क्षेत्र में दुकानों से गाँजा बेचने की शिकायतें मिल रही हैं इसे रोका जाये : जिलाधिकारी

बिना माइन-टेक लगे खनन परिवहन करने वाले वाहनों पर ओवरलोडिंग के तहत चालान काटते हुए करें वसूली
विद्युत विभाग की आरसी वसूली में तेजी लाएं
वाणिज्य कर विभाग द्वारा माह दिसम्बर के लक्ष्य ₹127.41 करोड़ के सापेक्ष ₹78.45 करोड़ वसूली पर डीएम ने जताया असंतोष
झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कलेक्ट्रेट स्थित गॉधी सभागार में कर-करेत्तर एवं विविध देय सहित प्रवर्तन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समापन मे लगभग 02 माह शेष हैं। सभी विभाग वार्षिक लक्ष्य प्राप्ति के लिए रणनीति बनाते हुए वसूली में तेजी लाए ताकि जनपद को प्रदत्त वार्षिक लक्ष्य की शत प्रतिशत पूर्ति की जा सके।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग, परिवहन विभाग द्वारा मासिक लक्ष्य के सापेक्ष वसूली कम होने पर नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को वसूली बढ़ाए जाने के निर्देश देते हुए इन्फोर्समेंट के कार्यों में सुधार लाए जाने के निर्देश दिए। वाणिज्य कर विभाग द्वारा दिसम्बर माह में ₹127.41 करोड़ के सापेक्ष मात्र 78.45 करोड़ की वसूली पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने एडिशनल कमिशनर से पूछा कि टैक्स कहां से आता है तो अधिकारी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। जिलाधिकारी ने वसूली लक्ष्यपूर्ति के लिए टारगेट फिक्स करते हुए वसूली बढ़ाए जाने और क्षेत्र भ्रमण के दौरान जीएसटी चोरी रोकने के प्रयासों में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान राज्य उत्पाद शुल्क (आबकारी) विभाग की समीक्षा करते हुए विभाग द्वारा मासिक लक्ष्य 62.20 करोड़ के सापेक्ष 52.09 करोड़ वसूली पर सन्तोष व्यक्त किया, उन्होंने उपस्थित आबकारी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में दुकानों से गाँजा बेचने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, सख्ती से भ्रमण करते हुए रोका जाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षण संस्थानों के आस-पास नशीले पदार्थों की बिक्री कतई न हो इसे भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित एवं तहसीलदार को जारी 04 लंबित आर0सी0 जिसमें टहरौली के मनमोहन सिंह पुत्र बलवान लगभग 12 लाख, मोंठ तहसील के ओमप्रकाश चौरसिया 37 लाख, तहसील सदर के अमित साहू लगभग 03 लाख वसूली करना सुनिश्चित करें ताकि वार्षिक लक्ष्य को पूरा किया जा सके। उन्होंने बैठक में दुकानों के बाहर अथवा सार्वजनिक स्थलों पर खड़े होकर मदिरा पान करने वालों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन द्वारा प्रदत्त वार्षिक लक्ष्य की शत प्रतिशत पूर्ति के लिए विभाग के सोर्स की जानकारी ली और प्रवर्तन कार्यों को और प्रभावी बनाए जाने के निर्देश देते हुए कार्य करने की नसीहत दी। विभाग द्वारा माह के लक्ष्य ₹14.94 करोड़ के सापेक्ष ₹10.37 करोड़ वसूली पर असंतोष व्यक्त किया और वसूली को बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों में और तेजी लाए जाने और ओवर लोडिंग वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि लक्ष्य को पूरा वसूला जा सके।
बैठक में अलौह खनन एवं धातुकर्म (खनिज विभाग) की वसूली समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बिना माइनटेक लगे खनन परिवहन में प्रयुक्त वाहनों पर ओवरलोड के तहत चालान करते हुए वसूली करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अस्थायी चेक पोस्ट के माध्यम से ओवरलोड एवं अवैध खनन परिवहन पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने अवैध खनन को प्रभावी ढंग से रोक लगाने हेतु घाट पर अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, जिला आबकारी अधिकारी मनीष गुप्ता, जिला खनिज अधिकारी शैलेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण सुभाष चंद्र, अतिशासी अभियंता विद्युत रमाकांत दीक्षित सहित व्यापार कर,परिवहन विभाग एंव अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना लोगों को दिला रही बिजली के बिल से आजादी

झांसी में मार्च 2026 तक के लक्ष्य 4407 के सापेक्ष 8708 रूफटॉप सोलर प्लांट किए जा चुके स्थापित
प्लांट की स्थापना पर 45 हजार से 1.08 लाख रुपए तक की मिलती है सब्सिडी
झांसी। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली के बिल से आजादी दिलाने पर जोर दे रही है। योजना के अंतर्गत एक से दस किलोवाट क्षमता तक के रुफटॉप सोलर पावर प्लांट की स्थापना पर लाभार्थी उपभोक्ता को अनुदान राशि प्रदान की जाती है। झांसी जिले में अभी तक 8708 उपभोक्ता इस योजना के अंतर्गत अपने घरों में रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित कर चुके हैं।
योजना के अंतर्गत झांसी जिले को मार्च 2026 तक 4407 प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अभी तक 8708 लाभार्थियों के यहां सोलर प्लांट लगाए गए हैं। योजना में एक किलोवाट पर 45 हजार रुपए, दो किलोवाट पर 90 हजार रुपए और तीन से दस किलोवाट के प्लांट की स्थापना पर लागत मूल्य पर एक लाख आठ हजार रुपए का अनुदान प्रदान किया जाता है। एक किलोवाट के प्लांट से लगभग 150 यूनिट बिजली प्रतिमाह उत्पादित होती है।
झांसी शहर के बड़ागांव गेट बाहर के रहने वाले सत्यप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से उन्होंने अपने घर में सोलर प्लांट लगवाया है। इस प्लांट के लगवाने के बाद सब्सिडी की राशि भी प्राप्त हो चुकी है और बिजली बिल के बोझ से भी मुक्ति मिली है।
यूपीनेडा के झांसी जिले के प्रभारी परियोजना अधिकारी जी पी अनुरागी ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ़्त बिजली योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मुफ़्त बिजली उपलब्ध कराना है। इस योजना के अंतर्गत छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने के लिए उपभोक्ता को सब्सिडी दी जाती है। जनपद के उपभोक्ता इस योजना में काफी रुचि प्रदर्शित कर चुके हैं। अभी तक झांसी जनपद में 8708 घरों पर रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

ग्रामीण क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेश प्रसारित कराएं : बिमल कुमार दुबे

राष्ट्रीय राजमार्ग से संबद्ध सड़कों पर “टी-जंक्शन मोड़” बनाए लोक निर्माण विभाग
झांसी। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में मंडलायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार झांसी मंडल के तीनों जनपदों में 01 जनवरी 2026 से सड़क सुरक्षा माह संचालित है, इसके सफल क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरतापूर्वक करें। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग के अधिकारी लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु विकासखंड स्तर पर बैठकें आयोजित कराएं, इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत ग्रामवासियों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेश प्रसारित कराए जाएं। विभागीय अधिकारी सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित विभागीय गतिविधियों का वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार भी कराएं। ऐसे स्थल जहां पर लोक निर्माण विभाग की सड़कें राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंध है, उन स्थलों पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी टी-जंक्शन सड़क बनाए।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में मंडलायुक्त ने उपस्थित अधिकारी को निर्देश दिए कि मनरेगाके सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों, स्वास्थ्य इकाइयों, अंत्येष्टि स्थलों, खेल के मैदानों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 31 मार्च 2026 तक पैदल संपर्क मार्ग का निर्माण कराएं, जिससे ग्रामवासियों को इन स्थलों तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
समीक्षा बैठक के दौरान संयुक्त विकास आयुक्त सुरेश चन्द्र केशरवानी, संयुक्त शिक्षा निदेशक राजू राणा, संयुक्त कृषि निदेशक एल0बी0 यादव, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एस0एन0 त्रिपाठी, उप निदेशक महिला कल्याण श्रवण कुमार गुप्ता, श्रमायुक्त श्रीमती किरण मिश्रा, उप निदेशक अल्प संख्यक कल्याण मोहम्मद तारिक, उप निदेशक उद्यान विनय कुमार यादव, उप निदेशक पंचायती राज अजय आनन्द सरोज, उप निदेशक दिव्यांग शिव सिंह, उप निदेशक मत्स्य ज्ञानेंद्र सिंह, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

आठ उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल

आठ उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल
झांसी। कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने के लिए एसएसपी ने देर रात आठ उपनिरीक्षकों, चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल कर दिया है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने देर रात उपनिरीक्षक संत प्रकाश त्रिपाठी को थाना बबीना से नैनागढ़ चौकी प्रभारी, महिला उपनिरीक्षक स्वाति शुक्ला को नैनागढ़ चौकी से हटाकर किला चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक भगत सिंह को किला चौकी से हटाकर थाना बबीना, उपनिरीक्षक अंकुर कुमार थाना नवाबाद से थाना करवई, उपनिरीक्षक निखिल कुमार को मसीहा गंज चौकी से हटाकर विश्विद्यालय चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक नवीन कुमार तिवारी को विश्विद्यालय चौकी से हटाकर थाना मऊरानीपुर, उपनिरीक्षक साजेश कुमार को थाना नवाबाद से हटाकर मसीहा गंज चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक पवन जायसवाल को पुलिस लाइन से थाना नवाबाद भेजा।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

लोक निर्माण विभाग का लिपिक बीस हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

पीएफ और पेंशन पास कराने के लिए मांगी थी रिश्वत
झांसी। घूसखोर कर्मचारियों अफसरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एंटी कर्पशन टीम ने लीक निर्माण विभाग खंड तीन के वरिष्ठ लिपिक को बीस हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक आज सुबह एंटी कर्पशन टीम कचहरी चौराहा स्थित लोक निर्माण विभाग के खंड तीन कार्यालय पहुंची। जहां टीम ने वरिष्ठ लिपिक संतोष निरंजन निवासी खे निवासी को दबोच लिया। टीम ने जबकि जेब से बीस हजार की रिश्वत भी बरामद कर ली। बताया जा रहा है कि एक सेवानिवृत कर्मचारी से पेंशन को लेकर किसी कार्य को रिश्वत मांगी जा रही थी। रिश्वत न देने पर पीड़ित को चक्कर कटवाए जाते थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी कर्पशन टीम को दी थी। आज टीम ने अपना जाल बिछा कर उसे दबोच लिया। वरिष्ठ लिपिक के पकड़े जाने पर पूरे कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं शिकायत कर्ता राजेंद्र कुमार निवासी आईटीआई के पीछे के पिता 31 अक्टूबर 2025 रिटायर्ड हुए थे। उनका पीएफ का पैसा ओर पेंशन पास कराने के लिए चालीस हजार की रिश्वत मांगी थी। जिसमें से आज पीड़ित ने बीस हजार रुपए दिए थे। जिस पर तत्काल एंटी कर्पशन टीम ने लिपिक को तत्काल रिश्वत लेते दबोच लिया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

बड़ी कार्यवाही : दिन दहाड़े बीच चौराहे सीबीआई ने उठाया घूसखोर अफसरों को

जीएसटी के वकील के घर पर भी छापा, लंबी पूछताछ जारी
सत्तर लाख रुपए घूस लेने के आरोप में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई
झांसी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी), झाँसी, उत्तर प्रदेश कार्यालय में चल रहे एक रिश्वतखोरी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस अभियान के दौरान सीबीआई ने एक उप आयुक्त (आईआरएस-सी एंड आईटी), दो अधीक्षकों, एक अधिवक्ता तथा एक निजी कंपनी के स्वामी को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है।
विवरण के मुताविक सीबीआई ने मंगलवार को दर्ज इस मामले में सीजीएसटी, झाँसी में तैनात उप आयुक्त (आईआरएस-सी एंड आईटी 2016 बैच), दो अधीक्षकों, एक अधिवक्ता, निजी कंपनियों के स्वामियों तथा कुछ अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध एक निजी फर्म को जीएसटी चोरी के मामलों में अनुचित लाभ पहुँचाने के लिए 1.5 करोड़ रुपये की अवैध मांग के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी। सीबीआई ने जाल बिछाकर अधीक्षक अनिल तिवारी और अजय कुमार शर्मा को 70 लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया। यह रिश्वत सीजीएसटी झाँसी के उप आयुक्त के कहने पर ली जा रही थी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में दोनों अधीक्षक, उप आयुक्त, एक अधिवक्ता तथा एक निजी कंपनी के स्वामी शामिल हैं। इसके बाद की गई तलाशी में लगभग 90 लाख रुपये नकद, कई संपत्ति दस्तावेज तथा भारी मात्रा में आभूषण/सोना-चाँदी बरामद किए गए हैं। तलाशी की प्रक्रिया अभी जारी है और आगे की जाँच लगातार की जा रही है। अब तक कुल लगभग 1.60 करोड़ रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। इस मामले में टीम ने सीजीएसटी की डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
बताते हैं कि इससे पहले ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट से जुड़े मामलों में सीबीआई की टीम पर स्थानीय पुलिस ने एक बार स्पेशल 26 जैसी स्थित मानकर पूछताछ की थी, लेकिन बाद में पुष्टि के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था, जो अवैध बिटकॉइन लेनदेन से संबंधित था। टैक्स चोरी के एक रैकेट से वकील के जुड़े होने की पुख्ता सूचना पर कार्रवाई की गई है। बताते हैं कि केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के कर्मियों के साथ सीबीआई ने जय दुर्गा हार्डवेयर के मालिक राजू मंगतानी और वकील नरेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने घूस मांगने के मामले में मंगलवार को अपनी पड़ताल शुरु की थी और केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के कार्यालय में रिश्वतखोरी रैकेट का पर्दाफाश किया। तलाशी के दौरान इनके पास से 90 लाख रुपए, कई संपत्ति दस्तावेज समेत सोने चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। बरामद माल की कीमत एक करोड़ 60 लाख रुपया आंकी गई है। सूत्रों का कहना है कि अधीक्षक अनिल तिवारी, अधीक्षक अजय शर्मा, अधिवक्ता नरेश गुप्ता मिलकर जीएसटी कर चोरी के मामले निपटाते थे। इनके खिलाफ प्राइवेट फर्मों को फायदा पहुंचाने के लिए एक करोड़ 50 लाख रुपए घूस मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
बारह दिन पहले मारा था छापा
19 दिसंबर को डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी के नेतृत्व में सेंट्रल जीएसटी की टीम ने झोकन बाग में जय दुर्गा हार्डवेयर फर्म पर छापा मारा था। फर्म पर टैक्स में गड़बड़ी करने का आरोप था। टीम यहां से 3 बोरों में कागजात भरकर ले गई थी। इस मामले की छानबीन चल रही थी। बताया जा रहा है कि इस मामले को निपटाने के लिए सेंट्रल जीएसटी अफसर डेढ़ करोड़ रुपए की डिमांड कर रहे थे। इसको लेकर वकील नरेश कुमार गुप्ता के जरिए जय दुर्गा हार्डवेयर का प्रोपराइटर राजू मंगनानी से बातचीत चल रही थी। इसका इनपुट सीबीआई तक पहुंच गया था। तभी सीबीआई ने मंगलवार को केस दर्ज किया था।
बरामद माल की कीमतआंकी गई लगभग 1.60 करोड़
इसके बाद कस्टम एंड इनडायरेक्ट टैक्स के कर्मियों के साथ सीबीआई ने जय दुर्गा हार्डवेयर के मालिक राजू मंगतानी और वकील नरेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। इसके बाद उनके ठिकानों पर छापा मारकर एक करोड़ 60 लाख रुपए और जेवर जब्त किए। तलाशी के दौरान इनके पास से 90 लाख रुपए, कई प्रॉपर्टी के दस्तावेज समेत सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए। बताया गया है कि सुपरिटेंडेंट अनिल तिवारी, सुपरिटेंडेंट अजय शर्मा, वकील नरेश गुप्ता मिलकर जीएसटी चोरी के मामले निपटाते थे। इनके खिलाफ प्राइवेट फर्मों को फायदा पहुंचाने के लिए 1.5 करोड़ रुपए की घूस मांगने का केस दर्ज किया गया है। सीबीआई का कहना है कि सभी आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

नगर निगम सदन बैठक : हंगामा,नोकझोंक के बीच थपथपाईं मेजें ,पुनरीक्षित बजट हुआ पास

कार्यकारिणी की तरह सदन में भी आय-व्यय पर नहीं हुई चर्चा
40745.75 लाख रुपए का पुनरीक्षित बजट 2025-26 पारित
महापौर से विपक्षी सदस्यों की हुई तीखी नोकझोंक, जमीन पर बैठकर जताया विरोध
झाँसी। बुधवार को नगर निगम के सदन हॉल में महापौर बिहारी लाल की अध्यक्षता में सदन की बैठक आयोजित की गई। जिसमें पुनरक्षित बजट 2025-26 का रखा गया और इस बजट में किन-किन मर्दों पर खर्च होने वाली धनराशि को लेकर सभी पार्षदों से चर्चा की गई चर्चा के उपरांत बजट को सदन से सहमति मिली और बजट पास हुआ। बजट पास होने से पूर्व सदन की बैठक शुरू होते ही वंदे मातरम धुन बजाकर सभी ने वंदे मातरम गीत गया। इसके उपरांत सदन की बैठक शुरू हुई जिसमें पार्षदों के द्वारा शहर के विकास निर्माण कार्यों को लेकर एवं सौर्दयकरण को लेकर सभी पार्षदों ने महापौर बिहारी लाल आर्य एवं नगर आयुक्त आकांक्षा राणा के समक्ष अपने प्रस्ताव रखें। प्रस्ताव को लेकर पार्षदों ने सर्वप्रथम मुद्दा पार्कों की व्यवस्था को लेकर व उससे होने आय को लेकर रखा। जिसमें कार्यकारिणी सदस्य बंटी राजा, मुकेश सोनी एवं पार्षद कन्हैया कपूर ने मुद्दे पर काफी बहस की। जिसमें उनका कहना था कि पार्काे जो शुल्क अब आ रहा है इससे नगर निगम नुकसान में जा रहा है जो कंपनी पार्क व्यवस्था देख रही है उसका टेंडर निरस्त किया जाए। जिस पर महापौर एवं नगर का कहना था कि जो टेंडर होते हैं और जो टेंडर प्रक्रिया होती है उसमें निरस्त करने की प्रक्रिया के लिए एक नोटिस जारी किया जाता है इसके बाद जो कंपनी से एग्रीमेंट हुआ था वह सारे संसाधन देखे जाते हैं इसके लिए टीम बनी है और निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट आएगी उसे पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पार्षदों का कहना था कि  पार्कों के आसपास जो ठेले व फूल बेचने वाले लगे रहते हैं उनसे सुविधा शुल्क लिया जाता है यह सब बंद किया जाए‌। सदन नेता नरेंद्र नामदेव ने कहा पार्षदों के द्वारा जो भी प्रस्ताव रखे गए उनको गंभीरता से नहीं लिया जाता और सदन सर्वाेपरि है। पार्षद नीता विकास यादव ने कहा कि जो जोन बनाए गए हैं उसे जनता परेशान हो रही है जनता के लिए व्यवस्था नगर निगम में की जाए और कहा कि कंपनियों ने पाइपलाइन डालने के लिए सड़कों को खुद डाला है इसी तरह जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के संदर्भ में भी पार्षदों ने अपनी बात रखी सड़क पानी बिजली की समस्याओं का मुद्दा पूरी तरह सदन की बैठक में छाया और बैठक में डीजल के मामले को लेकर भी जिसमें हरिओम मिश्रा पार्षद द्वारा डीजल के मामले की जानकारी बताने पर नगर आयुक्त ने जो कार्रवाई की है उसमें मामला संज्ञान में आया इसमें लाखों रुपए का डीजल चोरी हो रहा था इस मामले को उजागर किया गया कहा गया कि जो भी इस कार्य में शामिल है उन पर कार्रवाई की जाएगी। आने वाले मौसम गर्मी के मौसम में पानी की समस्या बढ़ जाती है जिसके संबंध में संबंधित जल संस्थान व जल निगम के अधिकारियों से सभी पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की पानी की समस्या की बात रखी। जिसमें उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में पूरी तरह पानी नहीं पहुंचता है और जनता परेशान हो रही है आज भी सर्दी के मौसम में पानी नहीं पहुंच रहा है जिसमें जल संस्थान व जल निगम की लापरवाही के कारण यह व्यवस्था पूरी तरह धवस्थ है जिस पर जल संस्थान पर जल निगम के अधिकारियों ने कहा कि गर्मी आने से पूर्ण व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया डिपार्टमेंट द्वारा जो भी प्रस्ताव समस्याएं रखी गई है उन पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। महापौर ने नगर निगम की प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि आप अपने कार्य को गंभीरता से करें जिससे कि पार्षदों के द्वारा पुनः शिकायत का मौका ना मिले सदन की बैठक में जो भी प्रस्ताव आए हैं उनको आगामी बैठक तक संपूर्ण कर लिया जाए। बैठक में महेश गौतम विकास खत्री उमेश जोशी नीता विकास यादव रितिका गौरव तिवारी रिंकू वंशकार महेंद्र सिंह यादव राहुल कुशवाहा कन्हैया कपूर सुलेमान मंसूरी सुंदर कुशवाहा अरविंद झा आशीष रैकवार प्रदीप खटीक आशीष चौकसे, उमेश जोशी, भरत सेन सहित पूर्व महापौर एवं एमएलसी राम तीरथ सिंगल एमएलसी राम निरंजन एवं अपन नगर आयुक्त राहुल यादव रोली गुप्ता सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार अधिकारी गण मौजूद रहे सदन का संचालन सदन प्रभारी राघवेंद्र सिंह निरंजन ने किया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता

नगर निगम में सफाई कर्मचारियों को शीतकालीन वर्दी का किया वितरण

झांसी। नगर निगम कार्यालय में वार्ड नं0 44 और 55 के समस्त सफाई क्रमचारियो को शीतकालीन वर्दी नगर निगम स्थित महारानी लक्ष्मीबाई सभागार में वार्ड नं0 44 एवं वार्ड नं0 55 के समस्त सफाई क्रमचारियो को शीतकालीन वर्दी के वितरण का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में महापौर बिहारी लाल आर्य ने सफाई क्रमचारियो को शीतकालीन वर्दी को वितरित किया। महापौर ने वर्दी वितरण पर सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारे सफाई क्रमचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है और उनके स्वास्थ्य एवं सुविधा का ध्यान रखना नगर निगम की प्राथमिकता हमेशा रही है। शीतकालीन वर्दी से शीत ऋतु में कार्य करने में सुविधा रहेगी तथा इसी प्रकार समस्त जोनल कार्यालय से अन्य वार्डों में वर्दी का वितरण किया जायेगा। उक्त अवसर पर पार्षद सुनील नैनवानी, श्रीमती नीता विकास यादव,मुकेश सोनी, श्रीमती प्रियंका साहू,प्रदीप खटीक, संजीव गुप्ता, राहुल कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त, डा विनीत कुमार, व नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें। इसी क्रम में वार्ड न0 55 पार्षद सुनील नैनवानी ने श्री झूलेलाल पार्क के नगर निगम के सफाई कर्मचारियो को कंबल और गर्म कैप सर्दी के उपयोग के लिए वितरण किया कार्यक्रम के मुख्यातिथि जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह, गोकुल दुबे एव सफाई निरीक्षक प्रदीप अग्निहोत्री मोजूद रहे।
सम्पादक / बालेन्द्र गुप्ता : रिपोर्ट / विजय कुशवाहा

पूर्व प्रधान मंत्री के जन्म दिवस पर होगी प्रतियोगिता

झांसी। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह के नेतृत्व में मैराथन बैठक हुई। सर्वप्रथम बबीना विधानसभा के सभी शक्ति केंद्र प्रभारी सदर विधानसभा शक्ति केंद्र के प्रभारी एवं सोशल मीडिया की टीम तथा जिला अभियान टोली की बैठक हुई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा एसआईआर में लगे हुए सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है बचे हुए शेष कार्य को भी जल्द कर ले तथा आगामी 28 तारीख तक जो अभियान चलाए जा रहे हैं जैसे अटल जी के जन्म दिवस पर स्वच्छता अभियान दीपांजलि कार्यक्रम ,संगोष्ठी, रंगोली, एवं निबंध प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन ,वीर बाल दिवस के साथ मन की बात कार्यक्रम कार्यक्रम को सफल बनाएं। इस अवसर पर मंचासीन रहे जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह ,विनोद नायक,अमित साहू,अखिलेश गुप्ता , अभिषेक जैन आदी उपस्थित रहे। बैठक में मीनू राजावत ,रूबी कुशवाहा,संजीव तिवारी, आशीष तिवारी ,प्रियांशु डेे ,विकास कुशवाहा ,सुनील नेनवानी ,दिगंत चतुर्वेदी ,संजीव अग्रवाल लाल ,बंटी सोनी ,प्रियंका साहू ,आदर्श गुप्ता,गोकुल दुबे, मनी सरदार , सौरभ मिश्रा ,चेतन ओझा ,कमलेश परिहार आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट / विजय कुशवाहा

राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजान

झांसी। पं० दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी, खेल निदेशालय एवं क्षेत्रीय खेल कार्यालय के तत्वावधान में पं० दीन दयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी के शुभ अवसर पर राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष वॉलीबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिवस का मैच आज मुख्य अतिथि सुनील कुमार तिवारी वॉलीबाल संघ के महासचिव-कानपुर एवं विशिष्ट अतिथि धीरेन्द्र सिंह सचान रैपरी बोर्ड के चेयरमैन वॉलीबाल संघ-कानपुर के आतिथ्य में किया गया। जिसमें सर्वप्रथम सुनील कुमार उप क्रीडाधिकारी व डॉ रोहित पाण्डेय जिला वॉलीबाल संघ के चेयरमैन द्वारा बुके देकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट द्वारा अलीगढ़ मण्डल व वाराणसी मण्डल के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता के अवसर पर अंकुर राणा भारोत्तोलन प्रशिक्षक, सुषमा कुमारी हॉकी प्रशिक्षिका, नितेश कुमार राज क्रिकेट प्रशिक्षक, सुजीत तिवारी हॉकी प्रशिक्षक, विकास वैदया जिम ट्रेनर, सतीश कंचन, राज किशोर तिवारी, बद्री प्रसाद, जगदीश कप्तान, अनिल जेम्स आदि ने प्रतियोगिता में सहयोग प्रदान कर उपस्थित रहे। राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष वॉलीबाल प्रतियोगिता का मैच आज पूर्वान्ह 10 बजे से क्वाटर फाइनल व सेमीफाइनल मैच खेले जायेंगे। उक्त कार्यक्रम का संचालन राम किशन निरंजन उपाध्यक्ष वॉलीबाल संघ द्वारा किया गया।
रिपोर्ट / विजय कुशवाहा