लम्बित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण एवं निष्पक्ष कार्रवाई करें : पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह
नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी थाना प्रभारियों को दिए निर्देश
मासिक सैनिक सम्मेलन एवं अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित
एसपी ने सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, प्रभावी अपराध नियंत्रण और उत्कृष्ट पुलिसिंग की दिशा में दिए कड़े निर्देश
महोबा। रिजर्व पुलिस लाइन सभागार कक्ष, महोबा में पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। सैनिक सम्मेलन : पुलिस कर्मियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता – बैठक की शुरुआत सैनिक सम्मेलन से हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक ने जनपदीय पुलिस कर्मियों की समस्याओं का अनुश्रवण करते हुए उनके समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने थानों में नियमित रूप से सैनिक सम्मेलन आयोजित कर पुलिस कर्मियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करें।
CCTNS में पांचवीं बार प्रथम स्थान- बैठक के दौरान CCTNS में लगातार पाँचवीं बार प्रथम रैंक प्राप्त करने पर नोडल अधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने हेतु महत्वपूर्ण निर्देश इसके अतिरिक्त, पुलिस अधीक्षक महोबा द्वारा बीट प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि बीट पुलिस अधिकारी अपनी बीट बुक में सभी आवश्यक विवरणों का पूर्ण अंकन सुनिश्चित करें, क्षेत्र के सभी अपराधियों का विस्तृत खाका तैयार रखें तथा उनके सत्यापन की प्रक्रिया में शत-प्रतिशत अनुपालन कराएं।
आगामी शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सभी पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि असामाजिक एवं अवांछनीय तत्वों की सूची को अद्यावधिक रखते हुए उन पर सतत निगरानी रखी जाए तथा सर्राफा बाजार, मुख्य बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए। हाल ही में राजधानी दिल्ली में घटित घटना को देखते हुए जनपद के सभी आयुध भंडारों की सघन चेकिंग कर स्टॉक, बिक्री एवं अभिलेखों की परीक्षण प्रक्रिया को कड़ाई से लागू करने के भी निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
लम्बित विवेचनाओं पर जतायी कड़ी नाराजगी
उन्होंने जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बेहतर और नियंत्रण में बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का गहन होमवर्क करें, प्रत्येक छोटी-बड़ी गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखें तथा जुआ-सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाएं।
अपराध समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जनपद में घटित आपराधिक घटनाओं एवं पंजीकृत अभियोगों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने लम्बित विवेचनाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि लम्बित विवेचनाओं के निस्तारण हेतु अभियान चलाकर शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वांछित एवं मफरूर अभियुक्तों की गिरफ्तारी, महिला सम्बन्धी अपराधों पर नियंत्रण, अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी तथा पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही शातिर एवं आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने तथा उन पर निरंतर निगरानी रखने पर जोर दिया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि जुआ अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, गैंगेस्टर एक्ट तथा गुण्डा एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी घटना पर पंजीकृत मुकदमे की प्राथमिक जांच 24 घंटे के भीतर पूरी कर पीड़ित पक्ष से संवाद स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए।
यातायात माह नवंबर—जागरुकता व प्रवर्तन पर विशेष जोर
यातायात माह नवंबर के तहत संचालित जागरूकता अभियानों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में रैंडम चेकिंग के साथ प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित किया जाए तथा यातायात नियमों की अनदेखी कर स्वयं एवं दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने जनसुनवाई प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए IGRS पोर्टल, पीजी पोर्टल एवं अन्य माध्यमों पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, क्षेत्राधिकारी चरखारी दीपक दुबे, क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ रविकांत गोंड, प्रतिसार निरीक्षक शिवकुमार तथा जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, थाना प्रभारी जीआरपी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / महोबा टीम
बायोमेडिकल वेस्ट का प्रापर निस्तारण न करने पर होगी नर्सिंग होम पर सख्त कार्रवाई : जिलाधिकारी
अधिशासी अधिकारी रानीपुर को दी गई प्रतिकूल प्रवृष्टि, नोटिस जारी
अस्पतालों एवं विद्यालयों के निकटवर्ती सड़क किनारे साइलेंस जोन घोषित, बोर्ड लगाए जाने पर किया संतोष व्यक्त
15 अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण का अंर्तविभागीय स्थलीय भौतिक सत्यापन रिपोर्ट प्रेषित न करने पर की नाराजगी व्यक्त
झांसी। कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिलाधिकारी मृदुल चौधरी की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति/जिला पर्यावरणीय समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने जिला पर्यावरणीय समिति की बैठक में पर्यावरण संबंधित किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए जनपद में पर्यावरण सुधार लाए जाने के उद्देश्य से अस्पतालों एवं विद्यालयों के निकटवर्ती सड़क किनारे साइलेंस जोन घोषित करते हुए चेतावनी बोर्ड लगाए जाने पर संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बायो-मेडिकल वेस्ट के प्रभावी प्रबंधन हेतु लगाए गए बारकोड सिस्टम के अनुपालन कि जानकारी लेते हुए 50 हॉस्पिटल में अभी तक निरीक्षण न होने पर कि नाराजगी व्यक्त करते हुए बैठक में संबंधित कारदाई संस्था के प्रतिनिधि से जानकारी प्राप्त करते हुए प्रदूषण अधिनियम का अक्षरस: अनुपालन सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने जिला गंगा समिति की मासिक समीक्षा करते हुए आदिशासी अधिकारी रानीपुर को प्रतिकूल प्रवृष्टि की संस्तुति करते हुए शो-कोज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, उन्होंने रानीपुर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के लिए कोई कार्य न करने पर फटकार लगाई और नदियों के किनारे अवस्थित ग्रामों की ग्राम पंचायतों में गंगा ग्राम सेवा समितियों को प्रशिक्षित किए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर , अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पांडेय,डिप्टी सीएमओ डॉ अंशुमान तिवारी,क्षेत्रीय अधिकारी उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इमरान अली, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा, आधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण रमाकांत दीक्षित, शैलेंद्र बाजपेयी सहित कृषि विभाग, रेलवे, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं समस्त निकायों के अधिशासी अधिकारी व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
पीएम मोदी ने कोयम्बटूर से जारी की किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त
9 करोड़ किसानों को पहुँचे 18 हजार करोड़, प्राकृतिक खेती को बताया भविष्य
प्राकृतिक खेती की वजह से देश का कृषि निर्यात दोगुना हुआ है
झाँसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु के कोयम्बटूर से किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की। इस दौरान मोदी ने प्राकृतिक खेती को भारत के कृषि भविष्य की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि यह खेती उनके “दिल के बेहद करीब” है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद से अब तक छोटे किसानों के खातों में 4 लाख करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा किसानों को 10 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी गई है। किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को एक वर्ष में 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों में कुल 6,000 रुपये दिए जाते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि प्राकृतिक खेती की वजह से देश का कृषि निर्यात दोगुना हुआ है। तमिलनाडु के किसानों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के किसान नई तकनीक और नवाचार को अपनाकर पूरे देश के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु में ही 45 हजार हेक्टेयर में प्राकृतिक खेती हो रही है, जबकि कर्नाटक और केरल में मल्टी-लेयर खेती का विस्तार हुआ है, जहाँ नारियल, मिर्च व अन्य फसलें एक साथ उगाई जा रही हैं।
कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने महापौर तथा गौ सेवा आयोग अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर खेती करने की अपील की और कहा कि किसानों के खातों में आई 21वीं किस्त का उपयोग कृषि कार्यों में करें, ताकि उत्पादन और आय दोनों बढ़ सकें। कार्यक्रम संयोजक निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सुशील कुमार सिंह ने समस्त कृषक व कृषक महिला भागीदारो हेतु प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की जानकारी व कार्यक्रम का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सैकड़ों महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
दासना गांव की स्टोन क्रेशर पर एसडीएम का छापा , अवैध भंडारण सीज
बड़े-बड़े पत्थर गिरे थे गांव के प्राथमिक विद्यालय में
पहाड़ी का किया जा रहा था अवैध दोहन , मात्रा से अधिक किया जा रहा था भंडारण
झांसी। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में स्टोन क्रेशर पर हैवी ब्लास्टिंग की वजह से गांव में पत्थर गिरने की शिकायतें मोंठ एसडीएम से की गई थीं। विगत दिनों बड़े-बड़े पत्थर गांव के प्राथमिक विद्यालय में गिरे। ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने झांसी के खान अधिकारी को फोन पर कड़ी फटकार लगाते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही थी।
विवरण के मुताबिक मंगलवार को एसडीएम अवनीश तिवारी ने खनन विभाग की टीम, सीओ अजय श्रोत्रीय , शाहजहांपुर थाना प्रभारी सोबरन सिंह के साथ दासना गांव की क्रेशर खदान में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान उन्होंने पाया कि स्वीकृत पट्टे से अधिक मात्रा में पहाड़ी का अवैध दोहन किया जा रहा है। मात्रा से अधिक भंडारण भी किया गया। एसडीएम ने क्रेशर पर अवैध भंडारण को चीज कर दिया। एसडीएम अवनीश तिवारी ने बताया कि “अवैध भंडारण को सीज किया गया, जांच पड़ताल जारी है।” उन्होंने गांव वालों से कहा कि “वे परेशान ना हों, प्रशासन उनके साथ है। उनकी शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेकर, उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
2027 में यूपी में जीत की हैट्रिक लगाएगी भाजपा सरकार : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
प्रदेश के डिप्टी सीएम बबीना विधानसभा के एकता मार्च में हुए शामिल, यात्रा में उमड़ा जन सैलाब
झांसी। बबीना विधानसभा की विशाल एकता यात्रा चिरगांव में आयोजित हुई। कार्यक्रम में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरे देश में भाजपा के प्रति बहुत ही अच्छा माहौल है। जिस तरह से महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और बिहार में भाजपा ने जीत हासिल की है। उसी तरह उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की भाजपा की सरकार बनाने का काम जनता करेंगी।
चिरगांव के राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त महाविद्यालय के भव्य मैदान में आयोजित विशाल एकता मार्च की जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में वोट चोरी है। अखिलेश यादव को 2027 में सैफई जाने का आभास हो गया है। अखिलेश यादव मगध में हारे हैं, अब अवध में भी हारेंगे। केशव ने कहा कि दल जीत गया और छल हार गया है। देश कांग्रेस मुक्त भारत की ओर बढ़़ रहा है। आरजेडी मुक्त बिहार और सपा मुक्त यूपी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप सभी पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करेंगे और भारत को शक्तिशाली बनाने में अपना योगदान देने का काम करेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित भारी जन समुदाय को देखते हुए उन्होंने विधायक राजीव सिंह पारीछा की तारीफ की। एकता मार्च के आयोजक बबीना विधायक श्री पारीछा ने लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया। उन्होंने सभी से उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। कहा कि आज हम जो अखंड भारत का स्वरूप देखते है, उस भारत को अखंडता प्रदान करने का कार्य आदरणीय पटेल साहब ने ही किया है। इससे पूर्व वीर रस के चर्चित कवि राम भदावर ने अपनी उर्जावान रचनाओं से माहौल को भक्ति रस से सरोवर कर दिया। जनसभा के बाद निकली भव्य और विशाल एकता यात्रा में महाविद्यालय से मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हुए। यात्रा मंडी,रामनगर चौराहा,थाना, पहाड़ी चुंगी, पहाड़ी तिराहा मिश्रा ढाबा से अंतिम पड़ाव महेवा तिराहे पहुंची। जहां पुनः जनसभा हुयी। प्रत्येक चौराहे पर यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्पवर्षा की गई। यात्रा में देशभक्ति गीत, विभिन्न झांकियां भी सम्मिलित हुयी। यात्रा के माध्यम से सभी ने राष्ट्रपुरुष सरदार पटेल को श्रृद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में एमएलसी श्रीमति रमा नि
रंजन, रामतीर्थ सिंघल, डॉ. बाबूलाल तिवारी, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री हरगोविंद कुशवाहा, जमुना प्रसाद कुशवाहा, विधायक रश्मि आर्य, जवाहरलाल राजपूत, मेयर झांसी बिहारी लाल आर्य, जिला अध्यक्ष हेमंत परिहार, प्रदीप पटेल, चिरगांव नगर पालिका अध्यक्ष कुंवर राघवेंद्र सिंह, यात्रा प्रभारी मुकेश मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख चंद्रकांतेश वर्मा, डॉ वैभव गुप्ता, संजीव श्रृंगीऋषि आदि उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
पोस्टर-होर्डिंग की बजाय सांसद ने सेवा को दी प्राथमिकता , सांसद अनुराग शर्मा की अपील का कार्यकर्ताओं ने किया पालन
झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र में सांसद अनुराग शर्मा के 61वें जन्मदिवस पर आयोजित हुये सेवा कार्यक्रम
बुजुर्गों की दुआएं और बच्चों की मुस्कान के साथ मनाया सांसद अनुराग शर्मा का जन्मदिन
6100 से अधिक गरीबों को वस्त्र वितरण, अस्पतालों में फल सेवा
सांसद अनुराग शर्मा के जन्मदिन पर क्षेत्र में उमड़ा सेवाभाव
झांसी। झांसी – ललितपुर के यशस्वी एवं लोकप्रिय सांसद अनुराग शर्मा के 61वें जन्मदिवस के अवसर पर पूरे संसदीय क्षेत्र में उनके कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा बड़े पैमाने पर सेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। जन्मदिवस से एक दिन पूर्व ही सांसद अनुराग शर्मा ने अपील जारी की थी कि होर्डिंग और पोस्टर पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय, ज़रूरतमंदों की सेवा करके जन्मदिन को सार्थक बनाएं। उनकी इस अपील का पालन करते हुए हजारों कार्यकर्ताओं ने पूरे लोकसभा क्षेत्र में सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी।
इस अवसर पर पंडित विश्वनाथ शर्मा हिंदू धर्म न्यास के माध्यम से क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में 6100 से अधिक गरीब एवं वंचित लोगों को वस्त्र वितरित किए गए।इसके साथ ही सांसद अनुराग शर्मा ने अपने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गोद लिए मरीजों को भी मेडिकल हेल्थ किट वितरित की, जिससे उन्हें उपचार और पोषण सहायता मिल सके। झांसी व ललितपुर स्थित वृद्धाश्रमों, सेवा बस्तियों, बाल सेवागृहों में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जाकर बुजुर्गों, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों के साथ जन्मदिन मनाया। फल वितरण और सेवा कार्यक्रमों ने इस दिन को और भी विशेष बनाया। कई समर्थकों ने विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रमों का आयोजन कर दीन-दुखियों को भोजन कराकर सांसद का जन्मदिन मानवता की सेवा को समर्पित किया। इसके अतिरिक्त, अनेक कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँचकर बच्चों के साथ केक काटकर सांसद का जन्मदिन मनाया, जिससे बच्चों में खुशी और उत्साह का माहौल बना। अस्पतालों में भी समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने मरीजों को फल वितरण कर सेवा का संदेश दिया।यह सभी कार्यक्रम पूरे लोकसभा क्षेत्र में हजारों कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुए। अंत में सांसद अनुराग शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा जन्मदिन उत्सव का नहीं, सेवा का अवसर है। यदि हर व्यक्ति अपने विशेष दिनों को सेवा कार्यों को समर्पित करे, तो समाज और मानवता दोनों को नई दिशा मिलेगी।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
डॉ. संदीप ने बिरसा मुंडा जयंती पर उनके संघर्ष और बलिदान को किया नमन
बिरसा मुंडा जयंती पर की अपील उनकी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचायें
झाँसी। मां शबरी सहरिया आदिवासी कल्याण समिति के तत्वावधान में दिनांक 15 नवंबर 2025 को महाविद्यालय स्वर्ण जयंती भवन में भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं राष्ट्रीय आदिवासी गौरव दिवस का विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहरिया आदिवासी समुदाय के सैकड़ों बहन-भाइयों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संदीप सरावगी एवं बुंदेलखंड कॉलेज के प्रोफेसर की अध्यक्षता में इस ऐतिहासिक आयोजन को गरिमा प्राप्त हुई। समिति के अध्यक्ष गोपाल सहरिया ने मंच से सभी आदिवासी समाज को नमन करते हुए बिरसा मुंडा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आदिवासी समाज के लिए नई दिशा और नई जागरूकता प्रदान करता है।
समिति सदस्य सियाराम भाई ने कहा कि भारतीय इतिहास में भगवान बिरसा मुंडा एक ऐसे वीर योद्धा और समाज सुधारक के रूप में दर्ज हैं जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन आदिवासी समाज की उन्नति और अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। 15 नवंबर को देशभर में राष्ट्रीय आदिवासी गौरव दिवस मनाया जाना उनके अदम्य साहस और योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है। यह दिवस आदिवासी संस्कृति, विरासत और स्वाभिमान का भी उत्सव है।
मुख्य अतिथि संदीप सरावगी ने अपने संबोधन में कहा “धरती आबा बिरसा मुंडा केवल एक नाम नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, संघर्ष और न्याय की ऐसी प्रतीक शक्ति हैं, जिनसे देश की हर पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान के लिए जिस साहस के साथ लड़ाई लड़ी, वह भारतीय इतिहास का अमिट अध्याय है। बिरसा मुंडा ने कम उम्र में समाज को जो दिशा दी, वह बताती है कि देश की उन्नति केवल विकास से नहीं बल्कि अपनी संस्कृति, परंपरा और मूल्यों की रक्षा से भी होती है। आज उनकी जयंती पर हम सभी का दायित्व है कि हम उनके बताए मार्ग- एकता, न्याय और मानवता को अपनायैं। मैं आदिवासी समाज के साथ-साथ सभी युवाओं से अपील करता हूँ कि वे बिरसा मुंडा के जीवन से सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ। उनकी विरासत हम सबके लिए प्रकाश स्तंभ है।
कार्यक्रम में यह भी गौरवपूर्ण रूप से उल्लेख किया गया कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सहरिया आदिवासी समाज से पहली महिला हैं, जो पूरे देश के विकास और आदिवासी समाज के सम्मान को नई ऊँचाई प्रदान कर रही हैं। विभिन्न गांवों से आए आदिवासी भाई-बहनों ने मंच से अपने विचार व्यक्त किए और समाज में एकता, जागरूकता और शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। सभी उपस्थित जनों ने प्रतिज्ञा ली कि वे भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और सिद्धांतों को जीवन में अपनाकर अपने समाज में सकारात्मक बदलाव लाएँगे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से दिनेश सहरिया, एडवोकेट संतोष कुमार गौतम, हरचरण सहरिया, मनोहर सहरिया, मेवा सहरिया, रानी सहरिया, मोहन सहरिया, सियाराम भाई, रामकुमार सहरिया सहित अनेक वरिष्ठ साथी उपस्थित रहे। समिति के अध्यक्ष गोपाल सहरिया ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और बिरसा मुंडा जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
सहकारिता ग्रामीण विकास का शक्तिशाली माध्यम है :डॉ. प्रवीण सिंह
अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह 2025 के अंतर्गत सहकारी संवाद का हुआ आयोजन
झाँसी। अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह – 2025 के अवसर पर आयोजित “सहकारी संवाद” कार्यक्रम आज झाँसी में बी-पैक्स उल्दन, विकास खंड बंगरा में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम सहकारिता की भावना को मजबूत करने, ग्रामीण विकास को नई दिशा देने और किसान, महिला, युवा एवं सहकारी संस्थाओं के बीच सहयोग का मजबूत सेतु स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक सहयोग का साधन नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और ग्रामीण विकास का एक शक्तिशाली माध्यम भी है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा दी जा रही है और सहकारिता मंत्री जे. पी. एस. राठौर के कुशल नेतृत्व में राज्य के 7,000 से अधिक निष्क्रिय पार्षद सहकारी समितियाँ पुनः सक्रिय हुई हैं। इसके साथ ही डिजिटल पहल सहकार सारथी और सहकारी बैंकों में मुनाफे की तीन गुना वृद्धि जेसी उपलब्धियों के माध्यम से सहकारिता को और अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी झांसी के जिला महामंत्री अरुण सिंह द्वारा की गई, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष उदय लुहारी उपस्थित रहे। उन्होंने सहकारिता के महत्व, ग्रामीण विकास में पार्टी की नीतियों और स्थानीय स्तर पर किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला सहकारी विकास संघ के निदेशक कुंवर लाखन सिंह अस्ता, उपेंद्र सिंह राजावत, सहकारी संघ चेयरमेन श्यामसुंदर तिवारी सतपुरा,सत्यपाल सिंह पठा,नरोत्तम सिंह,कृष्णपाल सिंह,प्रतापनारायण अग्रवाल, दृगपाल सिंह, हरनारायण नन्ना,रामकुमार तिवारी,दीपू तिवारी,अखिलेश पटेरिया,ज्ञानेंद्र सिंह,आशाराम कोटेदार,अशोक कुमार,प्रतिपाल सिंह,मोनू व्यास,सरजू पाल,हेमंत पटेल,हरप्रसाद, द्वारका प्रसाद,परमानंद कुशवाहा,रामजी भाई,अरविंद्र कुशवाहा आदि लोग मौजूद रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
महिला का मकान हड़पने में पूर्व विधायक के खिलाफ रपट दर्ज
फर्जी कागज के सहारे वसीयत कराने का लगया आरोप
मकान बेचा गया मौजूदा पार्षद के भाई को
पूर्व विधायक व मौजूदा पार्षद भाई के खिलाफ मामला दर्ज
झांसी। बबीना से पूर्व विधायक सतीश जतारिया के खिलाफ बुजुर्ग महिला के मकान को फर्जीवाड़ा करके हड़प लेने के आरोप में नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।आरोप है पूर्व विधायक ने खुशीपुरा स्थित विपिन बिहारी इंटर कॉलेज की जमीन में बने मकान के फर्जी कागज बनाकर अपने नाम वसीयत करा लिया। इसके बाद 22 लाख रुपये लेकर बैनामा कर दिया। यहां रहने वाली महिला बेघर हो गई।विवरण के मुताविक खुशीपुरा में रहने वाली रामप्यारी के परिवार का कहना है कि फर्जी वसीयतनामा तैयार करवाकर उनका पैतृक मकान पहले अपने नाम कराया गया, फिर 22 लाख रुपए में बेच दिया। पुलिस ने अब केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खुशीपुरा निवासी प्यारेलाल के अनुसार 1957 में विपिन बिहारी इंटर कॉलेज के पास उनके परिवार को जमीन का पट्टा मिला था। इस पर मकान बनवाया गया और बाद में बंटवारे में इसका एक हिस्सा रतनलाल के हिस्से में आया। 2012 में रतनलाल की मौत के बाद पत्नी रामप्यारी, 5 बेटियां और बेटा बेटा वारिस रहे। परिवार का आरोप है कि मकान का हक इन्हीं 6 लोगों का था। परिजनों का कहना है कि पूर्व विधायक सतीश जतारिया ने फर्जीवाड़ा कर रामप्यारी के नाम से बनावटी वसीयतनामा तैयार करवाया। इसी दस्तावेज के आधार पर उन्होंने मकान अपने नाम करा लिया। इसके बाद रामप्यारी के बच्चों को घर से बेघर कर दिया गया। आरोप है कि पूर्व विधायक ने मकान मौजूदा पार्षद अतुल वर्मा के भाई रवि रामपुरी को 22 लाख रुपए में बेच दिया। परिजनों के अनुसार कई साल तक सुनवाई नहीं हुई, लेकिन पिछले महीने प्रशासनिक जांच में फर्जीवाड़ा साबित हुआ। अब बैनामा निरस्त कराने की प्रक्रिया जारी है। प्यारेलाल की तहरीर पर नवाबाद पुलिस ने पूर्व विधायक सतीश जतारिया और रवि रामपुरी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने कहा कि “मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है, तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
बिपिन बिहारी इंटर कालेज के ट्रस्ट की हैं संपत्ति
तहरीर में बताया गया कि उक्त विक्रयनामा में क्रेता भी वर्तमान वार्ड मैम्बर अतुल वर्मा का सगा भाई है, तथा राजनैतिक फायदा उठाते हुए दोनों लोगों ने आपसी साठ-गांठ कर बैनामा करा लिया है। उसके भाई रतनलाल की पत्नी स्व. रामप्यारी जिसकी मृत्यु भी सन 2017 में हो चुकी है को किसी भी प्रकार से उक्त संपूर्ण मकान की वसीयत करने का अधिकार ही नहीं था। स्व. रामप्यारी के छह बच्चे हैं, जिसमें पांच बेटियां व एक बेटा सभी विवाहित है और उक्त संपत्ति विपिन बिहारी इंटर कालेज ट्रस्ट की है, जिसका किराया उसके द्वारा आज भी भर रहा है।
रजिस्ट्री शुदा बैनामा की भी कराई गई जांच
पूर्व विधायक द्वारा अपना राजनैतिक प्रभाव से जाल-साजी व फर्जी दस्तावेजों को आधार बनाकर उक्त मकान की रजिस्ट्री (बैनामा) कर दिया गया हैं, जिसकी रजिस्ट्री शुदा बैनामा को निरस्त कराने की कार्रवाई उक्त प्रकरण की जांच भी करायी जा चुकी है। तहरीर के आधार पर नवाबाद थाना पुलिस ने बंगलाघाट निवासी सतीश जतारिया और खुशीपुरा निवासी रवि रामपुरी के खिलाफ बीएनएस 318 (4), 338, 336 (3), 340 (2), 61 (2) (ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
बबीना विधानसभा की विशाल एकता यात्रा आज
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे मुख्य अतिथि
झांसी। बबीना विधानसभा क्षेत्र में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जन्म जयंती समारोह अभियान के अंतर्गत चिरगांव मंडल में 17 नवम्बर को आयोजित एकता यात्रा की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। चिरगांव नगर उत्सव के अनुरूप सुसज्जित है।
बबीना विधायक राजीव सिंह परीक्षा ने बताया कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय भाव के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के 150 वीं जयंती समारोह अभियान के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में चिरगांव में प्रस्तावित विशाल यूनिटी मार्च में सम्मिलित होंगे। झांसी जनपद के समस्त जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त महाविद्यालय, चिरगांव में जनसभा होगी। सभा के उपरांत उपमुख्यमंत्री द्वारा एकता यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। यात्रा महाविद्यालय से प्रारंभ होकर मंडी, रामनगर चौराहा, थाना, पहाड़ी चुंगी, पहाड़ी तिराहा, मिश्रा ढाबा होते हुए अंतिम पड़ाव महेवा तिराहा पहुंचेगी, जहां पुनः जनसभा आयोजित होगी।
यात्रा प्रभारी मुकेश मिश्रा ने बताया कि यात्रा मार्ग के प्रत्येक प्रमुख चौराहे पर पुष्पवर्षा की व्यवस्था रहेगी। यात्रा में देशभक्ति गीत, विभिन्न झांकियां एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनों का समावेश रहेगा। यह आयोजन सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर राष्ट्रपुरुष को समर्पित सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि 562 रियासतों का एकीकरण कर भारत को अखंड राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करने का ऐतिहासिक कार्य सरदार पटेल द्वारा ही किया गया, और यह यात्रा उसी कृतज्ञ स्मरण का प्रतीक है।















