लोक निर्माण विभाग का लिपिक बीस हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
पीएफ और पेंशन पास कराने के लिए मांगी थी रिश्वत
झांसी। घूसखोर कर्मचारियों अफसरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एंटी कर्पशन टीम ने लीक निर्माण विभाग खंड तीन के वरिष्ठ लिपिक को बीस हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक आज सुबह एंटी कर्पशन टीम कचहरी चौराहा स्थित लोक निर्माण विभाग के खंड तीन कार्यालय पहुंची। जहां टीम ने वरिष्ठ लिपिक संतोष निरंजन निवासी खे निवासी को दबोच लिया। टीम ने जबकि जेब से बीस हजार की रिश्वत भी बरामद कर ली। बताया जा रहा है कि एक सेवानिवृत कर्मचारी से पेंशन को लेकर किसी कार्य को रिश्वत मांगी जा रही थी। रिश्वत न देने पर पीड़ित को चक्कर कटवाए जाते थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी कर्पशन टीम को दी थी। आज टीम ने अपना जाल बिछा कर उसे दबोच लिया। वरिष्ठ लिपिक के पकड़े जाने पर पूरे कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं शिकायत कर्ता राजेंद्र कुमार निवासी आईटीआई के पीछे के पिता 31 अक्टूबर 2025 रिटायर्ड हुए थे। उनका पीएफ का पैसा ओर पेंशन पास कराने के लिए चालीस हजार की रिश्वत मांगी थी। जिसमें से आज पीड़ित ने बीस हजार रुपए दिए थे। जिस पर तत्काल एंटी कर्पशन टीम ने लिपिक को तत्काल रिश्वत लेते दबोच लिया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता
बड़ी कार्यवाही : दिन दहाड़े बीच चौराहे सीबीआई ने उठाया घूसखोर अफसरों को
जीएसटी के वकील के घर पर भी छापा, लंबी पूछताछ जारी
सत्तर लाख रुपए घूस लेने के आरोप में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई
झांसी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी), झाँसी, उत्तर प्रदेश कार्यालय में चल रहे एक रिश्वतखोरी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस अभियान के दौरान सीबीआई ने एक उप आयुक्त (आईआरएस-सी एंड आईटी), दो अधीक्षकों, एक अधिवक्ता तथा एक निजी कंपनी के स्वामी को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है।
विवरण के मुताविक सीबीआई ने मंगलवार को दर्ज इस मामले में सीजीएसटी, झाँसी में तैनात उप आयुक्त (आईआरएस-सी एंड आईटी 2016 बैच), दो अधीक्षकों, एक अधिवक्ता, निजी कंपनियों के स्वामियों तथा कुछ अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध एक निजी फर्म को जीएसटी चोरी के मामलों में अनुचित लाभ पहुँचाने के लिए 1.5 करोड़ रुपये की अवैध मांग के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी। सीबीआई ने जाल बिछाकर अधीक्षक अनिल तिवारी और अजय कुमार शर्मा को 70 लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया। यह रिश्वत सीजीएसटी झाँसी के उप आयुक्त के कहने पर ली जा रही थी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में दोनों अधीक्षक, उप आयुक्त, एक अधिवक्ता तथा एक निजी कंपनी के स्वामी शामिल हैं। इसके बाद की गई तलाशी में लगभग 90 लाख रुपये नकद, कई संपत्ति दस्तावेज तथा भारी मात्रा में आभूषण/सोना-चाँदी बरामद किए गए हैं। तलाशी की प्रक्रिया अभी जारी है और आगे की जाँच लगातार की जा रही है। अब तक कुल लगभग 1.60 करोड़ रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। इस मामले में टीम ने सीजीएसटी की डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
बताते हैं कि इससे पहले ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट से जुड़े मामलों में सीबीआई की टीम पर स्थानीय पुलिस ने एक बार स्पेशल 26 जैसी स्थित मानकर पूछताछ की थी, लेकिन बाद में पुष्टि के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था, जो अवैध बिटकॉइन लेनदेन से संबंधित था। टैक्स चोरी के एक रैकेट से वकील के जुड़े होने की पुख्ता सूचना पर कार्रवाई की गई है। बताते हैं कि केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के कर्मियों के साथ सीबीआई ने जय दुर्गा हार्डवेयर के मालिक राजू मंगतानी और वकील नरेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने घूस मांगने के मामले में मंगलवार को अपनी पड़ताल शुरु की थी और केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के कार्यालय में रिश्वतखोरी रैकेट का पर्दाफाश किया। तलाशी के दौरान इनके पास से 90 लाख रुपए, कई संपत्ति दस्तावेज समेत सोने चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। बरामद माल की कीमत एक करोड़ 60 लाख रुपया आंकी गई है। सूत्रों का कहना है कि अधीक्षक अनिल तिवारी, अधीक्षक अजय शर्मा, अधिवक्ता नरेश गुप्ता मिलकर जीएसटी कर चोरी के मामले निपटाते थे। इनके खिलाफ प्राइवेट फर्मों को फायदा पहुंचाने के लिए एक करोड़ 50 लाख रुपए घूस मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
बारह दिन पहले मारा था छापा
19 दिसंबर को डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी के नेतृत्व में सेंट्रल जीएसटी की टीम ने झोकन बाग में जय दुर्गा हार्डवेयर फर्म पर छापा मारा था। फर्म पर टैक्स में गड़बड़ी करने का आरोप था। टीम यहां से 3 बोरों में कागजात भरकर ले गई थी। इस मामले की छानबीन चल रही थी। बताया जा रहा है कि इस मामले को निपटाने के लिए सेंट्रल जीएसटी अफसर डेढ़ करोड़ रुपए की डिमांड कर रहे थे। इसको लेकर वकील नरेश कुमार गुप्ता के जरिए जय दुर्गा हार्डवेयर का प्रोपराइटर राजू मंगनानी से बातचीत चल रही थी। इसका इनपुट सीबीआई तक पहुंच गया था। तभी सीबीआई ने मंगलवार को केस दर्ज किया था।
बरामद माल की कीमतआंकी गई लगभग 1.60 करोड़
इसके बाद कस्टम एंड इनडायरेक्ट टैक्स के कर्मियों के साथ सीबीआई ने जय दुर्गा हार्डवेयर के मालिक राजू मंगतानी और वकील नरेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। इसके बाद उनके ठिकानों पर छापा मारकर एक करोड़ 60 लाख रुपए और जेवर जब्त किए। तलाशी के दौरान इनके पास से 90 लाख रुपए, कई प्रॉपर्टी के दस्तावेज समेत सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए। बताया गया है कि सुपरिटेंडेंट अनिल तिवारी, सुपरिटेंडेंट अजय शर्मा, वकील नरेश गुप्ता मिलकर जीएसटी चोरी के मामले निपटाते थे। इनके खिलाफ प्राइवेट फर्मों को फायदा पहुंचाने के लिए 1.5 करोड़ रुपए की घूस मांगने का केस दर्ज किया गया है। सीबीआई का कहना है कि सभी आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता
नगर निगम सदन बैठक : हंगामा,नोकझोंक के बीच थपथपाईं मेजें ,पुनरीक्षित बजट हुआ पास
कार्यकारिणी की तरह सदन में भी आय-व्यय पर नहीं हुई चर्चा
40745.75 लाख रुपए का पुनरीक्षित बजट 2025-26 पारित
महापौर से विपक्षी सदस्यों की हुई तीखी नोकझोंक, जमीन पर बैठकर जताया विरोध
झाँसी। बुधवार को नगर निगम के सदन हॉल में महापौर बिहारी लाल की अध्यक्षता में सदन की बैठक आयोजित की गई। जिसमें पुनरक्षित बजट 2025-26 का रखा गया और इस बजट में किन-किन मर्दों पर खर्च होने वाली धनराशि को लेकर सभी पार्षदों से चर्चा की गई चर्चा के उपरांत बजट को सदन से सहमति मिली और बजट पास हुआ। बजट पास होने से पूर्व सदन की बैठक शुरू होते ही वंदे मातरम धुन बजाकर सभी ने वंदे मातरम गीत गया। इसके उपरांत सदन की बैठक शुरू हुई जिसमें पार्षदों के द्वारा शहर के विकास निर्माण कार्यों को लेकर एवं सौर्दयकरण को लेकर सभी पार्षदों ने महापौर बिहारी लाल आर्य एवं नगर आयुक्त आकांक्षा राणा के समक्ष अपने प्रस्ताव रखें। प्रस्ताव को लेकर पार्षदों ने सर्वप्रथम मुद्दा पार्कों की व्यवस्था को लेकर व उससे होने आय को लेकर रखा। जिसमें कार्यकारिणी सदस्य बंटी राजा, मुकेश सोनी एवं पार्षद कन्हैया कपूर ने मुद्दे पर काफी बहस की। जिसमें उनका कहना था कि पार्काे जो शुल्क अब आ रहा है इससे नगर निगम नुकसान में जा रहा है जो कंपनी पार्क व्यवस्था देख रही है उसका टेंडर निरस्त किया जाए। जिस पर महापौर एवं नगर का कहना था कि जो टेंडर होते हैं और जो टेंडर प्रक्रिया होती है उसमें निरस्त करने की प्रक्रिया के लिए एक नोटिस जारी किया जाता है इसके बाद जो कंपनी से एग्रीमेंट हुआ था वह सारे संसाधन देखे जाते हैं इसके लिए टीम बनी है और निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट आएगी उसे पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पार्षदों का कहना था कि पार्कों के आसपास जो ठेले व फूल बेचने वाले लगे रहते हैं उनसे सुविधा शुल्क लिया जाता है यह सब बंद किया जाए। सदन नेता नरेंद्र नामदेव ने कहा पार्षदों के द्वारा जो भी प्रस्ताव रखे गए उनको गंभीरता से नहीं लिया जाता और सदन सर्वाेपरि है। पार्षद नीता विकास यादव ने कहा कि जो जोन बनाए गए हैं उसे जनता परेशान हो रही है जनता के लिए व्यवस्था नगर निगम में की जाए और कहा कि कंपनियों ने पाइपलाइन डालने के लिए सड़कों को खुद डाला है इसी तरह जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के संदर्भ में भी पार्षदों ने अपनी बात रखी सड़क पानी बिजली की समस्याओं का मुद्दा पूरी तरह सदन की बैठक में छाया और बैठक में डीजल के मामले को लेकर भी जिसमें हरिओम मिश्रा पार्षद द्वारा डीजल के मामले की जानकारी बताने पर नगर आयुक्त ने जो कार्रवाई की है उसमें मामला संज्ञान में आया इसमें लाखों रुपए का डीजल चोरी हो रहा था इस मामले को उजागर किया गया कहा गया कि जो भी इस कार्य में शामिल है उन पर कार्रवाई की जाएगी। आने वाले मौसम गर्मी के मौसम में पानी की समस्या बढ़ जाती है जिसके संबंध में संबंधित जल संस्थान व जल निगम के अधिकारियों से सभी पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की पानी की समस्या की बात रखी। जिसमें उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में पूरी तरह पानी नहीं पहुंचता है और जनता परेशान हो रही है आज भी सर्दी के मौसम में पानी नहीं पहुंच रहा है जिसमें जल संस्थान व जल निगम की लापरवाही के कारण यह व्यवस्था पूरी तरह धवस्थ है जिस पर जल संस्थान पर जल निगम के अधिकारियों ने कहा कि गर्मी आने से पूर्ण व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया डिपार्टमेंट द्वारा जो भी प्रस्ताव समस्याएं रखी गई है उन पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। महापौर ने नगर निगम की प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि आप अपने कार्य को गंभीरता से करें जिससे कि पार्षदों के द्वारा पुनः शिकायत का मौका ना मिले सदन की बैठक में जो भी प्रस्ताव आए हैं उनको आगामी बैठक तक संपूर्ण कर लिया जाए। बैठक में महेश गौतम विकास खत्री उमेश जोशी नीता विकास यादव रितिका गौरव तिवारी रिंकू वंशकार महेंद्र सिंह यादव राहुल कुशवाहा कन्हैया कपूर सुलेमान मंसूरी सुंदर कुशवाहा अरविंद झा आशीष रैकवार प्रदीप खटीक आशीष चौकसे, उमेश जोशी, भरत सेन सहित पूर्व महापौर एवं एमएलसी राम तीरथ सिंगल एमएलसी राम निरंजन एवं अपन नगर आयुक्त राहुल यादव रोली गुप्ता सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार अधिकारी गण मौजूद रहे सदन का संचालन सदन प्रभारी राघवेंद्र सिंह निरंजन ने किया।
रिपोर्ट : बालेन्द्र गुप्ता
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन कर फूंका पुतला
उरई। बांग्लादेश में हिंदू भाइयों पर हो रहे लगातार अत्याचार, हिंसा और अमानवीय घटनाओं के विरोध में मंगलवार को उरई नगर के घंटाघर बाजार में व्यापारी समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश का पुतला दहन कर अपना आक्रोश प्रकट किया तथा बांग्लादेश में दिवंगत हुए हिंदू भाइयों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, युवा वर्ग एवं आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों की कड़ी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को सुनियोजित ढंग से निशाना बनाया जा रहा है, जो मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है और पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय है। प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में तख्तियाँ लेकर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा की मांग करते हुए नारेबाजी की। घंटाघर बाजार में बांग्लादेश का पुतला दहनकर प्रदर्शनकारियों ने यह संदेश दिया कि हिंदू समाज अपने भाइयों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा।इसके पश्चात व्यापारी समाज एवं सामाजिक संगठनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट उरई को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि भारत सरकार इस गंभीर विषय पर कूटनीतिक स्तर पर ठोस कदम उठाए तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा का मुद्दा मजबूती से उठाए। साथ ही बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाकर वहाँ के हिंदू समुदाय की जान-माल एवं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाए। प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश में मारे गए निर्दोष हिंदू भाइयों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। आयोजकों ने कहा कि यह आंदोलन किसी देश या जनता के विरुद्ध नहीं है, बल्कि मानवता, न्याय और धार्मिक स्वतंत्रता के समर्थन में है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजकों ने चेतावनी दी कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार नहीं रुके, तो व्यापारी समाज एवं सामाजिक संगठन आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर कार्यक्रम में अनूप लौखटिया, रविन्द्र राजपूत, उदय ठाकुर, संजीव सिपोलिया, डॉक्टर प्रज्ञा राजपूत, प्रदीप द्विवेदी, उमाकांत गुप्ता, उत्कर्ष गुप्ता, बलवीर जादौन, मंजू विजय गुप्ता, अनीता गुप्ता, राशि राजपूत, अरविंद गुप्ता मामा अन्य सामाजिक संगठन के लोग व्यापारी समाज सहित डेढ़ सैकड़ा लोग उपस्थित रहें।
सम्पादक / बालेन्द्र गुप्ता : रिपोर्ट / प्रमोद यादव (ब्यूरो प्रमुख – उरई – जालौन)
सुशासन की मिसाल : गांव की गलियों में उतरा प्रशासन, नूरपुर में खुद सुनी जनता की आवाज
निरीक्षण के दौरान गांव में मौजूद पुराने कुओं को भी लिया गया संज्ञान में
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने खण्ड विकास महेवा के ग्राम नूरपुर पहुंचकर न केवल चौपाल लगाई, बल्कि गांव की गली-गली घूमकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और यह भी समझाया कि आमजन इन योजनाओं का लाभ कैसे सरलता से प्राप्त कर सकते हैं। गांव में पहली बार ऐसा दृश्य देखने को मिला जब प्रशासन खुद लोगों के द्वार तक पहुंचा और उनकी समस्याओं को मौके पर ही सुना।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गलियों में कीचड़ हो जाता है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को मौके पर ही निर्देश दिए कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना में शामिल कर प्रॉपर ड्रेनेज सिस्टम सुनिश्चित कराया जाए। निरीक्षण के दौरान गांव में मौजूद पुराने कुओं का भी संज्ञान लिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि इन कुओं को संरक्षित एवं पुनर्जीवित किया जाए, ताकि जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण विरासत भी सुरक्षित रह सके। इस दौरान एसपी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सहयोग पर चर्चा की और भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हर समय जनता के साथ खड़ा है। यह पूरा अभियान इस बात का जीवंत उदाहरण बना कि उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन अब फाइलों से निकलकर गांव की गलियों में उतर आया है। समस्याओं को दूर से नहीं, बल्कि आंखों से देखकर और कानों से सुनकर समाधान किया जा रहा है। शासन की योजनाएं अब कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि सीधे जनता तक पहुंच रही हैं। नूरपुर गांव में प्रशासन की यह पहल ग्रामीणों के लिए विश्वास, संवाद और विकास का प्रतीक बन गई, जिसने यह संदेश दिया कि सुशासन केवल नारा नहीं, बल्कि ज़मीन पर दिखाई देने वाली सच्चाई है।इस अवसर पर डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, खण्ड विकास अधिकारी सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सम्पादक / बालेन्द्र गुप्ता : रिपोर्ट / प्रमोद यादव (ब्यूरो प्रमुख – उरई – जालौन)
जनपद के किसान बने राष्ट्रीय स्तर पर प्रेरणा – जिलाधिकारी
किसान दिवस पर भव्य किसान मेला आयोजित, 91 प्रगतिशील किसान सम्मानित
उरई। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की जयंती किसान दिवस के रूप में जिले में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित जमुना पैलेस में कृषि विभाग के तत्वावधान में भव्य किसान मेले का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के प्रगतिशील किसानों सहित खेती-किसानी से जुड़े सैकड़ों किसानों ने सहभागिता की। किसान मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, नवीन कृषि यंत्रों तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देकर कम लागत में अधिक उत्पादन के लिए प्रेरित करना रहा। मेले में कृषि, उद्यान, पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य, रेशम सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। जहां जैविक खेती, फसल विविधीकरण, सिंचाई प्रबंधन एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
किसान मेले का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, डीएम राजेश कुमार पाण्डेय, एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार, सीडीओ केके सिंह, भारतीय किसान यूनियन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने जीवन भर किसानों के अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए संघर्ष किया। आज केंद्र व प्रदेश में की सरकार उनके विचारों को धरातल पर उतारते हुए किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को समय पर खाद, बीज, सिंचाई, बिजली और तकनीकी सहायता उपलब्ध करा रही है। किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे खेती लाभकारी बन रही है। यही कारण है कि जनपद जालौन बुंदेलखंड क्षेत्र में कृषि के क्षेत्र में अग्रणी स्थान बनाए हुए है। उन्होंने किसानों से नवीन तकनीक अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और वैज्ञानिक खेती की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
डीएम ने किसान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिन किसानों ने खेती-किसानी के क्षेत्र में जनपद का नाम रोशन किया है, वे वास्तव में सम्मान के पात्र हैं। फल पट्टी विकास, उत्पादन वृद्धि, सिंचाई क्षमता और फसल विविधीकरण के क्षेत्र में जनपद के किसानों का कार्य राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। कई मंचों पर यह संदेश गया है कि जल संरक्षण एव फसल चक्र के रूप में खेती सीखनी हो तो जालौन के किसानों से सीखें। उन्होंने कहा कि खेती एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है, जो मौसम और प्राकृतिक आपदाओं पर निर्भर करता है।सरकार की योजनाएं किसानों के लिए संबल का कार्य करती हैं। वर्तमान में जनपद में गेहूं की बुवाई लगभग पूर्ण हो चुकी है, पलावा का कार्य चल रहा है तथा यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। सभी समितियों पर निरंतर पर्याप्त रूप से खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यापारी निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूल करता है तो उसकी तत्काल कंट्रोल रूम में शिकायत करें जाँच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त विधिक कार्यवाही की जाएगी। नहरों के ओवर फ्लो की घटनाओं पर भी कड़ा संज्ञान लेते हुए सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के अंत में जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।जिसमें कृषि, उद्यान, पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य एवं रेशम विभाग के अंतर्गत कुल 91 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित किसानों में सुशील कुमार, ओमप्रकाश कौशिक, रतन सिंह, विजय सिंह, लक्ष्मी नारायण चतुर्वेदी, हृदय नारायण, कुसुम खन्ना, अनिरुद्ध, गोविंद सिंह, सूरज सिंह, मोहित सिंह, महेश सिंह, संतोष कुमार, रामकिशन, गणेश प्रसाद, हरि सिंह सहित अनेक किसान शामिल रहे। किसान मेले में ड्रैगन फ्रूट, चंदन, खजूर, रेशम उत्पादन सहित उन्नत फसलों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का समापन किसानों के सम्मान, कृषि के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक एसके उत्तम, जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव आदि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी को भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।
सम्पादक / बालेन्द्र गुप्ता : रिपोर्ट / प्रमोद यादव (ब्यूरो प्रमुख – उरई – जालौन)
वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत से पकड़ा जंगली हाइना
खन्ना थाना क्षेत्र में डर का पर्याय बना हुआ था जंगली जानवर
महोबा। लकड़बग्घे की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था। लकड़बग्घे के भय से ग्रामीण खेतों मे जाने से डर रहे थे ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी है जिस पर वन विभाग द्वारा लकड़बग्घे के खिलाफ रेस्क्यू चलाया गया और लकड़बग्घे को धर दबोचा ।
बता दे कि सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सिरसी कलां, कहरा, न्यूरिया और बरबई गाँव में पिछले दो दिन से लगातार लकड़बग्घा चहलकदमी कर रहा था जिससे ग्रामीणों में भय ब्याप्त था लकड़बग्घों के भय से ग्रामीण अपने बच्चों को स्कूल आदि नही भेज पा रहे थे साथ ही स्वयं भी खेत व अन्य स्थान पर नही जा पा रहे थे इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को दी ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने जाल बिछाकर लकड़बग्घे का रेस्कयू किया वन रेंज अधिकारी राजू श्रीवास ने बताया कि पिछले दो दिनों से लकड़बग्घे की चहलकदमी की जानकारी मिल रही थी जिस पर वन विभाग की टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन के माध्यम से लकड़बग्घे को पकड़ लिया है और उसे यथा स्थान किसी सुरक्षित जगह भेजा जा रहा है । फिलहाल अभी तक किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।
सम्पादक / बालेन्द्र गुप्ता
एमएलसी ने मीटिंग हाल/ ओडोटोरियम निर्माण एवं उच्च शिक्षा बालिका छात्रावास हेतु सदन में रखी मांग
महोबा। विधान परिषद शीतकालीन सत्र में एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर द्वारा नियम 115 के अंतर्गत जिला हमीरपुर एवं ज़िला महोबा में ज़िला मुख्यालय में क्षेत्र के शासकीय कार्य एवं जिला स्तर पर मीटिग रूम नहीं हैँ जनहित में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत बहुउद्देशीय प्रेक्षाग्रह /ओडिटोरियम की स्थापना न होने से जनपद के निवासी गण उपेक्षा का अनुभव कर रहे हैँ अतः उक्त योजना के अंतर्गत जनपद हमीरपुर एवं जनपद महोबा में ज़िला मुख्यालय में आडिटोरियम /प्रेक्षाग्रह की स्थापना कराए जाने हेतु सदन के माध्यम से अविलम्ब कार्यवाही किए जाने की मांग करता हूँ l
शीतकालीन सत्र में नियम 110 के अंतर्गत सदन का ध्यान आकृस्ट कराया कि जनपद महोबा मुख्यालय में उच्च शिक्षा हेतु अध्ययनरत छात्राओं के आवासीय सुविधा हेतु बालिका छात्रावास के निर्माण कराकर संचालन कराए जाने हेतु आकृष्ट कराना चाहते हैँ l जनपद महोबा में बालिका छात्रावास न होने के कारण आवासीय असुविधा के चलते बीच में ही छात्राओं को अपनी पढ़ाई छोड़ने को मजबूर होना पड़ता हैँ जनहित में वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय की शासकीय भूमि में बालिका छात्रावास बनवाये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही कराकर सदन में वक्तव्य एवं चर्चा कराए जाने की मांग करते है ।
सम्पादक / बालेन्द्र गुप्ता : रिपोर्ट / विजय
गहरा से सलुवा मार्ग चंद्रावल नदी पर दीर्घ सेतु की हुयी स्वीकृति
विधायक की मांग पर शासन ने दी स्वीकृति
किसानों ने विधायक से की थी पुरजोर मांग
महोबा । सदर विद्यायक राकेश गोस्वामी की मांग पर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गहरा से सलुवा मार्ग पर चंद्रावल नदी पर दीर्घ सेतु पहुँच निर्माण कार्य हेतु ₹14,35,97000/- की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान की गई है ।
इस सेतु निर्माण के लिए समस्त ग्रामवासियों में ग्राम गहरा, उटियां, पिडारी, सिचौरा, लिलवाही, धरौंन एवं सलुवा, कमलखेडा, कनेरी, सिंघनपुर बघारी, पाठा, गढहरी, बारी, रिहुनियां, बैहारी आदि स्थानीय निवासियों एवं विशेषरूप से किसानों ने विधायक से पुरजोर मांग की थी ।
ग्रामवासियों एवं किसानों की इस बड़ी समस्या को देखते हुए सदर विद्यायक राकेश गोस्वामी द्वारा निरंतर प्रयास किये गए और ₹7,17,99000/- की पहली किस्त भी अवमुक्त कर दी गई है ।
इस अत्यंत महत्वपूर्ण सौगात के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ह्रदय से आभार एवं धन्यवाद दिया। यह सेतु क्षेत्रवासियों के लिए आवागमन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा तथा विकास की दिशा में एक बड़ा कदम सिद्ध होगा।
सम्पादक / बालेन्द्र गुप्ता : रिपोर्ट / विजय कुशवाहा
नगर निगम में सफाई कर्मचारियों को शीतकालीन वर्दी का किया वितरण
झांसी। नगर निगम कार्यालय में वार्ड नं0 44 और 55 के समस्त सफाई क्रमचारियो को शीतकालीन वर्दी नगर निगम स्थित महारानी लक्ष्मीबाई सभागार में वार्ड नं0 44 एवं वार्ड नं0 55 के समस्त सफाई क्रमचारियो को शीतकालीन वर्दी के वितरण का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में महापौर बिहारी लाल आर्य ने सफाई क्रमचारियो को शीतकालीन वर्दी को वितरित किया। महापौर ने वर्दी वितरण पर सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारे सफाई क्रमचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है और उनके स्वास्थ्य एवं सुविधा का ध्यान रखना नगर निगम की प्राथमिकता हमेशा रही है। शीतकालीन वर्दी से शीत ऋतु में कार्य करने में सुविधा रहेगी तथा इसी प्रकार समस्त जोनल कार्यालय से अन्य वार्डों में वर्दी का वितरण किया जायेगा। उक्त अवसर पर पार्षद सुनील नैनवानी, श्रीमती नीता विकास यादव,मुकेश सोनी, श्रीमती प्रियंका साहू,प्रदीप खटीक, संजीव गुप्ता, राहुल कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त, डा विनीत कुमार, व नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें। इसी क्रम में वार्ड न0 55 पार्षद सुनील नैनवानी ने श्री झूलेलाल पार्क के नगर निगम के सफाई कर्मचारियो को कंबल और गर्म कैप सर्दी के उपयोग के लिए वितरण किया कार्यक्रम के मुख्यातिथि जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह, गोकुल दुबे एव सफाई निरीक्षक प्रदीप अग्निहोत्री मोजूद रहे।
सम्पादक / बालेन्द्र गुप्ता : रिपोर्ट / विजय कुशवाहा















