आपको किसी से भी डरने की आवश्यकता नहीं है सरकार आपके साथ खड़ी है : जमुना प्रसाद कुशवाहा
मृतक के परिजनों को दी पचास हजार की आर्थिक मदद
चिरगांव के मुराठा घाट पर ट्रैक्टर पलटने से हुई थी युवक की मौत
झांसी। चिरगांव थाना क्षेत्र के मुराटा घाट अवैध बालू खनन से जुड़े मामले में मृतक सुनील कुशवाहा के परिजनों से उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जमुना प्रसाद कुशवाहा ने उनके आवास पर पहुंचकर मुलाकात की।इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
राज्यमंत्री ने कहा कि सुनील कुशवाहा की हत्या एक बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है,जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कहा कि “आपको किसी से भी डरने की आवश्यकता नहीं है सरकार आपके साथ खड़ी है किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सूचित करें आपकी हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्यवाही की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की निष्पक्ष व शीघ्र जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का भी भरोसा दिलाया।
इस मौके पर कुशवाहा समाज के पदाधिकारी,सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ राजेन्द्र कुशवाहा चेयरमैन टोडीफतेहपुर, मोनू मौर्य जिलाध्यक्ष पिछडा मोर्चा भाजपा झांसी,अरुण कुशवाहा (बबलू) प्रधान सेरसा, हरेंद्र कुशवाहा प्रधान पचौरा,रिंकू कुशवाहा प्रधान प्रतिनिधि चिरगांव,ध्रुव कुशवाहा बघेरा कार्यकारी जिलाध्यक्ष झांसी,बृजेन्द्र कुशवाहा पूर्व जिला सहमीडिया प्रभारी,विनोद कुशवाहा अध्यक्ष कुशवाहा समाज बबीना,घमंडी लाल कुशवाहा अध्यक्ष कुशवाहा गुरसरांय, कालका कुशवाहा अध्यक्ष कुशवाहा समाज चिरगांव,अशोक बाबू जी गुरसरांय,पवन चिरगांव,पंकज कुशवाहा गुरसरांय, कमलेश कुशवाहा पिंकू भैया,अनिल अडज़रा,धर्मेन्द्र बरुआ सागर, हर्ष बरुआ सागर, विनोद गुरसरांय, कन्हैया लाल खजांची भरत मन्दिर चिरगांव, मनोज कुशवाहा पूर्व पार्षद, अर्जुन सिंह चिरगांव, पंकज मिरोना, रज्जन, अशोक, राकेश कुशवाहा चिरगांव, कवि, महेन्द्र, बिंदी पार्षद, बबलू आचार्य जी, राघवेन्द्र आदि लोग मौजूद रहे।जिन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ” तेज “
झांसी में पुलिस के हत्थे चढ़ा गांजा तस्कर गिरोह
बरामद किए गए गांजा की कीमत 14 लाख से अधिक
झांसी। प्रेमनगर थाने की पुलिस ने मध्य प्रदेश के छतरपुर से गांजा लाकर दतिया में बेचने जा रहे कार सवार गांजा तस्करों का गिरोह चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। इनके पास से भारी मात्रा में गांजा, दो कारें, 27 हजार कैश बरामद किया है। बरामद किए गए गांजा की कीमत 14 लाख से अधिक है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति , एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ सदर रामवीर सिंह, प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडेय के निर्देशन में बिजौली पुलिस बल्लमपुर मार्ग पर लिटिल फ्लावर स्कूल के पास गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि स्विफ्ट कार सवार लोग छतरपुर म.प्र. से गांजा लाकर बल्लमपुर मार्ग से नगरा की तरफ जा रहे हैं, जहां से आरोपी दतिया निकलेंगे। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रेम नगर क्षेत्र की हंसारी पुलिस चौकी प्रभारी आशीष धामा और बिजौली पुलिस चौकी प्रभारी ओमकार सिंह ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार सवार युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक (एमपी 04सीजी-2623) और डिजायर कार क्रमांक (यूपी93सीके-4318) की तलाशी ली तो उन कारों के अंदर से 28.800 किलो ग्राम गांजा, 27000 हजार रुपए कैश बरामद किया गया।
इन तस्करों को किया गिरफ्तार
दतिया के थाना कोतवाली के रिजर्व पुलिस लाइन के पास गली नंबर चार में रहने वाले अखलेश कुमार दुबे, दतिया के थाना धीरपुरा के ग्राम छिकाऊ व हाल पता वार्ड नंबर चार विमलनगर गंज थाना ओरछा में रहने वाले देवेश विश्वकर्मा, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ के शंकर जी मंदिर के पास रहने वाले देवेन्द्र सिंह यादव, गढ़ियागांव के ए अम्बेडकर कालोनी खेरा में रहने वाले सुरेन्द्र सिंह राजपूत, शिवपुरी के थाना भौंती के ग्राम बुढ़ानपुर व हाल कसाई बाबा मोहल्ला नैनागढ़ में रहने वाले मुरारी साहू को गिरफ्तार कर लिया।
