भक्तों को सुनाया श्रीराम की बाल लीलाओं का प्रसंग

गुरुजनों का सम्मान और ताड़का जैसे राक्षसों का संहार कर धर्म की स्थापना की
बरुआसागर। नगर के मध्य स्थित श्री राम वाटिका में चल रही 9 दिवसीय श्री राम कथा के सष्टम दिवस मंगलवार को कथा वाचक पण्डित विनोद चतुर्वेदी जी महाराज ने भक्तों को श्रीराम की बाल लीलाओं का प्रसंग सुनाया। कथा वाचक आचार्य विनोद चतुर्वेदी महाराज ने भक्तों को बताया कि श्रीराम की बाल लीला प्रभु के बचपन की मनमोहक और आनन्दमयी लीलाओं का वर्णन है। जिसमें वे माता-पिता, भाइयों और सखाओं के साथ खेलते है। गुरुजनों का सम्मान करते और ताड़का जैसे राक्षसों का संहार कर धर्म की स्थापना करते हैं, जो उनकी विनम्रता, आज्ञाकारिता और दैवीय स्वरूप को दर्शाती हैं। इन लीलाओं में वे ठुमुकु ठुमुकु चलते, पालने में झूले और माता कौशल्या को अपना विराट रूप दिखाकर चकित करतें , जिससे भक्तजन भाव-विभोर हो जाते हैं। कथा में मुख्य यजमान श्रीमती राधिका अतुल सोनी, गीता कृष्ण गोपाल , पिंकी धीरेन्द्र राय, पूजा सौरभ पाठक,सचिन रजनी चौरसिया, मीरा प्रमोद , प्रशांत अग्रवाल आदि भक्त शामिल हुए । रामायण का पूजन पण्डित प्रवीण तिवारी, पंडित आलोक पिपरैया, पण्डित वेद प्रकाश मिश्रा,पण्डित भूपेन्द्र दीक्षित ने कराया। कथा के मध्य ओरछा के सकलद्वारी के पीठाधीश्वर रितिक महाराज ने पंडित विनोद चतुर्वेदी को माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया ,वहीं मुख्य यजमान अतुल सोनी एंव बनवासी राम मंदिर के पुजारी दीपक त्रिपाठी द्वारा रितिक महाराज जी का स्वागत एंव सम्मान किया इस दौरान मनोज साहू, कैलाश कौशिक, ,कमलेश तिवारी भण्डारी जी,जयशंकर श्रीवास्तव, मनोज राय लाला, सुरेश राय, बालचंद्र राय सतीश बिलगैया,लक्ष्मण ठाकुर, रामगोपाल सेन, रमेश चौरसिया,आदि तमाम लोग मौजूद रहे। आभार युवराज पण्डित नितिन चतुर्वेदी जी महाराज ने किया।
रिपोर्ट : पवन जैन / बरुआसागर

निर्वाचक नामावलियों के अद्यतन कार्य में सहयोग करें मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल एवं मतदाता

प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए निर्धारित दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर आनलाइन ऑफलाइन देना होगा
झांसी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गणना चरण की अंतिम तिथि 26 दिसम्बर 2025 तक बढ़ा दी गई है। प्रदेश में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से छूट न पाए, इसके लिए सभी अधिकारियों को यह निर्देशित किया गया है कि सभी बूथ लेवल अधिकारियों के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म 6 तथा घोषणा पत्र की प्रति की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई। ऐसे नागरिकों को चिन्हित किया जाए जो 18 वर्ष पूर्ण कर चुके तथा वर्ष 2025 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस दौरान ऐसे मतदाता जो अपने पूर्व पते से स्थानांतरित होने के कारण अपना गणना प्रपत्र नहीं भर सके हैं, उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु फॉर्म-6 भरना होगा। साथ ही ऐसे नागरिक जिनका नाम 2025 की मतदाता सूची में नहीं है अथवा ऐसे युवा जो 01 जनवरी 2026, 01अप्रैल, 01 जुलाई, 01 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हों अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करवा सकते हैं। ऐसे पात्र नागरिक घोषणा पत्र तथा अन्य निर्धारित दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन/ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्हें फॉर्म-6 ऑनलाइन आवेदन करने के लिए voters.eci.gov.in पर तथा ऑफलाइन भरकर अपने बीएलओ को उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने बताया ऐसे भारतीय नागरिक जो विदेश में रह रहे हैं वह घोषणापत्र वह अन्य निर्धारित अभिलेखों के साथ फॉर्म-6A भरें। अतः विधानसभा निर्वाचक नामावलियों को अद्ययावधिक रूप से तैयार किए जाने हेतु जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं सम्मानीय मतदाताओं से अपील कर सहयोग अपेक्षित है।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता (सम्पादक )

