ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की समीक्षा बैठक में झांसी मंडल कार्यकारणी का हुआ गठन

कुंवर रामकुमार सिंह, सुनील सिंह चौहान को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
गुरसरांय। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के झांसी मंडल झांसी के उपाध्यक्ष कुंवर रामकुमार सिंह तो संगठन मंत्री का दायित्व सुनील सिंह चौहान को सौंपा गया। पत्रकारों में दौड़ी खुशी की लहर। नवनियुक्त पदाधिकारियों का किया गया स्वागत। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की समीक्षा बैठक मंडल अध्यक्ष एस के सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संरक्षक महेन्द्र नागर सहित जिलाध्यक्ष झाँसी मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष ललितपुर सम्राट व जिलाध्यक्ष जालौन उरई सत्येन्द्र सिंह राजावत मौजूद रहे। बैठक में संगठन के विस्तार के क्रम में सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई। वहीं आगामी कार्यक्रमों व संगठन की गतिविधियों पर विचार विमर्श किया गया। तत्पश्चात मण्डल अध्यक्ष एस के भदौरिया ने सर्वसम्मति से प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार मंडल कार्यकारिणी का गठन कर विधिवत रूप से घोषणा की। तथा सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूलमाला पहिनाकर स्वागत किया। नवनियुक्त मंडल उपाध्यक्ष कुंवर रामकुमार सिंह ने कहा कि संगठन की गरिमा बनाये रखना सभी पदाधिकारियों का कर्तव्य है। वहीं मंडल के संगठन मंत्री सुनील सिंह चौहान ने कहा नेतृत्व द्वारा जो जुम्मेवारी सौंपी गई है उसे पूरी निष्ठा के साथ निर्वाह करते हुए संगठन के हित में कार्य किया जायेगा।
झाँसी मंडल कार्यकारिणी
मंडल अध्यक्ष एसके सिंह भदौरिया, उपाध्यक्ष कुंवर रामकुमार सिंह गुरसरांय, उपाध्यक्ष आर०पी० गोस्वामी ललितपुर, उपाध्यक्ष शशि प्रकाश गोस्वामी उरई, महामंत्री गिरवर सिंह परिहार मऊरानीपुर, महामंत्री महेंद्र सिंह सोलंकी मऊरानीपुर, महामन्त्री स्वस्ति कुमार घोष बंगरा, सचिव/मंत्री डॉ.दिलीप सोनी ललितपुर,मंत्री अखिलेश तिवारी गुरसरांय,मंत्री दिलीप भादव बबीना, कोषाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा झाँसी, संगठन मन्त्री सुनील सिंह चौहान गुरसरांय, प्रचार मंत्री कोमल सिंह परिहार मोंठ, संप्रेक्षक बृजेश कुमार गुप्ता ललितपुर एवं कार्यकारिणी सदस्य ऋषि कुमार माधौगण उरई, सर्वेश कुमार उरई, अरविन्द श्रीवास, रोहित दीक्षित, आशुतोष, बृजेश कुमार।
झाँसी तहसील कार्यकारिणी
तहसील अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह गौर, महामंत्री अंकित मिश्रा व उपाध्यक्ष पुनीत श्रीवास्तव को मनोनीत किया गया है। मंडल अध्यक्ष एस के सिंह भदौरिया ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान करते हुए कहा कि आप सभी को जो दायित्व सौंपा गया है। उसका निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए आप सभी से अपेक्षा की जाती है। बैठक का संचालन महेन्द्र सिंह सोलंकी ने किया। अन्त में संरक्षक महेन्द्र नागर ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए बैठक का समापन किया। अंत में आभार गुर्जर महेंद्र नागर ने व्यक्त किया।
रिपोर्ट : आयुष त्रिपाठी ( गुरसरांय )

अपर नगर मजिस्ट्रेट झांसी अजय कुमार ने संभाला अधिशासी अधिकारी गुरसरांय का कार्यभार

चैयरमेन,अपर नगर मजिस्ट्रेट ने ठंड व गौशालाओं के विशेष प्रबंध के दिए निर्देश
गुरसरांय। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गुरसरांय का खाली चल रहे पद पर 20 दिसंबर को जिला प्रशासन के आदेश पर अपर नगर मजिस्ट्रेट झांसी अजय कुमार ने नगर पालिका परिषद गुरसरांय के चैयरमेन जयपाल सिंह चौहान की देखरेख में अधिशासी अधिकारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। बताते चले इसके पहले अजय कुमार डिप्टी कलेक्टर टहरौली,मऊरानीपुर रह चुके हैं और उनका कार्यकाल बहुत ही बेहतरीन रहा है उन्हें गुरसरांय नगर पालिका के साथ नगर पंचायत एरच का भी चार्ज तब तक दिया गया है जब तक शासन से स्थाई नगर पालिका अधिशासी अधिकारी की तैनाती नहीं हो जाती है। चार्ज लेने के बाद उन्होंने नगर पालिका के स्टाफ से ठंड से बचाव व गौशालाओं की देखभाल के लिए विशेष निर्देश दिए हैं। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान ने भी भीषण ठंड से बचाव के लिए और बेहतरीन सफाई व्यवस्था को लेकर अधीनस्थ स्टाफ को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौपी है ताकि जल्द से जल्द आवश्यक काम हो सके। इस दौरान नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष व नवागन्तुक अधिशासी अधिकारी पद पर कार्यवाहक रुप में अपर नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार को नगर पालिका परिषद के स्टाफ ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर पालिका के वरिष्ठ लिपिक सोनू बख्शी,निर्माण लिपिक माहेश्वरी शरण बुधौलिया,पूर्व पार्षद राकेश त्रिपाठी,योगेन्द्र मिश्रा,दीपक कुमार, प्रकाश दीक्षित,सर्वेश खरे,जयनारायण कुशवाहा,सूर्या,अबरार,प्रमोद आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : आयुष त्रिपाठी ( गुरसरांय )

मंडल रेल प्रबंधक द्वारा इलेक्ट्रिक लोको शेड का किया निरीक्षण

सुरक्षा मानकों तथा परिचालन दक्षता की गहन समीक्षा की
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा इलेक्ट्रिक लोको शेड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान लोको के रखरखाव की व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों तथा परिचालन दक्षता की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण क्रम में विभिन्न शेड क्षेत्रों का अवलोकन किया गया। पिट निरीक्षण के माध्यम से लोको अनुरक्षण की गुणवत्ता की जांच की गई तथा लाइन फिट (LF) द्वारा आउट लोको की चेकलिस्ट की समीक्षा की गई। यार्ड क्षेत्र में हैंड पॉइंट्स, शंटिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं होल्डिंग आउटेज से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त लोको फेल्योर से संबंधित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की समीक्षा की गई। बैठक कक्ष में अधिकारियों द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वर्तमान स्थिति, चुनौतियों एवं सुधारात्मक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर यूनियन प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीईएन मुख्यालय के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों से कार्यों में आ रही समस्याओं एवं आवश्यक सहायता के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने सुरक्षा, समयबद्ध अनुरक्षण एवं परिचालन विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में अनिरुद्ध कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए लोको परिचालन की विश्वसनीयता और संरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टी आर एस नागेन्द्र तिवारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ( सम्पादक )

सोचिए अगर आपका स्टेशन से चोरी हुआ सामान मिल जाए तो कैसा लगेगा

छूटा ट्रॉली बैग मिला तो चेहरे पर लौटी मुस्कान
झांसी। सोचिए अगर आपका कोई कीमती सामान और जेवरातों से भरा हुआ ट्रॉली बैग रेलवे स्टेशन पर छूट गया हो, तो आप यही समझेंगे की अब नहीं मिलेगा। लेकिन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन में एेसा नहीं हुआ। स्टेशन से बीना जाने के लिए एक महिला का रेलवे स्टेशन की स्वचालित सीढ़ी पर जेवरों से भरा बैग छूट गया। वह एक ईमानदार जीआरपी व आरपीएफ के चलते उन्हें वापस मिल गया। इस कार्य से ईमानदार जीआरपी व आरपीएफ की जमकर तारीफ हो रही है।
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन से एक दिल को छू लेने वाली घटना सामने आई है जो हमें यह याद दिलाती है कि ईमानदारी और मानवता आज भी जिंदा है। बीती रात झांसी से बीना जा रही एक महिला यात्री का ट्रॉली बैग स्वचालित सीढ़ी पर छूट गया। इस बैग में लाखों रुपये के आभूषण थे। इसकी सूचना जीआरपी व आरपीएफ को दी गई। जीआरपी व आरपीएफ ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। और फिर जो हुआ, वह एक मिसाल बन गया।
आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने तत्परता से काम किया। उन्होंने ट्रॉली बैग की खोजबीन की। कुछ देर बाद ट्रॉली बैग मिल गया, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उनके चेहरे पर मुस्कान लौट आई, और उन्होंने जीआरपी और आरपीएफ का दिल से आभार व्यक्त किया। इस घटना ने हमें यह सिखाया कि जब हम एक दूसरे की मदद करते हैं, तो समाज में विश्वास और भाईचारा बढ़ता है। जीआरपी और आरपीएफ की इस ईमानदारी न केवल महिला का दिन बना दिया, बल्कि हम सभी को यह याद दिलाया कि मानवता की रोशनी कभी बुझती नहीं है।
बताते हैं कि पुलिस अधीक्षक रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव  के मार्गदर्शन में यात्रियों एवं उनके सामान की सुरक्षा के दृष्टिगत रेलवे स्टेशनों में अपराध नियंत्रण ,सर्कुलेटिंग एरिया , एवं चोरी/गुम हुए सामान की बरामदगी के अभियान में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सलीम खान के निकट पर्यवेक्षण में आगन्तुका शाहजहां बेगम पत्नी जम्मन खान निवासी 514 सैयर गेट झाँसी अपने नाती मुजम्मिल के साथ ट्रेन नं0 20424 पातालकोट एक्सप्रेस से रेलवे स्टेशन झाँसी से बीना जा रहे थी। रेलवे स्टेशन झाँसी पर स्वचालित सीढ़ी से चढ़ते समय भीड़- भाड़ होने के कारण उनका ट्राली बैग छूट खो गया। ट्रॉली बैग में हार सोने का, मंगलसूत्र सोने का, 04 सोने के कंगन, कान की झुमकी एक जोड़ी, 04 अंगूठी, कान का टाप्स(सोने का), हैयर पिन(सोने की), चांदी की पायल, चांदी की हसुली रखी थी। इसमें करीब 130 ग्राम सोना जिसकी कीमत करीब 17 लाख व चांदी करीब 900 ग्राम जिसकी कीमत करीब 01 लाख 17 हजार रुपये रखा है । ट्रॉली बैग को काफी देर तक ढूंढा, लेकिन नही मिला । इसकी सूचना जीआरपी व आऱपीएफ को दी गई थी।
इस टीम को मिली है सफलता
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र मिश्रा, आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र कुमार, आरपीएफ उपनिरीक्षक यतेंद्र कुमार, सहायक उपनिरीक्षक विश्राम, जीआरपी के मुख्य आरक्षी अजय कुमार त्रिपाठी, गिरजेश कुमार, राहुल दुबे, भाष्कर शुक्ला शामिल रहे है।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ( सम्पादक )

नाइट डोमिनेशन : अब अपराधियों पर नकेल कसने की नई तैयारियां शुरु

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने जिले के अफसरों व अन्य पुलिस टीमों को दिए निर्देश 
अवैध ट्रैवर्ल्स एजेंसी चलाने वाले लोगों पर पुलिस की नजर
झांसी। ऑपरेशन नाइट डोमिनेशन झांसी पुलिस द्वारा चलाया जा रहा एक विशेष अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य रात के समय अपराधियों पर नकेल कसना, सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाना, अवैध ट्रैवर्ल्स एजेंसी चलाने वाले लोगों और अवैध गतिविधियों (जैसे शराब, नशा तस्करी) पर रोक लगाना है, ताकि आम जनता रात में भी सुरक्षित महसूस कर सके और पुलिस का जनता पर विश्वास मजबूत हो सके। इस अभियान के तहत रात में बड़े पैमाने पर तलाशी, छापेमारी और गश्त की जाती है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध हथियार, गांजा और शराब बरामद होती है और कई अपराधी गिरफ्तार किए जाते हैं। यह अभियान बीती रात झांसी में चलाया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, आलोक सिंह, पुलिस महानिरीक्षक, झाँसी परिक्षेत्र, आकाश कुलहरि के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से रात्रि में “ऑपरेशन नाइट डोमिनेशन” चलाया गया।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन होंगे सीजः एसएसपी
इस अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों, बाजारों, बस स्टैंडों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया तथा पैदल एवं वाहन गश्त की गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की गई एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। एसएसपी ने बताया कि जिले में अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस की तरफ से अब ऑपरेशन नाइट डोमीनेशन की कार्रवाई शुरु की है। अपराधियों के ठिकानों और संदिग्ध गतिविधियों वाले इलाकों की पहचान कर ऑपरेशन नाइट लागू किया गया। इस अभियान के तहत रात-दिन गांवों से लेकर शहरों तक सर्च, नाकाबंदी, फ्लैग मार्च और गश्त कर रही है। एसएसपी का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज किया जाएगा। उनका कहना है कि शहर में अवैध ट्रैवर्ल्स एजेंसी चल रही हैं। इन पर भी नजर रखी जा रही है।
नशेडियों पर रहेगी पुलिस की नजर
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने इस अभियान के तहत जिले के अफसरों व अन्य पुलिस टीमों को निर्देश दिए हैं कि वह गांव- कस्बों में जुआ, सट्टा के अड्डों व नशा तस्करी से जुड़े अन्य ठिकानों और संदिग्ध गतिविधियों वाले क्षेत्रों को भी चिन्हित करें, जहां नशेड़ियों का जमावड़ा होने के कारण महिलाओं को आने-जाने में भी परेशानी होती है। एेसी गतिविधियों वाले क्षेत्रों पर लगातार छापेमारी की जाए। दिन रात चलने वाले इस अभियान में ने केवल अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखें, बल्कि एेसे सभी तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित करें, जो जुआ, सट्टा व नशा आदि जैसी अवैध गतिविधियों में लिप्त है। इस अभियान में एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ सिटी डॉ लक्ष्मीकांत गौतम, सीओ सदर रामवीर सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ( सम्पादक )

दिव्यांग बच्चों के लिए निरामय कार्ड बनाए जाएंगे ,कटे होंठ व तालु वाले बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा : सांसद

दिव्यांग सुरक्षा के लिए उठी ‘विशेष पुलिस सेल’ की मांग
झांसी। ‘माँ सोसाइटी फॉर द स्पेशल चिल्ड्रन’ झांसी का वार्षिकोत्सव आज हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । कार्यक्रम का शुभारम्भ योगी शिव महादेव की योग प्रस्तुति के साथ सोसाइटी की अध्यक्षा श्रीमती नेहा शर्मा एवं फिजियोथैरेपिस्ट जानकी अग्रवाल द्वारा किया गया । पंडित अतुल शर्मा ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी साझा की ।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों ने ‘मोटू राम हलवाई’, ‘एकता पर बल’, ‘सितारे जमीं पर’, और ‘पापा मेरी जान’ जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया । बच्चों के माता-पिता ने भी “हम भी अगर बच्चे होते” गाने पर नृत्य किया । कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘पापा बादशाह’ पर आधारित शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया, वहीं कार्तिकेय के ड्रम वादन पर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा ।

दिव्यांग सुरक्षा के लिए उठी ‘विशेष पुलिस सेल’ की मांग
सोसाइटी की अध्यक्षा श्रीमती नेहा शर्मा ने मुख्य अतिथि सांसद डॉ. अनुराग शर्मा से मांग की कि दिव्यांगजनों की सुरक्षा हेतु एक विशेष पुलिस सेल (UDID लिंक्ड केंद्रीय सहायक प्रणाली) लागू की जाए । सांसद ने इस ‘सुरक्षा कवच’ प्रणाली को शीघ्र लागू करने हेतु आश्वासन देते हुए कहा कि इससे पूरे भारतवर्ष के दिव्यांगजनों और उनके अभिभावकों को संबल मिलेगा ।
सांसद डॉ. अनुराग शर्मा ने अपने संबोधन में बच्चों और उनके माता-पिता के प्रयासों की सराहना की । उन्होंने घोषणा की कि दिव्यांग बच्चों के लिए निरामय कार्ड बनाए जाएंगे ,कटे होंठ व तालु वाले बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा ,6 वर्ष से कम आयु के श्रवण दिव्यांग बच्चों का कॉकलियर इंप्लांट ऑपरेशन निःशुल्क कराकर उन्हें मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा ,इन सुविधाओं के लिए आवेदन माँ सोसाइटी या सांसद कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं । श्रवण दिव्यांग बच्ची निवेदिता द्वारा तैयार किया गया वर्ष 2026 का कैलेंडर और मेहंदी आकृतियों की बुकलेट अतिथियों को भेंट की गई । कार्यक्रम में उमाकांत त्रिपाठी (एडिशनल कमिश्नर), एस.एन. त्रिपाठी (उपनिदेशक समाज कल्याण), वरिष्ठ समाज सेवी अनुराधा शर्मा सहित झांसी के वृद्धाश्रम के बुजुर्ग एवं शहर के गणमान्य परिवार उपस्थित रहे ।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ( सम्पादक )

शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला गरमाया,सामाजिक कार्यकर्ताओं को मिल रहीं धमकियां

जमीन मुक्त नहीं हुई तो प्रदेश के मुख्यमंत्री से सामाजिक कार्यकर्ता करेंगे मुलाकात
झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में स्थित पाल कॉलोनी के पास शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। कब्जाधारी दबंगों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं को धमकियां दी है। इसको लेकर सामाजिक कार्यकर्ता काफी दहशत में है। शनिवार को एक बार फिर से शिकायती पत्र के माध्यम से शासकीय भूमि पर कब्जा करने वाले दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जनपद झांसी के तहसील अंतर्गत मौजा सिमरधा (पाल कॉलोनी) स्थित शासकीय भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण एवं अनधिकृत निर्माण को लेकर मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को अनुस्मारक पत्र देकर अतिक्रमणकर्ताओं तथा संलिप्त अधिकारियों पर धमकी एवं दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार मौजा सिमरधा की आराजी संख्या 1265 एवं 1266, जो खतौनी में ‘टौरिया’ के नाम से दर्ज शासकीय भूमि है, पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में 2 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था, जिस पर कार्यवाही नगर निगम के द्वारा की जा रही थी किंतु अब तक कोई ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
पत्र में कहा गया है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वाले व्यक्ति, उनके सहयोगी तथा इस प्रकरण की जांच से जुड़े कुछ नगर निगम अधिकारी, अवैध कब्जे के विरुद्ध आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं पर मानसिक दबाव, धमकी एवं भय का वातावरण बना रहे हैं। उद्देश्य यह बताया गया है कि सामाजिक कार्यकर्ता इस मामले को आगे न बढ़ाएं और जनहित में उठाई जा रही आवाज को दबाया जा सके। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे जनहित, पर्यावरण संरक्षण एवं शासकीय संपत्ति की रक्षा के लिए विधिसम्मत तरीके से प्रशासन के समक्ष अपनी बात रख रहे हैं। इसके बावजूद यदि उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है, तो यह न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि भ्रष्टाचार एवं मिलीभगत की ओर भी संकेत करता है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, अतिक्रमणकर्ताओं और उनसे जुड़े अधिकारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार की धमकी या उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही भविष्य में शासकीय भूमि पर इस प्रकार के अवैध कृत्यों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई है। मामले को लेकर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। पत्र देने के दौरान एड. बीएल भास्कर, नरेन्द्र कुशवाहा, मानसिंह आदि उपस्थित रहे है।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ( सम्पादक )

संपूर्ण समाधान दिवस : रुचि नहीं ले रहे हैं अफसर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी

अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई व एएमए को जारी किया नोटिस
झांसी। अब अफसरों ने प्रदेश के मुखिया के आदेशों की धज्जियां उड़ाना शुरु कर दी है। मुखिया के आदेश पर लगने वाले संपूर्ण समाधान दिवस में अफसरों ने रुचि लेना बंद कर दिया है। ऐसा नहीं, जब भी कोई संपूर्ण समाधान दिवस लगाया जाता है तो कोई ना कोई अफसर गायब रहते हैं। शनिवार को भी अफसर गायब रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई है। डीएम ने अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई व एएमए को नोटिस जारी किया है।
तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने अधिकारियों की अनुपस्थित पर खफा होते हुए सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई अश्वनी सिन्हा एवं एएमए अली वारिस जिला पंचायत को शो-कोज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने जनपद में शीतलहर के दृष्टिगत नगर निगम समस्त नगरपालिकाओं एंव नगर पंचायतों में बने रैन बसेरा में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में कोई भी निराश्रित गरीब असहाय खुले में सोता हुआ न मिले उसे तत्काल रेनबसेरा में पहुंचाया जाए। जिलाधिकारी ने आज शिकायतकर्ता गरीब वृद्ध को ठंड से बचने के लिए कम्बल भेंट किया।
उन्होंने यह भी कहा कि भूमि विवाद ना निपटने की स्थिति में धारा 145 पर कार्रवाई करें, उन्होंने धारा 24, पुलिस द्वारा धारा 107/16,सरकारी भूमि पर कब्जा होने पर धारा 151 की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने भूमि संबंधित शिकायतों के निस्तारण को और प्रभावी ढंग से करने के लिए धारा 447 में भी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।

कॉलोनी में खाली पड़े प्लॉटों पर दबंगों ने कर लिया कब्जा
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर रमेश चंद्र गुप्ता निवासी जानकीपुरम कालोनी सिविल लाइन झाँसी ने शिकायती पत्र देते हुए निवेदन किया कि प्रार्थी द्वारा वर्ष 2004 में मौजा लहरगिर्द में “लहर इन्क्लेव” कॉलोनी के नाम से झाँसी विकास प्राधिकरण द्वारा प्रमाणित कराकर कॉलोनी का निर्माण कराया तथा उक्त कॉलोनी में विकास कार्य करने के बाद प्रार्थी के कुछ प्लॉट खाली पड़े हुए हैं, जिस पर दबंग / भू-माफिया राजेश यादव, प्रशांत यादव निवासीगण लहरगिर्द थाना सीपरी बाजार, झाँसी द्वारा उक्त प्लॉटों पर अवैध कब्जा / निर्माण कर रहे हैं। उक्त दबंग लोगों द्वारा प्रार्थी के साथ गाली गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी जाती है। डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सिटी मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर एवं सीओ सिटी की टीम गठित कर मौके का स्थलीय निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार आर्य, एसडीएम सदर गोपेश तिवारी, सीओ सिटी रामवीर सिंह, तहसीलदार सदर विवेक कुमार सहित समस्त विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ( सम्पादक )

भक्तों को सुनाया श्रीराम की बाल लीलाओं का प्रसंग

गुरुजनों का सम्मान और ताड़का जैसे राक्षसों का संहार कर धर्म की स्थापना की
बरुआसागर। नगर के मध्य स्थित श्री राम वाटिका में चल रही 9 दिवसीय श्री राम कथा के सष्टम दिवस मंगलवार को कथा वाचक पण्डित विनोद चतुर्वेदी जी महाराज ने भक्तों को श्रीराम की बाल लीलाओं का प्रसंग सुनाया। कथा वाचक आचार्य विनोद चतुर्वेदी महाराज ने भक्तों को बताया कि श्रीराम की बाल लीला प्रभु के बचपन की मनमोहक और आनन्दमयी लीलाओं का वर्णन है। जिसमें वे माता-पिता, भाइयों और सखाओं के साथ खेलते है। गुरुजनों का सम्मान करते और ताड़का जैसे राक्षसों का संहार कर धर्म की स्थापना करते हैं, जो उनकी विनम्रता, आज्ञाकारिता और दैवीय स्वरूप को दर्शाती हैं। इन लीलाओं में वे ठुमुकु ठुमुकु चलते, पालने में झूले और माता कौशल्या को अपना विराट रूप दिखाकर चकित करतें , जिससे भक्तजन भाव-विभोर हो जाते हैं। कथा में मुख्य यजमान श्रीमती राधिका अतुल सोनी, गीता कृष्ण गोपाल , पिंकी धीरेन्द्र राय, पूजा सौरभ पाठक,सचिन रजनी चौरसिया, मीरा प्रमोद , प्रशांत अग्रवाल आदि भक्त शामिल हुए । रामायण का पूजन पण्डित प्रवीण तिवारी, पंडित आलोक पिपरैया, पण्डित वेद प्रकाश मिश्रा,पण्डित भूपेन्द्र दीक्षित ने कराया। कथा के मध्य ओरछा के सकलद्वारी के पीठाधीश्वर रितिक महाराज ने पंडित विनोद चतुर्वेदी को माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया ,वहीं मुख्य यजमान अतुल सोनी एंव बनवासी राम मंदिर के पुजारी दीपक त्रिपाठी द्वारा रितिक महाराज जी का स्वागत एंव सम्मान किया इस दौरान मनोज साहू, कैलाश कौशिक, ,कमलेश तिवारी भण्डारी जी,जयशंकर श्रीवास्तव, मनोज राय लाला, सुरेश राय, बालचंद्र राय सतीश बिलगैया,लक्ष्मण ठाकुर, रामगोपाल सेन, रमेश चौरसिया,आदि तमाम लोग मौजूद रहे। आभार युवराज पण्डित नितिन चतुर्वेदी जी महाराज ने किया।
रिपोर्ट : पवन जैन / बरुआसागर

निर्वाचक नामावलियों के अद्यतन कार्य में सहयोग करें मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल एवं मतदाता

प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए निर्धारित दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर आनलाइन ऑफलाइन देना होगा
झांसी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गणना चरण की अंतिम तिथि 26 दिसम्बर 2025 तक बढ़ा दी गई है। प्रदेश में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से छूट न पाए, इसके लिए सभी अधिकारियों को यह निर्देशित किया गया है कि सभी बूथ लेवल अधिकारियों के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म 6 तथा घोषणा पत्र की प्रति की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई। ऐसे नागरिकों को चिन्हित किया जाए जो 18 वर्ष पूर्ण कर चुके तथा वर्ष 2025 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस दौरान ऐसे मतदाता जो अपने पूर्व पते से स्थानांतरित होने के कारण अपना गणना प्रपत्र नहीं भर सके हैं, उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु फॉर्म-6 भरना होगा। साथ ही ऐसे नागरिक जिनका नाम 2025 की मतदाता सूची में नहीं है अथवा ऐसे युवा जो 01 जनवरी 2026, 01अप्रैल, 01 जुलाई, 01 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हों अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करवा सकते हैं। ऐसे पात्र नागरिक घोषणा पत्र तथा अन्य निर्धारित दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन/ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्हें फॉर्म-6 ऑनलाइन आवेदन करने के लिए voters.eci.gov.in पर तथा ऑफलाइन भरकर अपने बीएलओ को उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने बताया ऐसे भारतीय नागरिक जो विदेश में रह रहे हैं वह घोषणापत्र वह अन्य निर्धारित अभिलेखों के साथ फॉर्म-6A भरें। अतः विधानसभा निर्वाचक नामावलियों को अद्ययावधिक रूप से तैयार किए जाने हेतु जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं सम्मानीय मतदाताओं से अपील कर सहयोग अपेक्षित है।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता (सम्पादक )