इस टीम को मिली है सफलता
बिजौली चौकी प्रभारी ओमकार, हंसारी चौकी प्रभारी आशीष धामा, बुविवि चौकी प्रभारी निखिल कुमार, मुख्य आरक्षी अखिलेस कुमार, नरेश कुमार, विनोद चाहर व प्रदुम्य तिवारी शामिल रहे है।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ” तेज “
चिरगांव :गुटखा व्यापारी लूटकाण्ड का खुलासा , ड्राईवर निकला मास्टर माइण्ड
दो लाख की नकदी बरामद , आरोपी गिरफ्तार , साथियों की तलाश जारी
झांसी। चिरगांव पुलिस ही नहीं जनपद के पुलिस अफसरों के लिए सिरदर्द बनी गुटखा व्यापारी लूटकांड की घटना का चुनौतीपूर्ण स्वीकृत कर चिरगांव थाना प्रभारी राहुल राठौर ने 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए लूटकांड के मास्टर माइंड गुटखा व्यापारी के गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो लाख की नकदी बरामद कर ली है। आपको बता दे कि गुटखा व्यापारी लूटकांड में तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर एसएसपी ने चिरगांव थाना प्रभारी को हटाकर उनके स्थान पर उपनिरीक्षक राहुल राठौर को चीर थाना प्रभारी बनाते हुए लूटकांड की घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे।
विवरण के मुताविक पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 जनवरी को चिरगांव थाना क्षेत्र के सेमरी टोल प्लाजा के पास दो बाइक सवार दो बदमाशों ने गुटखा व्यापारी विष्णु गुप्ता के मुनिक सर्वेश की मारपीट कर उससे तकादा के सात लाख रुपयों की लुट कर ली थी। इस घटना का अनावरण करने के लिए एसएसपी ने सर्वेलेंस, ओर चिरगांव थाना पुलिस को लगाया था। एसएसपी ने बताया कि तमाम साक्ष्य ओर विवेचना के आधार पर गुटखा मालिक के गाड़ी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने यह लूट की योजना अय्याशी करने के लिए बनाई थी। उसने अपने मध्यप्रदेश के जिला दतिया निवासी साथी नरेश ओर जितेंद्र को लोकेशन देकर लूट कराई थी। पुलिस ने गाड़ी चालक विकास पाल निवासी रक्सा के कब्जे से लूट के दो लाख की नकदी बरामद कर ली। एसएसपी ने बताया कि कुल नकदी सात लाख की लूट थी। साथ ही चार से पांच लाख रुपए कीमत के कूपन थे। एसएसपी ने बताया कि गाड़ी चालक विकास पाल के फरार चल रहे दो साथियों की ओर तलाश की जा रही है।
नवागंतुक थानाप्रभारी राहुल राठौर ने दिखाया कार्यशैली का हुनर
जो घटना बीते बारह जनवरी को हुयी थी उस घटना में कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था लेकिन पूर्व में चिरगांव थाने तैनात थाना प्रभारी को एक गंभीर घटना में मामले में एसएसपी द्वारा हटाया गया और उस थाने में नवागंतुक थानाप्रभारी राहुल राठौर जो अपनी तेज कार्यशैली के लिए जाने जाते है उन्होंने थाने का कर्यभार संभालते ही इस लूटकाण्ड की घटना को महज चौबीस घण्टे में ही उजागर कर दिया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ” तेज ”
सनसनीखेज प्रीति हत्याकांड : पुलिस ने किया 24 घण्टे में उजागर खुले कई राज
आठ जनवरी को कुल्हाड़ी से काटकर कर दी थी हत्या
हत्या में शामिल प्रेमी , दूसरी पत्नी व पुत्र गिरफ्तार
झांसी। गत दिवस नीले बक्से में मिली आग से जली हुई महिला की लाश के प्रकरण से पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए उसके प्रेमी और प्रेमी की दूसरी पत्नी तथा उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण ब्लैकमेलिंग से तंग होकर कुल्हाड़ी से हत्या कर आग से जला दी थी। मृतक की लाश जलाने के लिए हत्यारोपी रिटायर्ड रेल कर्मी की दूसरी पत्नी का पुत्र लाया था। पुलिस ने हत्यारोपी रामसिंह ओर उसकी दूसरी पत्नी तथा पुत्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। रामसिंह ने बताया कि प्रीति किसी ओर फौजी के संपर्क में आ गई थी उससे दूरियां बनाने लगी थी इसलिए उसने प्रीति को ठिकाने लगा दिया।