अन्य प्रांतों से आने वाले मिलावटी खाद्य तेल व अन्य खाद्य पदार्थों पर होगी रात में भी कार्रवाई : जिलाधिकारी

विभिन्न कंपनियों की पानी की बंद बोतलों की भी जांच के दिए आदेश, अधोमानक पाए जाने पर की जाए कार्रवाई
झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने आज कैम्प सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा एवं जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक ली। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि जनपद में अन्य प्रांतों से आने वाले मिलावटी खाद्य तेल पर कार्यवाही हेतु टीम गठित कर रात में भी छापामार कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। उन्होंने इन्फोर्समेन्ट की कार्यवाही में और तेजी लाते हुए अन्य प्रांत के जिले जैसे ग्वालियर, गुना एवं भांडेर क्षेत्र से आने वाले सरसों के अधोमानक खाद्य तेल पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए की जनसामान्य को खाद्य विक्रेताओं द्वारा क्या खिलाया जा रहा है की जानकारी होना होना अनिवार्य है, उन्होंने प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थ की जानकारी देते हुए साइनबोर्ड लगाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ताकीद करते हुए निर्देश दिए कि रात्रि में भी नगर के मुख्य बाज़ार जैसे सदर बाज़ार, सीपरी बाज़ार, इलाइट चौराहा, जीवनशाह एवं बुन्देलखण्ड चौराहा के समीप खाद्य पदार्थों के लगे ठेले अथवा दुकानों में विक्रय हो रहे खाद्य पदार्थों साहित नारियल एवं रंगीन चटनी के सैम्पुल/ निरीक्षण किए जाएं और सैम्पुल अधोमानक पाए जाने पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बैठक में जनपद में विभिन्न कंपनियों द्वारा बोतलबंद पानी की भी जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि प्रायः देखा जा रहा कि उक्त बंद बोतलें धूप में संग्रहित हैं, इसकी भी जांच करते हुए उनके एक्सपायरी डेट को भी देखा जाए और अधोमानक पाए जाने पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ0 अंशुमान तिवारी, सहायक आयुक्त खाद्य एवं अभिहित अधिकारी पवन कुमार, शिक्षाविद डॉ0 नीति शास्त्री, डीएसओ सुश्री सौम्य अग्रवाल, जिला आबकारी अधिकारी मनीष गुप्ता सहित शिक्षा विभाग,सर्किल इंस्पेक्टर व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता (सम्पादक )

जन्मदाता मां का स्वास्थ्य व पोषण बहुत जरूरी है : प्रोफेसर रचना विमल

प्रसूताओं को आकांक्षा समिति और फॉग्सी संस्था द्वारा बांटी गई शिशु किट
नवजात शिशु के साथ स्वयं का भी ध्यान रखें प्रसूता महिलाएं
आकांक्षा समिति ने किया जिला महिला चिकित्सालय का भ्रमण
झांसी। आकांक्षा समिति एवं फॉग्सी संस्था के संयुक्त तत्वाधान में जिला महिला चिकित्सालय झांसी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आकांक्षा समिति की मण्डलीय अध्यक्षा प्रो0 रचना दुबे एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रभारी डॉ कुसुम पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि फॉग्सी संस्था झांसी शाखा की अध्यक्षा डॉ अलका सेठी, डॉ विद्या चौधरी, डॉ सुश्री नीति शास्त्री उप सचिव आकांक्षा समिति एवं सीएमएस डॉ राजनारायण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
डॉ अलका सेठी ने फॉग्सी संस्था की ओर से प्रो0 रचना दुबे को शाल, श्रीफल देकर स्वागत किया एवं डॉ कुसुम पांडेय ने स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में महिला चिकित्सालय में भर्ती प्रसूता महिलाओं को FOGSI संस्था के सौजन्य से आकांक्षा सिलाई केंद्र में निर्मित 25 शिशु किट प्रसूता माताओं को स्वस्थ जच्चा- स्वस्थ बच्चा का संदेश देते हुए वितरित की गईं और फल वितरण किया गया। आकांक्षा समिति तथा फॉग्सी संस्था द्वारा वितरित की गई किट में नवजात शिशुओं के साफ सूती कपड़े, ऊनी टोपा, मोजा, स्वेटर के साथ प्रसूता महिलाओं के लिए आयरन फोलिक एसिड की गोली और कैल्शियम की गोलियां, मौसमी फल रखे गए थे।
प्रो. रचना विमल ने कहा कि प्रसव के पश्चात प्रसूता महिलाओं को विशेष देखभाल एवं पोषण की आवश्यकता होती है। बच्चों को जन्म देना मां के स्वयं के लिए दूसरा जीवन प्राप्त करने के समान है। सभी प्रसूताओं को अपने स्वास्थ्य के साथ पोषण का भी ध्यान रखना आवश्यक है। जब मां स्वस्थ होगी तब बच्चा भी स्वस्थ रहेगा क्योंकि 6 माह तक शिशु को मां का दूध पिलाना है। मां के पौष्टिक आहार लेने से बच्चों को पोषण मिलता है। उन्होंने आकांक्षा समिति और फॉग्सी संस्था के साझा प्रयास से महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर जांच अभियान संचालित किए जाने की जानकारी देते हुए संकल्प भी लिया।
डॉ कुसुम पांडेय ने प्रसूता महिलाओं को जागरुक करते हुए कहा कि महिला के लिए मां बनना सृष्टि का उपहार है। महिला सृष्टिकर्ता है। इसलिए मां और नवजात शिशु की विशेष देखभाल करनी चाहिए। हमारी संस्कृति में पुराने समय में प्रसव के बाद महिलाओं को मेवेयुक्त लड्डू देना, उपहार के रूप में रिश्तेदारों द्वारा मौसमी फल, मेवे आदि लेकर आना, प्रसूता को सुपाच्य भोजन देना, लगभग सवा महीने तक मां और शिशु को अन्य लोगों के संपर्क से दूर रखकर संक्रमण से बचाना, 6 महीने पर अन्नप्राशन संस्कार पसनी के माध्यम से अनुपूरक आहार शुरू करना आदि परम्पराएं प्रचलित थीं। ये वास्तव में मां एवं शिशु के स्वास्थ्य व पोषण को ध्यान में रखकर की जाने वाली स्वस्थ प्रथाएं थीं। उन्होंने आकांक्षा समिति के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने का सुझाव दिया।
डॉ अलका सेठी ने प्रसूता महिलाओं को बच्चों के स्वास्थ्य के साथ अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं जैसे गर्भावस्था के समय आयरन फोलिक एसिड और कैल्शियम की गोली खाती रही हैं, वैसे ही प्रसव के बाद 6 माह तक महिलाओं को आयरन फोलिक एसिड तथा कैल्सियम की गोली नियमित रूप से खानी चाहिए। संतुलित आहार के माध्यम से स्तनपान करने वाली महिलाओं को जरूरी पोषक तत्व लेने चाहिए।व्यक्तिगत साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत अस्पताल में जांच करानी चाहिए। इस कार्यक्रम में डॉ विद्या चौधरी, जिला महिला चिकित्सालय से डॉ प्रियंका चौधरी, कौशल कुशवाहा सहित प्रसूता महिलाएं उपस्थित रहीं। डॉ नीति शास्त्री ने कार्यक्रम का सफल संचालन भी किया। सीएमएस डॉ राजनारायण ने सभी का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता (सम्पादक )

विकसित बुंदेलखंड के निर्माण में एयरपोर्ट एक अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी है : अनुराग शर्मा

सांसद ने शीतकालीन सत्र के दौरान झाँसी एयरपोर्ट निर्माण मुद्दे को दृढ़ता से सदन में उठाया
झांसी। झाँसी–ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद अनुराग शर्मा ने लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान झाँसी एयरपोर्ट निर्माण की अपनी पूर्व मांग को एक बार फिर दृढ़ता से सदन में उठाया।
उन्होंने इससे पूर्व भी कई बार झाँसी में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर सरकार से आग्रह कर चुके हैं तथा इस विषय को निरंतर सदन में रखते रहे हैं। आज पुनः सांसद अनुराग शर्मा ने विकसित भारत के साथ-साथ विकसित बुंदेलखंड के निर्माण में एयरपोर्ट को एक अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि झाँसी सहित उत्तर प्रदेश में आने वाले सम्पूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र में किसी भी स्थान पर एयरपोर्ट न होने से आमजन को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा बुंदेलखंड में औद्योगिक विकास के लिए बड़े-बड़े प्रोजेक्ट स्थापित किए जा रहे हैं, ऐसे में एक सुदृढ़ एयर कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है। एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा पर्यटन, व्यापार, निवेश व रोजगार के बड़े अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि एयरपोर्ट निर्माण से संबंधित सभी लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि झाँसी एयरपोर्ट निर्माण का मार्ग जल्द से जल्द प्रशस्त हो सके और बुंदेलखंड के विकास की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम आगे बढ़ सके।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

नवनिर्मित ट्रैक पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी ट्रेनें : रेल संरक्षा आयुक्त

बांदा रेलवे स्टेशन पर संरक्षा सम्बंधित की गयी जाँच
दोहरी लाइन के तैयार होने से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में वृद्धि होगी
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन और परिचालन सुगमता हेतु मूलभूत ढांचे के विस्तार के क्रम में दो दिवसीय दौरे पर आए रेल संरक्षा आयुक्त (पूर्वोत्तर परिक्षेत्र) प्रणजीव सक्सेना ने दूसरे दिवस के कार्यक्रम के अंतर्गत महत्वपूर्ण संरक्षा परीक्षण किया।
मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) हिमांशु गोस्वामी और मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के साथ, सक्सेना ने खुरहण्ड – डिंगवाही – बांदा रेलखंड पर नव-निर्मित दूसरी लाइन के कार्य का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में, आज बांदा रेलवे स्टेशन पर संरक्षा सम्बंधित जाँच की गई। रेल संरक्षा आयुक्त ने पैनल, बैटरी कक्ष, ओएफसी (OFC) कक्ष और रिले रूम सहित दूसरी लाइन संस्थापन से संबंधित सभी नव-स्थापित उपकरणों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान ऑन-ड्यूटी स्टाफ से संवाद कर उनके तकनीकी ज्ञान और संरक्षा मानकों की समझ को परखा गया, साथ ही आयुक्त एवं उनकी टीम द्वारा संरक्षा प्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए सभी सुरक्षा एवं संरक्षा सामग्री से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की भी गहनता से जाँच की गई। तत्पश्चात, प्रणजीव सक्सेना ने मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ डिंगवाही से बांदा तक नव-निर्मित डाउन लाइन का मोटर ट्रॉली के माध्यम से सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उक्त रेलखंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, गेट, ब्रिज, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स, कर्व आदि सभी संस्थापनों और उनकी कार्य क्षमता का बारीकी से परीक्षण किया गया। खंड में पड़ने वाले प्रमुख (मेजर) एवं लघु (माइनर) पुलों का भी रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण उपरांत स्पीड ट्रायल गाड़ी से सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल किया गया। नवनिर्मित ट्रैक पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल सम्पन्न हुआ। इसके पश्चात रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा डिंगवाही और खुरहण्ड स्टेशन का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के पश्चात् रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा अनुमति प्रदान के उपरांत इस खंड पर रेल संचालन शुरू होगा।
इस दोहरी लाइन के तैयार होने से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। दोहरी लाइन परिचालन से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर ट्रेनों को बिना रुकावट सुचारु रूप से चलाया जा सकेगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा तथा मालगाड़ियों की समयबद्ध आवाजाही में सुधार होगा। इससे क्षेत्रीय उद्योगों को तेज और विश्वसनीय परिवहन सुविधा प्राप्त होगी, जबकि सुरक्षा, स्थिरता और परिचालन दक्षता में भी वृद्धि होगी। लाइन क्षमता बढ़ने से भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन और समय-सारिणी के बेहतर पालन की संभावना भी सुदृढ़ होगी। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) हिमांशु गोस्वामी और मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के साथ, श्रीसक्सेना ने खुरहण्ड – डिंगवाही – बांदा रेलखंड पर नव-निर्मित दूसरी लाइन के कार्य का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर नरेन्द्र सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जे. संजय कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/ईस्ट आयुष श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन सहित निर्माण विभाग के अन्य अधिकारीगण, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

मोबाइल फोन चोरी करने वाले दो शातिर बदमाश पकड़े

विभिन्न कंपनियों के चार मोबाइल फोन बरामद
झांसी। राजकीय रेलवे पुलिस, आरपीएफ और आरपीएफ की क्राइम विंग टीम ने चलती ट्रेनों में रेलयात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से विभिन्न कंपनियों के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक (रेलवे) विपुल कुमार श्रीवास्तव, आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण के निर्देशन में जीआरपी, आरपीएफ और आरपीएफ की क्राइम विंग टीम मोबाइल फोन चोरी करने वाले बदमाशों के खिलाफ अभियान चला रही हैं। इसी अभियान के तहत टीम क्रिमिनलों की तलाश में लगी थी, तभी सूचना मिली कि वीजीएलजे स्टेशन के पीएफ 1/7 दिल्ली एंड के पास रोलिंग परीक्षण हट के पास दो बदमाश खड़े हैं। इनके पास चोरी के मोबाइल फोन है। इस सूचना पर गई टीम ने घेराबंदी करते दो लोगों को पकड़ लिया। इनसे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मोबाइल फोन चोरी करने की बात स्वीकार की है। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की कीमत 95 हजार रुपया है।
इनको किया है गिरफ्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरगढ़ निवासी रविन्द्र अहिरवार उर्फ रवि व बबीना थाना क्षेत्र के सुभाष नगर आरा मशीन चौकी भेल के पास रहने वाले राहुल उर्फ नकुल यादव को गिरफ्तार किया है।
इस टीम को मिली है सफलता
जीआरपी थाना झांसी के उपनिरीक्षक अखिलेश राय, आरक्षक आशीष कुमार, आरपीएफ क्राइम विंग टीम के मुख्य आरक्षी उमेश कुमार, आरक्षक सुरेंन्द्र सिंह बिष्ट, आरपीएफ वीजीएलजे पोस्ट के आरक्षक नरपाल सिंह, योगेंद्र खरे शामिल रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

तत्काल आरक्षण टिकटों का कर रहे थे अवैध कारोबार

रेलवे स्टेशन बांदा पीआरएस हॉल निकास द्वार के पास से किया गिरफ्तार
झांसी। रेल सुरक्षा बल और क्राइम विंग की टीम ने तत्काल आरक्षण तत्काल की दलाली करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से टिकट आदि सामग्री बरामद की है। यह लोग काफी दिनों से टिकटों की दलाली कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेजा गया। वहीं, चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है।
रेल सुरक्षा बल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण के निर्देशन में क्राइम विंग प्रभारी ओम प्रकाश के नेतृत्व में टीम टिकटों की दलाली करने वाले गैंग की तलाश में लगी थी। सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन बांदा पीआरएस हॉल में निकास द्वार के पास तीन युवक खड़े हैं। यह लोग तत्काल आरक्षण कराने के टिकटों का अवैध कारोबार कर रहे हैं। इस सूचना पर गई टीम ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। उन्हें पकड़कर थाना लाया गया। यहां कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान अवैध टिकटों की दलाली करने की बात स्वीकार की है। तीनों ने बताया कि जरुरतमंत लोगों के अवैध रुप से तत्काल रेलवे आरक्षण काउंटर टिकट बनवाकर प्रति टिकट तीन सौ से पांच सौ रुपया लेकर वांछित आरोपी शिवम गुप्ता को उपलब्ध कराते हुए अवैध रुप से कारोबार करते थे।
इन दलालों को किया गिरफ्तार
बांदा के सिविल लाइन स्थित काशीराम कालोनी इंदिरा नगर निवासी सौरभ कुमार रायकवार, महोबा के पी डब्लूडी आफिस के पास रहने वाले कृष्णा और बांदा का मोहल्ला खाईपार गुलाब बाग के पास रहने वाले मोहम्मद आरिफ सिद्दकी को गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों की हाल पता गली नंबर 68 धनेश्वरनगर बांद्रा ईस्ट, थाना खैरवाड़ी मुंबई (महाराष्ट्र) है।
यह सामग्री बरामद
भविष्य यात्रा की दो रिजर्वेशन काउंटर टिकट कुल कीमत रुपए 16,640/ व लाल रंग के तत्काल दो भरे हुए फार्म तथा तीन लाल रंग के तत्काल बिना भरे फार्म, दो सामान्य आरक्षण के सफेद रंग के भरे फार्म बरामद किए हैl
इस टीम को मिली है सफलता
क्राइम विंग टीम के सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षक उमेश कुमार, आरक्षक सुरेंद्र सिंह बिष्ट व गुरमीत सिंह, आरपीएफ पोस्ट बांदा के आरक्षक किशन लाल व बबलू राम शामिल रहे है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

अपमान बर्दाश्त नहीं कर पाया पिता थाने ही खा लिया जहर

पिता ने तय की वन दारोगा से बेटी की शादी
बिना बताए कांस्टेबल प्रेमी के साथ रचा लिया विवाह
झांसी। युवती के अपहरण की सूचना के बाद बबीना थाने में ड्रामा देखने को मिला। युवती के परिजनों ने जिस लड़के से शादी तय की थी, युवती उससे शादी नहीं करना चाहती थी। उसका एक पुलिसकर्मी से प्रेम प्रसंग था। सगाई से ठीक पहले वह घरवालों को बिना बताए कहीं चली गई थी। शिकायत पर पुलिस ने सभी पक्षों को थाने बुलाया था। जब पिता ने युवती को घर चलने को कहा तो उसने इंकार कर दिया। उसने प्रेमी के साथ शादी होने और उसी के साथ रहने की बात कही। इस पर युवती के पिता ने थाने में जहर खा लिया। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया।
विवरण के मुताविक बबीना थाना क्षेत्र के एक गांव का गोलू भार्गव पीएसी में सिपाही है। वह इस समय कानपुर में तैनात है। गांव की ही एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग था। युवती के परिजनों ने युवती की शादी एक वन दारोगा से तय की थी। नाराज युवती भागकर प्रेमी के पास चली गई। युवती के पिता ने थाने में शिकायत कर आरोप लगाया कि पीएसी के सिपाही ने बेटी का अपहरण कर लिया है। पुलिस ने जांच के दौरान सभी पक्षों को थाने बुलाया। युवती ने पुलिस को बताया कि उसने कांस्टेबल से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली है। वह उसी के साथ रहेगी।
युवती के पिता युवती को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगे तो युवती ने इंकार कर दिया। युवती के बालिग होने के कारण पुलिस ने हस्तक्षेप करने से मना कर दिया। युवती को कांस्टेबल के साथ जाने दिया गया। इस पर युवती के पिता ने थाने में ही जहर खा लिया। इससे हड़कंप मच गया। युवती के पिता को आनन फानन में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। पुलिस अफसरों के मुताबिक युवती के पिता की तबियत अब ठीक है। युवती को उसकी मर्जी के मुताबिक सिपाही के साथ जाने दिया गया।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

पर्यटन विभाग लगाएगा क्यूआर कोड वाले शिलापट्ट

स्थान के महत्व की मिलेगी तथ्यात्मक जानकारी
योगी सरकार पर्यटन स्थलों के महत्व को बताने के लिए करने जा रही अभिनव प्रयास
विशेषज्ञों और संबंधित विभागों की मदद से जुटाया जा रहा पर्यटन स्थलों का विवरण
झांसी। योगी सरकार पर्यटन स्थलों को संरक्षित करने के साथ ही उनके महत्व से पर्यटकों को परिचित कराने के लिए कई अनूठे प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में झांसी मंडल के पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जानकारियां जुटाने के बाद इन स्थलों पर शिलापट्ट लगाए जाएंगे, जिन पर संबंधित स्थान का विवरण अंकित होगा। शिलापट्ट के साथ क्यूआर कोड भी लगाने की तैयारी है, जिसे स्कैन करते ही संबंधित स्थान का विस्तृत विवरण उसके माध्यम से हासिल हो सकेगा। इस क्यूआर कोड की मदद से कभी भी पर्यटक संबंधित स्थान के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।
पर्यटन स्थलों के महत्व से लोगों को परिचित कराने की योगी सरकार की मंशा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन मंत्री ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इस निर्देश के क्रम में झांसी मंडल के तीनों जिलों झांसी, ललितपुर और जालौन के ऐतिहासिक, धार्मिक, पुरातात्विक, सांस्कृतिक और रीति रिवाजों से संबंधित महत्व रखने वाले स्थलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जानकारी जुटाने के लिए तीनों जिलों के पर्यटन विभाग, पुरातत्व विभाग और संस्कृति विभाग के कार्यालयों से मदद ली जा रही है। इसके साथ ही इतिहास के जानकारों, लेखकों, विशेषज्ञों और शोधार्थियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
झांसी के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी के शर्मा ने बताया कि झांसी मंडल के तीनों जिलों के महत्वपूर्ण स्थलों का तथ्यात्मक विवरण जुटाया जा रहा है। आगामी समय में विभागीय दिशा निर्देशों के अनुरूप इन स्थानों पर शिलापट्ट लगाए जाएंगे, जिन पर क्यूआर कोड भी होगा। पर्यटकों को तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने में इससे मदद मिलेगी।
प्रदेश समाचार / स्पेशल रिपोर्टर