हमें अपने कर्तव्यों को निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पूर्ण करना हैः डीआरएम

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत किया गया सतर्कता सेमिनार -2025 का आयोजन
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि पूरे भारतीय रेल में विस्तृत रूप से चलाये जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अन्तर्गत आज हम सभी के समक्ष एक संदेश के संचार हेतु उपस्थित हुए हैं कि देश के निरंतर विकास और प्रगति हेतु सतर्कता किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि यह एक सम्मिलित प्रयास है, सभी नागरिकों की एक साझा जिम्मेदारी है। यह एक सोच है, एक जीवनशैली है जो हमें अपने कर्तव्यों को निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पूर्ण करना है। यह बात उन्होंने सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के तहत आयोजित जागरुकता सेमिनार में कही है।
मुख्य सतर्कता आयुक्त इंद्रजीत सिंह कटियार  ने कहा की हमें सरकारी धन सदैव इस रूप में व्यय करना चाहिए, जैसे वह हमारा निजी धन हो और उसका व्यय विवरण भी नियमानुसार तैयार रखना चाहिए। वहीं, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार ने सेमिनार में प्रेजेंटेशन देते हुए झांसी मंडल के समस्त अधिकारियों को सतर्कता से सम्बंधित विषयों पर जानकारी दी। उक्त संगोष्ठी में रेलवे की कार्य प्रणाली में पारदर्शिता, जिम्मेदारी एवं उत्तरदायित्व के महत्व पर बल दिया गया। सेमिनार में विभिन्न अधिकारियों द्वारा सतर्कता जागरूकता से सम्बंधित समस्याओं एंव उनके निवारण की जानकारी को केस स्टडी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया एवं रेल अधिकारियों की सतर्कता सम्बंधी जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया।
सेमिनार में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नन्दीश शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरुप मिश्र, मुख्य कारखाना प्रबंधक (वर्कशॉप) अजय श्रीवास्तव, मुख्य कारखाना प्रबंधक (RCNK) अतुल कनोजिया, मुख्य कारखाना प्रबंधक (CMLR) सहित अन्य सभी शाखा अधिकारियों ने सेमिनार में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा द्वारा किया गया।
नुक्कड़ नाटक का किया आयोजन
इस दौरान सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत मंडल में इससे सम्बंधित विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है, जिसमें आज वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसकी थीम “न तो रिश्वत लेंगे, और न रिश्वत देंगे, कुछ गलत हो रहा है देखकर चुप नहीं रहेंगे” रही। इसी क्रम में बांदा स्टेशन पर मुख्य क्रू नियंत्रक कार्यालय में भी सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसमें स्टेशन प्रबंधक, वरिष्ठ लिपिक एवं कार्यालय अधीक्षक/ झांसी सहित बांदा स्टेशन के लगभग 50 कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा कर्मचारियों की एचआरएमएस व उम्मीद से संबंधी परेशानियां का भी निवारण मौके पर किया गया। एवं उन्हें रेलवे सैलरी पैकेज के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में तथा यूनिफाइड पेंशन स्कीम के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होना चाहिए : जिला निर्वाचन अधिकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों की राजनैतिक दलों को दी जानकारी
1601 बूथों पर एक साथ चलेगा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य
बीएलओ अपने बूथ पर घर-घर जाकर गढ़ना फॉर्म वितरित और प्राप्त करेंगे l
झांसी। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने प्रदेश में हो रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में बैठक कर तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा SIR को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों, कार्यक्रमों और इसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न होने पाए। सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो, उन्होंने राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर SIR की प्रक्रिया और आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए उपस्थित सभी राजनैतिक दलों से बूथ लेबल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का अनुरोध किया, जो पुनरीक्षण कार्यों में बीएलओ का सहायोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण अभियान में डुप्लीकेट, शिफ्टेड एवं मृत मतदाताओं को लेकर पूरी सावधानी रखी जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इसके पहले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण वर्ष 2003 में हुआ था। लगभग 22 वर्ष के अंतराल के बाद पुनः भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार की जा रही है। जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध और समावेशी बनाने के लिए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण SIR का कार्य 28 अक्टूबर 2025 दिन मंगलवार से शुरू हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने ड्राफ्ट सूची में शामिल न होने वाले सभी मतदाताओं के दस्तावेज सुरक्षित रखने और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 01 जनवरी, 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए SIR की प्रक्रिया पूरी करें तथा अर्हता तिथि 01 अप्रैल, 01 जुलाई व 01 अक्टूबर, 2026 के लिए भी अग्रिम आवेदन स्वीकार किये जाएं। उन्होंने वृद्ध, बीमार, दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी), निर्धन एवं अन्य अशक्त व्यक्तियों को यथासंभव सुविधा प्रदान करने के लिए स्वयं सेवकों की तैनाती करने को भी निर्देशित किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी मृदुल चौधरी  ने बताया कि 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का मतदाताओं को वितरण किया जायेगा एवं प्रपत्रों को भरवाकर प्राप्त किया जायेगा। 09 दिसम्बर, 2025 को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। दावे और आपत्तियां दाखिल किये जाने की अवधि 09 दिसम्बर, 2025 से 08 जनवरी, 2026 तक होगी। नोटिस जारी किये जाने, सुनवाई एवं सत्यापन व दावे और आपत्तियों का निस्तारण एवं गणना प्रपत्रों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्णय किये जाने की अवधि 09 दिसम्बर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक होगी। 07 फरवरी, 2026 को अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों और मतदाताओं से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार भारतीय जनता पार्टी, जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र सिंह भोजला समाजवादी पार्टी, गिरजा शंकर राय जिला उपाध्यक्ष भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, अभिषेक जैन, एड0 संतोष राज वर्मा बीएसपी, सत्येंद्र खरे, रिजवान खान आम आदमी पार्टी सहित अन्य राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

नकली या क्लोन ऐप्स से सावधान रहेंः एसपी सिटी प्रीति सिंह

साइबर जागरूकता कार्यक्रम किया आयोजित
झांसी। पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रीति सिंह ने कहा कि नकली या क्लोन एप्स से हमेशा सावधान रहना होगा। यह बात उन्होंने ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल में आय़ोजित साइबर जागरुकता कार्यक्रम में कही है। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में आयोजित कियया गया।
उन्होंने साइबर जागरुकता कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं तथा शैक्षणिक स्टाफ को वर्तमान परिदृश्य में बढ़ते हुये साइबर अपराधों के विभिन्न माध्यमों/प्रकारों तथा महिला संबंधी साइबर अपराधों जैसे साइबर उत्पीड़न, साइबर स्टॉकिंग, और साइबर ब्लैकमेलिंग आदि के बारे में जागरूक करते हुये महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी ।
उन्होंने कहा कि अनजान APK फाइलें डाउनलोड न करें- इससे आपकी व्यक्तिगत जानकारी चोरी हो सकती है । संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें- ये लिक फिशिंग साइट्स पर ले जा सकते हैं । अनजान नंबर से आई फोटो या PDF फाइलें न खोलें- इनमें मालवेयर/वायरस छुपा हो सकता है । Al से बने फर्जी कॉल और वीडियो से सतर्क रहें । नकली या क्लोन ऐप्स से सावधान रहें- ये असली ऐप की तरह दिखते हैं लेकिन डेटा चुराते हैं । प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों/प्रभावशाली व्यक्तियों आदि की फर्जी/ फेक प्रोफाईल्स से बचें तथा उचित माध्यम से चेक करें । QR कोड स्कैम (Quishing) से सावधान रहें ये आपको फर्जी वेबसाइट पर भेज सकते हैं ।
उन्होंने बताया कि केवल भरोसेमन्द एप को मोबाइल में इन्टाल करें तथा सत्यापित ई-कामर्स कम्पनियों से ऑनलाइन खरीदारी करें । अपने सोशल मीडिया एकाउन्ट को दो-कारक प्रमाणीकरण (Two-Factor Authentication) के साथ सुरक्षित करें । नवीनतम साइबर अपराध डिजिटल अरेस्ट के सम्बन्ध में तत्काल नजदीकी पुलिस थाना एवं साइबर सेल को सूचित करें । किसी भी तरह के साइबर अपराध होने पर, तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें । इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर आदि लोग मौजूद रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

नगर वासियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा – आकांक्षा राणा

नवागन्तुक नगर आयुक्त ने नगर निगम में ग्रहण किया कार्यभार
समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत
झांसी। 2017 बैच की आईएएस अधिकारी आकांक्षा राणा ने झांसी नगर निगम के नगर आयुक्त के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व प्रयागराज एसडीएम तथा मुख्य विकास अधिकारी हरदोई और अलीगढ़ साथ ही विशेष कार्य अधिकारी कुंभ मेला में रह चुकी हैं। इस दौरान उन्हें नगर निगम के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि नगर वासियों की मूलभूत सुविधाएं जो उन्हें मिल रही हैं उनको और बेहतर किया जाएगा। जल निकासी की समस्या,नगर निगम के अधीन पार्क,स्कूल चिकित्सालय जो भी होंगे उन पर फोकस रहेगा साथ ही जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र के अलावा जो भी आम जनमानस से जुड़े कार्य हैं उनका कैसे सरलीकरण किया जाए इस पर भी कार्य होगा। लोगों का जो हमें फीडबैक मिलेगा उसके अनुसार कार्य किए जाएंगे और नगर निगम की आय में कैसे बढ़ोतरी हो इसको लेकर प्लान तैयार किया जाएगा । नगर आयुक्त द्वारा कक्ष में सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों से परिचय लिया तथा विभागांें के सम्बन्ध में जानकारी ली तथा निर्देश दिये गये कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता से जुड़े समस्त कार्यों को समय एवं गुणवत्तापूर्वक निस्तारण करे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

लव मैरिज :पति ने पत्नी को छत से फेंका , मचा मुहल्ले में हड़कम्प

पत्नी का कसूर इतना ही उसने संबंध बनाने से किया इंकार

तीन वर्ष पूर्व हुआ था प्यार , किया था प्रेम विवाह

झांसी। एक प्यार भरा रिश्ता नफरत और हिंसा की कहानी बन गया। तीन साल पहले मंदिर में सात फेरे  लेकर एक-दूजे का हाथ थमाने वाले पति-पत्नी के बीच अब दरार इतनी गहरी हो गई कि मामला जानलेवा बन गया। एेसा ही एक मामला मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में प्रकाश में आया है। एक युवक ने अपनी ही पत्नी को महज इसलिए घर की छत से नीचे फेंक दिया, क्योंकि उसने संबंध बनाने के लिए मना कर दिया था। इस घटना के हड़कंप मचा हुआ है। लोगों के लिए यह यकीन करना मुश्किल हो गया कि कभी एक-दूसरे के लिए जान देने वाले  अब एक-दूसरे की जान लेने पर उतर आए, फिलहाल महिला को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

इस मामले में मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डॉ रविन्द्र गुप्ता  ने बताया कि तीजा नामक महिला को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए थे। परिजनों का कहना है कि महिला  को छत से किसी  ने गिराया  है। बाद में उक्त महिला को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि  मामले की जांच कर  रहे हैं।

तीन साल  पहले हुई थी लव मैरिज

मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम स्यावरी में रहने वाले मुकेश अहिरवार ने तीन साल पहले तीजा से प्रेम विवाह किया था। पत्नी तीजा ने बताया कि शादी के पहले मुकेश अक्सर उससे मिलने उसके घर पर  आता था। एक दिन घर वालों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद 2022 में उनका विवाह करा दिया। शादी के बाद शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन एक साल बाद पति का व्यवहार बदल गया। वह उसके साथ झगड़ा और मारपीट करने लगा। तीजा के अनुसार एक  दिन पहले ही मुकेश ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और आज फिर जबरदस्ती करने लगा। जब उसने विरोध किया और कहा कि जब आपको उससे कोई मतलब नहीं तो क्यों संबंध बनाने चाहते  हैं, तो यह बात मुकेश को नागवार गुजरी। गुस्से में आकर वह तीजा के साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान उसे घर की छत से नीचे धक्का दे दिया। महिला के चीखने की  आवाज सुनकर  पड़ोसी और परिजन मौके पर पहुंचं और उसे घायल अवस्था में नीचे से उठाकर मऊरानीपुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

रेलवे पुलिस के पहरे के बावजूद भी सक्रिय हुआ चोर गिरोह

यात्रयों की हालत खराब , चोरों से परेशान हुये यात्री
राप्ती सागर और स्पेशल ट्रेन में हुई चोरी की वारदात
27 लाख से अधिक का माल चोरी , एसी कोच भी सुरक्षित नहीं
झांसी। ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे की ओर से तमाम सुविधाएं दी जा रही है। इसके अलावा जीआरपी व आरपीएफ के जवान ट्रेनों में तैनात है। इसके बावजूद, चोर गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है। इस गिरोह ने राप्ती सागर और स्पेशल ट्रेन में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। वहीं, आरपीएफ व जीआरपी रेलयात्रियों की सुरक्षा का दावा करती है। एक मामले में जीआरपी लखनऊ ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, जीआरपी व आरपीएफ ने झांसी, ललितपुर व उरई स्टेशन के भी सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है मगर अब तक सुराग नहीं मिला है।
महाराष्ट्र के नागपुर के हिंगटागाट जिला वर्धा निवासी मनीष कुमार भोयर लखनऊ के केंद्रीय वनस्पति अनुसंधान केंद्र में प्राचार्य है। वह अपनी पत्नी भाग्यश्री भोयर के साथ ट्रेन क्रमांक 12512 राप्ती सागर एक्सप्रेस के कोच संख्या एच–1, ई–13,14 में हिगणघाट रेलवे स्टेशन से लखनऊ सफर कर रहे थे। जब उसकी ट्रेन झांसी रेलवे स्टेशन पहुंची तो उसकी पत्नी भाग्यश्री जो उसके साथ यात्रा कर रही थी का लेडिज पर्स जिसमें सोने के आभूषण थे अज्ञात चोर चुरा ले गया।
मनीष ने बताया कि उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर घटना की जानकारी दी। जब ट्रेन उरई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी हुई। आरपीएफ के जवान कोच तक पहुंचते, तब तक ट्रेन गंतव्य स्थान की ओर रवाना हो गई। पर्स में आभूषण में एक रानी हार, मंगलसूत्र, एक अंगूठी, कान की बालियां, सोने का कड़ा, जंजीर, कनौती आभूषण रखे थे। इसकी कीमत 17 लाख रुपये बताई गई है। मनीष ने बताया कि वह दिवाली में पत्नी के साथ घर आए थे। छुट्टी खत्म होने के बाद वापस लखनऊ जा रहे थे। इस घटना की सूचना मिलते आरपीएफ व जीआरपी के अफसर सक्रिय हो गए। उन्होंने टीम बनाकर ललितपुर, झांसी और उरई के सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरु कर दिए हैं। देरशाम तक कोई सुराग नहीं मिला था।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

जो लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारियाँ भरकर ले जाते हैं उनकी खैर नहीं , जिलाधिकारी का फरमान जारी

1717 बिना हेलमेट दोपहिया वाहनो का किया चालान
सीसीटीवी कैमरें ना लगाए जाने पर कि नाराजगी व्यक्त
डीआईओएस से ली स्कूलों/ कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम की जानकारी
झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक का जीवन महत्वपूर्ण है, इसे सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने बस स्टैंड के पास अतिक्रमण को लेकर जैम की स्थिति लगातार बनी रहने पर विस्तृत चर्चा करते हुए वहां सुधार लाए जाने के निर्देश दिए। यह निर्देश उन्होंने सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए है।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी  ने बैठक में आम जन मानस को सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के दृष्टिगत नेशनल हाइवे, स्टेट हाईवे एवं मेजर डिस्ट्रिक रोड से निकलने वाले लिंक ग्रामीण मार्गों पर स्पीड टेबल टॉप बनाए जाने,जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जन सामान्य के लिए सुरक्षित किए जाने की समीक्षा करते हुए 112 जंक्शन के सापेक्ष अब तक 80 पर कार्य पूर्ण करने पर संतोष व्यक्त किया और शेष कार्य को नवम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएच-24 रिछारिया पेट्रोल पंप के अवैध कट पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ब्लैक स्पॉट बनाते हुए कार्यवाही किए जाने के निर्देशों के क्रम में एनएचएआई झांसी के द्वारा कोई कार्य न किए जाने पर फटकार लगाई।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में नोडल अधिकारी अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग  ने जानकारी देते हुए बताया की जनपद के नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे एवं मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड से निकलने वाले लिंक/ग्रामीण मार्गों पर स्पीड टेबल टॉप बनाए जाने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि 112 स्थान को चिन्हित किया गया है जिसमें 80 स्थानों पर कार्य पूर्ण कर लिया जिससे ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त 32 जंक्शनों पर कार्य किया जाना है, जिसे माह नवंबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
एआरटीओ हेम चन्द्र गौतम  ने बताया कि मानी सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद में ओवरलोडिंग (मालवाहन)91 लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही अग्रसारित की गयी है। इसके अतिरिक्त 1717 बिना हेलमेट दोपहिया वाहनो का चालान किया गया, 130 वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग, 13 ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पांडेय, सीओ ट्रैफिक रामवीर सिंह,नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, डीआईओएस रति वर्मा, एनएचएआई से रंजन सिंह सहित बस एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन, आटो एसोसिएशन के पदाधिकारी व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

झांसी : जनपद में थाना और चौकी प्रभारी इधर से उधर , कानून व्यवस्था चौकस बनी रहे -: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

मुकेश कुमार सोलंकी बने मऊरानीपुर कोतवाल तो राहुल राठौर बने बरुआसागर थाना प्रभारी

झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी बीबीजीटीएस मूर्ति ने जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किये जाने हेतु जनपद के थाना प्रभारियों और पुलिस चौकी प्रभारियों का फेरबदल किया है। यह जानकारी सोशल मीडिया सेल के माध्यम से दी गयी है। यह तबादला सूची ब्रह्म मुहूर्त में सुबह तीन बजकर दो मिनट पर पीआरओ द्वारा ग्रुप में जारी की गयी है। जिसमें निरीक्षक विद्यासागर सिंह (पीएनओ 012250279) प्रभारी निरीक्षक मऊरानीपुर से प्रभारी निरीक्षक चिरगांव , निरीक्षक  मुकेश कुमार सोलंकी (पीएनओ 930540296) प्रभारी निरीक्षक बरुआसागर से प्रभारी निरीक्षक मऊरानीपुर , निरीक्षक  शैलेन्द्र सिंह (पीएनओ 052491636) प्रभारी निरीक्षक चिरगांव से  प्रभारी जनसूचना सेल (अनुकम्पा के आधार पर) , निरीक्षक  चन्द्रदेव कुमार (पीएनओ 070880162) प्रभारी साइबर थाना से प्रभारी आईसीसीसी , निरीक्षक अरविन्द कुमार (पीएनओ 012460713) प्रभारी आईजीआरएस से प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना , निरीक्षक  बलिराज शाही (पीएनओ 072410178) पुलिस लाइन से प्रभारी आईजीआरएस , उ०नि०  अतुल कुमार (पीएनओ 172370071) थानाध्यक्ष टोड़ीफतेहपुर से थानाध्यक्ष समथर , उ०नि०  प्रकाश सिंह (पीएनओ 182813391) थानाध्यक्ष सदर बाजार से प्रभारी थाना ए०एच०टी० , उ०नि०  संजीव कुमार कटियार प्रभारी आईसीसीसी से थानाध्यक्ष टोड़ीफतेहपुर , उ०नि० राहुल राठौर थानाध्यक्ष रक्सा से थानाध्यक्ष बरुआसागर ,  उ०नि० योगेन्द्र सिंह थानाध्यक्ष समथर से थानाध्यक्ष सदर बाजार , उ०नि० श्री रूपेश कुमार (पीएनओ 152422949) चौकी प्रभारी इलाइट से थानाध्यक्ष रक्सा , उ०नि०  नवीन कुमार तिवारी (पीएनओ 972633510) पुलिस लाइन से चौकी प्रभारी इलाइट थाना नवाबाद , उ०नि० शिवशंकर प्रताप तिवारी पुलिस लाइन से थाना बड़ागाँव , उ०नि०  गौरव कुमार थाना नवाबाद से चौकी प्रभारी ग्रीन होम सिटी थाना नवाबाद , उ०नि० अनुज कुमार (पीएनओ 192393456) थाना बड़ागाँव से थाना नवाबाद , उ०नि० श्री शिवपाल (पीएनओ 980541106) चौकी प्रभारी ग्रीन होम सिटी, थाना नवाबाद से थाना मऊरानीपुर किया है।

प्रदेश समाचार / झाँसी टीम

उत्तर प्रदेश : सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारियों के निधन पर उनकी स्मृति में पुलिस मुख्यालय में शोक सभा आयोजित

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश  राजीव कृष्णा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण द्वारा दिवंगत पुलिस अधिकारियों को अर्पित की गयी श्रद्धांजलि

लखनऊ।  दिनांक  28.10.2025 को पुलिस मुख्यालय, गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ स्थित सभागार में विक्रमजीत सिंह सियाल सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक के दिनांक : 07.10.2025 को,  हरभजन सिंह सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक के दिनॉकः 08.10.2025 को एवं  ज्ञान सिंह सेवानिवृत्त पुलिस उपमहानिरीक्षक के दिनॉकः    25.10.2025 को  हुये निधन के परिपेक्ष्य में शोक-सभा का आयोजन किया गया। जिसमे  राजीव कृष्णा, पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण द्वारा दिवंगत पुलिस अधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। तत्पश्चात पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 द्वारा दिवंगत पुलिस अधिकारियों का संक्षिप्त जीवन परिचय दिया गया।

दिवंगत विक्रमजीत सिंह सियाल मलिक  का संक्षिप्त जीवन परिचय :-

दिवंगत बिक्रमजीत सिंह सियाल जी का जन्म 07 जुलाई 1935 को इलाहाबाद में हुआ था। दिवंगत बिक्रमजीत सिंह सियाल वर्ष 1959 में ‘‘भारतीय पुलिस सेवा  में चयनित हुए थे । प्रशिक्षण के उपरान्त श्री सियाल, सहायक पुलिस अधीक्षक, पीटीसी मुरादाबाद, देहरादून, आगरा, अपर पुलिस अधीक्षक आगरा,  अपर  पुलिस  अधीक्षक,  प्रशिक्षण पीटीसी, माउन्ट आबू, सेनानायक, 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर, पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़, रायबरेली, बरेली, सेनानायक, 36 सीआरपी नागालैण्ड, सेनानायक, 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर, 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाराणसी के पदों पर नियुक्त रहे। वर्ष 1977 में ‘‘पुलिस उप महानिरीक्षक के पद पर प्रोन्नत होने के उपरान्त पुलिस उप महानिरीक्षक, रेलवे इलाहाबाद के पद पर नियुक्त रहते हुये वर्ष 1978 में केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर प्रस्थान कर गये। वर्ष 1984 में प्रतिनियुक्ति से वापस आने के फलस्वरूप पुलिस उप महानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र के पद पर नियुक्त हुये तथा वहीं से पुनः वर्ष 1985 में केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर प्रस्थान कर गये। श्री सियाल केन्द्रीय प्रनियुक्ति पर पुलिस महानिदेशक एनएसजी के पद पर नियुक्त रहते हुये अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर 31 जुलाई 1993 को सेवानिवृत्त हुये। उनका दिनांकः  07.10.2025 को दुःखद निधन हो गया है। उन्होंने सेवाकाल में पूर्ण निष्ठा व लगन से कार्य सम्पादित कर पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया है। श्री बिक्रमजीत सिंह सियाल जी का 34 वर्षां से अधिक का सेवाकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। श्री बिक्रमजीत सिंह सियाल जी अपने पीछे पत्नी एवं एक पुत्र व दो पुत्री एवं भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं। श्री सियाल जी को सेवाकाल के दौरान 15 अगस्त 1978 को दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिये पुलिस पदक  एवं 15 अगस्त 1986 को विशिष्ट सेवाओं के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक प्रदान किया गया है। श्री बिक्रमजीत सिंह सियाल जी अपनी उक्त उपलब्धियों के लिये सदैव हमारी स्मृति में बने रहेंगे।

दिवगंत हरभजन सिंह जी का संक्षिप्त जीवन परिचय :-

दिवगंत हरभजन सिंह जी का जन्म 01 अपै्रल 1945 को जांलधर(पंजाब) में हुआ था। हरभजन सिंह जी वर्ष 1976 में ‘‘भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए। प्रशिक्षण के उपरान्त श्री हरभजन सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक, जनपद आगरा,  अपर पुलिस अधीक्षक सहारनपुर, पुलिस अधीक्षक, एण्टी डकैती ऑपरेशन, आगरा, पुलिस अधीक्षक, एस0ई0बी0 लखनऊ, पुलिस अधीक्षक, बहराइच, देवरिया, गाजीपुर, बस्ती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, फैजाबाद, सहारनपुर, मैनपुरी, मेरठ, पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी लखनऊ,  सेनानायक, 27वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर, 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ एवं पीटीएस मुरादाबाद के पद पर नियुक्त रहे। वर्ष 1994 में ‘‘पुलिस उप महानिरीक्षक  के पद पर प्रोन्नत होने के उपरान्त पुलिस उप महानिरीक्षक, एसपीएफ मुरादाबाद, पीएसी सेक्टर आगरा, मेरठ, पुलिस उप महानिरीक्षक(कार्मिक), उ0प्र0 पुलिस मुख्यालय इलाहाबाद, पुलिस उप महानिरीक्षक, फैजाबाद परिक्षेत्र, सहारनुपर परिक्षेत्र, कुमायूँ परिक्षेत्र नैनीताल के पद पर नियुक्त रहे। वर्ष 1998 में ‘‘पुलिस महानिरीक्षक  के पद पर प्रोन्नत होने के उपरान्त पुलिस महानिरीक्षक, अभिसूचना मुख्यालय लखनऊ, पुलिस महानिरीक्षक इलाहाबाद जोन, वाराणसी जोन, लखनऊ जोन, बरेली जोन, पुलिस महानिरीक्षक तकनीकी सेवायें लखनऊ, पीएसी मुख्यालय लखनऊ, मानवाधिकार लखनऊ, पीएसी पश्चिमी जोन मुरादाबाद, पुलिस महानिरीक्षक(प्रशासन) उ0प्र0, पुलिस महानिरीक्षक, भवन एवं कल्याण उ0प्र0 पुलिस मुख्यालय इलाहाबाद, पुलिस महानिरीक्षक, होमगार्डस मुख्यालय लखनऊ के पद पर नियुक्त रहे। दिसम्बर 2004 में पुलिस महानिरीक्षक, मेरठ जोन के पद पर नियुक्त रहते हुये 31 मार्च 2005 में अपनी अधिवर्षता आयु पूर्णकर सेवानिवृत्त हुये। श्री हरभजन सिंह जी का दिनांकः 08.10.2025 को दुःखद निधन हो गया है। उन्होंने सेवाकाल में पूर्ण निष्ठा व लगन से कार्य सम्पादित कर पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया है। श्री हरभजन सिंह जी का 28 वर्षां से अधिक का सेवाकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। श्री हरभजन सिंह जी अपने पीछे दो पुत्र एवं एक पुत्री व भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं। श्री हरभजन सिंह जी को सेवाकाल के दौरान गणतन्त्र दिवस 1999 के अवसर पर दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिये पुलिस पदक प्रदान किया गया है। श्री हरभजन सिंह जी अपनी उक्त उपलब्धियों के लिये सदैव हमारी स्मृति में बने रहेंगे।

दिवगंत ज्ञान सिंह जी का संक्षिप्त जीवन परिचय :-

दिवगंत ज्ञान सिंह जी का जन्म 01 जुलाई 1953 को इलाहाबाद में हुआ था। दिवगंत ज्ञान सिंह जी वर्ष 1980 में ‘‘प्रान्तीय पुलिस सेवा  में चयनित हुए। प्रशिक्षण के उपरान्त श्री ज्ञान सिंह,  पुलिस उपाधीक्षक, जनपद मैनपुरी, एसपीएफ मुरादाबाद, झांसी, देवरिया, अभिसूचना लखनऊ, अभिसूचना वाराणसी के पदों पर नियुक्त रहे। वर्ष 1992 में ‘‘अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर प्रोन्नत होने के उपरान्त अपर पुलिस अधीक्षक, जनपद आगरा, गोरखपुर, अम्बेडकरनगर, बदायूँ, चन्दौली, पीलीभीत, इटावा, सहारनपुर, अपर पुलिस अधीक्षक(क्षेत्रीय) अभिसूचना बरेली, अपर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण मुरादाबाद,  ग्रामीण सहारनपुर, अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ, उप सेनानायक, 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के पदों पर नियुक्त रहे। वर्ष 2004 में ‘‘भारतीय पुलिस सेवा  में प्रोन्नत होने के उपरान्त पुलिस अधीक्षक, उ0प्र0 पुलिस इण्टर स्टेट बार्डर फोर्स सब सेक्टर झांसी, पुलिस अधीक्षक, अम्बेडकरनगर, देवरिया, महोबा, बिजनौर, कुशीनगर, मऊ, बस्ती, हरदोई, पुलिस अधीक्षक/उप प्रधानाचार्य एटीसी सीतापुर एवं पीटीसी सीतापुर, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मुख्यालय लखनऊ एवं  सेनानायक, 43वीं वाहिनी पीएसी एटा के पद पर नियुक्त रहे। वर्ष 2010 में ‘‘पुलिस उप महानिरीक्षक के पद पर प्रोन्नत होने के उपरान्त पुलिस उप महानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र, पुलिस उप महानिरीक्षक, रेलवे लखनऊ, पुलिस उप महानिरीक्षक, होमगार्डस के पद पर नियुक्त रहे, जहाँ से अपनी अधिवर्षता आयु पूर्णकर 30 जून 2013 को सेवानिवृत्त हुये। श्री ज्ञान सिंह जी का दिनांकः 25.10.2025 को दुःखद निधन हो गया है। श्री ज्ञान सिंह जी अपने पीछे एक पुत्र एवं एक पुत्री व भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं।श्री ज्ञान सिंह जी को सेवाकाल के दौरान स्वतन्त्रता दिवस 2011 के अवसर पर दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिये पुलिस पदक प्रदान किया गया है। श्री ज्ञान सिंह जी अपनी उक्त उपलब्धियों के लिये सदैव हमारी स्मृति में बने रहेंगे।

प्रदेश समाचार / लखनऊ टीम

सरकार ने किया बड़ा फेरबदल ,उत्तर प्रदेश में 46 IAS अफसरों के तबादले

ललितपुर , कौशांबी-श्रावस्ती-रामपुर, बस्ती और बलरामपुर के DM बदले, राजेश कुमार होंगे मिर्जापुर के नए कमिश्नर , झांसी नगरआयुक्त होंगी आकांक्षा राणा ,
वाराणसी के सीडीओ होंगे प्रखर सिंह, अश्विनी कुमार बने श्रावस्ती के डीएम, कृत्तिका ज्योत्सना होंगी बस्ती की नई जिलाधिकारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के मकसद से 46 आईएएस अफसरों का तबादला कर दिया है। कई प्रमुख पदों पर बदलाव किया गया है. इनमें मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी जैसे पद शामिल हैं. राजेश कुमार को मिर्जापुर का कमिश्नर बनाया गया है. जबकि प्रखर सिंह को बनारस का सीडीओ बनाया गया है. कौशांबी, श्रावस्ती-रामपुर, बस्ती और बलरामपुर के DM भी बदल दिए गए हैं. सूची के अनुसार राजेश कुमार को मिर्जापुर का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है. वे पूर्व में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उनकी नियुक्ति से मिर्जापुर मंडल में विकास परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है. वहीं, मौजूदा मिर्जापुर कमिश्नर आईएएस बालकृष्ण त्रिपाठी का तबादला कर उन्हें सचिवालय सामान्य प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है. उनकी जगह राजेश कुमार की नियुक्ति की गई है. जिलाधिकारियों के स्तर पर भी बड़े बदलाव हुए हैं. इसके अलावा प्रखर सिंह को वाराणसी का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया है. वाराणसी जैसे धार्मिक और पर्यटन महत्व के शहर में उनकी नियुक्ति से स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और गंगा सफाई जैसे कार्यों में तेजी आएगी।
वंदिता श्रीवास्तव होंगी कुशीनगर की नई सीडीओ : धनलक्ष्मी को डीजी मत्स्य बनाया गया है. IAS वन्दिता श्रीवास्तव को CDO कुशीनगर बनाया गया है. IAS पूर्ण वोहरा वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बनाए गए हैं. प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम देवराज ने बताया कि यह तबादला सूची राज्य सरकार की नियमित समीक्षा का हिस्सा है, जिसमें अधिकारियों की कार्यक्षमता, अनुभव और जरूरतों को ध्यान में रखा जाता है. कुल 46 अधिकारियों का तबादला किया गया है।
डॉ. रूपेश कुमार बने सहारनपुर के कमिश्नर : सार्वजनिक उद्यम महानिदेशक संजय कुमार को मौजूदा पद के साथ यूपी मानवाधिकार आयोग का सचिव भी बनाया गया है. डॉ. रूपेश कुमार को मंडलायुक्त सहारनपुर बनाया गया है. इसी कड़ी में अटल कुमार राय को गृह विभाग का सचिव बनाया गया है. भानु चंद्र गोस्वामी को मेरठ का कमिश्नर बनाया गया है।
अतुल वत्स होंगे हाथरस के डीएम : अतुल वत्स को हाथरस का जिलाधिकारी बनाया गया है. हिमांशु नागपाल को वाराणसी का नगर आयुक्त बनाया गया है. योगेंद्र कुमार को अलीगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है. राजा गणपति आर को सीतापुर का डीएम बनाया गया है. कृत्तिका ज्योत्सना को बस्ती का डीएम बनाया गया है।
शिव शरण अप्पा जीएन बने सिद्धार्थनगर के डीएम : शिव शरण अप्पा जीएन को सिद्धार्थनगर का डीएम बनाया गया है. पुलकित गर्ग को चित्रकूट का डीएम बनाया गया है. पूर्ण बोहरा को वाराणसी विकास प्राधिकर का उपाध्यक्ष बनाया गया है. रणविजय सिंह को बिजनौर का सीडीओ बनाया गया है. गुंजन द्विवेदी को फिरोजाबाद का नगर आयुक्त बनाया गया है।
अमित पाल बने कौशांबी के जिलाधिकारी : इसी कड़ी में अमित पाल को कौशांबी का डीएम बनाया गया है. महेंद्र कुमार सिंह को रामपुर का सीडीओ बनाया गया है. विपिन कुमार जैन को बलरामपुर का डीएम बनाया गया है।
झाँसी की नगर आयुक्त बनी आकांक्षा राणा तो सत्यप्रकाश होंगे ललितपुर डी एम
आकांक्षा राणा को झांसी का नगर आयुक्त बनाया गया है। सत्य प्रकाश को ललितपुर का डीएम बनाया गया है।अश्विनी कुमार को श्रावस्ती का डीएम बनाया गया है. अजय कुमार द्विवेदी को रामपुर का डीएम बनाया गया है. गुलाब चंद्र को महराजगंज का सीडीओ बनाया गया है. सचिन कुमार सिंह को अमेठी का सीडीओ बनाया गया है.
प्रदेश समाचार / लखनऊ टीम