विवरण के मुताबिक 17/18 जनवरी की रात थाना कोतवाली पुलिस ने एक लोडर चालक की सूचना पर मिनर्वा चौराहे से लोडर में एक नीले रंग का बक्सा बरामद किया था। टैक्सी चालक की पूछताछ के बाद पुलिस ने रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी नन्दन पुरा निवासी रामसिंह परिहार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। रामसिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी पहली पत्नी गीता है जो नंदन पुरा में ही रहती है, उसकी दूसरी पत्नी गीता मिनर्वा चौराहा के पास फूटा चोपड़ा में अपने पुत्र नितिन के साथ रहती है, यह उसकी तीसरी पत्नी प्रीति थी। रामसिंह ने बताया कि वह तीनों को बराबर से खर्चा देता था लेकिन प्रीति उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगी थी, उसने प्रीति को लहर की देवी मंदिर के पास ब्रम्हनगर में किराए से कमरा दिलाया था। उसने बताया कि प्रीति के ब्लैकमेल होने से परेशान होकर उसने दो साल पहले ही प्रीति की हत्या की साजिश रच ली थी, लेकिन कभी मौका नहीं मिला। उसने बताया कि आठ जनवरी की रात उसने प्रीति की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी थी और उसके शरीर को आग से जलाने के लिए अपनी दूसरी पत्नी गीता के लड़के नितिन से लकड़ी मंगवाई थी। घर में ही प्रीति के शव को जलाकर राख कर दिया था। उसके बाद मौका लगते ही 17/18 जनवरी की रात लोडर में बक्सा रखकर उसे ठिकाने लगाने जा रहा था। पुलिस ने रामसिंह की निशानदेही पर छापेमारी करते हुए हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बगमद कर उसकी दूसरी पत्नी गीता ओर उसके पुत्र नितिन को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के बाद सर मुंडवाया
झांसी। हत्या करने के बाद रामसिंह को पछतावा हुआ। इसके बाद उसने अपना मुंडन भी कराया ओर कई बार कोशिश की कि प्रीति की शव की राख ओर अस्थियां प्रवाह करने का प्रयास किया। लेकिन निकल नहीं सका था।
प्रीति का नहीं कोई पति, पूर्व में कोतवाली में हो चुके थे बंद
रामसिंह ने बताया कि प्रीति की कोई शादी नहीं हुई थी। प्रीति को अपनी पत्नी का दावा करने वाले राजकुमार से भी प्रीति ने शादी नहीं की थी वह सिर्फ उसके साथ रखैल के रूप में रह रही थी। रामसिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में राजकुमार ने थाना कोतवाली में उसके व प्रीति के खिलाफ उसे भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब वह ओर प्रीति दो दिन थाना कोतवाली में बंद रहे थे ओर प्रीति ने न्यायालय में बयान दिया था कि राजकुमार से उसका कोई लेना देना नहीं वह रामसिंह को अपना पति मानती है और उसी के साथ रहेगी। इसके बाद रामसिंह ओर प्रीति ब्रम्हनगर में किराए से कमरा लेकर रहने लगे थे।
एसएसपी के निर्देशन में पुलिस को मिली सफलता
झांसी। नीले बॉक्स में महिला की जली लाश मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई थी। इस पूरे हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने क्षेत्राधिकारी, थाना सीपरी बाजार पुलिस, सर्वेलेंस, ओर फॉरेंसिंक टीम को लगाया था। फॉरेंसिंक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। सर्वेलेंस टीम ने अपना जाल बिछाया और सीपरी थाना पुलिस ने हत्यारोपियों को भागने से पूर्व दबोच लिया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ” तेज “
परीक्षा में AI का हो रहा उपयोग, गड़बड़ी करने वालों की होगी धरपकड़ : एडीएम प्रशासन
रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर बनाए जाएंगे हेल्प-डेस्क
झांसी। सह नोडल अधिकारी /अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में 17 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/ महिला शाखा)(प्रा0) परीक्षा -2025 की परीक्षा नगर के 20 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली में पूर्वाहन 09:00 से 11:00 बजे तक एवं द्वितीय पाली 17 परीक्षा केन्द्रों पर अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संपन्न होगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सहायक नोडल अधिकारी परीक्षा/ अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने परीक्षा को सकुशल,सुचिता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत निर्देश दिए कि समय से रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैण्ड पर हेल्प डेस्क बना लिए जाएँ ताकि आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक पहुँचने में कोई समस्या न रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर निगम को निर्देशित किया कि नगर के समस्त रैन बसेरा को पूर्ण व्यवस्थित कर लिया जाए ताकि परीक्षार्थी यदि वहाँ स्टे करते हैं तो उन्हें किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो।
नगर में उत्तर प्रदेश सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/ महिला शाखा)(प्रा0) परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा प्रथम पाली में नगर के 20 परीक्षा केंद्रों पर संपादित होगीं जिसमें 8352 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे और द्वितीय पाली में नगर के 17 परीक्षा केन्द्रों पर 7008 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने सम्बन्धित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा की संवेदनशीलता को बताते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों का सत्यापन सुनिश्चित कर लें ताकि कोई भी कमी ना रहे,साथ ही यह अवश्य देख लें कि परीक्षा केन्द्र में सीसीटीवी कैमरा वॉइस रिकॉर्डर के साथ, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैम्प आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर लें।
उत्तर प्रदेश सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित परीक्षा को पूर्ण सुचिता, पारदर्शी एवं नकल विहीन कराए जाने हेतु दिए गए प्रशिक्षण में उपस्थित केन्द्र व्यवस्थापकों/ कक्ष निरीक्षक सहित सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट मजिस्ट्रेट को प्रश्न पत्रों को खोलने, परीक्षा समाप्ति के बाद आंसर सीट की पैकिंग, सीसीटीवी कैमरे की फिक्सिंग, परीक्षा के पूर्व की व्यवस्थाएँ के साथ ही परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल ने विशेष बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया।
इस मौके पर एसपी सिटी सुश्री प्रीति सिंह , नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, पर्यवेक्षक उत्तर प्रदेश सेवा आयोग, डीआइओएस श्रीमती रति वर्मा,डीएसओ सुश्री सौम्या अग्रवाल सहित सैक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता
क्षेत्र में दुकानों से गाँजा बेचने की शिकायतें मिल रही हैं इसे रोका जाये : जिलाधिकारी
बिना माइन-टेक लगे खनन परिवहन करने वाले वाहनों पर ओवरलोडिंग के तहत चालान काटते हुए करें वसूली
विद्युत विभाग की आरसी वसूली में तेजी लाएं
वाणिज्य कर विभाग द्वारा माह दिसम्बर के लक्ष्य ₹127.41 करोड़ के सापेक्ष ₹78.45 करोड़ वसूली पर डीएम ने जताया असंतोष
झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कलेक्ट्रेट स्थित गॉधी सभागार में कर-करेत्तर एवं विविध देय सहित प्रवर्तन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समापन मे लगभग 02 माह शेष हैं। सभी विभाग वार्षिक लक्ष्य प्राप्ति के लिए रणनीति बनाते हुए वसूली में तेजी लाए ताकि जनपद को प्रदत्त वार्षिक लक्ष्य की शत प्रतिशत पूर्ति की जा सके।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग, परिवहन विभाग द्वारा मासिक लक्ष्य के सापेक्ष वसूली कम होने पर नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को वसूली बढ़ाए जाने के निर्देश देते हुए इन्फोर्समेंट के कार्यों में सुधार लाए जाने के निर्देश दिए। वाणिज्य कर विभाग द्वारा दिसम्बर माह में ₹127.41 करोड़ के सापेक्ष मात्र 78.45 करोड़ की वसूली पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने एडिशनल कमिशनर से पूछा कि टैक्स कहां से आता है तो अधिकारी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। जिलाधिकारी ने वसूली लक्ष्यपूर्ति के लिए टारगेट फिक्स करते हुए वसूली बढ़ाए जाने और क्षेत्र भ्रमण के दौरान जीएसटी चोरी रोकने के प्रयासों में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान राज्य उत्पाद शुल्क (आबकारी) विभाग की समीक्षा करते हुए विभाग द्वारा मासिक लक्ष्य 62.20 करोड़ के सापेक्ष 52.09 करोड़ वसूली पर सन्तोष व्यक्त किया, उन्होंने उपस्थित आबकारी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में दुकानों से गाँजा बेचने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, सख्ती से भ्रमण करते हुए रोका जाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षण संस्थानों के आस-पास नशीले पदार्थों की बिक्री कतई न हो इसे भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित एवं तहसीलदार को जारी 04 लंबित आर0सी0 जिसमें टहरौली के मनमोहन सिंह पुत्र बलवान लगभग 12 लाख, मोंठ तहसील के ओमप्रकाश चौरसिया 37 लाख, तहसील सदर के अमित साहू लगभग 03 लाख वसूली करना सुनिश्चित करें ताकि वार्षिक लक्ष्य को पूरा किया जा सके। उन्होंने बैठक में दुकानों के बाहर अथवा सार्वजनिक स्थलों पर खड़े होकर मदिरा पान करने वालों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन द्वारा प्रदत्त वार्षिक लक्ष्य की शत प्रतिशत पूर्ति के लिए विभाग के सोर्स की जानकारी ली और प्रवर्तन कार्यों को और प्रभावी बनाए जाने के निर्देश देते हुए कार्य करने की नसीहत दी। विभाग द्वारा माह के लक्ष्य ₹14.94 करोड़ के सापेक्ष ₹10.37 करोड़ वसूली पर असंतोष व्यक्त किया और वसूली को बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों में और तेजी लाए जाने और ओवर लोडिंग वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि लक्ष्य को पूरा वसूला जा सके।
