रोडवेज बस से कुचलकर वृद्ध की मौत, मौके पर पहुंची सीओ

रोडवेज बस से कुचलकर वृद्ध की मौत, मौके पर पहुंची सीओ
उरई। कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड पर बस से कुचलकर वृद्ध की मौत हो गई। खबर मिलते ही सीओ व कोतवाल मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
शहर के मुहल्ला रामनगर निवासी 60 वर्षीय महेश गुप्ता कोंच बस स्टैंड पर फूल माला व अन्य सामग्री बेचने का काम करते थे। बताया गया कि मंगलवार की सुबह चालक अवधेश निवासी हरासी प्रेमनगर झांसी स्टैंड से रोडवेज की जनरथ बस लेकर निकला। बस सड़क पर पहुंची ही थी कि महेश गुप्ता उसमें चढ़ा और माला देने के बाद वह नीचे उतर रहा था। तभी उनका पैर उतरने वाले स्टैंड में फंस गया और वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान चालक ने उन्हें न देखकर बस को आगे बढ़ा दिया। जिससे सीने पर पहिया चढ़ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद सीओ अर्चना सिंह, कोतवाल प्रभारी हरिशंकर चंद मौके पर पहुंचे और स्वजन को सूचना देकर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के भाई राजेंद्र गुप्ता की तहरीर पर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया कि मृतक के दो पुत्र हैं जो दिल्ली में रहकर काम करते हैं उन्हें सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कै लिए भेज दिया।
प्रदेश समाचार / उरई टीम

यातायात जागरूकता : रामश्री पब्लिक स्कूल में चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता आयोजित

दुर्घटनाओं का बड़ा कारण शराब पीकर वाहन चलाना व लापरवाही है
बच्चे अगर जागरूक होंगे तो परिवार और समाज भी सुरक्षित होगा
उरई। यातायात जागरूकता माह के तहत रामश्री पब्लिक स्कूल में कला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने चित्रों और लेखन के माध्यम से यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। इसमें करीब 200 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सीओ यातायात अर्चना सिंह का स्वागत विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सीपी गुप्ता ने गुलदस्ता भेंटकर किया। सीओ ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे अगर जागरूक होंगे तो परिवार और समाज भी सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सिर्फ आवश्यकता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी यातायात माह नवम्बर समापन समारोह, 30 नवंबर को उत्कृष्ट प्रतिभागियों को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह ने बच्चों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट की अनिवार्यता, सीट बेल्ट और ट्रैफिक संकेतों के महत्व के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं का बड़ा कारण शराब पीकर वाहन चलाना व लापरवाही है, जिसे नियमों के पालन से रोका जा सकता है। साथ ही ठंड की भी शुरूआत हो रही है अतः रात्रि में वाहन चलाने और कोहरे से दुर्घटनाओं में कमी लाने के संबंध में भी जानकारी दी। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सीपी गुप्ता ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में जागरूकता के साथ रचनात्मकता को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए बच्चों के प्रयासों की सराहना की।कार्यक्रम में प्रधानाचार्य शैलेन्द्र सिंह सेंगर, मीनू अंसारी, अंशुल द्विवेदी, विजय ठाकुर, राघव श्रीवास्तव, देवेंद्र रावत, गौरव शर्मा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
प्रदेश समाचार / उरई टीम

मड़ावरा में बुंदेलखंड एकीकरण समिति ने बांटे गर्म कपड़े

मड़ावरा में बुंदेलखंड एकीकरण समिति ने बांटे गर्म कपड़े

ललितपुर।  जिले के मड़ावरा ब्लॉक के क्षेत्र के ग्राम इकौना और दांगली में बुंदेलखंड एकीकरण समिति और पंडित विश्वनाथ शर्मा हिंदू धर्मात न्यास द्वारा गर्म वस्त्रों और कंबलों का वितरण किया गया। यह वितरण भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से संपन्न हुआ। समिति ने बताया कि बढ़ती ठंड को देखते हुए असहाय और जरूरतमंद व्यक्तियों को सर्दी से बचाव के लिए यह सहायता प्रदान की गई है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना है। बुंदेलखंड एकीकरण समिति के ब्लॉक प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि सांसद अनुराग शर्मा प्रति वर्ष इसी प्रकार जरूरतमंद व्यक्तियों की मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि असहाय व्यक्ति को सर्दी में वस्त्र उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण कार्य है। इस अवसर पर बुंदेलखंड एकीकरण समिति से ब्लॉक प्रभारी राकेश तिवारी, सीताराम परिहार, रामनरेश सुडेले, फूल सिंह कुशवाहा और कपिल सुडेले सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदेश समाचार / ललितपुर टीम

गौशाला विवाद:वीडियो बनाने वाला युवक गिरफ्तार

मारपीट करने का आरोप, पुलिस ने भेजा जेल
ललितपुर। जिले के गिरार थाना क्षेत्र स्थित डगडगी गोशाला के बाहर हुए विवाद में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने वाले युवक देवेंद्र कोशिश को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
विवरण के मुताविक देवेंद्र कोशिश और जिला पंचायत सदस्य मनोज कुशवाहा के खिलाफ गिरार थाना पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। आरोप है कि दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलक गोशाला में जबरन घुसपैठ की, तारबाड़ी तोड़कर 700 से अधिक पशुओं को भगाया, सरकारी अभिलेख व रजिस्टर फाड़ दिए और कुछ को साथ ले गए, गोशाला सचिव से मारपीट की, जातिसूचक शब्द कहे। यह एफआईआर पंचायत सचिव इंद्रेश कुमार गौतम और ग्राम प्रधान के पति देवी सिंह की तहरीर पर दर्ज की गई। इसके अलावा, देवेंद्र कोशिश पर कोतवाली सदर में भी एक मुकदमा दर्ज है। शिकायतकर्ता योगेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि 9 सितंबर को उनका लकड़ी से लदा ट्रक खड़ा था, तभी देवेंद्र ने, 5 हजार रुपये की रंगदारी मांगी, वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी, गाड़ी पकड़वाने का भय दिखाया।
प्रदेश समाचार / ललितपुर टीम

जीएम ने किया ग्वालियर एवं बिरला नगर स्टेशनों का दौरा

स्टेशन पुनर्विकास के कामों को समय सीमा के अंतर्गत पूरा करने के दिए निर्देश
बिरला नगर स्टेशन को किया जाएगा सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित
वैगन मरम्मत कारखाना का किया सघन निरीक्षण
झांसी। महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने ग्वालियर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान महाप्रबंधक ने सर्वप्रथम ग्वालियर स्टेशन का निरीक्षण किया और उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास के कार्यों का जायजा लिया।
जीएम नरेश पाल सिंह ने स्टेशन पर चल रहे कार्यों पर संतुष्टि जाहिर की और साथ ही उन्होंने सभी कामों को समयबद्ध तरीके से निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने कहा कि स्टेशन के हेरिटेज लुक को बनाए रखते हुए ही पुनर्विकास के कार्य किए जाएं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सभी नॉन ब्लॉक वाले कार्यों को अधिक मैन पावर लगाकर तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया ताकि निर्धारित समय सीमा का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त श्री सिंह ने अधिकारियों यह भी को कहा कि जो भी कार्य चाहे प्लेटफार्म सरफेस के हो या स्टेशन के सर्कुलेटिंग परिक्षेत्र के उनको समानांतर रूप से किया जाए। ग्वालियर परिक्षेत्र के अपने दौरे के क्रम में इसके उपरांत महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने ग्वालियर के बिरला नगर स्टेशन का दौरा किया। यह दौरा बिरला नगर स्टेशन को ग्वालियर के विस्तृत होते स्वरूप के अनुरूप बढ़ती आवश्यकताओं के दृष्टिगत सैटेलाइट स्टेशन के तौर पर विकसित करने हेतु किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने स्टेशन के वर्तमान प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाने की आवश्यकता जताते हुए इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में उन्होंने स्टेशन पर आवश्यक यात्री सुविधाओं को बेहतर करने और यात्रियों को बेहतर से बेहतर यात्रा अनुभव देने के उद्देश्य से कार्य करने की बात कही।
मंडल के ग्वालियर तथा बिरलानगर स्टेशन के सघन निरीक्षण उपरान्त महाप्रबंधक ने वैगन मरम्मत कारखाना, झाँसी का गहन निरीक्षण किया तथा मॉडल ले आउट प्लान को देखा और साथ ही मरम्मत इकाईयों – मरम्मत शॉप , ट्राली शॉप, पेंट शॉप,  सी टी आर बी शॉप और व्हील शॉप में कार्यप्रणाली की समीक्षा की I श्रीसिंह ने वर्कशॉप में  मरम्मत प्रक्रिया को देखा तथा कार्यरत स्टाफ/पर्यवेक्षकों के ज्ञान को भी परखाI निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार एवं मंडल के संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ स्टेशन पुनर्विकास से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

गुलाबी गैंग समाज में महिला शक्ति का एक सशक्त प्रतीक बन चुका है – डॉ. संदीप

हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ गुलाबी गैंग का ग्यारहवाँ स्थापना दिवस
झाँसी। गुलाबी गैंग का ग्यारहवाँ स्थापना दिवस मंगलवार को बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अगुवाई गुलाबी गैंग कमांडर हाजरा रब ने की। इस अवसर पर संगठन की विभिन्न शाखाओं की सदस्याओं ने भारी संख्या में भाग लिया और महिला सशक्तिकरण की दिशा में अपने संकल्प को दोहराया। समारोह में प्रमुख रूप से मीना रायकवार, मीना मसीह, सैफी, भगवती कुशवाहा, मुन्नी भास्कर, ज्योति गोस्वामी, सपना गुप्ता, सुमन वर्मा, इंद्रा परिहार, सुधा गुप्ता, प्रेमलता वर्मा, जोया, भावना, रेखा यादव, सुशीला, लक्ष्मी सहित कई अन्य महिलाएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी डॉ. संदीप सरावगी  उपस्थित रहे। उन्होंने सभी महिला सदस्यों को कंबल वितरित किए और संगठन के कार्यों की सराहना की। डॉ. संदीप सरावगी ने अपने संबोधन में कहा गुलाबी गैंग समाज में महिला शक्ति का एक सशक्त प्रतीक बन चुका है। यह संगठन वर्षों से अत्याचार के विरुद्ध आवाज उठाने, महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान दिलाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। मैं सभी सदस्याओं को उनके संघर्ष, समर्पण और संगठनात्मक एकजुटता के लिए बधाई देता हूँ। समाज तभी प्रगतिशील बन सकता है जब उसकी महिलाएँ सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों।
गुलाबी गैंग की कमांडर हाजरा रब ने कार्यक्रम में डॉ. संदीप सरावगी की भूरि–भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा डॉ. संदीप हमेशा से समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं के हित में निरंतर प्रयास करते रहे हैं। उनकी संवेदनशीलता, मददगार स्वभाव और सामाजिक दायित्व निभाने की प्रतिबद्धता हमारे लिए प्रेरणा है। गुलाबी गैंग के हर कार्यक्रम में उनका सहयोग हमें नई ऊर्जा प्रदान करता है। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया। समारोह सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संघर्ष सेवा समिति से मनोज रेजा, राजू सेन, राकेश अहिरवार, सुशांत गेड़ा, बसंत गुप्ता, सिद्धांत गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

विश्व हिंदू महासंघ सनातन रक्षा वाहिनी के मीडिया प्रभारी बने मुकेश वर्मा

विश्व हिंदू महासंघ सनातन रक्षा वाहिनी के मीडिया प्रभारी बने मुकेश वर्मा
झांसी। विश्व हिंदू महासंघ की सनातन रक्षा वाहिनी का आज गठन करते हुए जिला मीडिया प्रभारी पद पर झांसी मीडिया क्लब के अध्यक्ष मुकेश वर्मा को नियुक्त करते हुए उन्हें हार माला पहना कर सम्मानित किया।
रविवार को सिद्धेश्वर मन्दिर पर आयोजित बैठक में विश्व हिंदू महासंघ के धर्माचार्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पंडित हरिओम पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ठाकुर, मंडल प्रभारी सोनू ठाकुर, जिला महामंत्री विनोद पडा ने प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति ओर सनातन रक्षा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष स्वामी हरिनारायण महाराज की संस्तुति पर झांसी मीडिया क्लब के अध्यक्ष मुकेश वर्मा को सनातन रक्षा वाहिनी का झांसी जिले का मीडिया प्रभारी बनाया गया। इस दौरान मुकेश वर्मा ने सभी प्रदेश ओर जिला नेतृत्व का धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें दी गई है वह उसका कर्तव्य निष्ठा से पालन करेंगे। इस दौरान जिला प्रभारी सुनील अहिरवार, जिला उपाध्यक्ष हेमंत साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेरिया आदि उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

झाँसी मण्डल में जीवनदायिनी साबित हो रही एनएचएम की एम्बुलेंस सेवा

छ: माह में तीन लाख से अधिक मरीजों को निःशुल्क पहुँचाया अस्पताल
आम जनमानस इन एम्बुलेन्स सेवाओं का भरपूर उठा रहे हैं लाभ
झाँसी। किसी भी दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में मरीज का जल्दी से जल्दी से अस्पताल पहुँचना उसका जीवन बचाने के लिये सबसे अहम होता है। जितने जल्दी मरीज अस्पताल पहुँचता है उतने ही जल्दी उसे उपचार मिलना शुरू हो जाता है जिससे उसके जीवन को सुरक्षा मिलती है।
एम्बुलेन्स सेवाओं के महत्व को समझते हुये उ.प्र. सरकार द्वारा झाँसी मण्डल सहित पूरे प्रदेश में एम्बुलेन्स चलायी जा रही हैं। इन एम्बुलेन्स की सेवाएँ एक टोल फ्री नम्बर पर कॉल करने से 15-20 मिनट में उपलब्ध हो जाती हैं। यहाँ तक कि गंभीर मरीजों को एक चिकित्सालय से रेफर करते समय किसी दूसरे उच्च चिकित्सा संस्थान भेजने के लिये भी एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेन्स वेन्टीलेटर के साथ उपलब्ध करायी जा रही हैं।
एम्बुलेन्स सेवा मुख्य रूप से तीन कैटेगरी में विभाजित है। 108 आपातकालीन एम्बुलेन्स सेवा, 102 मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के लिय समर्पित एम्बुलेन्स सेवा तथा ए.एल.एस. नामक एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेन्स सेवाएँ भी चलायी जा रही हैं जो कि मरीजों को पूर्णत: नि:शुल्क सेवाएँ प्रदान कर रही हैं। इन सेवाओं से भारी संख्या में मरीजों को लाभ मिल रहा है और वे समय से चिकित्सालय पहुँचकर उपचार करा रहे हैं। झाँसी मण्डल में आम जनमानस इन एम्बुलेन्स सेवाओं का भरपूर लाभ उठा रहे हैं। माह अप्रैल 2025 से सितंबर 2025 की छ:माही में 3.02 लाख लोगों ने किसी न किसी प्रकार की एम्बुलेन्स सेवा का लाभ प्राप्त किया।
प्रसूता और नवजात बच्चे को घर तक छोड़ती है एम्बुलेन्स
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल को ध्यान में रखते हुये हर गर्भवती महिला एवं एक वर्ष तक के बच्चे को समर्पित 102 एम्बुलेन्स सेवा के माध्यम से अस्पताल में भर्ती करने के लिये घर से अस्पताल लाने के अतिरिक्त अस्पताल से छुटटी मिलने पर उन्हें घर छोड़ने की भी व्यवस्था की जाती है। जिससे कि मरीजों पर अस्पताल से छुट्टी मिलने पर घर जाने का कोई अतिरिक्त भार वहन न करना पड़े। प्रत्येक एम्बुलेन्स में एक प्रशिक्षित स्टाफ तथा मानक के अनुसार आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहते हैं जिससे रास्ते में मरीज को प्राथमिक उपचार मिलता है, इस उपचार से मरीज की स्थिति स्थिर रहती है और उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता है। मानक के अनुसार टोल फ्री नम्बर 108 या 102 पर काल करने पर मरीज को शहरी क्षेत्र में 15 मिनट के अन्दर तथा ग्रामीण क्षेत्र में 20 मिनट के अन्दर एम्बुलेन्स उपलब्ध करायी जा रही है।
एम्बुलेन्स से लाभान्वित मरीजों की स्थिति
वर्ष 2025-26 की प्रथम छ:माही में झाँसी जिले में 102 एम्बुलेन्स सेवा से 78335 मरीजों ने लाभ लिया व 108 एम्बुलेन्स सेवा से 32437 मरीजों ने लाभ लिया। वर्ष 2025-26 की प्रथम छ:माही में 102 एम्बुलेन्स सेवा से 79083 मरीजों ने लाभ लिया व 108 एम्बुलेन्स सेवा से 30357 मरीजों ने लाभ लिया। वर्ष 2025-26 की प्रथम छ:माही में 102 एम्बुलेन्स सेवा से 53078 मरीजों ने लाभ लिया व 108 एम्बुलेन्स सेवा से 28942 मरीजों ने लाभ लिया।
एम्बुलेन्स सेवा और गोल्डन आवर
विशेषज्ञ मानते हैं कि हार्ट अटेक या स्ट्रोक की स्थिति में मरीज के लिये पहले तीने घंटे जिसे गोल्डन आवर कहा जाता है, बहुत ही महत्वपूर्ण है। यदि कोई मरीज इस अवधि में अस्पताल पहुँच जाये और उसे समुचित चिकित्सा उपचार मिल जाये तो उसकी जान की जोखिम को बहुत हद तक कम किया जा सकता है।
झाँसी मण्डल के मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने बताया कि झाँसी मण्डल में एन.एच.एम. की एम्बुलेन्स सेवाएँ आम लोगों को आपातकालीन स्थिति में जीवनदायिनी सिद्ध हो रही है। इन सेवाओं से आम लोगों को नि:शुल्क व त्वरित रूप से सरकारी चिकित्सा संस्थान में पहुँचाया जा रहा है जिससे पीड़ित व्यक्तियों को राहत मिल रही है।
एनएचएम. के मण्डलीय परियोजना प्रबंधक आनन्द चौबे ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत एम्बुलेन्स सेवाओं का व्यापक विस्तार किया गया है कुछ पुरानी एम्बुलेन्स के स्थान पर अब नयी एम्बुलेन्स आ चुकी हैं। वर्तमान में झाँसी मण्डल में सभी श्रेणी की कुल 144 एम्बुलेन्स संचालित हैं। विगत छ:माही में 3.02 लाख मरीजों ने इस सेवा का लाभ उठाया है, जो कि एक बड़ी उपलब्धि है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश आज महिला उद्यमिता के लिए सबसे उभरता हुआ प्रदेश बन चुका है : पूनम शर्मा
फिक्की फ्लो सम्मेलन में छाई राष्ट्रीय अध्यक्ष , महिला उद्यमिता, सुरक्षा और कौशल विकास पर रखा दूरदर्शी रोडमैप
महिला सुरक्षा और उद्यमिता पर पूनम शर्मा ने जताया भरोसा
लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित फिक्की फ्लो (FICCI FLO) के तीन दिवसीय अंतरराज्यीय राष्ट्रीय सम्मेलन में फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती पूनम शर्मा पूरे आयोजन का मुख्य केंद्र रहीं। देशभर की 21 चैप्टर्स की 500 से अधिक महिला उद्यमियों की उपस्थिति में उन्होंने महिला नेतृत्व, औद्योगिक प्रगति और विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की निर्णायक भूमिका पर विस्तार से अपने विचार रखे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मेलन का उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम शर्मा के साथ किया और अपने संबोधन में प्रदेश की बदलती कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और निवेश के उन्नत वातावरण पर विस्तृत विचार रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि “बहन-बेटियों से छेड़खानी करने वालों को मौके पर ही सबक सिखाएँ। उत्तर प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कुछ वर्ष पहले तक जहाँ महिलाएँ रात में बाहर निकलने से डरती थीं, वहीं आज महिलाएँ देर रात तक काम कर निडर होकर घर लौट पा रही हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में महिलाओं की संख्या 2017 में मात्र 10 प्रतिशत थी, जो आज बढ़कर 44 प्रतिशत हो चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090, 181, वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाएँ प्रभावी रूप से महिलाओं को सहायता प्रदान कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की मजबूती ने बड़े निवेश को आकर्षित किया है। “जहाँ कभी निवेशक आने से हिचकते थे, आज वही उत्तर प्रदेश में 45 हजार करोड़ से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं और पाँच हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव जल्द ही आने वाले हैं।
उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए विशेष स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किए जाएँ
पूनम शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज महिला उद्यमिता के लिए सबसे उभरता हुआ प्रदेश बन चुका है। उन्होंने बताया कि 142 साल के इतिहास में फिक्की फ्लो वह राष्ट्रीय संगठन है जो महिलाओं को कौशल, तकनीक, स्टार्टअप, डिजाइन, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, आयुष, ऑर्गेनिक फार्मिंग, कॉमिक स्ट्रिप, रिसर्च और इंक्यूबेशन जैसे विविध क्षेत्रों में सशक्त बना रहा है। उन्होंने कहा कि “द पावर टू एम्पावर” की अवधारणा के साथ फिक्की फ्लो जमीनी स्तर पर महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सतत कार्य कर रहा है। पूनम शर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी दो महत्वपूर्ण माँगें भी रखीं—पहली, उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए विशेष स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किए जाएँ, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाएँ रोजगार और उद्यमिता से जुड़ सकें। दूसरी, फिक्की फ्लो को इंडस्ट्रियल पार्क के लिए उत्तर प्रदेश में उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि महिला उद्यमिता को उद्योगिक संरचना के साथ एक मजबूत मंच मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत स्तर तक महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए फिक्की फ्लो जल्द ही लोकतांत्रिक शिक्षा कार्यक्रम की शुरुआत करेगा, जिससे ग्रामीण महिलाओं को प्रतिनिधित्व और निर्णय-क्षमता दोनों प्राप्त होंगी।
झाँसी और बुंदेलखंड के लिए विशेष संभावनाएँ
मुख्यमंत्री ने झाँसी और बुंदेलखंड क्षेत्र का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में रेडिएंट गारमेंट उद्योग प्रभावित हुआ है और फिक्की फ्लो यहाँ महिलाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार और उद्यमिता से जोड़कर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुँच दिला सकता है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पूनम शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड की महिलाएँ कौशल और उद्यमिता में अत्यधिक संभावनाएँ रखती हैं। फिक्की फ्लो झाँसी और आसपास के क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाएगा, ताकि महिलाएँ उद्योग, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग और डिज़ाइन जैसे क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकें।
महिला नेतृत्व को दी नई दिशा—पूनम शर्मा का विज़न विकसित भारत 2047 से जुड़ा
अपने विस्तृत संबोधन में पूनम शर्मा ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि फिक्की फ्लो न केवल बड़े शहरों में बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाओं के साथ कार्य कर रहा है ताकि हर वर्ग की महिला उद्यमिता से जुड़ सके। उन्होंने कहा कि “आज वह सपना साकार हो रहा है जहाँ पुरुष और महिला एक साथ खड़े होकर व्यवसाय चला रहे हैं। हमारा उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक, तकनीकी और सामाजिक रूप से इतना सशक्त बनाना है कि वे आने वाली पीढ़ियों के लिए रोल मॉडल बन सकें।
सीएम का पूनम शर्मा को विशेष सम्मान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम शर्मा और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि देशभर में महिला उद्यमियों के कौशल विकास के लिए किया जा रहा यह कार्य अभूतपूर्व और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार फिक्की फ्लो की हर रचनात्मक पहल में सहयोग देगी और महिलाओं के कौशल व सुरक्षा को और मजबूत बनाया जाएगा। यह सम्मेलन न सिर्फ उत्तर प्रदेश की बढ़ती महिला शक्ति का प्रदर्शन था, बल्कि यह इस बात का प्रमाण भी है कि राज्य महिलाओं के नेतृत्व, सुरक्षा और उद्यमिता को प्राथमिकता देते हुए एक नए अध्याय की ओर बढ़ रहा है।
प्रदेश समाचार / लखनऊ टीम

किसी भी परिस्थिति में तय समय सीमा के अंदर कार्य को संपन्न कराया जाए : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की दी जानकारी
मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी दलों से मांगा सहयोग
प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट की सूची देने का किया अनुरोध
झांसी। जनपद में चल रहे मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आय़ोजित की गई।
बैठक में SIR की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा SIR के दौरान सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए राजनैतिक दलों और नागरिकों का सहयोग बहुत आवश्यक है, जिससे कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रह जाए और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न होने पाए। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से अनुरोध किया कि वे प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर सूची उपलब्ध कराएं ताकि वह बीएलओ के साथ मिलकर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण में सहयोग कर सकें। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में बताया कि अब प्रत्येक बीएलए अधिकतम 50 गणना प्रपत्र प्रतिदिन मतदाताओं से भरवाकर बीएलओ के पास जमा कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र सभी मतदाताओं को उपलब्ध करा रहे हैं,और भरे गये गणना प्रपत्र की एक प्रति अपने पास रखेंगे और दूसरी प्रति अपने हस्ताक्षर सहित मतदाताओं को पावती के रूप में वापस करेंगे। इस दौरान गणना प्रपत्र के अलावा कोई अन्य अभिलेख नहीं लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि यदि गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर करते हुए बीएलओ को वापस नहीं किया जाता है तो उन्हें मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जा सकेगा। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी को बताया कि कुछ क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा अभी तक गणना प्रपत्र नहीं पहुंचाया गया। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी सभी ईआरओ/एईआरओ अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर से इसकी समुचित निगरानी कर जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र नहीं मिला है, उन्हें अतिशीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मृदुल चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को चेतावनी देते हुए विशेष अभियान चलाकर गणना पत्र एकत्र कराने तथा उसको डिजिटाइजेशन कराकर प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में तय समय सीमा के अंदर कार्य को संपन्न कराया जाए। इसकी उन्होंने प्रतिदिन समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम