शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का निस्तारण ठीक से करें – बीबीजीटीएस मूर्ति
शिकायतकर्ताओं को दिलाया न्याय का भरोसा
झाँसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद झाँसी बीबीजीटीएस मूर्ति द्वारा जन-सुनवाई के दौरान पुलिस कार्यालय में आए आगन्तुकों/शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाते हुए उनकी समस्याओं/प्रार्थना पत्रों का न्यायोचित निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद झाँसी पुलिस कार्यालय में शिकायतों को पूरी तरह से सुनते है और निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित करते है। इसके अलावा शिकायत का निस्तारण हुआ कि नहीं यह भी जानकारी करते है।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
झाँसी मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं – अनिरुद्ध कुमार
छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा हेतु झाँसी मंडल की व्यापक तैयारियाँ
मंडल रेल प्रबंधक ने किया झाँसी स्टेशन का औचक निरीक्षण
यात्री सुविधाओं और स्वच्छता का लिया जायजा
झाँसी। छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त यातायात मांग को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे के उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी मंडल द्वारा समुचित एवं व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना मंडल का प्रमुख उद्देश्य है।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं, सूचना प्रणाली और स्टाफ की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यात्री विशेष गाड़ियों के प्रस्थान पर भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का परीक्षण करते हुए ऑन ड्यूटी स्टाफ की सक्रियता की सराहना की। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर अनुपयोगी डिस्प्ले कियोस्क को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश भी दिए ताकि स्टेशन परिसर अधिक सुव्यवस्थित एवं उपयोगी बन सके।
झाँसी मंडल से इस अवधि में 53 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जो कि दिल्ली (ह. निजामुद्दीन), मुंबई, वाराणसी, प्रयागराज, बलिया, अयोध्या, मुजफ्फरपुर, बरौनी और आसनसोल जैसे प्रमुख गंतव्यों को जोड़ती हैं। यात्रियों की सुविधा एवं मांग के अनुरूप ट्रेन संचालन की सतत निगरानी की जा रही है। इसके अतिरिक्त मंडल द्वारा 7 विशेष ट्रेनों का संचालन प्रारंभ किया जा रहा है, जिनमें से 6 ट्रेनें वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन से तथा 1 ट्रेन ग्वालियर स्टेशन से रवाना होंगी। इन ट्रेनों में आज यात्रियों की उल्लेखनीय भीड़ दर्ज की गई, जिससे छठ पर्व पर रेल यात्राओं की बढ़ती लोकप्रियता स्पष्ट परिलक्षित होती है। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मंडल ने यात्रियों की सहूलियत के लिए दो एकतरफा अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी चलाई हैं, जो वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी से निजामुद्दीन के बीच संचालित होंगी।
यात्रियों की सहायता के लिए झाँसी मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीमें 24×7 सक्रिय ड्यूटी पर तैनात हैं। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं स्टेशन पर निगरानी रख रहे हैं, ताकि किसी भी असुविधा की स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी सहायता या जानकारी के लिए हेल्प डेस्क अथवा ऑन-ड्यूटी रेलवे कर्मचारियों से संपर्क करें।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
झाँसी : गणेश शंकर विद्यार्थी कलम से क्रांति लाने वाले स्वतंत्रता सेनानी थे
पत्रकारों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
झांसी। पत्रकार जगत के पुरोधा अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी जी की जयंती पर पत्रकारों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। रविवार को इलाईट चौराहे पर स्थित अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी पार्क में वरिष्ठ पत्रकार शीतल तिवारी, एस शिवहरे, सुल्तान आदि, झांसी मीडिया क्लब के अध्यक्ष मुकेश वर्मा, अतुल वर्मा, भूपेंद्र रायकवार, राहुल कोस्टा, कलाम कुरेशी ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार शीतल तिवारी ने गणेश शंकर विद्यार्थी जी के जीवन पर परिचय डालते हुए कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी कलम से क्रांति लाने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी थे। वहीं एस शिवहरे ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी जी पत्रकार के साथ समाज सेवी ओर स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने कानपुर की घटना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाचार बनाने के दौरान एक घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति की जान बचाने के लिए वह उसे भीड़ से उठाकर अस्पताल ले गए थे जहां उसकी समय पर उपचार मिलने पर जान बच सकी थी। वहीं झांसी मीडिया क्लब अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने कहा कि हम सब को गणेश शंकर विद्यार्थी जी के मार्गदर्शन में चलना चाहिए। आज की चुनौती भरी पत्रकारिता में गणेश शंकर विद्यार्थी जी के जीवन से कुछ सीख के लेकर कार्य करना चाहिए।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
गुरसरांय ( झाँसी ) : गढ़वई में पेयजल सप्लाई ठप्प,परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
जिला प्रशासन,शासन से जल्द उठी कार्रवाई की मांग
गुरसरांय। लगातार 15 दिनों से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी से ग्रामीणों को पानी जानबूझकर संबंधित विभाग के अधिकारियों के मनमानी के चलते न मिलने से और ग्रामीणों द्वारा अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई समस्या हल न होने के चलते आज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जिसको लेकर ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर प्रदर्शन किया। विस्तृत जानकारी के मुताबिक विकासखण्ड बामौर तहसील गरौठा के ग्राम गढ़वई के बाशिंदाओं को गाँव में बनी जल निगम की टंकी से 15 दिनों से पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जिससे महिला,पुरुष सभी गांव के लोग परेशान हो चुके हैं परेशानी के चलते गांव के लोगों में त्राहि त्राहि मची हुई है और संबंधित विभाग अधिकारियों को शिकायत करने के बाद भी कोई समस्या का हल न होने से 26 अक्टूबर रविवार को ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। बताया गया है कि पुलिस प्रशासन के पहुंचने के बाद ग्रामीण किसी तरह शांत हुए लेकिन उक्त समस्या का समाधान न होने पर लग रहा है ग्रामीणों का यह गुस्सा आखिर भविष्य में क्या रूप लेता है इसको लेकर गांव व क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से लेकर शासन से इस संबंध में जल्द बड़ी कार्यवाही की मांग की है और इसको लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन सौंपने बालों में प्रमुख रूप से प्रमोद,पवन कुमार,कुलदीप अहिरवार,अरविंद कुमार, विक्की,धर्मपाल,श्यामलाल सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष मौजूद थे।
प्रदेश समाचार / गुरसरांय रिपोर्टर
झाँसी : बिना सदस्यता के अब समिति से कोई भी लाभ नहीं मिल पाएगा – लाखन सिंह
आगामी 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा सदस्यता महाभियान
झाँसी। जिला सहकारी विकास संघ के निदेशक कुंवर लाखन सिंह अस्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किसानों को खाद के लिए लाइन न लगाना पड़े, उन्हें समय-समय पर उर्वरक के साथ बीज, रसायन व सस्ते दर पर ऋण उपलब्ध हो, इसके लिए बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड (बी-पैक्स) का सदस्य होना अनिवार्य कर दिया है। बिना सदस्यता के अब समिति से कोई भी लाभ नहीं मिल पाएगा। जिले में बी-पैक्स पर आगामी 31 अक्टूबर तक सदस्यता का महाभियान चलाया जाएगा।जिस सहकारी समिति पर जो किसान सदस्य नामित होगा उसे खाद एवं बीज उसी समिति के मिलेगी। दूसरे समिति पर दूसरे सदस्य को इसका लाभ नहीं दिया जाएगा। इसलिए अभियान चलाकर सदस्यता दिलाई जा रही है। समिति से किसानों को मात्र तीन प्रतिशत ब्याज की दर पर ऋण मुहैया कराया जाएगा, जबकि शेष बैंकों की केसीसी पर चार प्रतिशत का ब्याज लिया जाता है।जिले के बहुउद्देशीय सहकारी समितियों पर 25 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, यह अभियान बीते 12 सितंबर से संचालित किया जा रहा है। लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए सभी लोग अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर समिति के सदस्य किसानों के लिए सरकारी बैंकों की तर्ज पर बचत खाते खोले जाएंगे। सदस्यों को ही खाद, बीज की उपलब्धता होगी। इसके साथ ही बिल भुगतान प्रणाली, सिविल, ई-रिचार्ज, बिजली बिल भुगतान, ई-स्टोर, गैस बुकिंग, स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं, बीमा का नवीनीकरण, रेलवे टिकट, जीवन प्रमाण, पैन कार्ड आवेदन, पासपोर्ट आवेदन, ऋण, दुग्ध समितियां, मत्स्य संघ आदि शामिल किया जाएगा।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
झांसी : शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक असंतोषजनक मिलने पर लगाई फटकार
अधिशासीअभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड द्वारा निस्तारित 89 शिकायतों के फीडबैक में 64 शिकायतों का निस्तारण गलत
एल0डी0एम0 पंजाब नेशनल बैंक द्वारा 35 में से 23 का निस्तारण असंतोषजनक
एसडीएम मऊरानीपुर के 79 प्रकरणों के फीडबैक में 39 असंतोषजनक
झांसी। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे/नोडल अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने आई0जी0आर0एस0 एवं ऑनलाइन शिकायतें, हेल्पलाइन- 1076 माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के संबंध में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में बैठक की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेन्द्र कुमार ने कहा की मुख्यमंत्री एवं अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों के निस्तारण एवं गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा शासन स्तर पर लगातार की जा रही है, शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के अनुपालन में सभी विभागाध्यक्ष असंतुष्ट शिकायतों व अन्य रिपीटेड/ डिफॉल्टर शिकायतकर्ताओं से स्वयं के द्वारा स्थलीय सत्यापन व टेलिफोनिक संवाद कर संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिये कि जन सामान्य की समस्याओं का गुणवत्तापरक निस्तारण करना शासन की प्राथमिकता का बिन्दु है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि असंतोषजनक शिकायतों की विभागीय अधिकारी स्वयं समीक्षा करें और प्राप्त फीडबैक वाली असंतोषजनक शिकायतों का भलीभांति प्रकार से परीक्षण करते हुए गुणवत्ता पर निस्तारण करना सुनिश्चित करें, अन्यथा सख्त कार्यवाही की जाएगी। आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा करते हुए शासन स्तर पर निस्तारित शिकायतों का फीडबैक असंतोषजनक प्राप्त होने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की, शासन स्तर पर जनपद की 3691 शिकायतों का फीडबैक लिया गया जिसके सापेक्ष 1622 असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड की 89 शिकायतों का शासन स्तर पर फीडबैक लिया गया जिसमें 64 शिकायतों का निस्तारण असंतोषजनक पाया गया,जो 71.91% प्रतिशत है, इसी क्रम में एल0डी0एम0 पंजाब नेशनल बैंक 35 शिकायतों का फीडबैक लेने पर 23 शिकायतों का फीडबैक नेगेटिव प्राप्त हुआ, सहायक विकास अधिकारी मऊरानीपुर की 84 शिकायतों का फीडबैक लिया गया जिसमें 49 शिकायतों का निस्तारण असंतोषजनक पाया गया। इसके अतिरिक्त एसडीएम मोंठ के 124 प्रकरणों का फीडबैक लिया गया जिसमें 70 शिकायतों का निस्तारण असंतोषजनक पाए गए, इसके साथ ही उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर के 79 प्रकरणों का फीडबैक शासन स्तर पर लिया गया जिसमें 39 प्रकरणों का निस्तारण असंतोषजनक पाया गया। यह स्थिति क्षम्य नहीं की जाएगी अतःअधिकारी गुणवत्ता परक निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
शिकायतों का सही ढंग से निस्तारण करना सुनिश्चित करें
नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ने समस्त विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे भी बार-बार प्राप्त हो रहीं शिकायतों/असंतोषजनक शिकायतों के संबंध में सम्बन्धित अधीनस्थ अधिकारीवार समीक्षा करें एवं अधीनस्थ अधिकारी को नोटिस निर्गत करें एवं 07-दिवस के अन्दर जबाव मांगे। शिकायत सही निस्तारण न होने पर अधीनस्थ अधिकारियों की जिम्मेवारी सुनिश्चित कर उनके विरूद्ध कार्यवाही करें। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से सबसे अधिक गांव/ क्षेत्र से आ रही शिकायतों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और कुछ विभागों द्वारा क्षेत्र भ्रमण न करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र का भ्रमण करते हुए शिकायतों का सही ढंग से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षाकृत कम रुचि ली गई है
बैठक में ई0डी0एम0 आकाश रंजन द्वारा अवगत कराया गया कि माह सितम्बर में सभी विभागों द्वारा शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षाकृत कम रुचि ली गई, जिस कारण शिकायतों के निस्तारण की स्थिति में गिरावट आई है। उन्होंने समस्त अधिकारियों को रुचि के साथ कार्य करने का सुझाव दिया। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने आइजीआरएस पोर्टल पर झांसी स्तर पर अधिकारीवार असंतोषजनक फीडबैक की जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 01 सितम्बर से 30 सितम्बर 2025 अब तक 3691शिकायतों का शासन स्तर पर फीडबैक लिया गया जिसमें 1622 शिकायतों का फीडबैक असंतोषजनक पाया गया,जो 43.94% प्रतिशत है। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी सुश्री सौम्या अग्रवाल, जिला दिव्यांग एवं सशक्तिकरण अधिकारी कृष्णपाल सिंह सहित समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम
झांसी : तड़के भगवंतपुरा के जंगल में हुयी पुलिस मुठभेड़ , रेलवे की रकम लेकर भागने वाले मामा-भांजा गिरफ्तार
कर्ज की वजह से आया लालच में दिया घटना को अंजाम
पुलिस को देखकर चलाई गोली , हुआ घायल
रकम ठिकाने लगाने जा रहे थे छतरपुर
झांसी। बीते 12 दिन पहले रेलवे कलेक्शन के 69.78 लाख रुपए लेकर भागे मामा-भांजे का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। पैर में गोली लगने से भांजा घायल हो गया, जबकि मामा को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। उनके पास से गबन की पूरी रकम, एक कार, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। घायल भांजे को मेडिकल कॉलेज में एडमिट करवाया गया है। घायल भांजा कलेक्शन कंपनी सीएमएस इन्फो लिमिटेड में एजेंट था। उसका काम रेलवे स्टेशन से टिकट कलेक्शन की रकम लेकर बैंक में जमा करने का था। इस रकम को लेकर भागने में उसने मामा के साथ मिलकर प्लान बनाया था। भांजे ने पहले अपने परिवार से सारे संबंध तोड़ दिए थे। इसके बाद घरवालों ने भी उसे कानूनी रूप से बेदखल कर दिया था। फिर भांजे ने मामा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
सीएमएस इन्फो लिमिटेड कंपनी में प्रेमनगर के नगरा कसाई बाबा निवासी अंशुल साहू कलेक्शन एजेंट था। वो उत्तर मध्य रेलवे के टिकट कलेक्शन का पैसा स्टेशन रोड पर भारतीय स्टेट बैंक में जमा करने का काम करता था। 13 अक्टूबर को वह झांसी रेल कार्यालय पहुंचा। यहां से अंशुल 69 लाख 78 हजार 642 रुपए लेकर बैंक में जमा करने के लिए निकल गया। मगर वो रकम को जमा करने बैंक नहीं गया, बल्कि पूरा पैसा लेकर भाग गया। तब कंपनी के मैनेजर गौतम गर्ग ने नवाबाद थाने में अंशुल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद नवाबाद थाने की पुलिस ने स्वॉट टीम के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस को देखकर चलाई गोली
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया- वारदात के 13 दिन बाद रविवार सुबह 5:30 बजे मुखबिर ने सूचना दी कि अंशुल साहू समेत दो लोग भगवंतपुरा के पास कार लेकर कहीं जाने वाले हैं। इस पर नवाबाद थाना प्रभारी जेपी पाल और स्वाट टीम प्रभारी जितेंद्र तक्खर ने पुलिस टीम के साथ चेकिंग शुरू कर दी। जब आरोपी कार लेकर आए, तो उनको रोकने का प्रयास किया। वे सभी पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। जिस पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। काउंटर अटैक में अंशुल साहू पुत्र रतीराम के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। वहीं उसके मामा जीवन साहू को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। दोनों से पूरी रकम बरामद कर ली गई है।
कर्ज की वजह से आया लालच
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया- आरोपी अंशुल पर बहुत ज्यादा कर्ज हो गया था। इस वजह से वह परेशान रहता है। अंशुल ने पुलिस को बताया- मैं अक्सर रकम जमा करने के लिए जाता था। यह देखकर मन में लालच आ गया और पैसा हड़पने के लिए प्लान बनाया। प्लान के मुताबिक पहले मैंने अपने परिवार से संबंध तोड़कर गजट निकलवाया। इसके बाद मामा के साथ मिलकर 13 अक्टूबर को घटना को अंजाम देकर फरार हो गया था। हम दोनों ने रुपए छिपाकर रखे थे। काफी दिन बीत जाने के बाद माहौल शांत होता देख हम रुपयों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए कार से छतरपुर जा रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर दोनों मुठभेड़ में पकड़े गए।
प्रदेश समाचार / झाँसी सिटी टीम
अन्धेरगर्दी : स्लीपर यात्री बसों का कोई मानक नहीं , इलाईट चौराहे पर चल रहा प्राइवेट बस स्टैण्ड
स्लीपर बस चालकों की गुंडई चरम पर , शहर में देते है मौत को दावत
परिवहन व पुलिस विभाग की परमीशन से जनता से हो रहा खिलवाड़
आटोपार्ट, रेडीमेड कपड़े, आर्टिफिशियल ज्वेलरी आ रही दिल्ली और लुधियाना से
राजस्थान में हुयी घटना के बाद भी गहरी नींद में सो रहा परिवहन विभाग
झांसी। ऑल इंडिया परमिट की यात्री बसों से जीएसटी चोरी का भी बड़ा खेल चल रहा है। बस संचालकों ने मोटी कमाई के लिए बसों को ढुलाई का संसाधन बना लिया है। जीएसटी के दायरे में आने वाले सामान आटोपार्ट, रेडीमेड कपड़े, आर्टिफिशियल ज्वेलरी दिल्ली, लुधियाना में खरीद के बाद इन्हीं बसों के माध्यम से यहां पहुंच रहे हैं।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सवारियां लेकर बसें झांसी पहुंचती हैं। यहां से रात दस बजे दिल्ली और कोटा के लिए करीब 12 बसें रवाना होती हैं। व्यापारी भी सामान खरीद के इरादे से इन्हीं बसों से आते-जाते हैं। इन बसों की मदद से कम भाड़े में उनका माल आसानी से यहां पहुंच जाता है। इससे जीएसटी देने से भी बच जाते हैं। बसों की वापसी भोर तीन से पांच बजे के भीतर होती है। यह राज्यकर के साथ ही पुलिस व अन्य टीम के अफसरों के सोने का समय होता है। इसी दौरान स्थानीय स्तर पर मिलीभगत करके जीएसटी चोरी को अंजाम दिया जाता है।
मालुम हो कि टूरिस्ट परमिट पर चल रही स्लीपर बसों का नगर से होकर संचालन हो रहा है। बस संचालक नियमों की अनदेखी कर मनमर्जी से बसों का संचालन कर रहे हैं। जगह-जगह की सवारी बैठाकर बगैर टिकट के यात्रा करा रहे हैं तथा सामान की ढुलाई कर रहे हैं। परिवहन विभाग द्वारा बसों के संचालन के लिए नियम निर्धारित किए गए हैं। बस संचालक परिवहन विभाग के नियमों की अनदेखी कर बसों का संचालन कर रहे हैं। टूरिस्ट परमिट से चलने वाली लग्जरी स्लीपर बसों के नियम अलग बनाए गए। लेकिन नियमों का पालन कोई नहीं करता है। सवारियों को यात्रा के दौरान टिकट भी नहीं दिया जाता है। टूरिस्ट परमिट होने पर भी बस संचालक जगह-जगह की सवारी बैठा रहे हैं। सवारियों के साथ माल ढुलाई का काम भी हो रहा है। सवारी परमिट पर चल रही बसें माल ढुलाई कर रही है। परिवहन विभाग के नियमों के तहत बस संचालक को सवारियों की बुकिंग करना आवश्यक है तथा सवारियों को जीएसटी सहित टिकट देना अनिवार्य है। इसके साथ ही सीटों की संख्या के आधार पर ही सवारियों को टिकट बुकिंग संभव है। टूरिस्ट परमिट बस संचालक सवारियों को गैलरी में स्टूल व जमीन पर भी सवारियों पर टिकट बना रहे हैं। इसके बाद भी परिवहन विभाग द्वारा इन बसों व संचालित बुकिंग काउंटरों की चेकिंग करने की जहमत नहीं उठाई जा रही है।
ये है एक राज्य उसे दूसरे में आयात-निर्यात का प्रावधान
एक से दूसरे राज्य में वस्तुओं या सेवाओं की आवाजाही पर आईजीएसटी (एकीकृत वस्तु एवं सेवाकर) का प्रावधान है। आयात और निर्यात पर यह कर प्रभावी है, जबकि राज्य व राष्ट्रीय सीमाओं को पार करने पर समान कर लागू है, यानि कोई भी व्यक्ति या व्यापारी नेपाल से आयात निर्यात करता है तो उन्हें समान कर देना होगा।
जुर्माने का प्रावधान है
सामान बेचने के लिए जो व्यक्ति सीजीएसटी और एसजीएसटी अधिनियम की धारा 125 के तहत बनाए गए नियमों का उल्लंघन करता है और अलग से कोई कर निर्धारित नहीं है तो उसे 25 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया जाता है।
बीते दिनों बरुआसागर में पलटी थी स्लीपर बस
जयपुर से मध्य प्रदेश में छतरपुर के बागेश्वर धाम जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर बरुआसागर के पास पलट गई थी । इस घटना में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। लग्जरी एसी स्लीपर बस के पलटने के बाद खजुराहो मार्ग पर खलबली मच गई और उसमें सवार यात्री घायल हो गये। राजस्थान के जयपुर से लग्जरी एसी स्लीपर बस (आरजे 09 पीए 6137) सवारियों को लेकर मध्यप्रदेश के छतरपुर जिला में बागेश्वर धाम जा रही थी। बुधवार की सुबह झांसी से खजुराहो मार्ग पर बरुआ सागर के पास जब बस पहुंची तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित बस सड़क किनारे पलट गई। इससे सवारियों में चीख पुकार मच गई थी । इस घटना से भी झाँसी परिवहन विभाग ने कोई सबक नहीं लिया।
प्रदेश समाचार / स्पेशल टीम
सम्पादक – बालेन्द्र गुप्ता
परीक्षा में डुप्लीकेट परीक्षार्थी शामिल ना हो,कक्ष निरीक्षकों द्वारा की जाए प्रॉपर जांच : जिलाधिकारी
01 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा में 3360 अभ्यर्थी होंगे शामिल एवं 02 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा में 3120 अभ्यर्थी होंगे शामिल
समस्त परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे सहित वॉइस रिकॉर्डर की क्रियाशीलता का किया निरीक्षण
परीक्षा के दौरान सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट/सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर रहेगें मौजूद
जनपद में द0प्र0स0 की धारा- 163 प्रभावी रहेगी, जिसका अधिकारी /मजिस्ट्रेट सख्ती से अनुपालन कराना सुनिश्चित करें
नगर के 10/11 परीक्षा केंद्रों पर 01एंव 02 नवंबर 2025 को एक पाली में उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति भर्ती बोर्ड लखनऊ की परीक्षा होगी आयोजित
झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस भतीॅ एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड पदों पर सीधी भर्ती-2023 की दिनांक 01 नवंबर 2025 को तथा पुलिस उप निरीक्षक गोपनी सहायक उपनिरीक्षक लेखा के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा का आयोजन दिनांक 01नवंबर-2025 को एक पाली में पूर्वान्ह 10:00 से 12:00 तक तथा 02 नवंबर-2025 एक पाली पूर्वान्ह 10.00 बजे से 12.30 बजे तक आयोजित होने वाली परीक्षा कि तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेट स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित केन्द्र व्यवस्थापकों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में नकल किसी भी दशा में बर्दास्त नही होगी। परीक्षा में डुप्लीकेट परीक्षार्थी किसी भी दशा में शामिल नहीं हो, इसे उन्होंने कक्ष निरीक्षकों से सावधानी पूर्वक जांच करते हुए सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र का गंभीरता से परीक्षंण उपरांत ही कक्ष में प्रवेश कराया जाए।
नगर में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ( कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेट-ए/लिपिक संवर्ग)-15- 2025 के कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेट पदों पर सीधी भर्ती-2023 की परीक्षा 11 केंद्रों पर दिनांक 01नवंबर -2025 को तथा 02 नवंबर-2025 पुलिस उप निरीक्षक गोपनीय सहायक उपनिरीक्षक लेखा के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा 10 परीक्षा केंद्रों पर संपादित होगी। परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य अथवा केन्द्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केन्द्र में सीसीटीवी कैमरा,वॉइस रिकॉर्डर के साथ विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैम्प आदि की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किये जाने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, एंड्राइड फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक गजट परीक्षा केंद्र के अंदर पूर्ण प्रतिबंधित रहेगें, उन्होंने परीक्षार्थियों की जांच के दौरान ही अलग कक्ष में जमा कराने की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नकल विहीन और स्वच्छता पूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के संबंध में परीक्षार्थियों की तलाशी सावधानीपूर्वक ली जाए, विशेष रूप से महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला शिक्षिका द्वारा ही लिए जाने के निर्देश दिए।परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता, इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण किए ज़ाने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, पुलिस अधीक्षक नगर सुश्री प्रीति सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा सहित समस्त केन्द्र व्यवस्थापक स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहें।
प्रदेश समाचार / सिटी रिपोर्टर झाँसी
भगवान राम चौदह वर्ष का वनवास पूर्ण कर लौटे थे अयोध्या तब नगरवासियों ने ख़ुशी में घर घर जलाये थे घी के दिये – जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने दी जनपद वासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई
कोई भी शांति व्यवस्था बनाये रखने में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करेगा, तो उसके साथ सख्ती से निपटा जायेगा
झाँसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने दीपावली पर्व पर जनपद वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी, तथा शान्ति एंव शौहार्दपूर्ण ढंग से पर्व को मिल-जुलकर मनाने की अपील भी की है।
उन्होने कहा कि ग्रन्थों के अनुसार इस दिन भगवान राम लक्ष्मण और माता जानकी 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटे थे और उनके आने की खुशी में नगर वासियों ने घर-घर घी के दीये जलाए थे, तभी से इस त्योहार की शुरुआत हुई। लक्ष्मी पूजा के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा मनाया जाता है। दीपावली के दिन प्रत्येक घर दीपों की पंक्तियों से शोभायमान रहता है। दीपों, मोमबत्तियों और बिजली की रोशनी से घर का कोना-कोना प्रकाशित हो उठता है। इसलिए दीपावली रोशनी का पर्व भी कहा जाता है।
जिलाधिकारी ने दीपावली त्यौहार पर जनपद वासियों को अग्रिम शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि दीपावली पर शांति व्यवस्था बनाएं रखने हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति या वर्ग शांति व्यवस्था बनाये रखने में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करेगा, तो उसके साथ सख्ती से निपटा जायेगा।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने सभी जनपद वासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी, और कहा कि प्रकाश व खुशियों का यह महापर्व सभी के जीवन को नई उर्जा, प्रकाश, आरोग्य और समृद्धि से आलोकित करें। यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर लाए। जिलाधिकारी ने अपील करते हुए अभिभावकों से कहा कि आतिशबाजी के दौरान बच्चों के साथ रहे ताकि किसी भी अनहोनी घटना को रोका जा सके।
प्रदेश समाचार / सिटी रिपोर्टर झाँसी