बैठक में अलौह खनन एवं धातुकर्म (खनिज विभाग) की वसूली समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बिना माइनटेक लगे खनन परिवहन में प्रयुक्त वाहनों पर ओवरलोड के तहत चालान करते हुए वसूली करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अस्थायी चेक पोस्ट के माध्यम से ओवरलोड एवं अवैध खनन परिवहन पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने अवैध खनन को प्रभावी ढंग से रोक लगाने हेतु घाट पर अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, जिला आबकारी अधिकारी मनीष गुप्ता, जिला खनिज अधिकारी शैलेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण सुभाष चंद्र, अतिशासी अभियंता विद्युत रमाकांत दीक्षित सहित व्यापार कर,परिवहन विभाग एंव अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना लोगों को दिला रही बिजली के बिल से आजादी
झांसी में मार्च 2026 तक के लक्ष्य 4407 के सापेक्ष 8708 रूफटॉप सोलर प्लांट किए जा चुके स्थापित
प्लांट की स्थापना पर 45 हजार से 1.08 लाख रुपए तक की मिलती है सब्सिडी
झांसी। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली के बिल से आजादी दिलाने पर जोर दे रही है। योजना के अंतर्गत एक से दस किलोवाट क्षमता तक के रुफटॉप सोलर पावर प्लांट की स्थापना पर लाभार्थी उपभोक्ता को अनुदान राशि प्रदान की जाती है। झांसी जिले में अभी तक 8708 उपभोक्ता इस योजना के अंतर्गत अपने घरों में रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित कर चुके हैं।
योजना के अंतर्गत झांसी जिले को मार्च 2026 तक 4407 प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अभी तक 8708 लाभार्थियों के यहां सोलर प्लांट लगाए गए हैं। योजना में एक किलोवाट पर 45 हजार रुपए, दो किलोवाट पर 90 हजार रुपए और तीन से दस किलोवाट के प्लांट की स्थापना पर लागत मूल्य पर एक लाख आठ हजार रुपए का अनुदान प्रदान किया जाता है। एक किलोवाट के प्लांट से लगभग 150 यूनिट बिजली प्रतिमाह उत्पादित होती है।
झांसी शहर के बड़ागांव गेट बाहर के रहने वाले सत्यप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से उन्होंने अपने घर में सोलर प्लांट लगवाया है। इस प्लांट के लगवाने के बाद सब्सिडी की राशि भी प्राप्त हो चुकी है और बिजली बिल के बोझ से भी मुक्ति मिली है।
यूपीनेडा के झांसी जिले के प्रभारी परियोजना अधिकारी जी पी अनुरागी ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ़्त बिजली योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मुफ़्त बिजली उपलब्ध कराना है। इस योजना के अंतर्गत छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने के लिए उपभोक्ता को सब्सिडी दी जाती है। जनपद के उपभोक्ता इस योजना में काफी रुचि प्रदर्शित कर चुके हैं। अभी तक झांसी जनपद में 8708 घरों पर रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता
ग्रामीण क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेश प्रसारित कराएं : बिमल कुमार दुबे
राष्ट्रीय राजमार्ग से संबद्ध सड़कों पर “टी-जंक्शन मोड़” बनाए लोक निर्माण विभाग
झांसी। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में मंडलायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार झांसी मंडल के तीनों जनपदों में 01 जनवरी 2026 से सड़क सुरक्षा माह संचालित है, इसके सफल क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरतापूर्वक करें। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग के अधिकारी लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु विकासखंड स्तर पर बैठकें आयोजित कराएं, इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत ग्रामवासियों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेश प्रसारित कराए जाएं। विभागीय अधिकारी सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित विभागीय गतिविधियों का वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार भी कराएं। ऐसे स्थल जहां पर लोक निर्माण विभाग की सड़कें राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंध है, उन स्थलों पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी टी-जंक्शन सड़क बनाए।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में मंडलायुक्त ने उपस्थित अधिकारी को निर्देश दिए कि मनरेगाके सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों, स्वास्थ्य इकाइयों, अंत्येष्टि स्थलों, खेल के मैदानों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 31 मार्च 2026 तक पैदल संपर्क मार्ग का निर्माण कराएं, जिससे ग्रामवासियों को इन स्थलों तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
समीक्षा बैठक के दौरान संयुक्त विकास आयुक्त सुरेश चन्द्र केशरवानी, संयुक्त शिक्षा निदेशक राजू राणा, संयुक्त कृषि निदेशक एल0बी0 यादव, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एस0एन0 त्रिपाठी, उप निदेशक महिला कल्याण श्रवण कुमार गुप्ता, श्रमायुक्त श्रीमती किरण मिश्रा, उप निदेशक अल्प संख्यक कल्याण मोहम्मद तारिक, उप निदेशक उद्यान विनय कुमार यादव, उप निदेशक पंचायती राज अजय आनन्द सरोज, उप निदेशक दिव्यांग शिव सिंह, उप निदेशक मत्स्य ज्ञानेंद्र सिंह, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता
आठ उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल
आठ उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल
झांसी। कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने के लिए एसएसपी ने देर रात आठ उपनिरीक्षकों, चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल कर दिया है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने देर रात उपनिरीक्षक संत प्रकाश त्रिपाठी को थाना बबीना से नैनागढ़ चौकी प्रभारी, महिला उपनिरीक्षक स्वाति शुक्ला को नैनागढ़ चौकी से हटाकर किला चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक भगत सिंह को किला चौकी से हटाकर थाना बबीना, उपनिरीक्षक अंकुर कुमार थाना नवाबाद से थाना करवई, उपनिरीक्षक निखिल कुमार को मसीहा गंज चौकी से हटाकर विश्विद्यालय चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक नवीन कुमार तिवारी को विश्विद्यालय चौकी से हटाकर थाना मऊरानीपुर, उपनिरीक्षक साजेश कुमार को थाना नवाबाद से हटाकर मसीहा गंज चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक पवन जायसवाल को पुलिस लाइन से थाना नवाबाद भेजा।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता
योजना का लाभ अधिकतम संख्या में कृषकों तक पहुँचाया जाए – मुख्य सचिव
एमसीएडीडब्ल्यूएम योजना के चयनित क्लस्टरों की द्वितीय समीक्षा बैठक आयोजित
लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा संचालित आधुनिकीकरण कमांड क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन (Modernization of Command Area Development and Water Management – MCADWM) योजना के अंतर्गत चयनित क्लस्टरों की द्वितीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की विलंब की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ अधिकतम संख्या में कृषकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से पहुँचाया जाए, जिससे जल उपयोग की दक्षता बढ़े, सिंचाई सुविधाओं का बेहतर दोहन हो तथा कृषि उत्पादकता में वृद्धि हो। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभिन्न कन्वर्जेंस विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। एमसीएडीडब्ल्यूएम योजना प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) की एक उप-योजना है, कमांड क्षेत्रों में आधुनिक सिंचाई प्रणालियों (जैसे भूमिगत दबावयुक्त पाइप्ड सिंचाई, SCADA एवं IoT आधारित जल प्रबंधन) के माध्यम से जल संसाधनों के कुशल उपयोग, जल संरक्षण तथा किसानों की आय वृद्धि पर केंद्रित है। बैठक में सचिव सिंचाई, विशेष सचिव सिंचाई, निदेशक कृषि, नोडल अधिकारी–PDMC; नोडल अधिकारी–MCADWM सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता















