झांसी का जल संचयन व भू-जल पुनभर्रण की क्षमता घट रही हैं लगातार

अतिक्रमण से नदी का प्राकृतिक प्रवाह  हो रहा बाधित
भूमाफिया व रियल एस्टेट समूह कर रहा नदियों किनारे अतिक्रमण
झांसी। झाँसी नगर क्षेत्र में पहुंज और घुरारी नदी के आसपास भूमाफिया एवं रियल एस्टेट समूहों द्वारा किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के कारण स्थिति अत्यंत गंभीर होती जा रही है। इन अतिक्रमणों से नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो रहा है, जल संचयन व भू-जल पुनर्भरण की क्षमता लगातार घट रही है, जिससे भविष्य में बाढ़, जलभराव एवं पर्यावरणीय संकट की संभावनाएँ बढ़ रही हैं। पहुज और घुरारी ये दोनों नदियाँ झाँसी की जीवनरेखा मानी जाती हैं। विशेष रूप से पहुज नदी झाँसी के भूगर्भीय स्तर को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आज जिस प्रकार इन नदियों के अस्तित्व पर संकट बढ़ रहा है, उसे देखते हुए जल सहेलियों द्वारा यह ज्ञापन दिया गया। इस गंभीर परिस्थिति को देखते हुए दो दर्जन जल सहेलियाँ कलेक्टर कार्यालय पहुँचीं और कलेक्टर मृदुल चौधरी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उन्होंने अवैध कब्जों पर तत्काल रोक लगाने, भूमाफियाओं पर सख्त कार्रवाई करने तथा प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर सभी अतिक्रमण हटाए जाने की माँग की। जल सहेली फाउंडेशन की अध्यक्ष मीरा देवी ने बताया कि जल सहेलियाँ वर्षों से नदी और जल संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं, लेकिन पहुज और घुरारी नदी क्षेत्र में तेजी से बढ़ते अवैध निर्माण उनके प्रयासों को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अब तुरंत ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला अधिकारी मृदुल चौधरी ने आश्वासन दिया कि एक टीम को तुरंत मौके पर भेजकर क्षेत्र का निरीक्षण कराया जाएगा और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएँगे। इसी दौरान जल सहेली रेखा ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द निर्णायक कार्रवाई करने की अपील की, ताकि नदी का प्राकृतिक स्वरूप सुरक्षित रह सके और शहर को भविष्य में होने वाले जल संकट से बचाया जा सके।
आपको यह भी बता दें कि जल सहेलियाँ कई बार पहुज नदी के पुनर्जीवन के लिए पदयात्राएँ कर चुकी हैं और घुरारी नदी को बचाने के लिए भी उन्होंने लगातार प्रयास किए हैं। उनके इन अथक प्रयासों की सराहना स्वयं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में की है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

विद्युत विभाग के बड़े बकायादारों की सूची सार्वजनिक स्थलों पर होगी चस्पा : वरुण पाण्डेय

कॉर्पोरेट क्षेत्र में कम वसूली पर अपर जिलाधिकारी ने जताया असंतोष, सुधार लाए जाने के दिए निर्देश
झांसी। वाणिज्य कर विभाग द्वारा नवम्बर माह में 156.43 करोड़ के सापेक्ष मात्र 90.91 करोड़ की वसूली जो मासिक लक्ष्य से 65 करोड़ रुपए कम है। वसूली बढ़ाए जाने के लिए एडिशनल कमिशनर स्तर पर टारगेट फिक्स करते हुए वसूली बढ़ाए जाने और क्षेत्र भ्रमण के दौरान जीएसटी चोरी रोकने के प्रयासों में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। यह निर्देश अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट स्थित गॉधी सभागार में कर-करेत्तर एवं विविध देय सहित प्रवर्तन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक में दिए है।
उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि विद्युत विभाग के बड़े बकायादारों की सूची को सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा की जाए। इसके साथ ही मुनादी के माध्यम से विद्युत बकायादारों से बकाया धनराशि को जमा कराया जाए।
अपर जिलाधिकारी वरुण कुमार पाण्डेय ने कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग, परिवहन विभाग द्वारा मासिक लक्ष्य के सापेक्ष वसूली कम होने पर नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को वसूली बढ़ाए जाने के निर्देश देते हुए इन्फोर्समेंट के कार्यों पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने बोगस कम्पनियों को चिह्नित करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने समीक्षा के दौरान राज्य उत्पाद शुल्क (आबकारी) विभाग की समीक्षा करते हुए विभाग द्वारा मासिक लक्ष्य 60.35 करोड़ के सापेक्ष 51.35 वसूली पर लगभग सन्तोष व्यक्त किया, उन्होंने उपस्थित आबकारी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में दुकानों से गाँजा बेचने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, सख्ती से भ्रमण करते हुए रोका जाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षण संस्थानों के आस-पास नशीले पदार्थों की बिक्री कतई। न हो इसे भी सुनिश्चित निश्च करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा की प्रवर्तन कार्यों में भी तेजी लाएं और जारी लंबित आरसी जिसमें प्रशांत राजा, ओमप्रकाश चौरसिया एवं सदर तहसील के अमित साहू से आरसी वसूली करना सुनिश्चित करें ताकि वार्षिक लक्ष्य को पूरा किया जा सके। उन्होंने बैठक में दुकानों के बाहर अथवा सार्वजनिक स्थलों पर खड़े होकर मदिरा पान करने वालों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों में और तेजी लाए जाने और ओवर लोडिंग वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि लक्ष्य को पूरा वसूला जा सके।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बैठक में उपस्थित अधिशाषी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा की रात्रि में अभियान चलाकर रोड पर गोवंश को न बैठने दिया जाए,उन्हें स्थानीय गो-आश्रय स्थल पर संरक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि रोड पर छुट्टा गोवंश दिखाई देते हैं तो कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, एआरटीओ हेमचंद्र गौतम, जिला आबकारी अधिकारी मनीष गुप्ता, अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण सुभाष चंद्र सहित व्यापार कर,परिवहन विभाग एंव अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

संघर्ष सेवा समिति कार्यालय पर बेटी को दिये उपहार

उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएँ 
झाँसी। संघर्ष सेवा समिति के कार्यालय में भावनात्मक और सुखद क्षण का साक्षी बना, जब समिति के संस्थापक डॉक्टर संदीप सरावगी ने विवाह बंधन में बंधने जा रहीं पूजा रायकवार को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। शिवाजी नगर के पास किराए के घर में रहने वाली पूजा रायकवार अपनी मेहनतकश माँ स्वर्गीय शांति देवी और पिता अमरजीत रायकवार के संघर्षों से प्रेरित रही हैं। जीवन की कठिनाइयों के बीच 10 दिसम्बर को होने वाला यह विवाह परिवार और परिचितों के लिए आशा और नए आरंभ का प्रतीक माना जा रहा है। समिति की ओर से पूजा को उपहार देकर उनके विवाह में सहयोग प्रदान किया गया। डॉ. संदीप ने कहा कि बेटियाँ परिवार का गौरव होती हैं। संघर्षों के बीच पली-बढ़ी पूजा एक मजबूत और सशक्त का उदाहरण है। हम उसकी नई जीवन यात्रा को सुख, समृद्धि और सम्मान से भरी होने की कामना करते हैं। संदीप नामदेव ,अनुज सिंह ,मीना मसीह ,सोमकांत निगम ,प्रीतम सिंह प्रेमी आदि उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झांसी टीम

वार्षिकोत्सव में छात्र छात्राओं ने रंगा रंग कार्यक्रम किये प्रस्तुत

वार्षिकोत्सव में पधारे हुये सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत
झांसी। कुलदीप सिटी पब्लिक स्कूल बाहर लक्ष्मी गेट में विद्यालय का चौथा वार्षिकोत्सव मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बाबूलाल तिवारी शिक्षक विधायक, विशिष्ट अतिथि रमा निरन्जन सदस्य विधान परिषद एवं संजय पटवारी वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैट, एन आर सिंह संस्थापक कुलदीप ग्रुप ऑफ इन्स्ट्रीट्‌यूशन्स उपस्थित रहे। विशेष वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया तत्पश्चात् डायरेक्टर कुलदीप सिंह ने वार्षिकोत्सव में पधारे हुये सभी गणमान्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तत्पश्चात् नन्हें मुन्हें छात्र छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंख्ला में छात्र छात्राओं ने रंग बिरंगी पोशाकों में विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। विद्यालय के ही छात्र छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक गीतों पर अभिनय, गीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के संस्थापक एन आर सिंह ने अपने सम्बोधन में देश की प्रगति में शिक्षित युवाओं व उच्च शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में छात्र छात्राओं के साथ अभिभावक भी मौजूद रहे। क्रमश विद्यालय की उपप्रधानाचार्या श्रीमती अमृता गावड़े ने विद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत की। डॉ बालमुकुन्द अग्रवाल, दिलीप सिंघल,संजना पटवारी संतोष दुबे दीपा सिंह, नीतू सिंह आदि उपस्थित रहे। अंत में डायरेक्टर कुलदीप सिंह ने आभार व्यक्त किया।
प्रदेश समाचार / झांसी टीम

गौ सेवा व नदी बचाओ अभियान का किया शुभारंभ

सनातन एकता महासमिति ने की अनोखी पहल
झांसी। सनातन एकता महासमिति के तत्वाधान में गौ सेवा व नदी बचाओ अभियान का शुभारंभ किया गया। महामंत्री विनोद अवस्थी, अध्यक्ष पुरुषोत्तम स्वामी एवं नगर धर्माचार्य आचार्य हरिओम पाठक ने पूजा कर सभी पदाधिकारी ने संकल्प लिया कि झांसी नगर में गौ सेवा वा नदी बचाओ अभियान के तहत कार्य किया जाएगा। मुख्य अतिथि गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता जी, विशिष्ट अतिथि विशिष्ट अतिथि नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा जी, कोऑपरेटिव बैंक के डायरेक्टर आशीष उपाध्याय द्वारा पुरानी सनातन संस्कृति को फिर से समाज में लाने के लिए बैलगाड़ी के माध्यम से इलाइट चौराहे पर गौ सेवा का शुभारंभ किया गया। जिसमें झांसी जिले के समस्त जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी सभी नगर वासियों से निवेदन किया गया कि महासमिति झांसी नगर में गौ सेवा हेतु ई रिक्शा गाड़ियां चलाने जा रही है जो आपके दरवाजे और घर पर आएगी जिसमें दो रोटी अथवा आटा डालें। पका हुआ भोजन, सब्जी, चावल आदि ना डालें। यह सारी सामग्री गौशाला में गोवंशों को भोजन के रूप में पहुंचाई जाएगी। वहीं, मां पुष्पावती पहुज नदी जिसके संरक्षण के लिए महासमिति के समस्त पदाधिकारी संकल्पित है, हर महीने अनुसूया घाट पर आरती की जाएगी. इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयदीप खरे ,मुकेश अग्रवाल , गोकुल दुबे,रवीश त्रिपाठी,जीतू सोनी ,पवन गुप्ता ,अतुल मिश्रा,प्रभात शर्मा, महामंत्री विकास अवस्थी ,सत्येंद्र पुरी,अभिषेक साहू, संजीव तिवारी ,अखिलेश सेन,कंपू पहलवान शुभम भार्गव ,रोहित भार्गव ,अंकित भार्गव, रवि यादव,डीके दुबे ,आनंद रवि हरिओम यादव, जगदीश यादव आदि मौजूद रहे। पीयूष रावत ने सभी का आभार व्यक्त किया ।
प्रदेश समाचार / झांसी टीम

जनता में सुरक्षा का भाव और विश्वास बनाए रखना ही पुलिस का मुख्य लक्ष्य है : एसएसपी

प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए
महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित , दिए दिशा निर्देश
झाँसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों, थाना अध्यक्षों, सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) तथा चौकी इंचार्जों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों के प्रभावी निस्तारण हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के दौरान एसएसपी ने जनसुनवाई को पुलिस-जन संबंधों की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया, अतः थानों व चौकियों पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उनके द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई की व्यवस्था को मजबूत करते हुए जनता के प्रति सौम्य, संवेदनशील एवं पेशेवर व्यवहार अपनाया जाए। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिसिंग के सभी क्षेत्रों में पारदर्शिता, पेशेवर दृष्टिकोण और सक्रियता को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ-साथ जनता में सुरक्षा का भाव और विश्वास बनाए रखना ही पुलिस का मुख्य लक्ष्य है। बैठक में समस्त थाना प्रभारी , थाना अध्यक्ष , सभी क्षेत्राधिकारी तथा चौकी इंचार्ज सहित अधीनस्थ अफसर उपस्थित रहे।
महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम पर विशेष बल
एसएसपी ने निर्देशित किया कि महिला सुरक्षा से संबंधित हर शिकायत पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक बढ़ाया जाए, मिशन शक्ति केन्द्रों का सक्रिय प्रचार-प्रसार किया जाए तथा महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जरूरी जानकारी अधिक से अधिक उपलब्ध कराई जाए।
साइबर अपराध के मामले
बढ़ते साइबर अपराध के मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने अधिकारियों को तकनीकी दक्षता बढ़ाने, साइबर फ्रॉड की रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान चलाने और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों में त्वरित प्रतिक्रिया एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच अत्यंत आवश्यक है।
प्रदेश समाचार / झांसी टीम

 

अधिकार मित्र न्यायपालिका की आँख और कान हैं : जनपद न्यायाधीश

पीएलवी हेतु 05 जनपदों का संवर्धन संयुक्त क्लस्टर प्रशिक्षण विकास भवन में सम्पन्न
झांसी। जनपद न्यायाधीश श्रीमती कमलेश कच्छल ने कहा कि अधिकार मित्र न्यायपालिका की आँख और कान हैं। उन्होंने वीरांगना लक्ष्मीबाई की धरती से आह्वान किया कि पराविधिक स्वयंसेवकों को समाज में व्याप्त बाल विवाह और घरेलू हिंसा जैसी कुरीतियों के खिलाफ एक सजग प्रहरी की भूमिका निभानी होगी। यह बात उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी के तत्वावधान में विकास भवन सभागार में आयोजित बुन्देलखण्ड के पाँच जनपदों के पराविधिक स्वयंसेवकों हेतु संवर्धन संयुक्त क्लस्टर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभकरते हुए कही है।
कार्यक्रम के सूत्रधार और डीएलएसए झाँसी के सचिव/अपर जिला जज शरद कुमार चौधरी ने युवाओं को क्रिटिकल थिंकिंग अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “कानून मोटी किताबों में उलझने का नाम नहीं है, बल्कि ‘Law is nothing but common sense’ (कानून और कुछ नहीं, बस सामान्य बुद्धि है)।” उन्होंने पीएलवी तर्क और विवेक के आधार पर पीड़ितों की मदद करने की प्रेरणा दी।
एडीजे महोबा तेन्द्र पाल ने चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज पर, सचिव एडीजे हमीरपुर महेन्द्र कुमार पांडेय ने नशा मुक्ति और जागृति स्कीम पर तथा ललितपुर के सचिव मयंक जायसवाल ने वीर परिवार योजना और साथी स्कीम पर विस्तृत प्रकाश डाला। सचिव एडीजे जालौन सुश्री पारुल पंवार भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
प्रशिक्षण तकनीकी सत्रों में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, दिव्यांगजन अधिकारी के.पी. सिंह, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रतीक समाधिया ( POCSO/JJ Act ), बीकेडी कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. राजेन्द्र प्रसाद व अजय कुमार प्रजापति, तथा जन साहस के सुशील कुमार व बुंदेलखंड सेवा संस्थान के वासुदेव सिंह एवं जन सूचना अधिकार मंच के मुदित चिरवारिया ने विभिन्न कानूनों और योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में वरिष्ठ सहायक आदिल जाफरी द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। झाँसी के अधिकार मित्रों के लिए उनके मानदेय जारी होने की घोषणा की गई, जिससे सभागार तालियों से गूंज उठा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकार मित्रों को मेडल और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल और ऊर्जावान संचालन अधिकार मित्र कल्पनाथ सिंह और सपना गुप्ता द्वारा किया गया।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

मुख्य मार्गों सहित हाईवे पर गोवंश सड़क पर ना आने पाएं : मुख्य विकास अधिकारी

272 के सापेक्ष 132 सीसीटीवी कैमरे गौशालाओं में संचालित, 10 दिन में सभी सीसीटीवी कैमरे सक्रिय करने के दिए निर्देश
झांसी। जनपद के मुख्य मार्गों सहित हाईवे पर गांवों के छुट्टा गोवंश अधिक संख्या में विचरण करने के कारण सड़कों पर यातायात प्रभावित होने तथा गोवंश के दुर्घटना में घायल होने के साथ-साथ आमजन के घायल होने की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए बरुआसागर क्षेत्र में भूमि चिह्नित कर गोशाला निर्माण के दिए निर्देश, सभी छुट्टा गोवंश गो-आश्रय स्थल में संरक्षित कराया जाना सुनिश्चित करें। उक्त निर्देश मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने विकास भवन स्थित एनआरएलएम सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समीक्षा समिति की बैठक में दिये।
उन्होने कहा कि गौवंशो के संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है यह योजना मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथामिकताओं में है। अतएव गौशालाओं में निर्धारित क्षमता के अनुसार गौवंश संरक्षण किये जायें, गौशालाओं में जो कमियां है उन्हें एक सप्ताह के अन्दर दूर कर उन्हें सही तरीके से संचालित कराया जाये और उनमें क्षमता के अनुसार गौवंश संरक्षित किये जायें। गौशालाओं की गहन निगरानी रखी जाये ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
मुख्य विकास जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की मासिक बैठक वित्तीय वर्ष अन्तर्गत डीबीटी के माध्यम से गौ-आश्रय स्थलों को किए भुगतान की समीक्षा करते हुए भुगतान में लापरवाही बरतने पर सचिव पोहरा,मड़ौरा और तिलैथा को शो-कोज़ नोटिस दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ऐसे किसान जो हरा चारा उगाते हैं उनसे अनुबंध करते हुए सरकारी दर 02.50/03 रुपये प्रति किलो की दर से गोवंश के लिए हराचारा खरीद कर उपलब्ध करा सकते हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने अस्थायी/स्थायी और वृहद गौशालाओं में लगे 272 सीसीटीवी कैमरे के सापेक्ष 132 कैमरे सक्रिय रहने पर नाराजगी व्यक्त की और दस दिन में सभी सीसीटीवी कैमरे सक्रिय किए जाने के निर्देश दिए ताकि विकास भवन में स्थापित कमांड सेंटर के माध्यम से गोवंश की स्थिति और उपलब्ध संसाधनों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने गौशालाओं में गोवंश को ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशालाओं में चारों तरफ त्रिपाल लगाते हुए के गोवंश को ठंडी हवाओं से बचाने के उपाय करने के भी निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि गौशालाओं का समय से निरीक्षण कर ईयर टैगिंग, हरे चारे की उपलब्धता निधार्रित रजिस्टर पर सूचनाओं की जानकारी लेना सुनिश्चित करें। निरीक्षण में प्रत्येक गोवंश का विवरण दर्ज होना चाहिए कहीं किसी गौशाला में कोई कमी पाई जाती है तो जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने बरुआसागर क्षेत्र में छुट्टा गोवंश की अधिक समस्या होने पर बीडीओ और अधिशासी अधिकारी नगरपालिका बरुआ सागर को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द भूमि चिन्हित करें ताकि गोशाला का निर्माण कराते हुए गोवंश को संरक्षित किया जा सके। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी अक्षय दीपक, सीवीओ डॉ संजय कुमार सिंह, पीडी डीआरडीए राजेश कुमार, डीसीमनरेगा शिखर श्रीवास्तव, सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिषासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

मामूली विवाद के चलते मंदिर कमेटी के सदस्य की गई थी हत्या
झांसी। बरुआसागर थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश किया। वहां से उसे जेल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी प्रीति सिंह के निर्देशन में बरुआसागर थाना पुलिस वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान चला रही थी, तभी सूचना मिली कि मंसिल माता मंदिर के पुजारी की हत्या करने वाला आरोपी लक्ष्मणपुरा कट के पास खड़ा है। वह भागने की फिराक में है। इस सूचना पर गई टीम ने घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक बरुआसागर थाना क्षेत्र के डीसी स्कूल के पीछे मोहल्ला निगौना खेरा के पास रहने वाले बालाराम उर्फ बाला कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त ने बताया कि 2 दिसंबर को मंसिल माता मंदिर पर मंदिर कमेटी के सदस्य विशाल कुशवाहा निवासी निगौना खेरा के पास अपने बहनोई सलिल के साथ खड़ा था, तभी विशाल कुशवाहासे किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया था कि उसने अपने बहनोई के साथ मिलकर माइक का स्टैंड विशाल कुशवाहा के सिर में मार दिया था जिससे विशाल घायल हो गया था। इसके बाद वह लोग भाग गए थे। पुलिस का कहना है कि विशाल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। इस मामले में बरुआसागर थाना पुलिस ने सलिल और बालाराम उर्फ बाला कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। सफलता हासिल करने वाली टीम में बरुआसागर थाना प्रभारी राहुल राठौर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार व मुख्य आरक्षी नीरज कुमार शामिल रहे है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

आईजीआरएस पोर्टल पर झांसी रेंज का दबदबा बरकरार

परिक्षेत्रों की रैकिंग में झांसी परिक्षेत्र ने आठवीं बार लगातार प्रथम रैंक की हासिल
झांसी। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में झांसी रेंज का दबदबा बना हुआ है, जहां लगातार कई महीनों से यह पोर्टल पर टॉप रैंक हासिल कर रहा है, जिसका श्रेय मुख्यमंत्री के निर्देश पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और अधिकारियों द्वारा किए गए प्रयासों को जाता है, हालांकि कहीं-कहीं फर्जी निस्तारण पर कड़ी कार्रवाई भी हुई है, जिससे व्यवस्था में सुधार आ रहा है। जनसुनवाई और आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश के परिक्षेत्रों की रैकिंग में झांसी रेंज ने लगातार आठवीं बार प्रथम रैंक प्राप्त की है।
मुख्यमंत्री उप्र शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) में माह नवम्बर 2025 की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट प्राप्त होने पर पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र, आकाश कुलहरि ने बताया है कि आईजीआरएस, जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर माह नवम्बर 2025 में जो शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये उनका शासन की मंशानुरूप नियत समय में विधिक निस्तारण किया गया जिससे आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर प्राप्त होने वाली माह- नवम्बर 2025 मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश के परिक्षेत्रों की रैकिंग में झांसी परिक्षेत्र ने लगातार आठवीं बार प्रथम रैंक प्राप्त की हैl महानिरीक्षक ने प्रभारी आईजीआरएस / सीसीटीएनएस उप निरीक्षक राजेश सिंह, रेंज कोर्डिनेटर विमल कुमार श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी देवेन्द्र प्रताप सिंह एवं श्रीमती प्रियंका गुप्ता कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए को उत्साहवर्धन हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है ।
आईजी द्वारा परिक्षेत्र के जनपद प्रभारियों को आई.जी.आर.एस. प्रणाली से प्राप्त शिकायतों का उच्चकोटि की गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने एवं जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गम्भीरता से सुनकर शासन के मंशानुरूप पूर्ण मनोयोग से उनकी समस्याओं के विधिक निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया है जिससे आमजनमानस में पुलिस की उत्कृष्ट छवि, निष्पक्ष कार्यप्रणाली एवं विश्वसनीयता की भावना बरकरार रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम