भगवान राम चौदह वर्ष का वनवास पूर्ण कर लौटे थे अयोध्या तब नगरवासियों ने ख़ुशी में घर घर जलाये थे घी के दिये – जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने दी जनपद वासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई
कोई भी शांति व्यवस्था बनाये रखने में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करेगा, तो उसके साथ सख्ती से निपटा जायेगा
झाँसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने दीपावली पर्व पर जनपद वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी, तथा शान्ति एंव शौहार्दपूर्ण ढंग से पर्व को मिल-जुलकर मनाने की अपील भी की है।
उन्होने कहा कि ग्रन्थों के अनुसार इस दिन भगवान राम लक्ष्मण और माता जानकी 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटे थे और उनके आने की खुशी में नगर वासियों ने घर-घर घी के दीये जलाए थे, तभी से इस त्योहार की शुरुआत हुई। लक्ष्मी पूजा के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा मनाया जाता है। दीपावली के दिन प्रत्येक घर दीपों की पंक्तियों से शोभायमान रहता है। दीपों, मोमबत्तियों और बिजली की रोशनी से घर का कोना-कोना प्रकाशित हो उठता है। इसलिए दीपावली रोशनी का पर्व भी कहा जाता है।
जिलाधिकारी ने दीपावली त्यौहार पर जनपद वासियों को अग्रिम शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि दीपावली पर शांति व्यवस्था बनाएं रखने हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति या वर्ग शांति व्यवस्था बनाये रखने में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करेगा, तो उसके साथ सख्ती से निपटा जायेगा।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने सभी जनपद वासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी, और कहा कि प्रकाश व खुशियों का यह महापर्व सभी के जीवन को नई उर्जा, प्रकाश, आरोग्य और समृद्धि से आलोकित करें। यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर लाए। जिलाधिकारी ने अपील करते हुए अभिभावकों से कहा कि आतिशबाजी के दौरान बच्चों के साथ रहे ताकि किसी भी अनहोनी घटना को रोका जा सके।

प्रदेश समाचार / सिटी रिपोर्टर झाँसी

ललितपुर : निर्धारित समयसीमा पर करें फरियादियों की शिकायतों का समाधान – जिलाधिकारी

तहसील तालबेहट में सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान डीएम व एसपी ने सुनी जनशिकायतें
कई शिकायतों का मौके पर कराया निस्तारण, शेष शिकायतों के निस्ताराण हेतु निर्धारित की समयसीमा
ललितपुर। जनता की विभिन्न प्रकार की समस्याओं का एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के लिए आज शनिवार को जनपद की समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, तहसील तालबेहट में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अमनदीप डुली व पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने तहसील में आये फरियादियों की शिकायतें सुनी और उनका निस्तारण भी कराया। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता को अपने समक्ष बुलाकर पूरी गंभीरता से उनकी समस्या सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि जल्द ही उनकी समस्या का निस्तारण करा दिया जाएगा। इस दौरान कई शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया गया और शेष बची शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को पृष्ठांकित करते हुए निस्तारण की समयसीमा निर्धारित की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय में होना चाहिए, इसके लिए अधिकारी स्वयं शिकायतों का संज्ञान लेकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराते हुए अवगत करायें। तहसील तालबेहट में कुल 87 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 28, विकास के 07, पुलिस के 20, पूर्ति के 16, विद्युत का 01, नगर पंचायत के 02 तथा अन्य विभागों के 13 प्रार्थना पत्र शामिल हैं, जिनमें से 12 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील ललितपुर में कुल 08 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व विभाग के 03, पुलिस विभाग के 02, विद्युत का 01 तथा अन्य विभागों के 02 प्रार्थना पत्र शामिल हैं, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील महरौनी में कुल 13 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 05, पुलिस के 02, चकबंदी के 02, नगर पंचायत का 01, विद्युत के 02 तथा अन्य विभाग का 01 प्रार्थना पत्र शामिल है, जिनमें से 01 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील पाली में कुल 22 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 07, पुलिस के 07, चकबंदी के 06 तथा अन्य विभागों के 02 प्रार्थना पत्र शामिल है, जिनमें से 01 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील मड़ावरा में कुल 17 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 12, पुलिस के 03, विद्युत के 02 प्रार्थना पत्र शामिल हैं, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण कराया गया। इस दौरान सीडीओ, डीएफओ, सीएमओ, एसडीएम तालबेहट सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / ललितपुर टीम

झाँसी में दीपावली त्यौहार को लेकर डीएम व एसएसपी ने बाजार में किया भ्रमण

त्योहार को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस अलर्ट मोड पर
झांसी। त्यौहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी मृदुल चौधरी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने थाना कोतवाली अंतर्गत  मानिक चौक एवं सराफा बाजार आदि स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त करते हुए शांति व्यवस्था कानून व्यवस्था का  निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिए। इन दिनों बाजार में खरीददारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है, ऐसे के अपराधी  सक्रिय हो जाते है और अपराध को अंजाम देते हैं। लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन  सहित पुलिस भी अलर्ट पर है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस  अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट व क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित थाना कोतवाली पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र के मानिक चौक,  सर्राफा बाजार, आदि प्रमुख स्थानो पर पैदल गश्त की गयी। पैदल गश्त के दौरान दो पहिया वाहन चालको से हेलमेट लगाने एवं  यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरुक किया गया । जिलाधिकारी ने पैदल गश्त के दौरान व्यापारी प्रतिनिधियों व आमजन  मानस से संवाद किया तथा सीसीटीवी कैमरे 24×7 संचालित किए जाने हेतु अपील की। उन्होंने भ्रमण के दौरान आम जन में सुर क्षा का भाव जागृत कर त्योहारों में शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु, आमजन से वार्ता कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त  कराया गया। त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए व्यापारियों से दुकान के बाहर रोड़ पर सामान न रखने हेतु कहा गया जिससे भीड़  भाड़ की स्थिति उत्पन्न न होने पाये और यातायात सुचारू रूप से चल सके । इस अवसर पर एसपी सिटी सुश्री प्रीति सिंह,नगर  मैजिस्ट्रेट प्रमोद झा, सीओ ट्रैफिक रामवीर सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली सहित नगर एवं संबंधित थाने की फोर्स उपस्थिति रही।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय ने किया बुंदेलखंड का नाम रोशन 

अखिल भारतीय किसान मेला मेरठ में प्राप्त किया द्वितीय व तृतीय स्थान

झाँसी। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी (14 से 16 अक्टूबर 2025) में रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति और नवाचारों से सबका ध्यान आकर्षित किया। मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा मंत्री सूर्य प्रताप शाही तथा कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने फीता काटकर किया। विश्वविद्यालय ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् / कृषि विश्वविद्यालय श्रेणी में द्वितीय स्थान तथा फल प्रदर्शनी (नींबू वर्ग) में तृतीय स्थान प्राप्त कर रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी का गौरव बढ़ाया। इस आयोजन में मिली ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र आज कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह एवं निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सुशील कुमार सिंह को डॉ. प्रभात तिवारी एवं डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने सौंपी। कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह* ने कहा कि “यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की मेहनत और टीम भावना का परिणाम है। विश्वविद्यालय लगातार अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी प्रसार के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए समर्पित है। इस सम्मान से हम और अधिक उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रेरित हुए हैं। वहीं निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सुशील कुमार सिंह* ने कहा कि “विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि किसानों के साथ किए जा रहे निरंतर प्रयासों और तकनीकी हस्तांतरण की सफलता का प्रमाण है। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक किसान तक आधुनिक कृषि तकनीक पहुंचे और वह आत्मनिर्भर बने। मेले में देशभर से आए 100 से अधिक सरकारी और निजी संस्थानों ने भाग लिया।विश्वविद्यालय के प्रदर्शन स्टॉल में किसानों को नई कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, फसल विविधीकरण, जैविक खेती और जल संरक्षण उपायों की जानकारी दी गई, जिसे आगंतुकों और विशेषज्ञों ने खूब सराहा। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि वह न केवल बुंदेलखंड, बल्कि पूरे प्रदेश में वैज्ञानिक कृषि नवाचार और किसान हितैषी कार्यों का अग्रणी केंद्र है।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

चिरगांव पुलिस ने पकड़े गांजा तस्कर , डी सी एम गाडी में नहीं थी नंबर प्लेट 

उड़ीसा से पंजाब जा रही गांजे की खेप

चिरगांव और स्वाट टीम को मिली सफलता

झांसी। मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट टीम ओर चिरगांव थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लग गई। दोनों संयुक्त टीमों ने चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की डीसीएम गाड़ी में जा रहे चोखर के नीचे दबे गांजे को भारी मात्रा में बरामद किया। बरामद किया गया गांजा की कीमत करीब 82 लाख रुपए बताई जा रही है।

विवरण के मुताविक शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरगांव थाना पुलिस ओर स्वाट टीम मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान के तहत झांसी कानपुर राजमार्ग पर बिना नंबर की डीसीएम गाड़ी जा रही थी। संदेह के आधार पर उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसके अंदर रखे गाय के चौकर के नीचे अलग अलग पैकेट बने रखे थे। जिनकी तलाशी लेने पर उसके अंदर गांजा बरामद हुआ। टीम ने गाड़ी के अंदर से करीब दो क्विंटल 976 ग्राम कीमत 82 लाख का गांजा बरामद किया। पुलिस ने गाड़ी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम पंजाब के लुधियाना ताजपुर निवासी इलियास खान बताया। उसने पुलिस को बताया कि यह गांजे की खेप वो वह उड़ीसा से पंजाब ले जा रहा था।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

मोबाईल वीडियो की दम पर थाने में किया जमकर बवाल , चौकी विश्विद्यालय से हंगामा पहुंचा थाना नवाबाद

गैर जनपदीय पुलिस की सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास
सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप
तीन नामजद सहित आठ दस यूट्यूबरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रपट दर्ज
पुलिस सीसीटीवी कैमरे से आरोपियों की कर रही शिनाख्त
झांसी। जालसाजी के एक मामले में जांच पड़ताल करने झांसी आई मध्यप्रदेश के ग्वालियर की पुलिस के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट करने काऔर सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया गया। थाना नवाबाद पुलिस ने ग्वालियर थाना पुलिस की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों सहित आधा दर्जन यूट्यूबरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञातों की तलाश शुरू कर दी है।
विवरण के मुताबिक मध्यप्रदेश के जिला ग्वालियर के झांसी रोड थाना में तैनात उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र चौहान ने थाना नवाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि झांसी मेडिकल कॉलेज गेट नंबर चार के सामने रहने वाले रवि कुशवाह ने मध्यप्रदेश के जिला ग्वालियर निवासी राघवेंद्र भार्गव से एक हॉस्पिटल किराए पर लिया था। जिसका लिखापढ़ी हुई थी। राघवेंद्र भार्गव ने झांसी रोड थाना में शिकायत करते हुए बताया था कि रवि कुशवाह ने अपनी पत्नी के नाम एग्रीमेंट कराते हुए हॉस्पिटल किराए पर लिया था। जिसका किराया करीब दो लाख रुपए से ज्यादा बकाया है। उन्होंने बताया कि राघवेंद्र ने आरोप लगाया था कि रवि ने एग्रीमेंट अपनी पत्नी के नाम कराया था और दिनांक 9अक्टूबर 2025 को रवि कुशवाह अपने भाई हरगोविंद के साथ वहां पहुंचा और चार पहिया गाड़ी में हॉस्पिटल का कीमती सामान रखकर बिना बताए तथा किराए का दो लाख रुपए दिए बगैर ही ताला डालकर झांसी भाग आए। इस शिकायती पत्र की जांच करने वह अपने हमराह के साथ सरकारी गाड़ी से झांसी 17 अक्टूबर की शाम को रवि कुशवाह के घर पहुंचे और प्रकरण में पूछताछ करने के लिए रवि को बुलाया लेकिन उसकी पत्नी और भाई ने रवि को नहीं बुलाया और न ही नोटिस तमिल किया। रवि कुशवाह को जब ग्वालियर पुलिस ने चौकी विश्विद्यालय पूछताछ करने के लिए ले गई तो वहां रवि के भाई हरगोविंद उसकी पत्नी ने आठ दस अज्ञात लोगों को और आठ दस यूट्यूबर मीडिया वालों को बुलाकर पुलिस से अभद्रता करते हुए उनकी सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए विरोध किया। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि किसी प्रकार रवि को थाना नवाबाद झांसी लेकर आए तो यहां भी पुलिस कर्मियों के साथ रवि के परिजनों ने यूट्यूबरों के इशारे पर पुलिस के साथ धक्का मुक्की अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा डाली। नवाबाद पुलिस ने रवि कुशवाह, हरगोविंद कुशवाह, उसकी तथा उसके आठ दस अज्ञात साथियों सहित आठ दस अज्ञात यूट्यूबर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू करते हुए थाना ओर पुलिस चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पहचान करनी शुरू कर दी है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम।

भारत किसी की दादागिरी बर्दाश्त नहीं करेगा: राजनाथ सिंह

भारत किसी की दादागिरी बर्दाश्त नहीं करेगा: राजनाथ सिंह
तीन दिवसीय दौरे आये रक्षा मंत्री , लखनऊ में व्यापारियों के साथ मनायी दिवाली
लखनऊ। रक्षा मंत्री लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने कैसरबाग स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में व्यापारी मिलन कार्यक्रम में बोल रहे थे। यहां 500 से अधिक व्यापारियों के साथ दिवाली मनाई। रक्षामंत्री ने व्यापारियों से कहा- व्यापारी एक दिन तय करें। उस दिन साथ बैठकर समस्याओं पर चर्चा करें। सामूहिक चर्चा से ही समस्या का समाधान निकलता है।
क्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- भारत किसी की दादागिरी बर्दाश्त नहीं करेगा। दुनिया का कोई भी देश गलतफहमी न पाले। रक्षा मंत्री ने इशारों में अमेरिका को चेतावनी दी। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने दावा किया था कि बुधवार को पीएम मोदी ने उनसे कहा है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। भारत के रूस से तेल खरीदने से मुझे खुशी नहीं थी। अब हमें चीन से भी यही करवाना होगा। हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि बुधवार को पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प की कोई बातचीत नहीं हुई थी। ट्रम्प ने अगस्त 2025 में भारत पर रूस से तेल खरीदने की वजह से 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाया है। इस तरह अमेरिका अब तक भारत पर कुल टैरिफ 50% लगा चुका है। राजनाथ सिंह ने कहा- एक समय था कि देश रक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन आज यह परिस्थिति बदल गई है। अब भारत 65 प्रतिशत रक्षा उपकरणों का निर्माण अपनी जमीन पर ही कर रहा है। उन्होंने आगे कहा- 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 14वें स्थान पर थी, लेकिन आज चौथे स्थान पर है।

लखनऊ टीम / प्रदेश समाचार

गाँव में लटका मिला शव , पिता बोला बेटा गाँव कब आया पता ही नहीं , पत्नी रोते बिलखते हुयी बेहोश

गाँव में लटका मिला शव , पिता बोला बेटा गाँव कब आया पता ही नहीं , पत्नी रोते बिलखते हुयी बेहोश

लैब-टेक्नीशियन की झांसी में करता था जॉब  , 6 महीने हुए शादी को

पिता ने लगाया हत्या का आरोप , सीओ ने कहा प्रारंभिक छानबीन में आत्महत्या

झांसी।  शादी के 6 महीने बाद लैब टेक्नीशियन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह एक नर्सिंग होम में जॉब करता था। उसके गांव में उसका शव पेड़ पर लटका मिला। वह गांव कब आया, इसके बारे में माता-पिता को कोई जानकारी नहीं है। परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सुसाइड का मामला लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूरा मामला एरच थाना क्षेत्र के अचौसा गांव का है।

विवरण के मुताविक मृतक की पहचान  एरच थाना क्षेत्र के अचौसा गांव निवासी  नीरज प्रजापति (27) पुत्र धनीराम प्रजापति के रूप में हुयी है।  पिता धनीराम ने बताया मेरा बेटा पिछले 5 साल से झांसी में रह रहा था। वो एक नर्सिंग होम में लैब टेक्नीशियन के पद पर तैनात था। गुरुवार रात को जब उससे बात हुई तो वह झांसी में अपने कमरे पर था और अच्छे से बात कर रहा था। शुक्रवार को गांव के लोग खेत पर काम करने पहुंचे। तब उनको पेड़ पर एक युवक की लाश फंदे पर लटकी दिखाई दी। पास जाकर देखा तो नीरज का शव लटका था। यह देख वहां सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर डीएसपी दीपशिखा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर छानबीन की।

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

पुलिस को नीरज का मोबाइल भी मौके से बरामद हो गया। सूचना पर नीरज के माता-पिता भी मौके पर आ गए और बेटे के शव को देखकर बिलखने लगे। पिता और अन्य परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि नीरज ने गांव आने की कोई बात नहीं कही थी।

पत्नी का रो-रोकर बेहोश हुई

नीरज की मौत के बाद घर में मातम छाया है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। 6 माह पहले ही नीरज की शादी पूजा से हुई थी। पत्नी पूजा अभी ससुराल में है। नीरज छुट्टी मिलने पर गांव आता था। उसकी मौत की खबर सुनते ही पत्नी पूजा होश खो बैठी। रो-रोकर वह बेहोश हो गई। कुछ देर बाद ही उसके मायके से भी लोग यहां पहुंच गए। नीरज की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है।

सुसाइड का मामला लग रहा है – सीओ

गरौठा सीओ आसमा वकार का कहना है कि प्रारंभिक छानबीन में सुसाइड की बात ही सामने आई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। उसकी रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की सही वजह मालूम चल सकेगी।

झाँसी टीम / प्रदेश समाचार

भांग की दुकान पर गांजा बिकता पाया जाता है तो लाइसेंस होगा निरस्त होगी एफआईआर-एडीएम

भांग की दुकान पर गांजा बिकता पाया जाता है तो लाइसेंस होगा निरस्त होगी एफआईआर-एडीएम

स्कूल और विद्यालयों के आस-पास ना हो नशीले पदार्थों की बिक्री

झांसी। अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल एंव पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ अरविंद कुमार ने संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट के नवीन  सभागार में नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक ली। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल  ने उपस्थित ड्रग इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासनादेश के अनुसार जनपद में प्रतिबंधित दवाओं  की बिक्री किसी भी हालत में नहीं हो, उन्होंने कहा डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बिना एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री को सख्ती से  रोका जाना सुनिश्चित करें। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने स्कूल कालेजों के आस-पास नशीली दवाओं की बिक्री के विरुद्ध  क्षेत्रांतर्गत थानाध्यक्षों को एक विशेष अभियान चलाते कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल और कालेजों में प्रार्थना सभा के  दौरान नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशीले एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव की जानकारी  दिए जाने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने पुलिस, सीबीएन और आबकारी विभाग को सचेत करते हुए क्षेत्र में अफीम भांग की  अवैध खेती किए जाने वाले क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किए जाने निर्देश दिए ताकि क्षेत्र में अफीम भांग की फसल की अवैध खेती ना  होने पाए, बैठक में जिला आबकारी अधिकारी मनीष गुप्ता ने बताया कि जनपद में लगातार आबकारी विभाग,पुलिस एवं जिला  प्रशासन ऐसे स्थान जहां अवैध शराब निर्माण की संभावना रहती है वहां छापामार कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया की  छापामार कार्यवाही के दौरान जहां एक और अवैध शराब को नष्ट किया जाता है वही अभियोग पंजीकृत करते हुए आरोपी को जेल  भेजे जाने की भी कार्यवाही लगातार की जा रही है। इस मौके पर एसीएमओ डॉ0 रमाकांत सोनी, ड्रग इंस्पेक्टर श्रीमती देवयानी  दुबे सहित बीएसए, आबकारी विभाग, जीएसटी विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ललितपुर में भाजपा की मनी दिवाली, सपा का हुआ सफाया , खिला कमल जीती सोनाली जैन

ललितपुर में भाजपा की मनी दिवाली, सपा का हुआ सफाया
नगर पालिका उपचुनाव में खिला कमल , जीती सोनाली जैन
सोनाली जैन ने 5556 वोट से जीत करायी दर्ज, चौबे को खूब मिले मत
ललितपुर। नगर पालिका उपचुनाव को लेकर भाजपा व सपा के बीच कड़ा मुकावला माना जा रहा था। लेकिन 17 अक्टूबर को हुई मतगणना के बाद जहां एक बार फिर भाजपा का कमल खिल गया, तो वही साइकिल पंचर हो गयी। भाजपा प्रत्याशी ने 5 हजार 5 सौ 56 वोटो से बढ़त बनाते हुये भारी मतों से जीत दर्ज करायी है। सपा प्रत्याशी नीलम चौबे को 20 हजार 5 सौ 24 वोट मिले, नपा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी को सपा जिलाध्यक्ष की गुटवाजी का खामियां एक बार फिर चुनाव में भोगना पड़ा है। भाजपा प्रत्याशी सोनाली जैन की जीत के बाद भाजपा नेता व जिलाध्यक्ष सहित उनके समर्थकों ने जीत का जश्र मनाते हुये विजय जलूस निकाल कर जनता का आभार व्यक्त किया है। नपा उपचुनाव के चुनावी संघर्ष के दौरान भाजपा प्रत्याशी सोनाली जैन व सपा प्रत्याशी नीलम चौबे के बीच कड़ा मुकावला बताया जा रहा था, मतदान 37 प्रतिशत होने के बाद सपा प्रत्याशी के जीत के दावे किये जा रहे थे। लेकिन पेटी में बंद भाग्य के सामने आने की सभी को बेसब्री से इंतजार था, शुक्रवार को अमरपुर गल्ला मंडी में हुई मतगणना के छह राउण्ड में भाजपा प्रत्याशी से करीब साढ़े पांच हजार मतों से विजय प्राप्त की है। भाजपा प्रत्याशी सोनाली जैन को 26 हजार 80 वोट मिले, तो वही सपा प्रत्याशी नीलम चौबे को कुल वोट 20 हजार 524 वोट मिले, सपा प्रत्याशी की हार को लेकर सपा जिलाध्यक्ष की गुटवाजी भी एक कारण रहा है। दीपावली पर्व से पूर्व हुई मतगणना ने जहां भाजपा प्रत्याशी की दीवाली को जगमग कर दिया, तो वही सपा जिलाध्यक्ष के चलते हुये भितरघात के कारण सपा प्रत्याशी की दीवाली को फीका कर दिया है। भाजपा प्रत्याशी की जीत के बाद भाजपा नेताओं ने फूलमाला पहनाकर व मिठाई खिलाकर विजय का जश्र मनाया जा रहा है। तो वही सपा जिलाध्यक्ष को पूर्व से अपने प्रत्याशी की हार का अनुमान हो गया था, जिसके चलते वह मतगणना स्थल पर भी नही गये थे। सपा प्रत्याशी की हार का ठीकरा सपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों पर फोडा जा रहा है।
मतगणना के छह राउण्ड में भाजपा प्रत्याशी को मिली बढ़त
अमरपुर गल्ला मंडी में हुई मतगणना के प्रथम राउण्ड में भाजपा प्रत्याशी सोनाली जैन को 9 हजार 153 मतों में से 4 हजार 6 सौ 36 मत मिले, सपा प्रत्याशी नीलम चौबे को 4 हजार 89 मत मिले, निर्दलीय प्रत्याशी नाजरीन को 84 मत व मीना राजा को 45 मत व नोटा को 38 मत मिले। तो वही अनवेलिड मत 261,द्वितीय राउण्ड में 9 हजार 443 मतों की गणना हुई, जिसमें से भाजपा प्रत्याशी को 5 हजार 222, सपा प्रत्याशी को 3 हजार 871, निर्दलीय प्रत्याशी नाजरीन को 54 मत व मीना राजा को 35 व नोटा पर 30 मत एवं अनवेलिड 231 मत डाले गये। तृतीय राउण्ड में कुल 7 हजार 905 मतों की गणना हुई, जिसमें भाजपा प्रत्याशी को 4 हजार 427 मत मिले, सपाप्रत्याशी को 3 हजार 181 मत मिले, निर्दलीय प्रत्याशी नाजरीन को 55, मीना राजा 22, नोटा को 25 व अनवेलिड 195 मत हुये। चतुर्थ राउण्ड में कुल मत 8 हजार 788 में से भाजपा प्रत्याशी 5 हजार 340 मत मिले, सपा प्रत्याशी को 3 हजार 178 मत मिले, निर्दलीय नाजरीन को 59, मीना राजा को 27, नोटा 48 व अनवेलिड मत 136 रहे। पांचवे राउण्ड में कुल 10 हजार 512 मतों की मतगणना हुई, जिसमें भाजपा प्रत्याशी को 5 हजार 121 मत मिले, सपा प्रत्याशी को 5 हजार 88, निर्दलीय प्रत्याशी नाजरीन 77 व मीना राजा 23, नोटा 25 व 178 अनवेलिड पाये गये। छटवें राउण्ड कुल मतगणना 2 हजार 516 मतों की हुई, जिसमें भाजपा प्रत्याशी को 13 सौ 34, सपा प्रत्याशी 11 सौ 17, निर्दलीय प्रत्याशी नाजरीन को 13, मीना राजा जीरों, नोटा पर 6 एवं अनवेलिड मत 46 रहे।

ललितपुर टीम / प्रदेश समाचार