान दिया। तीनों आरोपी कथित पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए थे।

डीजीपी और गृह सचिव से जवाब-तलब
कोर्ट ने राज्य के डीजीपी और गृह सचिव से स्पष्ट करने को कहा है कि क्या पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के पैरों में गोली मारने या किसी भी प्रकार की गोलीबारी को मुठभेड़ बताने के लिए कोई मौखिक या लिखित निर्देश दिए गए थे। अदालत ने इस प्रवृत्ति को “चिंताजनक” बताते हुए कहा कि यह अब नियमित घटना का रूप लेती दिख रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों को खुश करने या प्रमोशन की होड़
अदालत ने अपनी टिप्पणी में कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ मामलों में गोली चलाने की घटनाएं वरिष्ठ अधिकारियों को प्रसन्न करने, आरोपियों को तथाकथित सबक सिखाने या आउट ऑफ टर्न प्रमोशन पाने की मंशा से भी की जाती हैं। यदि ऐसा है तो यह कानून के शासन के खिलाफ है।
लोकतंत्र में शक्तियों का स्पष्ट विभाजन
कोर्ट ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका की भूमिकाएं स्पष्ट रूप से निर्धारित हैं। पुलिस द्वारा न्यायिक क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं हो सकता। अदालत ने यह भी जोड़ा कि कुछ अधिकारी जनता की सहानुभूति पाने या घटनाओं को “मुठभेड़” का रूप देकर अपनी छवि चमकाने के लिए अधिकारों का दुरुपयोग कर रहे होंगे।

निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का अनुपालन नहीं हुआ
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि इस प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया गया। अदालत ने स्पष्ट किया कि रिकॉर्ड से यह जाहिर है कि याची पुलिस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हुआ, इसके बावजूद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का अनुपालन नहीं हुआ। कोर्ट ने विशेष रूप से पीयूसीएल बनाम राज्य जैसे मामलों में सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय मानकों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस ने न तो घायल का बयान किसी चिकित्साधिकारी या न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया और न ही मुठभेड़ की जांच उस पुलिस दल के प्रमुख से उच्च रैंक के अधिकारी से कराई गई, जैसा कि दिशानिर्देशों में अपेक्षित है।

अवमानना करने पर कार्रवाई की दी चेतावनी
हाई कोर्ट ने एनकाउंटर के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आधार पर नई गाइडलाइंस जारी करते इसका पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि इसका पालन न होने पर जिलों के एसपी, एसएसपी और पुलिस कमिश्नर अवमानना की कार्रवाई के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। डीजीपी ने अदालत के समक्ष सहमति जताई कि पुलिस को हर परिस्थिति में कानून की सीमाओं के भीतर रहकर ही कार्य करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी इकाइयों को उचित प्रोटोकॉल सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएंगे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता सम्पादक

हम सब चलें गांव की ओर, गांव को विकसित करना ही उद्देश्य : श्याम बिहारी गुप्ता

विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के तहत कलेक्ट्रेट में आयोजित हुआ कार्यक्रम
बाॅदा ऋषि मुनियों की धरती है, हम लोग बडे सौभाग्यशाली है कि भारत में जन्म हुआ है
बांदा। विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश, उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश की संकल्पना को साकार करने हेतु एक भव्य व गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश दिवस के लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सचिव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को किया गया कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता द्वारा की गई। सर्वप्रथम जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टाल का फीता काटकर शुभारम्भ किया। अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनायें देते हुए कहा कि बाॅदा ऋषि मुनियों की धरती है। हम लोग बडे सौभाग्यशाली है, कि भारत में जन्म हुआ है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा आयोग के बुन्देलखण्ड का प्रभारी होने के नाते उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, आमजनमानस से अपील किया कि हम सभी लोगों को चले गाॅव की ओर, गाॅव को विकसित करना ही हमारा उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड में वर्षा के समय पानी को स्टोर करने की आवश्यकता है। 1947 में हमारी आबादी लगभग 34 करोड़ थी, लेकिन वर्तमान में हमारे देश की आबादी 140 करोड़ है। इसलिए हम सभी को स्वस्थ्य रहना होगा, जब हम स्वस्थ्य रहेंगे तब देश का विकास होगा, तो क्यों न किसानों, गाॅयों एवं खेती के द्वारा गौ आधारित खेती हम अपने गाॅव में करवायें और मिलेट्स की पैदावार भी करें और अपने गाॅव को आत्मनिर्भर बनायें। उन्होंने यह भी कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि बुन्देलखण्ड में पैदा हुए हैं।
विधायक नरैनी ओममणि वर्मा ने उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनायें देते हुए कहा कि जैसा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दिवस इस भव्यता के साथ कभी नही बनाया गया। जब से बीजेपी की हमारी सरकार आयी है तब से कोई भी कार्यक्रम हो, बडे हर्ष व उल्लास के साथ मनाया जाता है। उत्तर प्रदेश की भूमि में चाहे श्री राम जी हों, ऋषि बामदेव हों, जिनका पूरा नाम पूरे विश्व में विख्यात हो। हमारा देश शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कें सहित इत्यादि कार्यों में विकास करने में प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि व अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की गई है। उत्तर प्रदेश, उत्तम प्रदेश बन रहा है। पर्यटन विभाग के अंतर्गत अग्रिमा साहू, वेदान्सी बाजपेयी, पुलिस विभाग द्वारा दीपेन्द्र कुमार, संदीप पटेल, आनन्द कुमार, आकाश शुक्ला को सम्मानित किया गया। फायरमैन राजू को सम्मानित किया गया। निराश्रित महिला पेंशन कमला सोनी, सीमा बाजपेयी, निशा निगम को सम्मानित किया गया। स्वामी विवेकानन्द योजना के अन्तर्गत स्मार्ट फोन का वितरण छात्रा कशिश, खुशबू, करिश्मा, अभिलाषा को किया गया। मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत मीना, ईश्वरकृष्ण, सरोज, अबरार अली, सुरेश कुमार, अतुल को 50-50 हजार रूपये के ऋण के चेकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश एस, जिलाधिकारी जे. रीभा, पुलिस अधीक्षक श्री पलास बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, एमएलसी प्रतिनिधि आलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अर्चना भारती द्वारा किया गया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता सम्पादक

संभल पुलिस ने संगठित बीमा धोखाधड़ी पर प्रभावी अंकुश लगाने का सराहनीय कार्य किया है : अमिताभ यश

सरकार और उद्योग जगत के बीच इस प्रकार का सहयोग अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत करता है :रमित शर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दिये गये निर्देशों के क्रम में पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में जनपद सम्भल में 15 पुलिस थानों में मातृत्व एवं शिशु देखभाल कक्षों का उद्घाटन व महिला पुलिसकर्मियों को 15 होंडा एक्टिवा का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था उत्तर प्रदेश अमिताभ यश द्वारा आज दिनांक 24-01-206 को उक्त कार्यक्रम का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया गया । यह कार्यक्रम एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा, डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज गोबू, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) सुश्री अनु

कृति शर्मा, टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड एवं राउंड टेबल इंडिया के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। टाटा एआईजी एवं राउंड टेबल इंडिया के प्रतिनिधि विशेष रूप से मुंबई एवं दिल्ली से कार्यक्रम में शामिल हुए ।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के स्वागत उद्बोधन से हुआ। इसके पश्चात डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज गोबू ने अपने संबोधन में विस्तार से बताया कि किस प्रकार संभल पुलिस द्वारा उजागर की गई संगठित बीमा धोखाधड़ी की जांच ने बीमा कंपनियों को सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के माध्यम से इस नवीन एवं मानवीय पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया ।
इसके उपरांत देवांग पांड्या, वाइस प्रेसिडेंट एवं लीड – CSR एवं सस्टेनेबिलिटी, टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड तथा पारस मेहरोत्रा, नेशनल प्रोजेक्ट्स को-कोन्वीनर, राउंड टेबल इंडिया ने अपने संबोधन में दोनों संस्थाओं के मूल्यों, मार्गदर्शक सिद्धांतों एवं संभल जनपद में इस परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी।
तत्पश्चात एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने अपने संबोधन में इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार और उद्योग जगत के बीच इस प्रकार का सहयोग महिला सशक्तिकरण एवं संवेदनशील प्रशासन की दिशा में एक अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत करता है। कार्यक्रम के दौरान इस पहल की सामाजिक एवं संस्थागत महत्ता को दर्शाती एक दो मिनट की लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इसके पश्चात अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश द्वारा मातृत्व एवं शिशु देखभाल कक्षों का डिजिटल उद्घाटन किया गया ।
अपने संबोधन में एडीजी कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने संभल पुलिस की पेशेवर, गहन एवं परिणाम आधिरित जांच की सराहना की, जिसके माध्यम से न केवल संगठित बीमा धोखाधड़ी पर प्रभावी अंकुश लगाया गया, बल्कि इसके सकारात्मक प्रतिफल के रूप में महिला पुलिसकर्मियों के लिए क्रेच एवं दोपहिया वाहन जैसी कल्याणकारी सुविधाएं भी साकार हुईं। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है और इस प्रकार की पहल उन्हें पेशेवर दायित्वों एवं पारिवारिक जिम्मेदारियों के संतुलन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि यह उद्योग जगत एवं पुलिस के समन्वय का उतकृष्ट उदहारण है और इस पर विचार करने की आवश्यकता है कि कैसे इस पहल को प्रदेश स्तर पर अपस्केल किया जा सकता है । इस पूरे कार्यक्रम से सभी राज्यों की पुलिस को प्रेरण लेनी चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उद्योग जगत सामाजिक विकास एवं महिला सशक्तिकरण के लिए इसी प्रकार सहयोग करता रहेगा।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता सम्पादक

यक्ष एप प्रदेश पुलिस को आधुनिक एवं नई पीढ़ी की पुलिसिंग की ओर ले जाएगा : पुलिस महानिदेशक

बीट प्रणाली पुलिसिंग की मूल इकाई है, पर सूचना के अभाव से अपराध नियंत्रण में कठिनाई आती रही
एकीकृत व एआई आधारित ऐप से अपराधी संबंधी सूचना स्वतः सभी संबंधित बीटों तक तुरंत पहुँचेगी
इससे समय की बचत होगी तथा निगरानी, सत्यापन व अभियानों की प्रभावशीलता बढ़ेगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस“ की नीति के क्रम में पुलिस व्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली बीट पुलिसिंग को अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा विकसित किये गये यक्ष एप के सफल क्रियान्वयन हेतु पुलिस मुख्यालय में दिनांक 24.01.206 से 27.01.2026 तक आयोजित तीन दिवसीय व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का राजीव कृष्ण पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 द्वारा शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 ने अपने संबोधन में कहा कि थाना व्यवस्था स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित है, परन्तु प्रभावी पुलिसिंग के लिए बीट प्रणाली अत्यंत महत्वपूर्ण इकाई रही है, जो पिछले 100-125 वर्षों से पुलिस की मूल संरचना का आधार रही है। बीट कांस्टेबल की भूमिका ऐतिहासिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। समय के साथ बीट क्षेत्रों का आकार एवं संख्या मैनपावर की उपलब्धता के अनुसार बदलती रही है, जिससे अपराधियों की सही जानकारी संकलन एवं अद्यतन में कठिनाइयाँ आती थीं। ‘फर्द क’ एवं ‘फर्द ख’ जैसी व्यवस्थाएँ होते हुए भी व्यावहारिक रूप से सूचनाओं का आदान-प्रदान प्रभावी नहीं हो पाता था। परिणामस्वरूप अपराधियों की गतिविधियों, उनके निवास स्थान एवं आपराधिक इतिहास की समुचित जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती थी।
अभियानों के दौरान भी सूचना के अभाव में कार्यवाही अपेक्षाकृत कम प्रभावी रहती थी। इस समस्या के समाधान हेतु पूर्व में ‘त्रिनेत्र’, ‘बीट प्रहरी’, ‘ऑपरेशन पहचान’ जैसे विभिन्न ऐप्स विकसित किए गए, जिनसे आंशिक सुधार हुआ।
इन सभी अनुभवों को समाहित करते हुए बीट कर्मियों, हल्का एवं थाना प्रभारियों की सुविधा के लिए एक एकीकृत ऐप विकसित किया गया है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी समावेश किया गया है। इस प्रणाली के माध्यम से किसी अपराध की प्रविष्टि होते ही संबंधित सभी बीटों एवं थाना क्षेत्रों को अपराधी की सूचना स्वतः एवं तुरंत उपलब्ध हो जाएगी। इससे समय की बचत होगी तथा अपराधियों की निगरानी और सत्यापन अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।
उन्होंने विशेष रूप से कंप्यूटर ऑपरेटरों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रारंभिक “मास्टर फाइल्स” में बीट क्षेत्र, गाँव, मोहल्ला एवं अन्य मूल सूचनाओं की सही प्रविष्टि अत्यंत आवश्यक है। यदि प्रारंभिक डाटा शुद्ध होगा तो आगे का विश्लेषण एवं कार्यवाही सटीक होगी, अन्यथा त्रुटियाँ लंबे समय तक बनी रहेंगी।
पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 द्वारा अपने संबोधन के अंत में विश्वास व्यक्त किया कि यह ऐप उत्तर प्रदेश पुलिस को आधुनिक एवं नई पीढ़ी की पुलिसिंग की ओर ले जाएगा तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इसे गंभीरता से समझकर प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अमिताभ यश अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था , एस0के0 भगत अपर पुलिस महानिदेशक अपराध , श्री शलभ माथुर पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक/पुलिस महानिदेशक के जीएसओ, यक्ष एप निर्माण में सहयोग प्रदान करने वाली कम्पनी के अधिकारी एवं प्रशिक्षण हेतु आये अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यक्ष ऐप की मुख्य विशेषतायें
प्रदेश की सभी बीटों की Geo&Fencing एवं फ्रीजिंग कर प्रत्येक बीट की स्पष्ट जिम्मेदारी तय की गई है।
पारंपरिक बीट बुक को डिजिटल बीट बुक में परिवर्तित कर रियल टाइम अपडेट एवं सुरक्षित डेटा संरक्षित किया गया है।
AI एवं Big Data आधारित अपराधी प्रोफाइलिंग से अपराधियों की गतिविधियों पर सटीक और सतत निगरानी संभव हुई है।
अपराध की संवेदनशीलता, समय, Modus Operandi एवं प्रयुक्त शस्त्र के आधार पर Criminal Scoring System विकसित किया गया है।
Face] Voice] Text एवं Vehicle Search जैसी AI आधारित सुविधाओं से अज्ञात अपराधों के अनावरण में सहायता मिल रही है।
Advance Gang Analysis एवं CrimeGPT के माध्यम से अपराध पैटर्न और गैंग नेटवर्क का विश्लेषण किया जा रहा है।
बीट स्तर पर Local Intelligence एवं Beat Information System के माध्यम से अपराध-पूर्व सूचनाएँ और संवेदनशील गतिविधियाँ दर्ज की जा रही हैं।
रिपोर्ट / बालेन्द्र गुप्ता सम्पादक

भाजपा ने विकास करके दिखाया है कांग्रेस ने भ्रम फैलाया है : गोविंद सिंह राजपूत

खाद्य मंत्री ने दी सुरखी विधानसभा को 20 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
भोपाल। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में करोड़ों के विकास कार्य चल रहे हैं। छोटे-छोटे गांव भी अब पक्की सड़कों से जुड़ चुके हैं यह सब देखकर कांग्रेस बौखला गई है। भाजपा के विकास कार्यो ने कांग्रेस के मुद्दे समाप्त कर दिए हैं । यह बात खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र में सहाजपुरीखुर्द सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य के भूमि पूजन एवं लोकार्पण के अवसर पर कहीं।
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ जनता में झूठ फैलाया है और भाजपा ने विकास करके दिखाया है। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए मैं और मेरा पूरा परिवार दिन-रात मेहनत करते हैं। हमारा संकल्प है कि सुरखी का विकास प्रदेश में अलग पहचान बनाएं जिसका नतीजा है कि आज हम सबसे कम समय में सबसे अधिक विकास कार्य करने वाले क्षेत्र में शामिल हैं । भाजपा सरकार, हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुखिया डॉक्टर मोहन यादव ने जो विकास की तस्वीर बनाई वह सुरखी विधानसभा क्षेत्र में नजर आती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प ने विश्व में भारत को अलग पहचान दी तो वही जन-जन के नेता डॉक्टर मोहन यादव की दूरदर्शी सोच ने मध्यप्रदेश में विकास की नई इमारत लिखी। हम सब आपके सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। आपका आशीर्वाद और सहयोग इस विकास रथ को और गति देगा।
इन विकास कार्यों का किया भूमि पूजन एवं लोकार्पण
खाद्य श्री राजपूत ने ग्राम सहजपुरी खुर्द में मंगल भवन, सहजपुरीखुर्द से सहजपुरीबुजुर्ग 3.30 करोड़ से पहुंच मार्ग, केवलारी से सहजपुरी मार्ग, केवलारी से सूरजपुरा मार्ग साथ ही चारटोरिया से केवलारी मार्ग की घोषणा एवं चारटोरिया से राज मंदिर के लिए सीसी रोड की घोषणा सहित 20 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसके साथ ही ग्रामवासियों की मांग पर सहजपुरीबुजुर्ग, सहजपुरीखुर्द, केवलारी एवं सूरजपुरा में सार्वजनिक कार्य करने हेतु 15-15 लाख के लागत से मंगल भवन निर्माण करने घोषणा की।
छात्र-छात्राओं को किया निःशुल्क साईकिल वितरण
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कार्यक्रम के दौरान शासकीय हाईस्कूल एवं माध्यमिक शाला चारटोरिया में छात्र-छात्राओं को साईकिल वितरित कर शिक्षा को लेकर बच्चों को प्रोत्साहन दिया। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री डाॅ.मोहन यादव का संकल्प है कि शिक्षा प्राप्त हो जिसको लेकर गांव-गांव में साईकिल वितरण कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन दिया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर हमारे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए स्मार्ट क्लास लगाई जा रही है जिससे हमारे बच्चे आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर सकें।
रिपोर्ट / बालेन्द्र गुप्ता सम्पादक

युवाओं के विकास के लिये पूर्ण रुप से तत्पर है प्रदेश सरकार : श्रीमती बेबीरानी मौर्य

जनपद में पूर्ण भव्यता के साथ मनाया गया “उत्तर प्रदेश दिवस-2026”
प्रभारी मंत्री ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की दिलाई शपथ
बालेन्द्र गुप्ता / झांसी। प्रभारी मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उ0प्र0 शासन श्रीमती बेबी रानी मौर्य के मुख्य आतिथ्य में “उत्तर प्रदेश दिवस” के अवसर पर सांस्कृतिक विभाग उ0प्र0 एवं जिला प्रशासन झाँसी के संयुक्त तत्वाधान में उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर “सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम” का आयोजन पं0 दीनदयाल उपाध्याय सभागार में किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत पवन गौतम, महापौर बिहारी लाल आर्य, रवि शर्मा विधायक सदर, जवाहरलाल राजपूत विधायक गरौठा, डॉ0 रश्मि आर्य विधायक मऊरानीपुर, शिक्षक विधायक डाॅ0 बाबूलाल तिवारी, सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद रामतीर्थ सिंघल, सदस्य राज्य महिला आयोग श्रीमती अनुपमा लोधी एवं जिलाध्यक्ष भाजपा प्रदीप पटेल सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार उ0प्र0 शासन श्रीमती बेबीरानी मौर्य ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जिलाधिकारी झांसी मृदुल चौधरी को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनांतर्गत उत्कृष्ट उपलब्धि पर सम्मानित किया जा रहा है, आप सभी को बहुत-बहुत बधाई।
उन्होंने कहा कि असीम संभावनाओं का हमारा प्रदेश आज संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ते हुए बीमारू से भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बना है। सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संजोये हुए अमृतकाल में हमारा प्रदेश समावेशी विकास के संकल्प को धरातल पर साकार कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रदेश का गठन 01 अप्रैल 1937 को हुआ था। तब इसका नाम था – यूनाइडेट प्रोविन्स, जबकि इसे उत्तर प्रदेश राज्य का दर्जा 24 जनवरी 1950 को मिला। 1834 तक यह राज्य बंगाल प्रेसीडेंसी के अधीन था, लेकिन जब अंग्रेजों को चौथी प्रेसीडेंसी बनाने की आवश्यकता महसूस हुई तब उन्होंने चौथी प्रेसीडेंसी के रूप में आगरा प्रेसाडेंसी की स्थापित की, इससे पहले तीन प्रेसीडेंसी बंगाल, बॉम्बे और मद्रास थे।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये प्रभारी मंत्री सहित समस्त अन्य जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर विभिन्न योजनांतर्गत 23 विभूतियों को उत्कृष्ट कार्य करने पर बुन्देलखण्डी पट्टा स्मृतिचिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया, जिसमें “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना”, मुख्यमंत्री युवा युवा स्वरोजगार योजना, विद्युत सखी, अंडरबॉल राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी सहित आज के कार्यक्रम में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमी अमित सिंह ज्वाइंट सेक्रेटरी बुन्देलखण्ड चैंबर्स को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही युवा चित्रकार विवेकानंद यूथ पुरस्कार विजेता अर्शप्रीत सिंह को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी मंत्री द्वारा समस्त उपस्थित जनों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी की बधाई देते हुए मतदाता शपथ भी दिलवाई और सभी से अनुरोध किया कि अधिक से अधिक पात्र मतदाता सूची में शामिल होने के लिए फॉर्म 6 भर कर जमा कराएं।इस अवसर पर मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे , मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, उपनिदेशक राजकीय संग्रहालय डॉ0 मनोज कुमार गौतम, डीसी मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी के शर्मा, जिला प्रोबोशन अधिकारी सुरेन्द्र पटेल, डीपीआरओ डॉ बी सी श्रीवास्तव, जिला उद्यान अधिकारी डॉ प्रशांत सिंह सहित भारी संख्या में योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थी एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद समाजसेवी डॉ0 नीति शास्त्री द्वारा किया गया।

 

15 वीं’ सनफ्रान विनोद खण्डकर ऑल इन्डिया हॉकी टूनामेंट का शुभारम्भ

टूनामेंट में देश की विख्यात टीमें करेंगी प्रतिभाग
झांसी। 15 वीं’ सनफ्रान विनोद खण्डकर अंडर-21 ऑल इण्डिया हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ 25 जनवरी को होगा। पावर्ड बाई माइसम सीमेन्ट हाइडलबर्ग एवं स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया व्दारा आयोजित इस टूर्नामेंट का शुभारंभ पं. रवि शर्मा (सदर विधायक) एवं सुधीर सिंह (जिला अध्यक्ष, भाजपा) व्दारा किया जाएगा। 25 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित इस टूर्नामेंट में देश की विख्यात टीमें भाग लेंगी। चलेगा। टूर्नामेंट संयोजक तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खांडेकर ने बताया कि इन टीमों में पिछले वर्ष की विजेता एन. सी. ओ ई लखनऊ, उप विजेता स्पोर्टस हॉस्टल, झांसी, ओ.टी. एच. एल. (नई दिल्ली, जय भारत हॉकी अकादमी, नई दिल्ली, स्टील अथोरिटि ऑफ इन्डिया, राउरकेला, एन.सी.ओ.ई. एन. मणिपुर, इम्फाल, हाकी भिवानी, हरियाणा अकादमी, करनाल, भीलवाड़ा हॉकी अकादमी, एम. एस. स्पोर्टस अकादमी, धौलपुर स्पोर्टस हॉस्टल, लखनऊ डी. एच. ए., आगरा, रायसेन हॉकी अकादमी, सुल्तानपुर हॉकी अकादमी, नागपुर हॉकी अकादमी विदर्भ, ए. वी. स्पोर्टस अकादमी, ग्वालियर हॉकी अकादमी, मुरादाबाद, एल. वी. एम. अकादमी झाँसी आदि शामिल हैं। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 75000 रुपये नगद पुरस्कार एवं उप विजेता टीम को 50,000 हजार रुपये नगद पुरस्कार स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया के सौजन्य से दिया जायेगा। साथ में प्रत्येक मैच का मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अल्फा हॉकी बैग सहित अल्फा हॉकी के प्रोपराइटर श्री नितिन महाजन, (जालंधर) के सौजन्य से दिया जायेगा। साथ में टूर्नामेन्ट का बेस्ट गोलकीपर, फुल बैक, टाफ बैंक, फारवर्ड का भी पुरस्कार दिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि 31 जनवरी को समापन समारोह के अवसर पर पदमश्री डॉ. धनराज पिल्ले (ओलम्पियन, अर्जुन अवार्डी) विशिष्ट अतिथि के रूप में रहेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में श्री आकाश कुलहरि (आई.पी.एस.) पुलिस महानिरिक्षक, झाँसी परिक्षेत्र रहेंगे। साथ में विशिष्ट अतिथि अशोक कुमार ध्यानचंद (ओलम्पियन, अर्जुन अवार्डी) रहेंगे। श्री संतोष मिश्राजी (एम. डी. सनफ्रान ग्रुप), श्री वीरेंद्र राय (चैयरमेन बसेरा ग्रुप, झांसी), श्री अखिलेश ताम्रकार (प्लांट हैड, माइसम सीमेन्ट-हाईडलबर्ग), श्री सुजीत मलिक (हैड एच. आर. एण्ड एडमिनिस्ट्रेशन, माइसेम सीमेन्ट- हाईडलबर्ग), श्री सुबोध कुमार गोप (उपमहाप्रबंधक, स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया), श्री अब्बू हसन अंसारी (क्षेत्रीय प्रबंधक) स्टेट बै ऑफ इण्डिया, डॉ. रोहित पाण्डेय (चैयरमेन, माउण्ट लिट्रा जी स्कूल) एवं श्री नितिन महाजन (प्रो. अल्फा हॉकी, जालंधर विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। झाँसी के वरिष्ठ खिलाड़ी सुरेश कुमार चौबे, प्रवीण एवं जे. के. उदैनिया को सम्मानित किया जायगा। झाँसी के सौरभ आनन्द कुशवाहा, वरिष्ठ खिलाड़ी श्री नौबत सिंह, एस. के. सूरी को भी सम्मानित किया जायेगा। टूर्नामेंट के आयोजन के लिए अविनाश श्रीवास्तव, लखनऊ टूर्नामेंट डायरेक्टर, श्री राजेश बिहारी (नागपुर) असिस्टेट डायरेक्टर, श्री संजय गौतम (एम्पायर मैनेजर) आगरा, प्रभागुप्ता (मुंबई) ब्रजेश यादव (गाजीपुर), रुपेन्द्र कुमार, अमित गुप्ता, सुनील गुप्ता, जावेदखाई सुशील महर्षि एम्पायर रहेगे।
रिपोर्ट / बालेन्द्र गुप्ता