किसी भी परिस्थिति में तय समय सीमा के अंदर कार्य को संपन्न कराया जाए : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की दी जानकारी
मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी दलों से मांगा सहयोग
प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट की सूची देने का किया अनुरोध
झांसी। जनपद में चल रहे मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आय़ोजित की गई।
बैठक में SIR की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा SIR के दौरान सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए राजनैतिक दलों और नागरिकों का सहयोग बहुत आवश्यक है, जिससे कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रह जाए और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न होने पाए। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से अनुरोध किया कि वे प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर सूची उपलब्ध कराएं ताकि वह बीएलओ के साथ मिलकर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण में सहयोग कर सकें। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में बताया कि अब प्रत्येक बीएलए अधिकतम 50 गणना प्रपत्र प्रतिदिन मतदाताओं से भरवाकर बीएलओ के पास जमा कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र सभी मतदाताओं को उपलब्ध करा रहे हैं,और भरे गये गणना प्रपत्र की एक प्रति अपने पास रखेंगे और दूसरी प्रति अपने हस्ताक्षर सहित मतदाताओं को पावती के रूप में वापस करेंगे। इस दौरान गणना प्रपत्र के अलावा कोई अन्य अभिलेख नहीं लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि यदि गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर करते हुए बीएलओ को वापस नहीं किया जाता है तो उन्हें मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जा सकेगा। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी को बताया कि कुछ क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा अभी तक गणना प्रपत्र नहीं पहुंचाया गया। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी सभी ईआरओ/एईआरओ अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर से इसकी समुचित निगरानी कर जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र नहीं मिला है, उन्हें अतिशीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मृदुल चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को चेतावनी देते हुए विशेष अभियान चलाकर गणना पत्र एकत्र कराने तथा उसको डिजिटाइजेशन कराकर प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में तय समय सीमा के अंदर कार्य को संपन्न कराया जाए। इसकी उन्होंने प्रतिदिन समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

ग्रामीण क्षेत्र के मेडीकल स्टोरों पर छापा , कई स्टोर संचालक दुकान बंद करके भागे

नारकोटिक दवाओं को बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बेचने पर होगी कार्रवाई, लाइसेंस होगा निरस्त
औचक निरीक्षण की सूचना पर मेडिकल स्टोर संचालक दुकान बंद करके फरार
तीन दिवस में सत्यापन कराने हेतु दिया नोटिस
झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने जनपद में विभिन्न मेडिकल स्टोर पर नारकोटिक्स दवाएं एंव नकली/एक्सपायरी दवाओं की बिक्री की लगातार शिकायतें प्राप्त होने पर जिला औषधि निरीक्षक को मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की कार्यवाही के निर्देश दिए।
इसी क्रम में आज जनपद झाँसी के ग्रामीण क्षेत्र में जालौन की फर्म/स्टॉकिस्ट मे. फार्मा ट्रेडर्स, उरई द्वारा विक्रय की गई नारकोटिक्स औषधि पुरोक्सोविन स्पास केप्सूल (PUROXO WIN SPAS (AP) एवं कोडीन‌युक्त सीरप बायोहब कोडिवा (BIOHUB CODIVA) के सत्यापन के क्रम में मे0 शबनम मेडिकल स्टोर सेसा, मे0 कामदगिरि मेडिकल स्टोर गुरसंराय, मे0 बादल मेडिकल स्टोर मोंठ, मे0 अंजु मेडिकल स्टोर एरच, मे0 न्यू छाया मेडिकल स्टोर समथर का औचक निरीक्षण औषधि निरीक्षक झाँसी द्वारा किया गया।
समस्त मेडिकल स्टोरों द्वारा उक्त औषधि का क्रय-विक्रय स्वीकार किया गया। जिसके क्रम में अभिलेखों को जाँच की गई एवं अपूर्ण विक्रय अभिलेख के क्रम में अग्रिम कार्रवाई करते हुए सहायक आयुक्त औषधि द्वारा नोटिस पत्र प्रेषित किए गए। मे0 रजा मेडिकल स्टोर एरच,मे0 जय माँ दुर्गे समथर एवं मे0 पारस मेडिकल पूँछ द्वारा औषधि निरीक्षक के आने की सूचना पर दुकान बंद कर दी गई, जिसके क्रम में उनको नोटिस देकर 03 कार्यदिवस में सत्यापन हेतु निर्देशित किया गया।
औषधि निरीक्षक डॉ देवयानी दुबे द्वारा मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देशित किया कि नारकोटिक एवं कोडीन युक्त औषधि का विक्रय डॉक्टरी परामर्श पर करें एवं अभिलेखों को संरक्षित कर कर रखें। औषधि निरीक्षक डॉ0 देवयानी दुबे ने औचक छापेमारी कार्यवाही के दौरान उन्होंने औषधियों के रख-रखाव, भंडारण और वितरण अभिलेखों की गहनता से जांच की. इस प्रक्रिया में मेडिकल स्टोर में जो अभिलेखीय कमियां पाई गईं, उन्हें जल्द ठीक करने के निर्देश दिए।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

सतर्कता अधिष्ठान, झांसी सेक्टर कार्यालय भवन का वर्चुअल शिलान्यास

छह करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से बनेगा दुमंजिला कार्यालय
2021 में जमीन करवाई गई थी आवंटित
झांसी। पुलिस महानिदेश, यूपी/ निदेशक सतर्कता अधिष्ठान राजीव कृष्ण द्वारा झांसी सेक्टर (विजिलेंस) के प्रस्तावित कार्यालय भवन का वुर्चअल शिलान्यास किया गया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सतर्कता अधिष्ठान के नौ सेक्टर कार्यालयों हेतु भिवन निर्माण की कार्रवाई प्रचलित थी। इनमें 22 नवंबर को झांसी सेक्टर (विजिलेंस) के कार्यालय भवन का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास के पहले अपर निदेशक सर्तकता अधिष्ठान श्रीमती मंजिल सैनी, संयुक्त निदेशक/विजिलेंस रामकिशन और एसपी विजिलेंस राजेंद्र प्रसाद यादव ने कार्यालय भवन के निर्माण हेतु पूजा अर्चना की। यह भवन झांसी महानगर में दस हजार वर्गमीटर भूमि पर निर्मित होगा। भवन दुमंजिला होगा जिसमें अधिकारियों के कार्यालय, सतर्कता थाना, गार्द रुम, गोपनीय शाखा, प्रधान लिपिक कार्यालय, दो सीओ कार्यालय, छह इंस्पेक्टरर कार्यालय व मीटिंग हॉल जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
अपर निदेशक सर्तकता अधिष्ठान श्रीमती मंजिल सैनी  ने बताया कि इस भवन निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग को दिया गया। यह कार्यालय एक साल के अंदर बनकर तैयार हो जाएगा। इसकी लागत छह करोड़ 26 लाख रुपया है। इसमें दो मंजिला बिल्डिंग व नीचे पार्किग की व्यवस्था होगी। उन्होंने बताया कि इस भवन निर्माण का कार्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है। बताया गया है कि वर्ष 2021 में तत्कालीन विजिलेंस एसपी जियालाल यादव और सतर्कता थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने भवन के लिए जमीन आवंटित करवाई थी। निरीक्षक ने ही उक्त जमीन को दाखिल खारिज करवाया था। पहले उक्त जमीन ग्राम समाज के तहत आ रही थी। शिलान्यास के शुभ अवसर पर सर्तकता थाना प्रभारी एम पी सिंह, निरीक्षक पियूष पांडेय, सतीश चंद्र, नीरज सिंह, अतुल सिंह, आरक्षी महेश बादल, महिला स्टॉफ में सोनिया मिश्रा, किरन पटेल आदि लोग मौजूद रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

झाँसी में सेंट्रल जीएसटी टीम का ज्वैलरी शोरुम पर छापा, मचा हड़कंप

सेंट्रल जीएसटी की टीम में शामिल आठ अधिकारी ग्राहक बनकर पहुंचे ज्वैलरी शोरूम पर
छापे को देखने के लिए व्यापारियों और खरीदारों की जुटी रही भीड़
झांसी। कोतवाली इलाके के सराफा बाजार में सेंट्रल जीएसटी की टीम ने ज्वैलरी शोरूम पर छापे की कार्रवाई की। छापे की भनक लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। छापे को देखने के लिए व्यापारियों और खरीदारों की भीड़ जुटी रही। देरशाम तक अधिकारियों के साथ टीम दस्तावेज खंगालने में जुटी रही है।
विवरण के मुताविक रोजाना की भांति कोतवाली थाना क्षेत्र के सर्राफा बाजार खुला हुआ था। दुकानदार अपनी दुकानों पर ग्राहकों को सोने चांदी के जेवरात दिखा रहे थे। शुक्रवार को करीब ढाई बजे सेंट्रल जीएसटी की टीम में शामिल आठ अधिकारी व्यापारी जयप्रकाश अग्रवाल के ज्वेलरी शोरूम पर पहुंचे। कस्टमर बनकर आए अधिकारियों ने पहले शोरूम का मुआयना किया और फिर बाहर पुलिस जवानों को तैनात कर छापेमारी शुरू कर दी। इससे शो रूम में हड़कंप की स्थिति बन गई। अधिकारियों ने सभी दस्तावेज कब्जे में लेकर स्टॉक से उनका मिलान शुरू कर दिया है। इसके बाद सेंट्रल जीएसटी टीम ने दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पूरा मामला जीएसटी में हेरफेर और कर अपवंचन का बताया जा रहा है। देर शाम तक अधिकारियों के साथ टीम दस्तावेज खंगालने में जुटी रही। अधिकारियों ने सभी दस्तावेज कब्जे में लेकर स्टॉक से उनका मिलान शुरू कर दिया है। हालांकि, अब तक अधिकारी यह स्पष्ट नहीं कर रहे हैं कि टैक्स चोरी की राशि कितनी है। इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। देर रात तक जांच चलने की बात अधिकारियों ने कही है ताकि सही स्थिती सामने आ सके।

सराफा बाजार में दस दिन पूर्व भी मारा था छापा
सेंट्रल और स्टेट जीएसटी इस समय सराफा बाजार के व्यापारियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। बता दें कि आठ दिन पहले स्टेट जीएसटी की टीम ने सराफा बाजार के गंदीगर टपरा स्थित ‘जेवर कोठी’ नाम के शोरूम पर छापा मारा था, जहां से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का मामला सामने आया था। उस प्रकरण की जांच भी अभी जारी है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

काली फिल्म और मोटे टायर लगे हैवी फोर व्हीलर/लग्जरी गाड़ियों पर करें सख्त कार्यवाही : जिलाधिकारी

बाइकर गैंग्स पर नकेल कसना जरूरी है , प्रतिदिन चौराहे पर चलायें अभियान
नगर की यातायात व्यवस्था और जैम से छुटकारा पाने के लिए अफसरों ने किया मंथन
झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि बाइकर गैंग्स से जनता काफी परेशान है। यह गैंग गलत तरीके से यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर रहा है। एेसे बाइकर गैंग्स के खिलाफ कार्रवाई की जाना चाहिए। यह बात उन्होंने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कही है।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा है कि गोविंद चौराहा, बीकेडी चौराहा, जेल चौराहा, इलाईट चौराहा से जीवनशाह चौराहा, महाराजा अग्रसेन चौराहा एवं रक्सा तिराहा पर लगातार जैम की स्थिति के कारण नागरिकों और वाहनों का आवागमन न होने से विकट समस्या खड़ी हो जाती है। इस समस्या को निदान होना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक का जीवन/समय महत्वपूर्ण है, इसे सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने जैम की से निजात पाने के लिए विस्तृत चर्चा करते हुए सुधार हेतु बनाये एक्शन प्लान पर कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने नगर में काली फ़िल्म लगी और मोटे टायर लगे हैवी फोर व्हीकल/लग्जरी गाड़ियों पर परिवहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने इलाइट चौराहे से बीकेडी चौराहे तक सड़क किनारे स्ट्रीट वेंडर के पास दुपहिया वाहनों को भी अभियान चलाकर हटाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खलिहान की भूमि चिन्हित कर स्थायी गौ आश्रय बनाया जाए ताकि गौवंश को संरक्षित किया जा सके। उन्होंने नगर पालिका तथा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों के सहयोग से छुट्टा पशुओं को निकटवर्ती गोशाला में स्थानांतरित करने के साथ ही रिफ्लेक्टिव टेप का उपयोग किये जाने के कार्यों की समीक्षा की। बताया गया कि चिरगांव, मऊरानीपुर, बरुआसागर क्षेत्र में छुट्टा गौवंश को रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया ताकि रात के समय आवारा पशुओं के देखा जा सके।
जिला सड़क सुरक्षा समिति  की बैठक में जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने जिला विद्यालय निरीक्षक से स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत हो रहे जागरूकता कार्यक्रम की जानकारी ली और अब तक किए गए कार्यों पर सन्तोष व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को और बेहतर बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होने स्कूल एवं कॉलेज में प्रार्थना के दौरान वीडियो के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्ति के विषयक जानकारी देने वाले वीडियोज़ को देखा। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी स्कूल में बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति के विषयक रोचक वीडियो के माध्यम से जागरुक करने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश गुप्ता  ने बताया की जनपद के नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे एवं मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड से निकलने वाले लिंक/ग्रामीण मार्गों पर स्पीड टेबल टॉप बनाए जाने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि 112 स्थान को चिन्हित किया गया है जिसमें 104 स्थानों पर कार्य पूर्ण कर लिया जिससे ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त जिन जंक्शनों पर कार्य किया जाना है, जिसे माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
एआरटीओ हेम चन्द्र गौतम  ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद में ओवरलोडिंग (मालवाहन)199 लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही की गयी है। इसके अतिरिक्त 8693 बिना हेलमेट दोपहिया वाहनो का चालान किया गया, 511 ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, सीएमओ डॉ सुधाकर पाण्डेय, सीओ ट्रैफिक राम वीर सिंह, अपर नगर आयुक्त श्रीमती रोली गुप्ता, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग संदीप शर्मा, डीआईओएस श्रीमती रति वर्मा, एनएचएआई से श्री रंजन सिंह सहित बस एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन, आटो एसोसिएशन के पदाधिकारी व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

सर्जरी विभाग के वार्ड-3 में स्थापित नए एंडोस्कोपी रूम का हुआ शुभारंभ

मात्र 300 रुपये में एंडोस्कोपी की सुविधा का उठा सकेंगे मरीज लाभ
नए एंडोस्कोपिक रूम के शुरू होने से मरीजों को मिलेंगे अतिरिक्त लाभ
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में गुरुवार को वार्ड-3 में स्थापित नए एंडोस्कोपी रूम का शुभारंभ किया गया। इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ0 प्रो0 मयंक कुमार सिंह और सीएमओ डॉ0 सुधाकर पांडेय द्वारा किया गया। यह पूरा कार्यक्रम सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रो. नीरज कुमार बनोरिया के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
नए एंडोस्कोपिक रूम के शुरू होने से मरीजों को अतिरिक्त लाभ मिलेंगे, क्योंकि अब जांच की सुविधाएँ विभाग के भीतर ही उपलब्ध होंगी। इससे समय की बचत के साथ-साथ मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल सकेगा। विभाग के अनुसार एंडोस्कोपी की सरकारी शुल्क मात्र 300 रुपये निर्धारित की गई है, जिससे अधिक संख्या में मरीज कम लागत पर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और मरीज-केंद्रित चिकित्सा को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
एंडोस्कोपी उद्घाटन के अवसर पर डॉ. आर के वर्मा, प्रोफेसर सर्जरी विभाग, डॉ. पारस गुप्ता, विभागाध्यक्ष हड्डी विभाग, डॉ. जितेंद्र कुमार विभागाध्यक्ष नेत्र विभाग, डॉ. पंकज सोनकिया सहआचार्य सर्जरी विभाग, डॉ गौरव कुमार बनोरिया सह आचार्य हड्डी विभाग उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

गांधीनगर से गढ़मऊ रोड पर शातिर अपराधियों की हुयी पुलिस से मुठभेड़

मुठभेड़ में दो घायल सहित तीन शातिर चोर गिरफ्तार
अवैध असलहे , कारतूस व चोरी का माल बरामद
झांसी। पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन आलोक सिंह व पुलिस महानिरीक्षक, झाँसी परिक्षेत्र, झाँसी आकाश कुमार कुलहरि के कुशल मार्गदर्शन व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी बीबीजीटीएस मूर्ति के कुशल निर्देशन में जनपद झाँसी में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध झाँसी पुलिस द्वारा की जा रही प्रभावी कार्यवाही के क्रम में स्वाट एवं थाना बड़ागांव पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मु0अ0सं0 200/2025 धारा 331(4),305(A)बीएनएस व मु0अ0सं0 227/2025 धारा 305(A) बीएनएस से सम्बन्धित अभियुक्तगणों संजीव सोनी उर्फ संजू सोनी पुत्र स्व0 दिनेश सोनी निवासी राजघाट बड़ा बाजार थाना कालपी जिला जालौन उम्र करीब 30 वर्ष , चन्द्रशेखर यादव उर्फ लला यादव पुत्र नाथूराम निवासी सेमरी थाना मोठ जिला झाँसी उम्र करीब 35 वर्ष , राममोहन यादव पुत्र ओमप्रकाश यादव निवासी शेखपुरा थाना कुठौदं जिला जालौन उम्र करीब 30 वर्ष को गांधीनगर से गढ़मऊ वाले रोड पर पर थाना क्षेत्र बड़ागांव में मुखबिर की सूचना पर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मुठभेड़ में अभियुक्त संजीव व अभियुक्त चन्द्रशेखर के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गये। पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश को जीवन रक्षार्थ उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है । पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में थाना बड़ागांव में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विवरण के मुताविक स्वाट एवं थाना बड़ागांव पुलिस की संयुक्त टीम  द्वारा मवई रोड पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि थाना बड़ागांव क्षेत्र में शंकरगढ़ रोड व कस्बा बड़ागांव में चोरी की घटनाएँ कारित करने वाले चोर ईको गाड़ी से चोरी की नीयत से घूम रहे हैं तथा गढ़मऊ से गांधी नगर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर स्वाट टीम एवं थाना बड़ागांव पुलिस द्वारा बउम्मीद गिरफ्तारी गांधी नगर से गड़मऊ रोड की ओर घेराबंदी की गई। बीच रास्ते में एक संदिग्ध ईको गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस वाहन को अचानक आता देख अभियुक्तगण गाड़ी मोड़कर भागने लगे, जिस दौरान गाड़ी गड्ढे में फँस गई। अभियुक्तगण वाहन छोड़कर भागने लगे, जिस पर पुलिस टीम द्वारा शक के आधार पर उन्हें ललकारा गया। इस पर अभियुक्तों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिससे सुरक्षार्थ पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग की गई। मौके से एक ईको गाड़ी तथा अभियुक्तों के कब्जे से 1 लोहे का कटर, 1 सब्बल, 1 पेचकस, 1 हथौड़ी, चोरी के जेवरात—1 जोड़ी टॉप्स, 2 जोड़ी पायल, 2 जोड़ी बिछुआ, 1 नथ, नकद ₹7,430, तथा 2 अदद तमंचे व 2 जिंदा,04 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

पूर्व विधायक गरौठा दीपनारायण सिंह यादव पर जमीन कब्जाने व रंगदारी मांगने की रपट दर्ज

पीड़ित की शिकायत पर मोंठ पुलिस ने की कार्रवाई
भूमि की रजिस्ट्री न करने पर गोली मारकर हत्या करने की दी धमकी
गरौठा के पूर्व विधायक और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
झांसी। गरौठा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ मोंठ कोतवाली में भूमि कब्जाने व मारपीट कर रुपये छीनने के अलावा रंगदारी मांगने का मामला दर्ज हुआ है। फरियादी ने आरोप लगाया है कि दीपनारायण व उनके साथी अनिल यादव उर्फ मामा सहित तीन-चार अज्ञात लोगों ने असलहा दिखाकर न केवल मारपीट की बल्कि जेब से 32 हजार रुपये छीनकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। भूमि की रजिस्ट्री न करने पर उसे गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी।
विवरण के मुताविक मोंठ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भुजौंद निवासी प्रेम सिंह पालीवाल  ने पुलिस से शिकायत की है कि उसकी पुस्तैनी जमीन दीपनारायण यादव निवासी बुढ़ावली के मून इंटरनेशनल स्कूल मोंठ के बगल में स्थित है। उक्त भूमि उसके व उसके भाई के अलावा मां के नाम पर है। दीपनारायण यादव ने उसके भाई व मां से जबरन भूमि अपने नाम लिखवा ली। दीप नारायण सिंह उसके हिस्से की जमीन डरा-धमकाकर लेना चाहता थे। उसने जमीन देने से इन्कार किया तो दीपनारायण ने मून स्कूल में बुलवाकर अपने साथियों से पिटवाया था। इस संबंध में उसने मोंठ थाने में दीपनारायण व उनके साथियों के विरुद्ध मुकदमा लिखवाया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है। प्रेम सिंह का आरोप है कि तभी से दीपनारायण लगातार उसे परेशान कर धमका रहा है। आरोप है कि दो नवंबर को दोपहर तीन बजे झांसी कानपुर हाईवे पर समथर बम्हरौली मोड़ से पैदल मोंठ बाजार जा रहा था। तभी मोंठ बाजार की तरफ से दो गाड़ियां आकर रुकीं। दीपनारायण यादव, अनिल यादव और तीन-चार व्यक्ति गाड़ी से उतरे व उस पर असलहा तान दिया। दीपनारायण ने कॉलर पकडकर तीन-चार तमाचे मारे और मुकदमा वापस लेने की धमकी देते हुए उसकी जेब से 32 हजार रुपये निकाल लिए। धमकी दी कि एक माह के अंदर 20 लाख दे दो और मेरे स्कूल के बगल वाली जमीन की रजिस्ट्री कर दो, नहीं तो तुम्हारी गोली मारकर हत्या करवा देंगे। घटना के बाद से वह भयभीत हो गया। उसने पुलिस को बताया कि दीपनारायण पूर्व विधायक माफिया है। कोई भी उसके खिलाफ न तो प्राथमिकी दर्ज करवाता है, न ही गवाही देने के लिए तैयार होता है। पुलिस ने प्रेम सिंह की तहरीर पर दीपनारायण सिंह यादव, अनिल यादव उर्फ मामा और चार अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

झलकारी बाई के 195 वें जन्मदिवस पर मिनी मैराथन का आयोजन

प्रदेश के अलावा कई राज्यों के धावक-धाविकाए कार्यक्रम में लेंगे भाग
झांसी। वीरांगना झलकारी बाई प्रतिभा प्रोत्साहन फाउण्डेशन, जिला एकीकरण समिति एंव बैंक ऑफ बड़ौदा के संयुक्त तत्वावधान में अमर शहीद वीरांगना झलकारी बाई के 195 वें जन्मदिवस पर 7 वीं वीरांगना झलकारी बाई मिनी मैराथन पुरूष वर्ग एंव समस्त वीरांगनाओं की याद में रन फॉर वीरांगना का आयोजन 22 नवम्बर को किया जा रहा है। एसपीआई इण्टर कालेज में अनूप कुमार वर्मा संयोजक वीरांगना झलकारी बाई प्रतिभा प्रोत्साहन फाउण्डेशन एंव हरविन्द कुमार आयोजन सचिव,संतोष कुमार क्षेत्रीय प्रमुख बैंक ऑफ बड़ौदा ने प्रेसवार्ता करते हुए आयोजन से जुड़ी तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रेस वार्ता में बताया कि आज शाम 5ः30 बजे वीरांगना झलकारी बाई प्रतिमा स्थल पर दीपांजलि कार्यकम किया जाएगा जिसमें सैकड़ों लोग उपस्थित होकर दीप प्रज्जलित करेंगे और वीरांगना को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वीरांगना झलकारी बाई मिनी मैराथन 22 को होगी । प्रेसवार्ता के दौरान प्रमुख रूप से संजीव कुमार, सोनू पंथी, अनिल कुमार वर्मा, सुन्दर ग्वाला, विनय सिजरिया एड० डिवीजनल वार्डन नागरिक सुरक्षा, अनिल शाक्या आदि उपस्थित रहे। उन्होने बताया 7 वीं वीरांगना झलकारी बाई मिनी मैराथन एंव रन फॉर वीरांगना शनिवार को होगी इसमें हिस्सा लेने के लिए प्रदेश के अलावा कई राज्यों के धावक-धाविकाए भाग लेने आ रहे। मिनी मैराथन एंव रन फॉर वीरांगना का उदघाटन झलकारी बाई पार्क किला रोड से प्रातः 6 बजे पवन गौतम अध्यक्ष जिला पंचायत एंव आकांक्षा राणा नगर आयुक्त नगर निगम मिनी मैराथन एंव रन फॉर वीरांगना को हरी झण्डी दिखाएंगें। बुन्देलखण्ड के नामी एंव राष्ट्रीय स्तर के िखलाड़ियों के आने की सम्भावना है। प्रेस वार्ता के दौरान प्रवीण वर्मा हरीश चन्द्र वर्मा, हरीश वर्मा, डी० डी० वर्मा, गंगाराम वर्मा, अजय अनुरागी, सनी वर्मा, अशोक सर, विजय बनौरिया, गजेन्द्र सिंह शम्भूदयाल शाक्या, अनिल कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

कैंसर की कोबाल्ट मशीन चोरी होने के बाद आज तक मशीन नही लग पाई है : पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य

मेडीकल कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओ को दूर करने की मांग
समय पर रिपोर्ट  नही मिलने के कारण मरीजो को उपचार में दिक्कत आती है
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओ को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में कांग्रेस  का एक प्रतिनिधि मण्डल  प्रधानाचार्य डा. मयंक सिंह से मिला। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि  मेडीकल कॉलेज में एम आई आर की मशीन खराब होने कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय पर रिपोर्ट  नही मिलने के कारण मरीजो को उपचार में दिक्कत आती है। दुर्घटनाओं की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुये एम आई आर मशीन  की सुचारु व्यवस्था जरुरी है। इसी तरह कैंसर की कोबाल्ट मशीन चोरी होने के बाद आज तक मशीन नही लग पाई है। जिससे  मरीजो उपचार की सुविधा नही मिल पा रही है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संविदा कर्मचारियों कों बीस  हजार वेतन दिये जाने की घोषणा की थी परंतु मेडीकल में कार्य कर रहे संविदा कर्मचारियों को ग्लोबल कंपनी द्वारा केवल आठ  हजार रुपये ही दिये जा रहे है। पूर्व में कंपनी द्वारा न्यूनतम वेतन दिये जाने पर सहमति जताते हुये पांच सौ रुपये बढ़ाने का  निर्णय हुआ था परंतु केवल जनवरी माह मे ही पांच सौ रुपये दिए गये। कर्मचारियों का एरियर भी बकाया है। प्रधानाचार्य डा.  मयंक सिंह ने आश्वासन दिया कि कैंसर की मशीन शीघ्र ही स्थापित हो जायेगी। भवन का निर्माण हो चुका है। एम आई आर की  सुविधा में भी सुधार किया जायेगा।उन्होने कर्मचारियों की वेतन सम्बंधी विसंगतियां भी दूर कराई जायेगी। प्रतिनिधि मण्डल में शंभू  सेन,अखिलेश गुरुदेव व जगमोहन मिश्रा व अमीर चंद आर्य आदि शामिल रहें।
प्रदेश समाचार / झांसी टीम