झांसी-कानपुर मार्ग पर प्लेट गर्डर प्रतिस्थापन के साथ रेल अवसंरचना में वृद्धि

तीन दिनों के लिए तीन घंटे का ट्रैफ़िक और पावर ब्लॉक लिया गया था
झांसी। रेलवे अवसंरचना को सुदृढ़ करने और व्यस्त मालवाहक मार्गों पर बेहतर गतिशीलता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, झाँसी मंडल द्वारा आज 01 दिसंबर 2025 को झाँसी-कानपुर खंड में मलासा-लालपुर डाउन लाइन पर पुल संख्या 1301/1 के पुराने प्लेट गर्डर को नए प्लेट गर्डर से बदलने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है । इस कार्य में मौजूदा संरचना के पाँच स्पैन (2 × 12.19 मीटर + 3 × 18.29 मीटर) को नए, मज़बूत प्लेट गर्डरों से बदलना शामिल था, जिन्हें उच्च धुरा भार सहने के लिए डिज़ाइन किया गया था।
इस तकनीकी रूप से गहन कार्य को पूरा करने के लिए, 3 दिनों के लिए 3 घंटे का ट्रैफ़िक और पावर ब्लॉक लिया गया था। कार्य के समय पर पूरा होने से इस महत्वपूर्ण कॉरिडोर पर ट्रेनों की आवाजाही में न्यूनतम व्यवधान सुनिश्चित हुआ।
झांसी – कानपुर मार्ग को हाल ही में एक समर्पित माल ढुलाई गलियारे फीडर मार्ग के रूप में पहचाना गया है, जिसके परिणामस्वरूप बढ़ी हुई धुरा भार क्षमता के साथ संचालित माल यातायात में वृद्धि हुई है। इस परिचालन परिवर्तन को देखते हुए, महत्वपूर्ण पुल अवसंरचना के उन्नयन की आवश्यकता अनिवार्य हो गई। 1970 के दशक में चालू किया गया पिछला प्लेट गर्डर अपने संरचनात्मक डिज़ाइन जीवन से अधिक समय तक काम करता रहा और आधुनिक उच्च क्षमता वाले माल परिवहन की माँगों को पूरा करने के लिए उसे बदलने की आवश्यकता थी। नए प्लेट गर्डरों की स्थापना के साथ, यह पुल अब बेहतर संरचनात्मक स्थिरता के साथ उच्च धुरा भार को संभालने में सक्षम है, जिससे निर्बाध माल ढुलाई और भविष्य में रेल सेवाओं का विस्तार सुनिश्चित होगा। तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण और समयबद्ध यह कार्य, विकसित होती रसद आवश्यकताओं और राष्ट्रीय परिवहन लक्ष्यों के अनुरूप मुख्य बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने की रेलवे की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। इस प्रतिस्थापन का सफल क्रियान्वयन मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल इंजिनीयर(समन्वय) आशुतोष चौरसिया एवं वरिष्ठ मंडल इंजिनीयर मध्य अंकुर गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

आरपीएफ की क्राइम विंग की टीम ने चेकिंग में पकड़े गए गाजीपुर के गांजा तस्कर

उड़ीसा से खरीदकर सहारनपुर ले जा रहे थे गांजा,
झांसी। राजकीय रेलवे पुलिस, आरपीएफ और आरपीएफ की क्राइम विंग की टीम ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर चेकिंग के दौरान गाजीपुर के दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से दस किलो चार सौ इक्कसठ किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी कीमत पांच लाख से ज्यादा बताई गई है। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों को अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेजा गया।
रेल सुरक्षा बल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण, पुलिस अधीक्षक रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ जीआरपी सलीम खान के निर्देशन में आरपीएफ, जीआरपी और आरपीएफ की क्राइम विंग की टीम वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही थी, तभी सूचना मिली कि उड़ीसा से दो गांजा तस्कर झांसी आ रहे हैं। वह ट्रेन से उतरकर स्टेशन के बाहर की ओर जाएंगे। इनके पास ट्रॉली बैग के अंदर गांजा रखा है। इस सूचना पर टीम सक्रिय हो गई और घेराबंदी कर दोनों युवकों को मय ट्रॉली बैग समेत पकड़ लिया। दोनों को जीआरपी थाना लाया गया। यहां कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान गांजा तस्करी करने की बात स्वीकार की है।
रेलवे पुलिस के मुताबिक गाजीपुर के थाना कोतवाली कासिमाबाद के सोनवर्षा के पास रहने वाले शहनवाज अंसारी और थाना कासिमाबाद के ग्राम गंगोली निवासी मोहम्मद इस्तखान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से क्रमशः 5.245 कि.ग्राम व 5.206 कि.ग्राम कुल 10.461 किलो ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी कीमत पांच लाख से ज्यादा बताई गई। अभियुक्तों ने बताया कि वह लोग गांजा उड़ीसा से सस्ते दामों में खरीदकर दिल्ली, सहारनपुर आदि शहरों में मंहगे दामों में बेच देते हैं। ट्रेन में पुलिस की चेकिंग हो रही थी। पकड़े जाने के डर से वह लोग रेलवे स्टेशन झांसी पर उतर गए थे। वह लोग काफी दिनों से गांजा की तस्करी कर रहे हैं।

इस टीम को मिली है सफलता
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक रावेंन्द्र कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अजय कुमार, मुख्य आरक्षी वीर विक्रम, मुख्य आरक्षी आशुतोष तिवारी, आरक्षक सचिन द्विवेदी, आशीष कुमार, पुष्पेंद्र पाल, मनोज कुमार, आरपीएफ डिटेक्टिव विंग के एएसआई नवीन कुमार, आरक्षक गुरमीत सिंह, आरपीएफ पोस्ट के आरक्षक नरपाल व विक्रम सिंह शामिल रहे है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

सांसद अनुराग शर्मा ने शीतकालीन सत्र के प्रथम दिवस पर लोकसभा में झांसी–ललितपुर के मुद्दों को मजबूती से उठाया

केन–बेतवा लिंक परियोजना पर जल आवंटन, डेड स्टोरेज क्षमता और वंचित ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न
झांसी। प्रारंभ हुए शीतकालीन सत्र के प्रथम प्रश्नकाल में झांसी–ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी रूप से सदन के समक्ष रखा। सांसद ने विशेष रूप से केन–बेतवा लिंक परियोजना के विभिन्न पहलुओं, ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न हो रही समस्याओं तथा परियोजना के विस्तार से संबंधित तकनीकी बिंदुओं पर कई प्रश्न मंत्री और सभा के समक्ष प्रस्तुत किए।
सत्र की शुरुआत में उन्होंने बिहार में प्राप्त ऐतिहासिक विजय पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की सराहना की और बुंदेलखंड को केन–बेतवा लिंक परियोजना जैसी ऐतिहासिक सौगात देने हेतु प्रधानमंत्री जी का समस्त बुंदेलखंड वासियों की ओर से अभिनंदन भी किया।
शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा में संसदीय क्षेत्र झांसी–ललितपुर से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों को प्रश्नकाल में रखा गया। केन–बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत उन्होंने उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के लिए प्रस्तावित जल आवंटन कोटा, परियोजना की डेड स्टोरेज क्षमता तथा झांसी की तहसील टहरौली के 53 गैर–सिंचित ग्रामों — पारसा, रौरा, बकायन, बमनुआ, ताई, मजरा ताई, रयानारा, गुंधा, गट्टा, बसारी, टहरौनी किला, गुरेसा, भागेरा, नोरा, हांटी, डुबखाई, बांका पहाड़ी आदि — को परियोजना के कमांड क्षेत्र में जोड़ने हेतु केंद्र सरकार से स्पष्ट जानकारी और आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
इसके अतिरिक्त उन्होंने जनपद ललितपुर स्थित गोविंद सागर बांध को राजघाट बांध से जोड़ने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इस कार्य के पूरा होने से ललितपुर की जनता को पीने के पानी की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित होगी और गोविंद सागर बांध के निचले हिस्सों में स्थित कृषि भूमि को निरंतर सिंचाई मिलेगी, जिससे किसानों को कृषि उत्पादन और कृषि विस्तार में अत्यंत लाभ प्राप्त होगा। झांसी–ललितपुर के विकास हेतु प्रत्येक मुद्दे को सदन में मजबूती से उठाना उनका निरंतर प्रयास है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है : जिलाधिकारी

दुर्घटनाओं से बचने के लिये लोगों को यातायात नियमों का पालन करना जरुरीः एसएसपी
झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है और लापरवाही से कई सड़क हादसे रोके जा सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को कम उम्र में वाहन न चलाने देने की अपील की और यातायात के प्रति जागरुक रहने पर जोर दिया। यह बात उन्होंने दीनदयाल सभागार में आयोजित यातायात माह के समापन अवसर पर कही है।
उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने के लिए कहा, क्योंकि लापरवाही और अनदेखी सड़क हादसों का प्रमुख कारण है। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाने से पहले यातायात नियमों का ज्ञान होना अतिआवश्यक है । यातायात नियमों का पालन करने से काफी हद तक सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं से बचने के लिये लोगों को यातायात नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है। दो-पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें । बाइक पर तीन सवारी न बैठायें । चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट बांधे तथा नशे की हालत में गाड़ी कदापि न चलायें । अपनी साइड पर निर्धारित गति सीमा में वाहन चलायें । वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें । उन्होंने बताया गया कि व्यक्ति का जीवन अमूल्य होता है इसे किसी भी प्रकार की लापरवाही करके खतरे में नहीं डालना चाहिए। प्रत्येक अभिभावक एवं माता-पिता अपने बच्चों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करें।
जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी द्वारा पूरे माह विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से यातायात माह नवम्बर का सफल संचालन करने वाले सभी यातायात कर्मियों का आभार जताया । यातायात माह में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ट्रैफिक इंस्पेक्टर एवं यातायात कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया । जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं, अधिकारी/कर्मचारीगण तथा आमजनमानस को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गयी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, आरटीओ राजेश कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात देवेन्द्र नाथ मिश्र, अर्जुन अवार्ड विजेता अशोक ध्यानचन्द, प्रभारी निरीक्षक यातायात उमा कान्त ओझा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे । कार्यक्रम के अंत में सभी के द्वारा राष्ट्रगान गाकर इस कार्यक्रम को समाप्त किया गया । जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी द्वारा पूरे माह विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से यातायात माह नवम्बर का सफल संचालन करने वाले सभी यातायात कर्मियों का आभार जताया । यातायात माह में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ट्रैफिक इंस्पेक्टर एवं यातायात कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया ।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

झाँसी में सुधीर सिंह को तो उरई में उर्विजा दीक्षित और हमीरपुर में श्री मती शकुन्तला निषाद को मिली जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश में भाजपा ने चौदह जिलाध्यक्षों की जारी की सूची
महानगर झांसी में अटकलों पर लगा विराम , जातीय समीकरणों पर मिली जिम्मेदारी
लखनऊ। भाजपा ने यूपी में बुधवार देर रात 14 जिलाध्यक्षों को हटाकर नए जिलाध्यक्ष को जिम्मेदारी दे दी है। इसकी घोषणा पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने की है। इस तरह भाजपा अब तक 98 में 84 जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर चुकी है। अब 14 जिलाध्यक्षों के नामों का ऐलान होना ही बाकी रह गया है। पांच जिलों में पुराने जिलाध्यक्षों को फिर मौका दिया गया है। बीजेपी ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर भी लिस्ट जारी की है। कुल 84 जिलों के लिए घोषित जिलाध्यक्षों में सात सामान्य, छह पिछड़े वर्ग (ओबीसी) और एक अनुसूचित जाति (एससी) से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है।
मालुम हो कि इस सूची में बृज क्षेत्र के अलीगढ़ जिले में सामान्य वर्ग से एक नाम शामिल है, जबकि अन्य जिलों में ओबीसी और एससी प्रतिनिधियों को प्राथमिकता दी गई है। कुल मिलाकर 84 जिलाध्यक्षों में सामान्य वर्ग से 45, ओबीसी से 32 और एससी से सात का चयन हुआ है। सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया गया है। यह घोषणा मार्च 2025 में 70 जिलाध्यक्षों के चयन के बाद की कड़ी है , जब  सूची दिल्ली-लखनऊ में कई दौर की चर्चाओं के बादअंतिम रूप ले चुकी थी। उस समय भी पार्टी ने संगठनात्मक पुनर्गठन पर जोर दिया था, ताकि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़े और बीजेपी के 98 संगठनात्मक जिलों में अब 14 जिले बचे हुए हैं जिनके अध्यक्षों का चयन किया जाना है। इन जिलों में पुराने चेहरों को जिम्मेदारी दी गयी है। जिनमे अलीगढ़ जिला, अलीगढ़ महानगर, फिरोजाबाद जिला, कौशांबी व फिरोजाबाद में पुराने जिलाध्यक्षों को बीजेपी ने रिपीट किया है। वहीं, फतेहपुर के जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल को हटा दिया गया है। उनकी जगह अन्नू श्रीवास्तव को जिम्मेदारी दी गई है।

इनको मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने मेरठ जिला हरवीर पाल , फिरोजाबाद उदय प्रताप सिंह ,अलीगढ़ महानगर राजीव शर्मा , हापुड़ कविता माधरे , हाथरस प्रेम सिंह कुशवाहा ,अलीगढ़ कृष्ण पाल सिंह लाला , एटा प्रमोद गुप्ता , झांसी महानगर सुधीर सिंह , फतेहपुर अन्नू श्रीवास्तव , जालौन उर्विजा दीक्षित , हमीरपुर शकुन्तला निषाद , बाराबंकी राम सिंह वर्मा , जौनपुर अजीत प्रजापति , कौशांबी धर्मराज मौर्या को जिम्मेदारी सौंपी है।
स्थानीय मुद्दों पर फोकस करने के निर्देश
नए जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय मुद्दों पर फोकस करें और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को लागू करें. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा यह चयन सामाजिक समावेशिता का प्रतीक है। हम 2027 के चुनावों में और मजबूत होंगे। यह घोषणा देर रात होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ, लेकिन कुछ आंतरिक गुटबाजी की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। कुल मिलाकर, भाजपा की यह रणनीति यूपी की राजनीति में नया मोड़ ला सकती है।
प्रदेश समाचार / लखनऊ टीम

झाँसी में कृषि शिक्षा की पहली पसंद बना रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय

सत्र 2025–26 में शत-प्रतिशत सीटों पर प्रवेश, अभिभावकों में उत्साह
विश्वविद्यालय के 28 परास्नातक कार्यक्रमों में भी उत्कृष्ट प्रतिक्रिया मिली है
झाँसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी ने प्रवेश सत्र 2025–26 में एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रतिष्ठा का प्रमाण दिया है। निदेशक शिक्षा डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित परीक्षा में देशभर के विद्यार्थियों ने कृषि शिक्षा के प्रति गहरी रुचि दिखाई, और इसमें झाँसी का यह कृषि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की प्रथम पसंद बनकर उभरा।
डॉ. कुमार के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों में इस वर्ष अभूतपूर्व नामांकन हुआ है। स्नातक स्तर पर कृषि, उद्यानिकी, मात्स्यिकी और प्राकृतिक खेती जैसे प्रमुख पाठ्यक्रमों में लगभग सभी सीटें भर गईं, जबकि वानिकी को छोड़कर सभी कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत प्रवेश दर्ज किया गया।
विश्वविद्यालय के 28 परास्नातक कार्यक्रमों में भी उत्कृष्ट प्रतिक्रिया मिली है, और 98 में से 88 सीटों पर प्रवेश पूरा हो चुका है, जो 90 प्रतिशत के बराबर है। वहीं, पीएचडी की 12 शैक्षणिक धाराओं में 29 में से 23 शोधार्थियों ने प्रवेश लिया है, जो 80 प्रतिशत उपलब्धि दर्शाता है।
डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से आए अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विशेषज्ञ संकाय, समृद्ध प्रयोगशालाओं और कौशल आधारित प्रशिक्षण सुविधाओं की सराहना की है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान परिसर में विद्यार्थियों और अभिभावकों की भारी उपस्थिति देखी गई। कई अभ्यर्थी एवं उनके माता-पिता विश्वविद्यालय की इमारत के सामने उत्साहपूर्वक फोटोग्राफ लेते दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय की बढ़ती प्रतिष्ठा का संकेत है, बल्कि बुंदेलखंड क्षेत्र में कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान के प्रति बढ़ते विश्वास को भी दर्शाती है। विश्वविद्यालय ने अगले शैक्षणिक वर्ष को विद्यार्थियों के कौशल विकास, शोधोन्मुख शिक्षा और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार को समर्पित करने की घोषणा की है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

सदैव समाज एवं देश हित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिएः हरगोविन्द कुशवाहा

झांसी में सभी नागरिक प्रेम एवं सौहार्द के साथ करते है जीवन यापन
जनपद झांसी स्वयं में एक शांतिप्रिय जनपद है
झांसी। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के उपाध्यक्ष हरगोविंद कुशवाहा ने कहा कि कौमी एकता के समापन अवसर पर झांसी की महान विभूतियों के श्री चरणों में नमन करते हुए हम सभी को जनपद में आपसी समन्वय एवं सौहार्द के साथ निवास करते हुए सदैव समाज एवं देश हित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। यह बात उन्होंने विकास भवन सभागार में आयोजित कौमी एकता सप्ताह के समापन अवसर पर कही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम ने कहा कि जिला एकीकरण समिति एक महत्वपूर्ण संस्था है। हमारे द्वारा जिला एकीकरण समिति के तत्वाधान में “कौमी एकता सप्ताह” के तहत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें समिति के सभी सदस्यों के साथ जनपद वासियों द्वारा भी प्रतिभाग किया गया। झांसी में सभी नागरिक प्रेम एवं सौहार्द के साथ जीवन यापन करते हैं। जनपद झांसी स्वयं में एक शांतिप्रिय जनपद है।
कार्यक्रम में उपनिदेशक राजकीय संग्रहालय डॉ0 मनोज कुमार गौतम ने कहा कि भारत देश में निवासरत सभी नागरिकों में सदैव एक ही भाव रहता है, “कि हम सभी एक हैं” सदियों से हम एकता के सूत्र में बंधे हुए हैं, फिर चाहे हम किसी भी धर्म, संप्रदाय एवं जाति के क्यों न हों। हमारा देश संपूर्ण विश्व में एकता की मिसाल के रूप में सर्वव्यापी है। एकता ही हमारे देश की महत्वपूर्ण पहचान है।
इसके अलावा शहर काजी मुफ्ती कासमी, समिति सदस्य मीरा रायकवार, व्यापारी नेता संजय पटवारी आदि ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार द्वारा स्वागत स्वरूप मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अन्य अतिथियों का चितेरी गमछा भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी शिवराम सिंह, सदस्य दीपशिखा शर्मा, सदस्य प्रगति शर्मा, सदस्य डॉ0 सुदर्शन शिवहरे, सदस्य डॉ0 मनमोहन मनु, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र पाल सिंह, वैयक्तिक सहायक संतोष कुमार, वरिष्ठ सहायक कौसर सिद्दीकी, कनिष्ठ सहायक राहुल सिंह, कनिष्ठ सहायक मुक्ति चौहान सहित एकीकरण समिति के अन्य सदस्य एवं विकास भवन कार्मिक उपस्थित रहे। संचालन वरिष्ठ समाज सेविका/शिक्षाविद डॉ0 नीतिशास्त्री द्वारा किया गया।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

राम जानकी मेहंदी बाग मंदिर में हुई भगवान की पाव पखराई

सुबह से ही मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
झाँसी। झांसी के प्राचीन श्री राम-जानकी मंदिर, मेहंदी बाग झांसी में आज भगवान श्रीराम एवं माता जानकी के शुभ विवाह अवसर पर पारंपरिक भाबर एवं पाव पखराई अनुष्ठान धूमधाम से संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सैकड़ों महिलाओं-पुरुषों ने भगवान के चरण पखारकर आशीर्वाद प्राप्त किया। विवाह परिक्षत विधान में रमेश भार्गव, विमल भार्गव, पंकज भार्गव एवं प्राची भार्गव मुख्य सहयोगी के रूप में उपस्थित रहे। विवाह के वैदिक मंत्रोच्चार आचार्य पंडित बृज किशोर हरभजन भार्गव तथा उनके नाती श्रेष्ठ भार्गव ने परंपरागत विधि से संपन्न कराए। अनुष्ठान में मंदिर महंत श्री रामप्रिय दास जी महाराज, छोटे महाराज, श्रेष्ठ भार्गव, राम जी, ईजी. श्याम जी, अरविंद चतुर्वेदी, पुरुषोत्तम सरवरिया, हेतराम सविता, हरिनारायण श्रीवास्तव, अमित गोस्वामी, आदित्य चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, जयकारों और पूजा-अर्चना से मंदिर परिसर राममय बना रहा।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

एसआईआर में नही मांगा जा रहा बीएलओ द्वारा किसी भी प्रकार का ओटीपी : जिलाधिकारी

साइबर ठगी या धोखाधड़ी से बचने के लिए मतदाता ओटीपी साझा न करें
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण एसआईआर के दौरान गणना प्रपत्र भरने के लिए कुछ अराजक तत्वों द्वारा बूथ लेवल अधिकारी या निर्वाचन विभाग का प्रतिनिधि बनकर मतदाताओं से मोबाइल नंबर पर ओटीपी मांग रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं को स्पष्ट रूप से कहा है कि एसआईआर के गणना प्रपत्र को भरने की प्रक्रिया में बीएलओ द्वारा किसी भी प्रकार का ओटीपी नहीं मांगा जा रहा है। ऐसे मामलों में उन्होंने सभी मतदाताओं को पूरी तरह से सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां साइबर ठगी या धोखाधड़ी के अंतर्गत संदेहास्पद हैं। यदि किसी मतदाता से फोन कॉल, मैसेज या अन्य माध्यम से ओटीपी मांगने का प्रयास किया जाता है तो ऐसी कॉल पर ध्यान न दिया जाए, न ही व्ज्च् साझा करें तथा ऐसी कॉल को तुरंत अस्वीकार कर दें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि एसआईआर (ैप्त्) कार्य में लगे बीएलओ मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रह का कार्य कर रहे हैं। गणना प्रपत्र भरने में भी सहयोग कर रहे है, मतदाता स्वयं भी गणना प्रपत्र भरकर अपने बीएलओ को उपलब्ध करा सकते हैं। एसआईआर संबंधी प्रक्रिया में लिंक की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए है कि इस प्रकार की अफवाहों एवं धोखाधड़ी से निपटने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाएं तथा ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी को सूचित कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराएं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं को जागरुक करते हुए अपील की है कि एसआईआर के दौरान सतर्क रहें एवं किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देते हुए अपने बीएलओ से ही संपर्क करें। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही अपने गणना प्रपत्र को भरें। आपका सहयोग शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा और लोकतंत्र की मजबूती का आधार बनेगा।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

दूल्हा श्री रघुनाथ जी की भव्य बारात में गूँजे जयकारे

मंदिर में हुई द्वारचार की रस्में, भक्तों ने गाये मंगल गीत
भव्य बारात में झूमें भक्त, पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
झांसी। मंगलवार को विवाह पंचमी पर रघुनाथजी महाराज मंदिर शहर से भव्य राम बारात महानगर में निकली। देश- विदेश के सुगंधित फूलों से सजी- धजी पालकी में दूल्हा स्वरूप में विराजमान श्री रघुनाथजी के अनुपम दर्शन श्रद्धालुओ ने किये एवं पुष्प वर्षा व आरती की। बारात में आकर्षक रथ पर राम, भरत, लझ्मण व शत्रुघ्न के स्वरूप थे। युवा भक्त धर्म ध्वज लिए थे। महिला श्रद्धालु मंगल कलश लिए थी, जो भगवान के विवाह के मंगल गीत गा रही थी। बैंड व ढोल की धुनों पर जगह- जगह भक्त थिरकते नजर आए। पसरट वाली गली स्थित श्री रघुनाथजी महाराज मंदिर से प्रारंभ हुई बरात बड़ा बाजार, सुभाष गंज, सिंधी तिराहा, कोतवाली, बिसाती बाजार आदि प्रमुख बाजारों में भ्रमण कर वापिस मंदिर पहुंची। यहां पीयूष रावत, प्रियता रावत आदि श्रद्धालुओं ने बारात का स्वागत किया और द्वारचार की रस्में हुई। भजन कीर्तन हुए। मंदिर में भावर, पांव पखराई सहित अन्य वैवाहिक रस्में होगी। संचालन पीयूष रावत ने किया और आभार अभिषेक नायक ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधान पुजारी बालकृष्ण नायक, आशीष उपाध्याय,जीतू सोनी, प्रदीप त्रिपाठी ,पुरुकेश अमरिया,राजीव तिवारी ,महेश अग्रवाल ,स्वतंत्र नाचोला, विनय आनंद जी शास्त्री ,विकास अवस्थी,दीपेंद्र राजावत,संदीप गोस्वामी, सचिन पटवा,टिंकू निखरा,अक्कू निखरा,कैलाश मिश्रा,अमित साहू,राजीव शर्मा, आराधना शर्मा , धरनेंद जैन जी, शिवम कुशवाहा, शिवम डेंगरे ,जीतू शिवहरे, संदीप नामदेव, कार्तिक पचौरी,ध्रुव पंडित, रोहित गुप्ता,अनुकूल तिवारी,अनुज प्रताप सिंह एवं रघुनाथ जी की आरती परिवार के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। चेतन नायक ने सभी का आभार व्यक्त किया
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम