सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए : डीएम

प्रत्येक बूथ पर फॉर्म-6,7 व 8 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने विशेष अभियान दिवस पर बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए मतदाताओं से संवाद करते हुए अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने हेतु फॉर्म-6 भरवाए जाने की अपील की।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष अभियान का जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने औचक निरीक्षण किया, निरीक्षित मतदेय स्थलों में पी.एम.श्री प्राथमिक विद्यालय डी.सी. तालपुरा बूथ संख्या 227 से 230 एंव बिपिन बिहारी इंटर कालेज नया भवन झाँसी बूथ संख्या 252 से 255 का निरीक्षण किया। मौके पर इन बूथ से सम्बन्धित कार्य सुपरवाइजर द्वारा अन्य बीएलओ के सहयोग से कराया जा रहा है। इस पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्य में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी को निरीक्षण के समय यह तथ्य संज्ञान में आया कि बीएलओ के पास कुछ फार्म डिजिटाइजेशन हेतु लम्बित हैं। उन्होंने सभी सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया है कि अपने से सम्बन्धित सभी मतदेय स्थलों पर प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की सूचना एकत्रित की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी फार्म 24 घंटे के अन्दर अनिवार्य रूप से डिजिटाइज्ड हो जाए। इसके अतिरिक्त एईआरओ के द्वारा फील्ड वैरिफिकेशन के लिए जो फार्म बीएलओ को भेजे गये हैं, उनका भी सत्यापन करके एक सप्ताह के भीतर एईआरओ के पोर्टल पर वापस करें। दोनों प्रकार के फार्म्स से सम्बन्धित सूचना क्षेत्रीय सुपरवाइजर द्वारा एकत्रित करके एईआरओ को प्रतिदिन भेजी जाए।
उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रत्येक दिन किये गए समस्त कार्यों की पोर्टल पर समीक्षा करें और यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी फार्म Unprocessed न रहे। साथ ही यह भी निर्देश दिये कि बीएलओ द्वारा किये गए फार्म डिजिटाइजेशन कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बूथ पर उपस्थित बीएलओ से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली और निर्देश दिए की सावधानी और संवेदनशीलता से कार्य करना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में उन्होंने विभिन्न बूथों पर उपस्थित सम्मानीय मतदाताओं से भी संवाद स्थापित किया और उन्हें आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित आम जनमानस से मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र को शामिल करने हेतु फॉर्म छह भरकर बीएलओ को जमा कराने की सलाह दी। जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तहसीलदार झांसी एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी : प्रणजीव सक्सेना

रेल सुरक्षा आयुक्त ने विजयपुर हाल्ट से वीरपुर तक किया रेलखंड का निरीक्षण
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं परिचालन सुगमता हेतु मूलभूत ढ़ांचे में विस्तार हेतु निरन्तर प्रयासरत है। इसी क्रम सबलगढ़ से बीरपुर आमान परिवर्तन के तहत नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन के दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र प्रणजीव सक्सेना ने विजयपुर हाल्ट से बीरपुर तक के रेलखंड का निरीक्षण किया गया I
रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना द्वारा मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ मोटर ट्राली के माध्यम से दोनों स्टेशनों के मध्य नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उक्त रेल खंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स आदि सभी इंस्टालेशन तथा उनकी कार्य क्षमता का गहनता से निरीक्षण किया गया I गेट्स, स्विचिंग पॉइंट्स, पॉइंट्स , सिग्नल सहित सभी संस्थापनों को आवश्यकतानुसार संचालित करते हुए परख की गयी। रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा सबलगढ़ से बीरपुर के मध्य आने वाले रेल अंडर ब्रिज, रेल ब्रिज आदि का गहनता से जांच किया। नवनिर्मित बीरपुर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर पैनल और रिले रूम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत 120 किमी/घंटा की रफ्तार से बीरपुर से सबलगढ़ के मध्य सफल स्पीड ट्रायल किया गया। अब इस खंड का शीघ्र ही प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर OHE और विद्युत संबंधित निरीक्षण करेंगे।
सबलगढ़ से बीरपुर तक रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के उपरांत अब ग्वालियर से श्योपुर कलां तक लगभग 188 किलोमीटर के आमान परिवर्तन के सिर्फ़ दो खंड बीरपुर से सिरोनी रोड 36.70 और सिरोनी रोड़ से श्योपुर कलां लगभग 33.350 किलोमीटर शेष है, जिसका कार्य तेज़ी से चल रहा है। इस ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। नई रेल लाइन से अनाज के परिवहन को बल मिलेगा, साथ ही व्यापार की नई संभावनाएं खुलेंगी। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेड़े, मुख्य सिग्नल इंजीनियर दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एस.के.गुप्ता समेत अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

हाईकोर्ट ने पुलिस मुठभेड़ की प्रथा पर जतायी कड़ी आपत्ति , डीजीपी और गृह सचिव से जवाब-तलब

प्रमोशन और शोहरत के लिए यूपी पुलिस कर रही है हाफ एनकाउंटर
थानाप्रभारियों पर लंगड़ा करने का टारगेट सा फिक्स हो गया है
झाँसी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आरोपियों के पैरों में गोली मारकर उसे पुलिस मुठभेड़ करार देने की यूपी पुलिस की प्रथा पर कड़ी आपत्ति जताई है। कोर्ट ने कहा कि इस तरह का आचरण पूरी तरह अस्वीकार्य है, क्योंकि किसी भी व्यक्ति को दंड देने का अधिकार केवल न्यायालयों के पास है, पुलिस के पास नहीं। यह आदेश न्यायमूर्ति अरुण कुमार सिंह देशवाल की एकल पीठ ने मिर्जापुर निवासी राजू उर्फ राजकुमार व दो अन्य की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान दिया। तीनों आरोपी कथित पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए थे।

डीजीपी और गृह सचिव से जवाब-तलब
कोर्ट ने राज्य के डीजीपी और गृह सचिव से स्पष्ट करने को कहा है कि क्या पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के पैरों में गोली मारने या किसी भी प्रकार की गोलीबारी को मुठभेड़ बताने के लिए कोई मौखिक या लिखित निर्देश दिए गए थे। अदालत ने इस प्रवृत्ति को “चिंताजनक” बताते हुए कहा कि यह अब नियमित घटना का रूप लेती दिख रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों को खुश करने या प्रमोशन की होड़
अदालत ने अपनी टिप्पणी में कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ मामलों में गोली चलाने की घटनाएं वरिष्ठ अधिकारियों को प्रसन्न करने, आरोपियों को तथाकथित सबक सिखाने या आउट ऑफ टर्न प्रमोशन पाने की मंशा से भी की जाती हैं। यदि ऐसा है तो यह कानून के शासन के खिलाफ है।
लोकतंत्र में शक्तियों का स्पष्ट विभाजन
कोर्ट ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका की भूमिकाएं स्पष्ट रूप से निर्धारित हैं। पुलिस द्वारा न्यायिक क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं हो सकता। अदालत ने यह भी जोड़ा कि कुछ अधिकारी जनता की सहानुभूति पाने या घटनाओं को “मुठभेड़” का रूप देकर अपनी छवि चमकाने के लिए अधिकारों का दुरुपयोग कर रहे होंगे।

निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का अनुपालन नहीं हुआ
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि इस प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया गया। अदालत ने स्पष्ट किया कि रिकॉर्ड से यह जाहिर है कि याची पुलिस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हुआ, इसके बावजूद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का अनुपालन नहीं हुआ। कोर्ट ने विशेष रूप से पीयूसीएल बनाम राज्य जैसे मामलों में सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय मानकों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस ने न तो घायल का बयान किसी चिकित्साधिकारी या न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया और न ही मुठभेड़ की जांच उस पुलिस दल के प्रमुख से उच्च रैंक के अधिकारी से कराई गई, जैसा कि दिशानिर्देशों में अपेक्षित है।

अवमानना करने पर कार्रवाई की दी चेतावनी
हाई कोर्ट ने एनकाउंटर के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आधार पर नई गाइडलाइंस जारी करते इसका पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि इसका पालन न होने पर जिलों के एसपी, एसएसपी और पुलिस कमिश्नर अवमानना की कार्रवाई के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। डीजीपी ने अदालत के समक्ष सहमति जताई कि पुलिस को हर परिस्थिति में कानून की सीमाओं के भीतर रहकर ही कार्य करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी इकाइयों को उचित प्रोटोकॉल सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएंगे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता सम्पादक

युवाओं के विकास के लिये पूर्ण रुप से तत्पर है प्रदेश सरकार : श्रीमती बेबीरानी मौर्य

जनपद में पूर्ण भव्यता के साथ मनाया गया “उत्तर प्रदेश दिवस-2026”
प्रभारी मंत्री ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की दिलाई शपथ
बालेन्द्र गुप्ता / झांसी। प्रभारी मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उ0प्र0 शासन श्रीमती बेबी रानी मौर्य के मुख्य आतिथ्य में “उत्तर प्रदेश दिवस” के अवसर पर सांस्कृतिक विभाग उ0प्र0 एवं जिला प्रशासन झाँसी के संयुक्त तत्वाधान में उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर “सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम” का आयोजन पं0 दीनदयाल उपाध्याय सभागार में किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत पवन गौतम, महापौर बिहारी लाल आर्य, रवि शर्मा विधायक सदर, जवाहरलाल राजपूत विधायक गरौठा, डॉ0 रश्मि आर्य विधायक मऊरानीपुर, शिक्षक विधायक डाॅ0 बाबूलाल तिवारी, सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद रामतीर्थ सिंघल, सदस्य राज्य महिला आयोग श्रीमती अनुपमा लोधी एवं जिलाध्यक्ष भाजपा प्रदीप पटेल सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार उ0प्र0 शासन श्रीमती बेबीरानी मौर्य ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जिलाधिकारी झांसी मृदुल चौधरी को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनांतर्गत उत्कृष्ट उपलब्धि पर सम्मानित किया जा रहा है, आप सभी को बहुत-बहुत बधाई।
उन्होंने कहा कि असीम संभावनाओं का हमारा प्रदेश आज संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ते हुए बीमारू से भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बना है। सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संजोये हुए अमृतकाल में हमारा प्रदेश समावेशी विकास के संकल्प को धरातल पर साकार कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रदेश का गठन 01 अप्रैल 1937 को हुआ था। तब इसका नाम था – यूनाइडेट प्रोविन्स, जबकि इसे उत्तर प्रदेश राज्य का दर्जा 24 जनवरी 1950 को मिला। 1834 तक यह राज्य बंगाल प्रेसीडेंसी के अधीन था, लेकिन जब अंग्रेजों को चौथी प्रेसीडेंसी बनाने की आवश्यकता महसूस हुई तब उन्होंने चौथी प्रेसीडेंसी के रूप में आगरा प्रेसाडेंसी की स्थापित की, इससे पहले तीन प्रेसीडेंसी बंगाल, बॉम्बे और मद्रास थे।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये प्रभारी मंत्री सहित समस्त अन्य जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर विभिन्न योजनांतर्गत 23 विभूतियों को उत्कृष्ट कार्य करने पर बुन्देलखण्डी पट्टा स्मृतिचिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया, जिसमें “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना”, मुख्यमंत्री युवा युवा स्वरोजगार योजना, विद्युत सखी, अंडरबॉल राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी सहित आज के कार्यक्रम में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमी अमित सिंह ज्वाइंट सेक्रेटरी बुन्देलखण्ड चैंबर्स को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही युवा चित्रकार विवेकानंद यूथ पुरस्कार विजेता अर्शप्रीत सिंह को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी मंत्री द्वारा समस्त उपस्थित जनों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी की बधाई देते हुए मतदाता शपथ भी दिलवाई और सभी से अनुरोध किया कि अधिक से अधिक पात्र मतदाता सूची में शामिल होने के लिए फॉर्म 6 भर कर जमा कराएं।इस अवसर पर मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे , मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, उपनिदेशक राजकीय संग्रहालय डॉ0 मनोज कुमार गौतम, डीसी मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी के शर्मा, जिला प्रोबोशन अधिकारी सुरेन्द्र पटेल, डीपीआरओ डॉ बी सी श्रीवास्तव, जिला उद्यान अधिकारी डॉ प्रशांत सिंह सहित भारी संख्या में योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थी एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद समाजसेवी डॉ0 नीति शास्त्री द्वारा किया गया।

 

15 वीं’ सनफ्रान विनोद खण्डकर ऑल इन्डिया हॉकी टूनामेंट का शुभारम्भ

टूनामेंट में देश की विख्यात टीमें करेंगी प्रतिभाग
झांसी। 15 वीं’ सनफ्रान विनोद खण्डकर अंडर-21 ऑल इण्डिया हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ 25 जनवरी को होगा। पावर्ड बाई माइसम सीमेन्ट हाइडलबर्ग एवं स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया व्दारा आयोजित इस टूर्नामेंट का शुभारंभ पं. रवि शर्मा (सदर विधायक) एवं सुधीर सिंह (जिला अध्यक्ष, भाजपा) व्दारा किया जाएगा। 25 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित इस टूर्नामेंट में देश की विख्यात टीमें भाग लेंगी। चलेगा। टूर्नामेंट संयोजक तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खांडेकर ने बताया कि इन टीमों में पिछले वर्ष की विजेता एन. सी. ओ ई लखनऊ, उप विजेता स्पोर्टस हॉस्टल, झांसी, ओ.टी. एच. एल. (नई दिल्ली, जय भारत हॉकी अकादमी, नई दिल्ली, स्टील अथोरिटि ऑफ इन्डिया, राउरकेला, एन.सी.ओ.ई. एन. मणिपुर, इम्फाल, हाकी भिवानी, हरियाणा अकादमी, करनाल, भीलवाड़ा हॉकी अकादमी, एम. एस. स्पोर्टस अकादमी, धौलपुर स्पोर्टस हॉस्टल, लखनऊ डी. एच. ए., आगरा, रायसेन हॉकी अकादमी, सुल्तानपुर हॉकी अकादमी, नागपुर हॉकी अकादमी विदर्भ, ए. वी. स्पोर्टस अकादमी, ग्वालियर हॉकी अकादमी, मुरादाबाद, एल. वी. एम. अकादमी झाँसी आदि शामिल हैं। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 75000 रुपये नगद पुरस्कार एवं उप विजेता टीम को 50,000 हजार रुपये नगद पुरस्कार स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया के सौजन्य से दिया जायेगा। साथ में प्रत्येक मैच का मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अल्फा हॉकी बैग सहित अल्फा हॉकी के प्रोपराइटर श्री नितिन महाजन, (जालंधर) के सौजन्य से दिया जायेगा। साथ में टूर्नामेन्ट का बेस्ट गोलकीपर, फुल बैक, टाफ बैंक, फारवर्ड का भी पुरस्कार दिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि 31 जनवरी को समापन समारोह के अवसर पर पदमश्री डॉ. धनराज पिल्ले (ओलम्पियन, अर्जुन अवार्डी) विशिष्ट अतिथि के रूप में रहेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में श्री आकाश कुलहरि (आई.पी.एस.) पुलिस महानिरिक्षक, झाँसी परिक्षेत्र रहेंगे। साथ में विशिष्ट अतिथि अशोक कुमार ध्यानचंद (ओलम्पियन, अर्जुन अवार्डी) रहेंगे। श्री संतोष मिश्राजी (एम. डी. सनफ्रान ग्रुप), श्री वीरेंद्र राय (चैयरमेन बसेरा ग्रुप, झांसी), श्री अखिलेश ताम्रकार (प्लांट हैड, माइसम सीमेन्ट-हाईडलबर्ग), श्री सुजीत मलिक (हैड एच. आर. एण्ड एडमिनिस्ट्रेशन, माइसेम सीमेन्ट- हाईडलबर्ग), श्री सुबोध कुमार गोप (उपमहाप्रबंधक, स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया), श्री अब्बू हसन अंसारी (क्षेत्रीय प्रबंधक) स्टेट बै ऑफ इण्डिया, डॉ. रोहित पाण्डेय (चैयरमेन, माउण्ट लिट्रा जी स्कूल) एवं श्री नितिन महाजन (प्रो. अल्फा हॉकी, जालंधर विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। झाँसी के वरिष्ठ खिलाड़ी सुरेश कुमार चौबे, प्रवीण एवं जे. के. उदैनिया को सम्मानित किया जायगा। झाँसी के सौरभ आनन्द कुशवाहा, वरिष्ठ खिलाड़ी श्री नौबत सिंह, एस. के. सूरी को भी सम्मानित किया जायेगा। टूर्नामेंट के आयोजन के लिए अविनाश श्रीवास्तव, लखनऊ टूर्नामेंट डायरेक्टर, श्री राजेश बिहारी (नागपुर) असिस्टेट डायरेक्टर, श्री संजय गौतम (एम्पायर मैनेजर) आगरा, प्रभागुप्ता (मुंबई) ब्रजेश यादव (गाजीपुर), रुपेन्द्र कुमार, अमित गुप्ता, सुनील गुप्ता, जावेदखाई सुशील महर्षि एम्पायर रहेगे।
रिपोर्ट / बालेन्द्र गुप्ता  

आपको किसी से भी डरने की आवश्यकता नहीं है सरकार आपके साथ खड़ी है : जमुना प्रसाद कुशवाहा

मृतक के परिजनों को दी पचास हजार की आर्थिक मदद
चिरगांव के मुराठा घाट पर ट्रैक्टर पलटने से हुई थी युवक की मौत
झांसी। चिरगांव थाना क्षेत्र के मुराटा घाट अवैध बालू खनन से जुड़े मामले में मृतक सुनील कुशवाहा के परिजनों से उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जमुना प्रसाद कुशवाहा ने उनके आवास पर पहुंचकर मुलाकात की।इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
राज्यमंत्री ने कहा कि सुनील कुशवाहा की हत्या एक बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है,जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कहा कि “आपको किसी से भी डरने की आवश्यकता नहीं है सरकार आपके साथ खड़ी है किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सूचित करें आपकी हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्यवाही की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की निष्पक्ष व शीघ्र जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का भी भरोसा दिलाया।
इस मौके पर कुशवाहा समाज के  पदाधिकारी,सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ राजेन्द्र कुशवाहा चेयरमैन टोडीफतेहपुर, मोनू मौर्य जिलाध्यक्ष पिछडा मोर्चा भाजपा झांसी,अरुण कुशवाहा (बबलू) प्रधान सेरसा, हरेंद्र कुशवाहा प्रधान पचौरा,रिंकू कुशवाहा प्रधान प्रतिनिधि चिरगांव,ध्रुव कुशवाहा बघेरा कार्यकारी जिलाध्यक्ष झांसी,बृजेन्द्र कुशवाहा पूर्व जिला सहमीडिया प्रभारी,विनोद कुशवाहा अध्यक्ष कुशवाहा समाज बबीना,घमंडी लाल कुशवाहा अध्यक्ष कुशवाहा गुरसरांय, कालका कुशवाहा अध्यक्ष कुशवाहा समाज चिरगांव,अशोक बाबू जी गुरसरांय,पवन चिरगांव,पंकज कुशवाहा गुरसरांय, कमलेश कुशवाहा पिंकू भैया,अनिल अडज़रा,धर्मेन्द्र बरुआ सागर, हर्ष बरुआ सागर, विनोद गुरसरांय, कन्हैया लाल खजांची भरत मन्दिर चिरगांव, मनोज कुशवाहा पूर्व पार्षद, अर्जुन सिंह चिरगांव, पंकज मिरोना, रज्जन, अशोक, राकेश कुशवाहा चिरगांव, कवि, महेन्द्र, बिंदी पार्षद, बबलू आचार्य जी, राघवेन्द्र आदि लोग मौजूद रहे।जिन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ” तेज “

झांसी में पुलिस के हत्थे चढ़ा गांजा तस्कर गिरोह

बरामद किए गए गांजा की कीमत 14 लाख से अधिक
झांसी। प्रेमनगर थाने की पुलिस ने मध्य प्रदेश के छतरपुर से गांजा लाकर दतिया में बेचने जा रहे कार सवार गांजा तस्करों का गिरोह चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। इनके पास से भारी मात्रा में गांजा, दो कारें, 27 हजार कैश बरामद किया है। बरामद किए गए गांजा की कीमत 14 लाख से अधिक है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति , एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ सदर रामवीर सिंह, प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडेय के निर्देशन में बिजौली पुलिस बल्लमपुर मार्ग पर लिटिल फ्लावर स्कूल के पास गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि स्विफ्ट कार सवार लोग छतरपुर म.प्र. से गांजा लाकर बल्लमपुर मार्ग से नगरा की तरफ जा रहे हैं, जहां से आरोपी दतिया निकलेंगे। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रेम नगर क्षेत्र की हंसारी पुलिस चौकी प्रभारी आशीष धामा और बिजौली पुलिस चौकी प्रभारी ओमकार सिंह ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार सवार युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक (एमपी 04सीजी-2623) और डिजायर कार क्रमांक (यूपी93सीके-4318) की तलाशी ली तो उन कारों के अंदर से 28.800 किलो ग्राम गांजा, 27000 हजार रुपए कैश बरामद किया गया।
इन तस्करों को किया गिरफ्तार
दतिया के थाना कोतवाली के रिजर्व पुलिस लाइन के पास गली नंबर चार में रहने वाले अखलेश कुमार दुबे, दतिया के थाना धीरपुरा के ग्राम छिकाऊ व हाल पता वार्ड नंबर चार विमलनगर गंज थाना ओरछा में रहने वाले देवेश विश्वकर्मा, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ के शंकर जी मंदिर के पास रहने वाले देवेन्द्र सिंह यादव, गढ़ियागांव के ए अम्बेडकर कालोनी खेरा में रहने वाले सुरेन्द्र सिंह राजपूत, शिवपुरी के थाना भौंती के ग्राम बुढ़ानपुर व हाल कसाई बाबा मोहल्ला नैनागढ़ में रहने वाले मुरारी साहू को गिरफ्तार कर लिया।
इस टीम को मिली है सफलता
बिजौली चौकी प्रभारी ओमकार, हंसारी चौकी प्रभारी आशीष धामा, बुविवि चौकी प्रभारी निखिल कुमार, मुख्य आरक्षी अखिलेस कुमार, नरेश कुमार, विनोद चाहर व प्रदुम्य तिवारी शामिल रहे है।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ” तेज “

चिरगांव :गुटखा व्यापारी लूटकाण्ड का खुलासा , ड्राईवर निकला मास्टर माइण्ड

दो लाख की नकदी बरामद , आरोपी गिरफ्तार , साथियों की तलाश जारी 
झांसी। चिरगांव पुलिस ही नहीं जनपद के पुलिस अफसरों के लिए सिरदर्द बनी गुटखा व्यापारी लूटकांड की घटना का चुनौतीपूर्ण स्वीकृत कर चिरगांव थाना प्रभारी राहुल राठौर  ने 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए लूटकांड के मास्टर माइंड गुटखा व्यापारी के गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो लाख की नकदी बरामद कर ली है। आपको बता दे कि गुटखा व्यापारी लूटकांड में तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर एसएसपी ने चिरगांव थाना प्रभारी को हटाकर उनके स्थान पर उपनिरीक्षक राहुल राठौर को चीर थाना प्रभारी बनाते हुए लूटकांड की घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे।
विवरण के मुताविक पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 जनवरी को चिरगांव थाना क्षेत्र के सेमरी टोल प्लाजा  के पास दो बाइक सवार दो बदमाशों ने गुटखा व्यापारी विष्णु गुप्ता के मुनिक सर्वेश की मारपीट कर उससे तकादा के सात लाख रुपयों की लुट कर ली थी। इस घटना का अनावरण करने के लिए एसएसपी ने सर्वेलेंस, ओर चिरगांव थाना पुलिस को लगाया था। एसएसपी ने बताया कि तमाम साक्ष्य ओर विवेचना के आधार पर गुटखा मालिक के गाड़ी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने यह लूट की योजना अय्याशी करने के लिए बनाई थी। उसने अपने मध्यप्रदेश के जिला दतिया निवासी साथी नरेश ओर जितेंद्र को लोकेशन देकर लूट कराई थी। पुलिस ने गाड़ी चालक विकास पाल निवासी रक्सा के कब्जे से लूट के दो लाख की नकदी बरामद कर ली। एसएसपी ने बताया कि कुल नकदी सात लाख की लूट थी। साथ ही चार से पांच लाख रुपए कीमत के कूपन थे। एसएसपी ने बताया कि गाड़ी चालक विकास पाल के फरार चल रहे दो साथियों की ओर तलाश की जा रही है।
नवागंतुक थानाप्रभारी राहुल राठौर ने दिखाया कार्यशैली का हुनर
जो घटना बीते बारह जनवरी को हुयी थी उस घटना में कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था लेकिन पूर्व में चिरगांव थाने तैनात थाना प्रभारी को एक गंभीर घटना में मामले में एसएसपी द्वारा हटाया गया और उस थाने में नवागंतुक थानाप्रभारी राहुल राठौर जो अपनी तेज कार्यशैली के लिए जाने जाते है उन्होंने थाने का कर्यभार संभालते ही इस लूटकाण्ड की घटना को महज चौबीस घण्टे में ही उजागर कर दिया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ” तेज ”

सनसनीखेज प्रीति हत्याकांड : पुलिस ने किया 24 घण्टे में उजागर खुले कई राज

आठ जनवरी को कुल्हाड़ी से काटकर कर दी थी हत्या
हत्या में शामिल प्रेमी , दूसरी पत्नी व पुत्र गिरफ्तार
झांसी। गत दिवस नीले बक्से में मिली आग से जली हुई महिला की लाश के प्रकरण से पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए उसके प्रेमी और प्रेमी की दूसरी पत्नी तथा उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण ब्लैकमेलिंग से तंग होकर कुल्हाड़ी से हत्या कर आग से जला दी थी। मृतक की लाश जलाने के लिए हत्यारोपी रिटायर्ड रेल कर्मी की दूसरी पत्नी का पुत्र लाया था। पुलिस ने हत्यारोपी रामसिंह ओर उसकी दूसरी पत्नी तथा पुत्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। रामसिंह ने बताया कि प्रीति किसी ओर फौजी के संपर्क में आ गई थी उससे दूरियां बनाने लगी थी इसलिए उसने प्रीति को ठिकाने लगा दिया।
विवरण के मुताबिक 17/18 जनवरी की रात थाना कोतवाली पुलिस ने एक लोडर चालक की सूचना पर मिनर्वा चौराहे से लोडर में एक नीले रंग का बक्सा बरामद किया था। टैक्सी चालक की पूछताछ के बाद पुलिस ने रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी नन्दन पुरा निवासी रामसिंह परिहार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। रामसिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी पहली पत्नी गीता है जो नंदन पुरा में ही रहती है, उसकी दूसरी पत्नी गीता मिनर्वा चौराहा के पास फूटा चोपड़ा में अपने पुत्र नितिन के साथ रहती है, यह उसकी तीसरी पत्नी प्रीति थी। रामसिंह ने बताया कि वह तीनों को बराबर से खर्चा देता था लेकिन प्रीति उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगी थी, उसने प्रीति को लहर की देवी मंदिर के पास ब्रम्हनगर में किराए से कमरा दिलाया था। उसने बताया कि प्रीति के ब्लैकमेल होने से परेशान होकर उसने दो साल पहले ही प्रीति की हत्या की साजिश रच ली थी, लेकिन कभी मौका नहीं मिला। उसने बताया कि आठ जनवरी की रात उसने प्रीति की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी थी और उसके शरीर को आग से जलाने के लिए अपनी दूसरी पत्नी गीता के लड़के नितिन से लकड़ी मंगवाई थी। घर में ही प्रीति के शव को जलाकर राख कर दिया था। उसके बाद मौका लगते ही 17/18 जनवरी की रात लोडर में बक्सा रखकर उसे ठिकाने लगाने जा रहा था। पुलिस ने रामसिंह की निशानदेही पर छापेमारी करते हुए हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बगमद कर उसकी दूसरी पत्नी गीता ओर उसके पुत्र नितिन को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के बाद सर मुंडवाया
झांसी। हत्या करने के बाद रामसिंह को पछतावा हुआ। इसके बाद उसने अपना मुंडन भी कराया ओर कई बार कोशिश की कि प्रीति की शव की राख ओर अस्थियां प्रवाह करने का प्रयास किया। लेकिन निकल नहीं सका था।
प्रीति का नहीं कोई पति, पूर्व में कोतवाली में हो चुके थे बंद
रामसिंह ने बताया कि प्रीति की कोई शादी नहीं हुई थी। प्रीति को अपनी पत्नी का दावा करने वाले राजकुमार से भी प्रीति ने शादी नहीं की थी वह सिर्फ उसके साथ रखैल के रूप में रह रही थी। रामसिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में राजकुमार ने थाना कोतवाली में उसके व प्रीति के खिलाफ उसे भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब वह ओर प्रीति दो दिन थाना कोतवाली में बंद रहे थे ओर प्रीति ने न्यायालय में बयान दिया था कि राजकुमार से उसका कोई लेना देना नहीं वह रामसिंह को अपना पति मानती है और उसी के साथ रहेगी। इसके बाद रामसिंह ओर प्रीति ब्रम्हनगर में किराए से कमरा लेकर रहने लगे थे।
एसएसपी के निर्देशन में पुलिस को मिली सफलता
झांसी। नीले बॉक्स में महिला की जली लाश मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई थी। इस पूरे हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने क्षेत्राधिकारी, थाना सीपरी बाजार पुलिस, सर्वेलेंस, ओर फॉरेंसिंक टीम को लगाया था। फॉरेंसिंक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। सर्वेलेंस टीम ने अपना जाल बिछाया और सीपरी थाना पुलिस ने हत्यारोपियों को भागने से पूर्व दबोच लिया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता ” तेज “

परीक्षा में AI का हो रहा उपयोग, गड़बड़ी करने वालों की होगी धरपकड़ : एडीएम प्रशासन

रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर बनाए जाएंगे हेल्प-डेस्क
झांसी। सह नोडल अधिकारी /अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में 17 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/ महिला शाखा)(प्रा0) परीक्षा -2025 की परीक्षा नगर के 20 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली में पूर्वाहन 09:00 से 11:00 बजे तक एवं द्वितीय पाली 17 परीक्षा केन्द्रों पर अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संपन्न होगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सहायक नोडल अधिकारी परीक्षा/ अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने परीक्षा को सकुशल,सुचिता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत निर्देश दिए कि समय से रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैण्ड पर हेल्प डेस्क बना लिए जाएँ ताकि आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक पहुँचने में कोई समस्या न रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर निगम को निर्देशित किया कि नगर के समस्त रैन बसेरा को पूर्ण व्यवस्थित कर लिया जाए ताकि परीक्षार्थी यदि वहाँ स्टे करते हैं तो उन्हें किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो।
नगर में उत्तर प्रदेश सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/ महिला शाखा)(प्रा0) परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा प्रथम पाली में नगर के 20 परीक्षा केंद्रों पर संपादित होगीं जिसमें 8352 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे और द्वितीय पाली में नगर के 17 परीक्षा केन्द्रों पर 7008 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने सम्बन्धित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा की संवेदनशीलता को बताते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों का सत्यापन सुनिश्चित कर लें ताकि कोई भी कमी ना रहे,साथ ही यह अवश्य देख लें कि परीक्षा केन्द्र में सीसीटीवी कैमरा वॉइस रिकॉर्डर के साथ, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैम्प आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर लें।
उत्तर प्रदेश सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित परीक्षा को पूर्ण सुचिता, पारदर्शी एवं नकल विहीन कराए जाने हेतु दिए गए प्रशिक्षण में उपस्थित केन्द्र व्यवस्थापकों/ कक्ष निरीक्षक सहित सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट मजिस्ट्रेट को प्रश्न पत्रों को खोलने, परीक्षा समाप्ति के बाद आंसर सीट की पैकिंग, सीसीटीवी कैमरे की फिक्सिंग, परीक्षा के पूर्व की व्यवस्थाएँ के साथ ही परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल ने विशेष बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया।
इस मौके पर एसपी सिटी सुश्री प्रीति सिंह , नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, पर्यवेक्षक उत्तर प्रदेश सेवा आयोग, डीआइओएस श्रीमती रति वर्मा,डीएसओ सुश्री सौम्या अग्रवाल सहित सैक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता