परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष के अन्दर पेन, प्रवेश पत्र व मूल पहचान पत्र ही ले जायेंगे : एसएसपी

परीक्षा केंद्र के सेक्टरों के प्रभारी सीओ स्तर के अधिकारी होंगे
एक और दो नवंबर को होगी पुलिस भर्ती परीक्षा, झांसी में में बनाए गए दस केंद्र
झांसी। उत्तर प्रदेश पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए पदों पर सीधी भर्ती- 2023 की लिखित परीक्षा एक नवंबर को 11 केंद्रों और पुलिस उप निरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उप निरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उप निरीक्षक (लेखा) के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा दो नवंबर को होगी। झांसी जिले में दस परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षाओं के संबंध में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक केंद्र पुलिस प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो केंद्र की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा का समग्र जिम्मा संभालेंगे। प्रशासनिक नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर बनाया गया। इन सेक्टरों के प्रभारी सीओ स्तर के अधिकारी होंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बीबीजीटीएस  मूर्ति ने कहा कि परीक्षार्थियों को सूचना पट पर सूचना अंकित कराकर स्पष्ट कर दिया जाये कि परीक्षा कक्ष के अन्दर पेन, प्रवेश पत्र व मूल पहचान पत्र के अतिरिक्त अन्य समस्त उपरोक्त सामग्री ले जाना वर्जित है। इसका उल्लंघन करने अथवा अभ्यर्थी द्वारा लिखित परीक्षा देते हुये किसी अनुचित साधनों का प्रयोग करने, कदाचार के दोषी होने या अन्य अभ्यर्थियों की सहायता लेने अथवा उनकी साहयता करने पर उसे परीक्षा के वारित करने हुये अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जायेगा ।
उन्होंने बताया कि चेकिंग/फ्रिस्किंग टीम प्रभारियों के ब्रीफ किया गया कि महिलाओं की चेकिंग/फ्रिस्किंग हेतु पूर्व से ही समस्त कार्यदायी संस्था से समन्वय स्थापित कर कैनोपी की व्यवस्था करवाने के उपरान्त ही चेकिंग की जाये किसी भी दशा में महिलाओं की खुले स्थान पर चेकिंग/फ्रिस्किंग न की जाये । उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर नियमानुसार जिनके पास मोबाइल फोन होना चाहिए, उनके अतिरिक्त कोई भी मोबाइल फोन या अन्य कोई भी इलेक्ट्रानिक गेजेट परीक्षा केन्द्र के अन्दर नही ले जायेगे । परीक्षा केन्द्र के मुख्य प्रवेश द्वार, सीसीटीवी कन्ट्रोल रूम एवं परीक्षा कक्षों में मानकों के अनुसार सीसीटीवी लगाये जाने तथा उसके स्टोरेज की व्यवस्था का निरीक्षण करने हेतु ब्रीफ किया गया । गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ0 अरविन्द कुमार मौजूद रहे।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

महाप्रबंधक ने दस रेल कर्मचारियों को किया पुरस्कृत

अजय कुमार शाक्य बने माह सितम्बर 2025 के सर्वश्रेष्ठ रेलकर्मी
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, नरेश पाल सिंह ने संरक्षा के प्रति किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए झाँसी, आगरा एवं प्रयागराज मण्डलों से सितम्बर 2025 माह के लिए चयनित कुल दस रेल कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए है।
रेलवे के मुताबिक पुरस्कृत कर्मचारियों में गौरव कृष्णा, ट्रैक मैन II, डबरा/झाँसी मण्डल, राहुल रावत, ट्रैक मैन IV, छतरपुर/झाँसी मण्डल, अशोक कुमार मीना, की मैन, कोसी कलां/आगरा मण्डल, अजय कुमार शाक्य, वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर-गुड्स, झाँसी /झाँसी मण्डल शामिल हैं। अजय कुमार शाक्य, वरि. ट्रेन मैनेजर-गुड्स, झाँसी /झाँसी मण्डल को “माह का सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी” के संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
ट्रेन मैनेजर ने आग बुझाने का किया था कार्य
इन्होंने 25 अगस्त 25 को करारी स्टेशन पर गाड़ी संख्या LAR/SPL को तैयार किए जाते समय देखा कि करारी स्टेशन के थर्ड लाइन की मेन लाइन से थ्रू पास होती हुई गाड़ी संख्या STPB के इंजन से 10वीं वैगन से आग की लपटें निकल रही है। इन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या STPB के ट्रेन मैनेजर को खतरा संकेत दिखाया एवं वॉकी टॉकी के माध्यम से उक्त घटना के विषय में करारी स्टेशन मास्टर को सूचित किया। गाड़ी पर कार्यरत ट्रेन मैनेजर द्वारा प्रेशर गिराकर गाड़ी को खड़ी करके fire extinguisher की सहायता से आग को बुझाया गया। सीएण्डडब्ल्यू स्टाफ द्वारा वैगन को लोड से अलग करने का निर्देश दिया गया। इस प्रकार इनकी सजगता एवं सतर्कता से एक संभावित रेल दुर्घटना को बचाया जा सका। इस अवसर पर प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, जे.सी.एस. बोरा एवं उत्तर मध्य रेलवे के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस / गोमतीनगर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन संचालित
झाँसी। रेलवे प्रसाशन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए छठ पर्व के बाद वापसी यात्रा हेतु गाड़ी संख्या 05051 / 05052 परिचालन किया जा रहा है।
गाड़ी संख्या 05051 (छपरा → लोकमान्य तिलक टर्मिनस / गोमतीनगर मार्ग) 28 अक्टूबर 2025 को छपरा से प्रस्थान करेगी। गाड़ी संख्या 05052 (लोकमान्य तिलक टर्मिनस → गोमतीनगर) 30 अक्टूबर 2025 को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रस्थान करेगी। यह 20 कोच की अनारक्षित पूजा स्पेशल ट्रेन है जोकि एक ट्रिप चलेगी।
गाड़ी संख्या 05051 छपरा से 20:00 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन उरई 13:18 बजे, वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी 16:15 बजे, आगमन कर लोकमान्य तिलक टर्मिनस 12:00 बजे पहुंचेगी। गाडी संख्या 05052 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 14:00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी 09.45 बजे, उरई 11.05 बजे पहुंचेगी। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा NTES/139 या वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in अथवा NTES ऐप के माध्यम से गाड़ी की समय-सारणी एवं ठहराव की पुष्टि अवश्य कर यात्रा का लाभ लें।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

कार्य करते समय पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है – कुलपति

रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ
विजिलेंस जीवन की कार्यप्रणाली है , सतर्कता बने जीवन का हिस्सा
झाँसी। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई (एनएसएस) के तत्वावधान में रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी में सोमवार को “सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025” का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि झाँसी के एसपी विजिलेंस राजेंद्र प्रसाद यादव रहे।
कुलपति डॉ. सिंह  ने कहा कि सरकारी संस्थानों में कार्य करते समय हर स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “परि विश्वविद्यालय में जो भी कार्य या खरीद-फरोख्त होती है, उसमें पारदर्शिता सर्वोपरी होनी चाहिए।
मुख्य अतिथि एसपी विजिलेंस राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि “विजिलेंस केवल एक सप्ताह मनाने का कार्यक्रम नहीं, यह जीवन का प्रकाश है और जीवनभर अपनाने वाली कार्यप्रणाली है।” उन्होंने कहा कि विजिलेंस शब्द का अर्थ ही सतर्कता और सजगता है। किसी भी संस्थान में ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी आवश्यक गुण हैं।
अधिष्ठाता कृषि एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता को बढ़ावा देना और भ्रष्टाचार को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि “हर कर्मचारी अपनी नैतिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा तो संस्था की प्रगति निश्चित है।”
कार्यक्रम संयोजक सह-प्राध्यापक (वानिकी) डॉ. रामप्रकाश यादव ने बताया कि इस वर्ष का विषय “सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी है” रखा गया है। यह सप्ताह 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक विविध कार्यक्रमों — प्रतियोगिताओं, व्याख्यानों और जागरूकता गतिविधियों — के माध्यम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन डॉ रूमाना खान ने एवं सभी लोगों का आभार डॉ अनीता पुयाम ने व्यक्त किया।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

नौ नवंबर को निकाली जाएगी विधानसभा की पदयात्रा – मुकेश मिश्रा

अभियान को हम सभी लोगों को मिलकर सफल बनाना है – राजीव सिंह
विधानसभा क्षेत्र चिरगांव, बड़ागांव, सदर कैंट व बबीना ग्रामीण में जयंती अभियान यात्रा के पड़ाव होंगे
झांसी। भारतीय जनता पार्टी के तत्वाधान में सरदार पटेल की 150 वीं जयंती समारोह अभियान यूनिटी मार्च बबीना विधानसभा की आवश्यक बैठक ओम शांति नगर स्थित भाजपा कार्यालय पर आयोजित हुई। इसमें जयंती अभियान के विभिन्न प्रमुखों को जिम्मेदारियां दी गई। इसके साथ ही अधिक से अधिक संख्या में लोगों को शामिल करने की रूपरेखा बनाई गई।
बबीना विधानसभा प्रभारी मुकेश मिश्रा  के निर्देशन में आयोजित हुई बैठक में बताया कि 09 नवंबर 2025 को बबीना विधानसभा की पदयात्रा आयोजित की जाएगी। विधायक राजीव सिंह पारीछा  ने कहा कि इस अभियान को हम सभी लोगों को मिलकर सफल बनाना है। सरदार पटेल के आदर्शों पर हम सभी को चलना है। विधानसभा प्रभारी मुकेश मिश्रा ने बताया कि सभी से विचार उपरांत विधानसभा क्षेत्र चिरगांव, बड़ागांव, सदर कैंट व बबीना ग्रामीण में जयंती अभियान यात्रा के पड़ाव होंगे। इसके साथ ही वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश कुशवाहा को जिला यात्रा संयोजक, जगत सिंह राजपूत को विधानसभा यात्रा संयोजक, अमर सिंह कुशवाहा को भोजन जलपान व्यवस्था प्रमुख, करुणेश वाजपेई को प्रचार व्यवस्था प्रमुख, पलविंदर नंदा को यात्रा सुरक्षा प्रमुख, अनुरोध दुबे को स्वच्छता प्रमुख, अरविंद राजपूत को चिकित्सा प्रमुख, रवि राजपूत, राजेश पाल एवं शिखा साहू को जनसभा प्रमुख, उमाशंकर राजपूत को यातायात प्रमुख, प्रवीण समाधिया को विश्वविद्यालय एवं कॉलेज के प्रमुख, योगेंद्र राजपूत को आईटी प्रमुख, रुपेश नायक को स्काउट गाइड, एनसीसी प्रमुख, भूपेंद्र रायकवार को मीडिया प्रमुख, पवन राजपूत को सोशल मीडिया प्रमुख, बिरजू कुशवाहा को चिरगांव पड़ाव प्रमुख, धर्मेंद्र अहिरवार को बड़ागांव पड़ाव प्रमुख, धीरज अग्रवाल को सदर कैंट पड़ाव प्रमुख, अजय राजपूत को बबीना ग्रामीण पड़ाव प्रमुख बनाया गया है। सभी से एक मत होकर अभियान को सफल बनाने का आव्हान किया गया। बैठक में उपरोक्त के अलावा अभियान के जिला संयोजक नंदकिशोर भीलवारे, अभियान के जिला सहसंयोजक विकास कुशवाहा, जिला सोशल मीडिया संयोजक चेतन ओझा, माते पालर, सुरेंद्र राजपूत आदि उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

नकली दवाओं की बिक्री पर पूरी तरह से अंकुश लगायें – मण्डलायुक्त

प्रत्येक गरीब को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिये
निर्धनतम परिवारों का डोर-टू-डोर सत्यापन कराने के निर्देश
आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में शिकायतकर्ता से अवश्य सम्पर्क करें
झांसी। मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में कर-करेत्तर, राजस्व एवं विकास कार्यो की मण्डलीय समीक्षा बैठक नवीन आयुक्त सभागार में आयोजित की गयी।
मण्डलायुक्त ने कहा कि जीरो पावर्टी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक गरीब को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अनिवार्य रुप से मिलना चाहिए। मण्डलायुक्त ने आईजीआरएस तथा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत/फोन पर सम्पर्क करने के साथ ही गुणवत्तापरक निस्ताकरण किया जाने के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुये निर्देश दिये कि सेतु और सड़कों के निर्माण कार्यो में गुणवत्तापरक समय से कार्य कराना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार लम्बित परियोजनाओं के निर्माण कार्यो में तेजी जाने के निर्देश दिये।
मण्डलायुक्त ने शिक्षा विभाग की समीक्षा  करते हुये निर्देश कि प्रोजेक्ट अलंकार योजना के अन्तर्गत विद्यालयों के बाउण्ड्रीवॉल कार्य पूर्ण कराने के साथ ही जो कार्य पूर्ण हो चुके है उन्हे अविलम्ब हैण्डओवर कराना सुनिश्चित करें। उन्होने मिशन शक्ति कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सम्बन्धित विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिये। उन्होने राशन कार्ड, पेंशन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ हेतु पुनः विशेष शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिये।
बैठक में जिलाधिकारी झांसी  मृदुल चौधरी, जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी ललितपुर अमनदीप डुली, अपर आयुक्त प्रशासन उमाकान्त त्रिपाठी, सीडीओ झांसी जुनैद अहमद, डीएफओ नीरज कुमार आर्य, एडीएम प्रशासन झांसी शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व झांसी वरुण कुमार पाण्डेय, एडीएम जालौन संजय कमार, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, संयुक्त विकास आयुक्त सुरेश चन्द्र केसरवानी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एस एन त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव कुमार, जेडी शिक्षा राजूराणा, एडी हेल्थ डॉ. सुमन, उप श्रम आयुक्त किरन मिश्रा, उप निदेशक पंचायत अजय आनंद सरोज, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी के शर्मा, उप निदेशक भूमि संरक्षण, माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग, यूनिसेफ, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, पशुपालन, सहकारिता, नेडा विभाग सहित सम्बन्धित मण्डलीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

अब यूपी रोजगार मिशन से युवाओं को देश-विदेश में मिलेगा रोजगार: जिलाधिकारी

प्रदेश सरकार ने FICCI, ASSOCHAM और CII से मिलाया हाथ
झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” के अंतर्गत गठित जनपद स्तरीय जिला कार्यकारी समिति की प्रथम बैठक में अध्यक्षता करते हुए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा की प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के अपने मिशन को नई रफ्तार देने के लिए एक व्यापक कार्य योजना तैयार की है। इस मिशन से युवाओं को रोजगार मिलेगा और बुंदेलखंड क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन से क्षेत्र के लाखों युवाओं को रोजगार दिलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस महत्वाकांक्षी योजना से उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के लिए रोजगार मिशन शुरू किया है। इसके तहत फिक्की, एसोचैम और सीआइआइ के साथ साझेदारी भी की गई है। लक्ष्य है उद्योगों में रोजगार अवसरों की पहचान कर युवाओं को प्रशिक्षित करना जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिल सके और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
बैठक में प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी वसीम मोहम्मद ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन अभियान के अधीन विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराए गए रोजगार स्वरोजगार लाभार्थियों को प्रभारी मंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित किए जाने हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, सीओ ट्रैफिक रामवीर सिंह, डीआइओएस रति वर्मा, पीडी आरडीए राजेश कुमार, डीसी मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव, बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स सचिव अमित सिंह साहित श्रम विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

ग्राम प्रधान को जन भागीदारी के साथ पंचायत का आय का स्रोत बढ़ाना है : उप निदेशक पंचायत

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत तीन दिवसीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण सम्पन्न
झांसी। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत उपनिदेशक पंचायत झांसी मंडल के तत्वाधान में ग्राम पंचायतों के स्वयं के आय स्रोत विषय पर तीन दिवसीय (दिनांक 25 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2025 तक) प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण आई एम ए भवन में आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ उपनिदेशक पंचायत झांसी मंडल अजय आनंद सरोज  एवं जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ बालगोविंद श्रीवास्तव द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण समापन सत्र में उपनिदेशक पंचायत अजय आनंद सरोज ने कहा कि प्रशिक्षकों को इस प्रशिक्षण के पश्चात ग्राम प्रधानों को स्वयं के आय स्रोत के विषय पर जागरुक कर पंचायत को जन भागीदारी के साथ आय के स्रोत बढ़ाना है। जिससे ग्राम पंचायते आर्थिक रूप से सक्षम होगी तथा पंचायत की निर्भरता सरकारों पर कम होगी।
प्रशिक्षक शिव सागर यादव ने बताया की ग्राम पंचायत स्वयं के आय स्रोत से आए सृजित करने के लिए पंचायत के पास स्वयं की कर योग्य संपत्तियां तथा जमीन भवन और बाजार होती है ग्राम पंचायत पेयजल आपूर्ति एवं बाजार शुल्क से नियमित आय पैदा कर सकती हैं तथा समुदाय की भागीदारी एवं सहयोग के द्वारा स्वयं की आई सृजित की जा सकती है। प्रशिक्षक शशांक खरे ने बताया  ग्राम पंचायत स्वयं के आय स्रोत राजस्व के कर स्रोतों में संपत्ति कर, व्यवसाय कर, मनोरंजन कर, विज्ञापन कर, वाहन कर आदि मद के रूप में कर लगा कर आए बढ़ाई जा सकती है। इस हेतु आवश्यक है कि जन जागरूकता एवं जन सहभागिता तथा लोगों को सुविधा उपलब्ध कराकर स्वयं के आय स्रोत बढ़ाए जा सकते हैं। इस प्रशिक्षण में आइस ब्रेकिंग, समूह चर्चा, चार्ट निर्माण के माध्यम से स्वयं की आय पैदा करने के माध्यम बताए गए।
इस प्रशिक्षण में नरेंद्र कुमार दुबे, अभिनंदन लोधी, अमित अग्रवाल, सुखलाल कुशवाहा, कैलाश नारायण साहू, अनिल आर्य, राजेश कुशवाहा, दीप्ति माहौर, आराधना निराला, मेहरुन्निसा, श्वेता यादव, रश्मि पटेल, रोशनी चांद, ब्रह्म प्रकाश अवस्थी, प्रवीण नामदेव, राहुल दीक्षित, बसंत लाल, मोहम्मद जमील यूपीकॉन लखनऊ उपस्थित रहे। अंत में अजय आनंद सरोज उपनिदेशक पंचायत झांसी मंडल, डॉ बाल गोविंद श्रीवास्तव जिला पंचायत राज अधिकारी झांसी ने प्रमाण पत्र वितरित किए।संचालन विमलेश संखवार मंडलीय परियोजना प्रबंधक ने किया। प्रशिक्षण में आभार अनुराग सिसोदिया ने व्यक्त किया।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

बाबा श्याम की भक्ति में डूबकर मन आनंद और शांति का अनुभव करता है

बाबा श्याम की भजन संध्या संग मनाया दीपावली मिलनोत्सव, उमड़ी श्रद्धा व उल्लास की झलक
झाँसी। दीपोत्सव के पावन अवसर पर सनशाइन क्लब झाँसी के तत्वावधान में एवं झाँसी कल्चरल सोसायटी के सहयोग से श्री अग्रसेन भवन, सदर बाजार में भव्य बाबा श्याम भजन संध्या एवं दीपावली मिलनोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद अग्रवाल यूको ने की, जबकि संस्थापक अशोक अग्रवाल काका एवं संघर्ष सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप सरावगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य यजमान के रूप में श्रीमती मंजू – डॉ. कृष्ण मोहन अग्रवाल, अर्चना – अनूप बिन्दल, रविकांत दुबे, सुनीता – प्रमोद अग्रवाल, ममता – अनिल नायक व शिखा – संजय कुमार शुक्ला जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ बाबा श्याम की आरती से हुआ, जिसके पश्चात वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भजन संध्या में कुमार विपिन अग्रवाल के साथ अंशिता श्रीवास्तव, हिमांशु लाला, रविकांत दुबे, सुनील निगम व नीरज सेन ने “प्यारा सा मुखड़ा घुंघराले केश”, “लेने आजा खाटू वाले” तथा “सजा दो घर को गुलशन सा” जैसे मधुर भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर संघर्ष सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप सरावगी ने कहा “बाबा श्याम की भक्ति में डूबकर मन स्वतः आनंद और शांति का अनुभव करता है। दीपावली का यह पर्व केवल दीप जलाने का नहीं, बल्कि हृदय में भक्ति और मानवता के प्रकाश फैलाने का संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का संचार होता है। भजन संध्या और दीपावली मिलन का यह आयोजन देर रात तक श्रद्धा और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। दीपावली मिलनोत्सव में क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेन्द्र डालमिया, पूर्व अध्यक्ष संजय लिखधारी, विशाल गुप्ता, राजेश अग्रवाल, संजय कानोडिया, संजीव गर्ग, कमल निगम, विजय राय, मनोज सोनी, उमेश दुवा, संजय अग्रवाल (एसबीआई), अजय परिहार, राजीव कुमार खेड़ा समेत सैकड़ों गणमान्यजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सचिव अजय कुमार राय ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। ‎इस अवसर पर संघर्ष सेवा समिति से मनोज रेजा ,सोमकांत निगम, अनुज प्रताप सिंह ,संदीप नामदेव, सुशांत गुप्ता, बसंत गुप्ता ,राजू सेन, राकेश अहिरवार आदि उपस्थित रहे।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

मौसम बदला, झांसी में तेज बारिश , किसानों के चेहरे मुरझाये

तीन दिन तक  ऐसा ही रहेगा मौसम

किसानों की आयी आफत

झांसी। अचानक मौसम बदल गया है। झांसी समेत अन्य जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है।कई जगह  बूंदाबांदी हुई है। बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान हुआ हैऔर अभी  कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। बताया जा रहा कि इस वारिस से किसानों को काफी नुक्सान होने वाला है। अभी धान की खेती खड़ी है और धान की कटाई भी चल रही है।

आज पूरे प्रदेश के सभी  जिलों में बारिश का अलर्ट है।  मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से चक्रवाती तूफान उठा है। इसके चलते यूपी का मौसम बदला है। अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। बारिश के कारण आने वाले दिनों में तापमान तेजी से गिरेगा।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

झांसी : पंचायत सहायक व लेखपाल को मिला टारगेट फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति में तेजी लायें -जिलाधिकारी

ज़ूम एप के माध्यम से विकसित उत्तर प्रदेश,फार्मर रजिस्ट्री, धान क्रय एवं खाद वितरण सहित मूंगफली खरीद की तैयारियों की डी एम ने की समीक्षा

खरीद होगी टोकन के माध्यम से और प्रत्येक केन्द्र पर लेखपाल होंगे तैनात

धान क्रय केन्द्र पर किसानों की समस्याओं को दूर करें अधिकारी

हाईवे पर किसानों द्वारा लगाए गये जैम को हटवाए जाने की करें कार्यवाही

झाँसी। जिलाधिकारी  मृदुल चौधरी ने एग्री स्टैक (डिजिटल पब्लिक इन्फास्ट्रेक्चर फॉर एग्रीकल्चर) के अन्तगर्त फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के साथ ही विकसित उत्तर प्रदेश,धान खरीद, खाद वितरण, जनपद में मूंगफली खरीद की तैयारियों सहित अन्य बिंदुओं पर ज़ूम ऐप के माध्यम से समीक्षा की। ज़ूम ऐप के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विजन डॉक्यूमेंट के निर्माण की दिशा में समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047 की समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान में जनमानस में जागरूकता उत्पन्न करना तथा नागरिकों की आकांक्षाओं को संज्ञान में लेते हुए प्रदेश में नागरिकों को राज्य के विकास में सहयोगी वह सहभागी बनाते हुए गर्व की भावना को विकसित करना है। उन्होंने जनपद के 46 विभागों को लक्ष्य निर्धारित करते हुए पोर्टल के माध्यम से QR कोड स्कैन करके अधिक से अधिक संख्या में फीडबैक  31अक्टूबर 2025 तक प्रत्येक दशा में करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि मिशन मोड पर आकर सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें। ज़ूम ऐप के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व वरुण कुमार पांडेय, उपनिदेशक मंडी, एसडीएमगण, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारीगण‌, उपनिदेशक कृषि,एआर कॉर्पोरेटिव, जिला कृषि अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे।

फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए करें किसानों को जागरूक

जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने फॉर्मर रजिस्ट्री में तेजी लाए जाने के निर्देश देते हुए कहा की व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए किसानों को जागरूक किया जाए ताकि किसान स्वयं जन सुविधा केंद्र अथवा आयोजित कैंप में आकर फार्मर रजिस्ट्री कराएं। उन्होंने बीडीओ सहित फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने के कार्य में लगे अन्य विभागीय कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फार्मर रजिस्ट्री न कराने पर सरकार द्वारा संचालित लाभकारी योजनाओं से वंचित होना पड़ेगा। उन्होंने खाद प्राप्त करने वाले किसानों को टारगेट करते हुए सभी की फार्मर रजिस्ट्री जल्द से जल्द कराना सुनिश्चित करें।

तहसील मोंठ में धान क्रय केंद्र की गड़बड़ी में नारजगी

जूम ऐप के माध्यम से जिलाधिकारी ने तहसील मोंठ में धान क्रय के दौरान हो रही गड़बड़ियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपजिलाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि मौके पर जाकर यह सुनिश्चित करें कि किसानों को किसी भी तरह की कोई समस्या न हो। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि रेवेन्यू स्टाफ को लगाकर टोकन के माध्यम से किसानों की धान क्रय करने की व्यवस्था करें।

समथर एवं मोंठ में मंडी में कांटे खराब होने पर उपनिदेशक मंडी को  फटकारा

जिलाधिकारी ने समथर एवं मोंठ में मंडी में कांटे खराब होने पर उपनिदेशक मंडी को भी आड़े हाथों लिया और जल्द से जल्द काँटों को ठीक कराने की निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने हाईवे पर किसानों द्वारा लगाए गए जैम को भी तत्काल हटवाए जाने के निर्देश दिए।

एआर कोऑपरेटिव को लगायी फटकार

जिलाधिकारी ने जूम मीटिंग में जनपद में खाद को लेकर लगातार आ रही गड़बड़ियों पर एंव बिना सूचना के जूम मीटिंग में प्रतिभाग करने पर एआर कोऑपरेटिव को फटकार लगाई। उन्होंने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि प्रत्येक शाम को क्षेत्रवार सोसाइटी में खाद्य की उपलब्धता की सूचना तत्काल प्रेषित करें ताकि जिस सोसाइटी में खाद ख़त्म हो रही है वहां पहुंचाना सुनिश्चित किया जा सके।

मध्य प्रदेश सीमा से लगे क्षेत्र में स्वयं चेकिंग करें

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए की रात्रि में मध्य प्रदेश सीमा से लगे क्षेत्र में स्वयं चेकिंग करें, सोसाइटी पर खाद्य वितरण का सत्यापन करते हुए प्राइवेट खाद की दुकानों पर ओवर रेटिंग की जानकारी लें और ओवर रेटिंग पाए जाने पर अधिनियम के तहत कार्यवाही सुनिश्चित करें। समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रत्येक उपजिलाधिकारी से खाद्य की उपलब्धता एवं वितरण की जानकारी ली।

किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जायेगी

जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने आने वाले समय में जनपद में मूंगफली क्रय केन्द्र खोले जाने एवं एमएसपी पर मूंगफली क्रय किये जाने की चर्चा करते हुए उपस्थित समस्त उपजिलाधिकारियों को अभी से तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूंगफली क्रय के केंद्रों पर किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रत्येक क्रय केन्द्र पर लेखपाल की होगी  तैनाती

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक क्रय केन्द्र पर लेखपाल की तैनाती होगी। इसके अतिरिक्त केन्द्र पर कार्य करने वाले प्रत्येक कर्मी को प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि कोई गड़बड़ी न हो। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि चौपाल आयोजित कर किसानों को मूंगफली विक्रय हेतु टोकन की जानकारी दे जिसकी तैयारी अभी से पूर्ण कर लें। इसके अतिरिक्त उन्होंने मूंगफली भंडारण हेतु वेयरहाउस का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए ताकि मूंगफली का प्रॉपर भंडारण किया जा सके।

सैटेलाइट के माध्यम से कचरा जलने की शिकायत प्राप्त हुयीं तो ठीक नहीं होगा

जिलाधिकारी ने ज़ूम मीटिंग में उपस्थित समस्त उपजिलाधिकारियों को ताकीद करते हुए कहा कि किसी भी दशा में क्षेत्र में पराली न जलाने दिया जाए। उन्होंने एडीओ पंचायत सहित पंचायत सचिव/सफाईकर्मी  को गांव में कचरा नहीं जलाने की जिम्मेदारी देते हुए कहा यदि सैटेलाइट के माध्यम से कचरा जलने की शिकायत प्राप्त होती है तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने पराली को गौशाला तक पहुंचाए जाने के लिए भी निर्देशित किया।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम