सहकारिता ग्रामीण विकास का शक्तिशाली माध्यम है :डॉ. प्रवीण सिंह
अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह 2025 के अंतर्गत सहकारी संवाद का हुआ आयोजन
झाँसी। अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह – 2025 के अवसर पर आयोजित “सहकारी संवाद” कार्यक्रम आज झाँसी में बी-पैक्स उल्दन, विकास खंड बंगरा में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम सहकारिता की भावना को मजबूत करने, ग्रामीण विकास को नई दिशा देने और किसान, महिला, युवा एवं सहकारी संस्थाओं के बीच सहयोग का मजबूत सेतु स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक सहयोग का साधन नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और ग्रामीण विकास का एक शक्तिशाली माध्यम भी है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा दी जा रही है और सहकारिता मंत्री जे. पी. एस. राठौर के कुशल नेतृत्व में राज्य के 7,000 से अधिक निष्क्रिय पार्षद सहकारी समितियाँ पुनः सक्रिय हुई हैं। इसके साथ ही डिजिटल पहल सहकार सारथी और सहकारी बैंकों में मुनाफे की तीन गुना वृद्धि जेसी उपलब्धियों के माध्यम से सहकारिता को और अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी झांसी के जिला महामंत्री अरुण सिंह द्वारा की गई, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष उदय लुहारी उपस्थित रहे। उन्होंने सहकारिता के महत्व, ग्रामीण विकास में पार्टी की नीतियों और स्थानीय स्तर पर किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला सहकारी विकास संघ के निदेशक कुंवर लाखन सिंह अस्ता, उपेंद्र सिंह राजावत, सहकारी संघ चेयरमेन श्यामसुंदर तिवारी सतपुरा,सत्यपाल सिंह पठा,नरोत्तम सिंह,कृष्णपाल सिंह,प्रतापनारायण अग्रवाल, दृगपाल सिंह, हरनारायण नन्ना,रामकुमार तिवारी,दीपू तिवारी,अखिलेश पटेरिया,ज्ञानेंद्र सिंह,आशाराम कोटेदार,अशोक कुमार,प्रतिपाल सिंह,मोनू व्यास,सरजू पाल,हेमंत पटेल,हरप्रसाद, द्वारका प्रसाद,परमानंद कुशवाहा,रामजी भाई,अरविंद्र कुशवाहा आदि लोग मौजूद रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
महिला का मकान हड़पने में पूर्व विधायक के खिलाफ रपट दर्ज
फर्जी कागज के सहारे वसीयत कराने का लगया आरोप
मकान बेचा गया मौजूदा पार्षद के भाई को
पूर्व विधायक व मौजूदा पार्षद भाई के खिलाफ मामला दर्ज
झांसी। बबीना से पूर्व विधायक सतीश जतारिया के खिलाफ बुजुर्ग महिला के मकान को फर्जीवाड़ा करके हड़प लेने के आरोप में नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।आरोप है पूर्व विधायक ने खुशीपुरा स्थित विपिन बिहारी इंटर कॉलेज की जमीन में बने मकान के फर्जी कागज बनाकर अपने नाम वसीयत करा लिया। इसके बाद 22 लाख रुपये लेकर बैनामा कर दिया। यहां रहने वाली महिला बेघर हो गई।विवरण के मुताविक खुशीपुरा में रहने वाली रामप्यारी के परिवार का कहना है कि फर्जी वसीयतनामा तैयार करवाकर उनका पैतृक मकान पहले अपने नाम कराया गया, फिर 22 लाख रुपए में बेच दिया। पुलिस ने अब केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खुशीपुरा निवासी प्यारेलाल के अनुसार 1957 में विपिन बिहारी इंटर कॉलेज के पास उनके परिवार को जमीन का पट्टा मिला था। इस पर मकान बनवाया गया और बाद में बंटवारे में इसका एक हिस्सा रतनलाल के हिस्से में आया। 2012 में रतनलाल की मौत के बाद पत्नी रामप्यारी, 5 बेटियां और बेटा बेटा वारिस रहे। परिवार का आरोप है कि मकान का हक इन्हीं 6 लोगों का था। परिजनों का कहना है कि पूर्व विधायक सतीश जतारिया ने फर्जीवाड़ा कर रामप्यारी के नाम से बनावटी वसीयतनामा तैयार करवाया। इसी दस्तावेज के आधार पर उन्होंने मकान अपने नाम करा लिया। इसके बाद रामप्यारी के बच्चों को घर से बेघर कर दिया गया। आरोप है कि पूर्व विधायक ने मकान मौजूदा पार्षद अतुल वर्मा के भाई रवि रामपुरी को 22 लाख रुपए में बेच दिया। परिजनों के अनुसार कई साल तक सुनवाई नहीं हुई, लेकिन पिछले महीने प्रशासनिक जांच में फर्जीवाड़ा साबित हुआ। अब बैनामा निरस्त कराने की प्रक्रिया जारी है। प्यारेलाल की तहरीर पर नवाबाद पुलिस ने पूर्व विधायक सतीश जतारिया और रवि रामपुरी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने कहा कि “मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है, तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
बिपिन बिहारी इंटर कालेज के ट्रस्ट की हैं संपत्ति
तहरीर में बताया गया कि उक्त विक्रयनामा में क्रेता भी वर्तमान वार्ड मैम्बर अतुल वर्मा का सगा भाई है, तथा राजनैतिक फायदा उठाते हुए दोनों लोगों ने आपसी साठ-गांठ कर बैनामा करा लिया है। उसके भाई रतनलाल की पत्नी स्व. रामप्यारी जिसकी मृत्यु भी सन 2017 में हो चुकी है को किसी भी प्रकार से उक्त संपूर्ण मकान की वसीयत करने का अधिकार ही नहीं था। स्व. रामप्यारी के छह बच्चे हैं, जिसमें पांच बेटियां व एक बेटा सभी विवाहित है और उक्त संपत्ति विपिन बिहारी इंटर कालेज ट्रस्ट की है, जिसका किराया उसके द्वारा आज भी भर रहा है।
रजिस्ट्री शुदा बैनामा की भी कराई गई जांच
पूर्व विधायक द्वारा अपना राजनैतिक प्रभाव से जाल-साजी व फर्जी दस्तावेजों को आधार बनाकर उक्त मकान की रजिस्ट्री (बैनामा) कर दिया गया हैं, जिसकी रजिस्ट्री शुदा बैनामा को निरस्त कराने की कार्रवाई उक्त प्रकरण की जांच भी करायी जा चुकी है। तहरीर के आधार पर नवाबाद थाना पुलिस ने बंगलाघाट निवासी सतीश जतारिया और खुशीपुरा निवासी रवि रामपुरी के खिलाफ बीएनएस 318 (4), 338, 336 (3), 340 (2), 61 (2) (ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
बबीना विधानसभा की विशाल एकता यात्रा आज
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे मुख्य अतिथि
झांसी। बबीना विधानसभा क्षेत्र में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जन्म जयंती समारोह अभियान के अंतर्गत चिरगांव मंडल में 17 नवम्बर को आयोजित एकता यात्रा की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। चिरगांव नगर उत्सव के अनुरूप सुसज्जित है।
बबीना विधायक राजीव सिंह परीक्षा ने बताया कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय भाव के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के 150 वीं जयंती समारोह अभियान के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में चिरगांव में प्रस्तावित विशाल यूनिटी मार्च में सम्मिलित होंगे। झांसी जनपद के समस्त जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त महाविद्यालय, चिरगांव में जनसभा होगी। सभा के उपरांत उपमुख्यमंत्री द्वारा एकता यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। यात्रा महाविद्यालय से प्रारंभ होकर मंडी, रामनगर चौराहा, थाना, पहाड़ी चुंगी, पहाड़ी तिराहा, मिश्रा ढाबा होते हुए अंतिम पड़ाव महेवा तिराहा पहुंचेगी, जहां पुनः जनसभा आयोजित होगी।
यात्रा प्रभारी मुकेश मिश्रा ने बताया कि यात्रा मार्ग के प्रत्येक प्रमुख चौराहे पर पुष्पवर्षा की व्यवस्था रहेगी। यात्रा में देशभक्ति गीत, विभिन्न झांकियां एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनों का समावेश रहेगा। यह आयोजन सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर राष्ट्रपुरुष को समर्पित सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि 562 रियासतों का एकीकरण कर भारत को अखंड राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करने का ऐतिहासिक कार्य सरदार पटेल द्वारा ही किया गया, और यह यात्रा उसी कृतज्ञ स्मरण का प्रतीक है।
एकता यात्रा में 17 को शामिल होगे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य-राजीव सिंह
राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त महाविद्यालय में होगी जनसभा
झांसी। सरदार पटेल जन्म 150 वीं जन्म जयंती समारोह अभियान के अंतर्गत बबीना विधानसभा के चिरगांव मंडल में 17 नवंबर को होने वाली यूनिटी मार्च के संबंध में प्रेस वार्ता का आयोजन सर्किट हाउस में किया गया, जिसमें पत्रकारों को जानकारी देते हुए बबीना विधायक राजीव सिंह परीक्षा ने कहा देश की एकता के आधार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जन्मजयंती समारोह अभियान के अंतर्गत की 17 नवंबर को उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बबीना विधानसभा की होने वाली एकता यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ झांसी जनपद के समस्त जनप्रतिनिधि भी इस में सम्मिलित होंगे। सर्वप्रथम राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त महाविद्यालय में जनसभा होगी उसके पश्चात यात्रा का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री के द्वारा होगा। यह यात्रा महाविद्यालय से प्रारंभ होते हुए मंडी, रामनगर चौराहा, थाना, पहाड़ी चुंगी, पहाड़ी तिराहा, होते हुए अंतिम पड़ाव महेवा तिराहे पहुंचेगी जहां पुनः एक जनसभा होगी। उन्होंने बताया प्रत्येक चौराहे पर यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्पवर्षा की जायेगी यात्रा में देशभक्ति गीत, विभिन्न झांकियां भी सम्मिलित होंगी और इस यात्रा के माध्यम से हम सभी झांसी जनपद बासी राष्ट्रपुरुष को श्रद्ध ांजलि अर्पित करेंगे। जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार ने कहा कि यह यात्रा सरदार पटेल जी 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनको सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु पूरे देश में की जा रही क्योंकि आज हम जो अखंड भारत का स्वरूप देखते है उस भारत को अखंडता प्रदान करने का कार्य 562 रियासतों को देश में शामिल करके उन्होंने ही किया। इस अवसर पर एमएलसी रमा निरंजन, यात्रा प्रभारी मुकेश मिश्रा, महोबा प्रभारी संजीव श्रृंगीऋषि, विकास कुशवाहा,चेतन ओझा मीडिया प्रभारी, हेमंत पांचाल, भूपेंद्र रायकवार, रवि पाल, मनोज झारखड़िया, पवन राजपूत, अनिल मुस्तारिया, आदि लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
बुन्देलखण्ड यूनिवर्सिटी : दिन दहाड़े लड़के ने छात्रा को मारी गोली
खुद कनपटी पर सटाकर किया फायर , लड़के की मौत, लड़की गंभीर
जनपद ललितपुर में एक ही मुहल्ले के रहने वाले है छात्र और छात्रा
झांसी। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने रविवार दोपहर एक सिरफिरे ने छात्रा को गोली मार दी। इसके बाद युवक ने अपनी कनपटी पर तमंचा सटाकर फायर किया। सिरफिरे युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि लड़की की हालत नाजुक है। दोनों को आनन-फानन में झांसी मेडिकल कॉलेज लाया गया। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि छात्रा का इलाज जारी है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है।
प्रत्यादर्शी के मुताविक
घायल युवक की पहचान मनीष साहू के रूप में हुई। वह ललितपुर का रहने वाला था। प्रत्यक्षदर्शी के मुताविक एक युवक ने बताया कि वह बस स्टेशन से मेडिकल कॉलेज की तरफ आ रहा था। तभी देखा कि एक लड़का और लड़की घायल पड़े हैं। पास जाकर देखा तो पता चला कि उन पर गोली चली है। हमें यह नहीं पता कि किसने किसे गोली मारी। जब हमने देखा कि बहुत खून बह रहा है, तो हमने तुरंत एक ऑटो रोका और दोनों को मेडिकल कॉलेज तक पहुंचाया। अब मेडिकल में डॉक्टर उनकी हालत देख रहे हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। आरोपी युवक की शिनाख्त मनीष साहू के रूप में हुई। छात्रा और मृतक युवक ललितपुर में एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। छात्रा की उम्र 22 साल है और आरोपी की उम्र 26 साल थी।
लड़की एम बी ए फर्स्ट ईयर की छात्रा है
पुलिस के अनुसार, ललितपुर में शहर कोतवाली के तालाबपुरा मोहल्ले की रहने वाली छात्रा बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में एमबीए फर्स्ट ईयर की छात्रा है। उसने इसी साल यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया था। वह तीन बहनों में दूसरे नंबर की है। वहीं, मनीष साहू (25 साल) पुत्र बिहारी लाल जो कि लड़की के ही मोहल्ले की रहने वाला था। खबर लिखे जाने तक पुलिस जांच कर रही है।
प्रदेश समाचार / झाँसी सिटी टीम
बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुंदेलखंड क्रांति दल ने मनाया काला दिवस
नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन , पृथक बुंदेलखंड राज्य की पुनः स्थापना की मांग की
झांसी। बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 1 नवम्बर को काला दिवस के रूप में मनाते हुए पृथक बुंदेलखंड राज्य की पुनः स्थापना की मांग की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन आयुक्त की अनुपस्थिति में नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। सभा को संबोधित करते हुए कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि 1 नवम्बर हमारे लिए दुख और संकल्प का दिन है। 1956 में बुंदेलखंड राज्य समाप्त हुआ था, इसलिए आज हम ‘काला दिवस’ मना रहे हैं। अब समय है कि सवा दो करोड़ बुंदेलखंडवासियों को उनका हक़ मिले। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 1948 में गठित बुंदेलखंड राज्य को 1956 में समाप्त कर दिया गया, जिससे क्षेत्र विकास से वंचित रह गया। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, उद्योग और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से कु .राधा प्रजापति, श्रीमति शारदा शर्मा, नईम मंसूरी, हरी नारायण श्रीवास्तव, अरविंद शुक्ला, अमर सिंह, विनोद वर्मा, आरिफ कमाल, अनवार अहमद मंसूरी, जामिन हुसैन, पप्पू श्रीवास, हरि शंकर शर्मा, प्रमोद सिंह शेखावत, जुबेर खान, सोहेल खान, अंकुर प्रताप सिंह, यशपाल सिंह परिहार, देवेंद्र सेंगर,
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता बने प्रोफेसर एचडी भारतीय
बिपिन बिहारी महाविद्यालय में है वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर व विभागाध्यक्ष
झांसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सलेमपुर देवरिया निवासी व बिपिन बिहारी महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर व विभागाध्यक्ष डॉ एचडी भारतीय को पार्टी प्रवक्ता नामित किया है। प्रोफेसर भारतीय के प्रवक्ता बनाये जाने की पुष्टि पार्टी द्वारा जारी मीडिया पैनेलिस्ट की सूची से हुई है। डॉ भारतीय लम्बे समय से समाजवादी विचार धारा से जुड़े रहे है और संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा रहे है। युवाओं से बेहतर संवाद और पार्टी के पक्ष को मजबूती से रखने में इनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। प्रो भारतीय के मनोनयन से महाविद्य ालय परिवार में हर्ष व्याप्त है। प्रो भारतीय के मनोनयन पर महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रो मुकेश श्रीवास्तव, प्रो किशोर कुमार श्रीवास्तव, प्रो एम.ए.अंसारी, प्रो डीडी गुप्ता,डॉ विजय कुमार यादव, डॉ एस.पी.गुप्ता, डॉ प्रवीण कुमार, डॉ वेद प्रकाश शुक्ला, डॉ आनंद प्रकाश सिंह, डॉ सर्वेश नारायन, डॉ दिलीप सिंह, डॉ विनोद चंद्र द्विवेदी, डॉ राजेश तोमर, मुह रिजवान, डॉ मुकेश कुमार, देवेन्द्र सिंह, महेन्द्र सिंह, अंजिल निगम, गोपाल जी तिवारी, शिवम श्रीवास्तव, अभिषेक पटेल, रीतेश द्विवेदी, दीपक तिवारी आदि ने स्वागत किया है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
एसएसपी ने कहा- सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर अफवाहों से बचें
नए कानूनों के बारे में छात्र-छात्राओं को किया जागरुक
झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति द्वारा जनपद में नये कानूनों के संबंध में पुलिस कर्मियों, छात्र-छात्राओं, अध्यापकगण एवं महिलाओं को जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम पं0 दीनदयाल सभागार एवं थाना प्रेमनगर क्षेत्रांतर्गत सेंट उमर इंटर कॉलेज, झाँसी में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी द्वारा नये आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों को बताया गया कि नये कानूनों में जांच प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं पीड़ित-केंद्रित बनाया गया है। अपराध की सूचना दर्ज करने, डिजिटल साक्ष्य के उपयोग तथा महिला एवं बच्चों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के प्रावधानों पर विशेष बल दिया गया। इसी क्रम में अध्यापकगण एवं छात्र-छात्राओं को भी नये कानूनों के तहत उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में अवगत कराया गया, ताकि वे कानून के प्रति जागरूक नागरिक बन सकें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी द्वारा, सभी को ये भी सुझाव दिया गया कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर अफवाहों से बचें और केवल सत्यापित जानकारी ही साझा करें। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को विधिक जानकारी से सशक्त बनाना एवं समाज में विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ सदर, अधिवक्तागण, अध्यापकगण, पुलिस अधिकारी/कर्मी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
यूट्यूबर, फेसबुक संचालकों के खिलाफ बबीना थाने में रपट दर्ज
विधायक और सरकार की छवि धूमिल करने का लगा आरोप
बबीनाविधायक राजीव सिंह पारीक्षा ने दिया था शिकायती पत्र
झांसी। किसानों की समस्याओं को लेकर शासन को अवगत कराने के मामले को लेकर बबीना विधायक ओर उत्तर प्रदेश सरकार की छवि धूमिल करने के लिए अपराधिक कृत्य करने के आरोप में बबीना थाना पुलिस ने चार फेस बुक संचालक ओर यूट्यूबरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बबीना क्षेत्र से विधायक राजीव सिंह पारीक्षा ने बबीना थाना में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि बबीना विधान सभा के किसानों की जमीन बीड़ा में जाने पर किसानों को मुआवजा देर से मिलने पर उनके द्वारा मुख्यमंत्री संबोधित ज्ञापन उन्हें प्रेषित किया गया था। जिसे आपराधिक षडयंत्र के तहत तोड़ मरोड़ कर बबीना विधायक राजीव सिंह तथा उत्तर प्रदेश सरकार की छवि धूमिल करने के लिए इसे तोड़ मरोड़ कर फेसबुक आई डी आकाश राठौर, फेसबुक आई डी धारक नवकुंज समाचार, फेसबुक आई डी धारक द एसएस आर चौपाल, फेसबुक आई डी विक्की शर्मा झांसी स्मार्ट सिटी झांसी पर खबर प्रकाशित की। पुलिस ने सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
प्रत्येक नागरिक हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
एसएसपी बोले- सड़क पर संभल कर चलें , यातायात माह का शुभारंभ
सभी को सड़क पर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए
झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि यह हमारी संवेदनशीलता और अनुशासन का प्रतीक है। एक पल की लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी बदल सकती हैं, इसलिए सभी को सड़क पर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। यह बात एसएसपी ने यातायात कार्यालय में आयोजित यातायात माह का शुभारंभ करते हुए कही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने, रोड सेफ्टी का महत्व समझने और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उनके द्वारा जनता से अपील की गयी कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस का नहीं, बल्कि सभी नागरिकों का सामूहिक उत्तरदायित्व है और आप सभी से अनुरोध है कि प्रत्येक नागरिक हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, दुपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठकर रोड पर ना चलें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और ट्रैफिक नियमों का पालन भी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर एसएसपी ने यातायात पुलिस कर्मियों को शासन द्वारा प्राप्त ए.सी. हेलमेटों का वितरण किया । माह भर चलने वाले इस अभियान के तहत स्कूलों, अस्पतालों, बस स्टैंड और अन्य स्थानों पर रैलियों, नुक्कड़ नाटकों और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस शुभारंभ कार्यक्रम ने सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा फीता काटकर किया गया, तथा वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । साथ ही साथ दुर्गा कान्वेंट स्कूल झाँसी के छात्र-छात्राओं ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा. अरविन्द कुमार, एएसपी अरीबा नोमान (आईपीएस), सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झॉ, क्षेत्राधिकारी यातायात रामवीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात श्री उमा कान्त ओझा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीति शास्त्री ने किया।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम















